धर्मशास्त्र की कहानियां
याकूब के पत्र—परमेश्वर के वचन केवल सुनने के बजाय उनका पालन करने का आमंत्रण


याकूब 1–3

याकूब के पत्र

परमेश्वर के वचन केवल सुनने के बजाय उनका पालन करने का आमंत्रण

याकूब पत्र लिखते हुए।

याकूब मरियम का बेटा और यीशु मसीह के भाइयों में से एक था। याकूब यरूशलेम में गिरजे का मार्गदर्शक भी था। उसने दुनिया भर में परमेश्वर के लोगों को यीशु मसीह के सुसमाचार को जीने में मदद के लिए पत्र लिखा।

याकूब 1:1

बाइबिल पढ़ता हुआ जोसफ स्मिथ।

याकूब ने लिखा था, “यदि तुममें से किसी को बुद्धि की घटी हो, तो वह परमेश्वर से मांगे।” कई वर्षों बाद, बालक जोसफ स्मिथ ने इन वचनों को पढ़ा और अपने मन में उठ रहे प्रश्नों के बारे में प्रार्थना करने का फैसला किया। जोसफ स्मिथ ने बाद में कहा था, “मैंने याकूब की गवाही को सच पाया था।” परमेश्वर ने जोसफ की प्रार्थना का उत्तर दिया था, और वह हमारी प्रार्थनाओं का भी उत्तर देगा।

याकूब 1:5; जोसफ स्मिथ—इतिहास 1:11-17, 26

याकूब लोगों के समूह को सिखाते हुए।

याकूब ने यह भी लिखा था कि हमें दूसरों की बातों को ध्यान से सुनना चाहिए और उन पर क्रोधित नहीं होना चाहिए। जब हम क्रोधित होते हैं, तब हम परमेश्वर की सेवा नहीं कर सकते हैं।

याकूब 1:19–20

लड़का और लड़की रोते हुए बच्चे लिए महिला से बात करते हुए।

याकूब ने कहा था कि केवल परमेश्वर के वचन को सुनना ही काफी नहीं है; हमें उसका पालन भी करना चाहिए। उसने लिखा था, “वचन पर चलने वाले बनो, केवल सुनने वाले ही नहीं”

यूहन्ना 1:22

लड़के और लड़की ने महिला और उसके बच्चे को अपने परिवार के साथ गर्म टेंट के अंदर आने के लिए आमंत्रित किया है।

याकूब ने समझाया था कि यीशु मसीह का अनुयायी होने का अर्थ परमेश्वर पर मात्र विश्वास करने से कहीं अधिक है। शैतान भी यह जानता है कि परमेश्वर वास्तव में है। जब हम लोगों को ठंड या भूख से पीड़ित देखते हैं, तो हमें उन्हें वस्त्र और भोजन देना चाहिए। हमें विधवाओं और अनाथों से मिलने जाना चाहिए। याकूब ने लिखा था, “विश्वास भी कर्म बिना मरा हुआ है।”

याकूब 1:27; 2:14–20

व्यक्ति लगाम खींचकर घोड़े को खतरे से दूर ले जाते हुए।

याकूब संतों को लोगों से दया से बात करना भी सिखाना चाहता था। उसने कहा कि अपने शब्दों के प्रति सतर्क रहना लगाम से घोड़े को दिशा देने जैसा है। हम लगाम की मदद से किसी बड़े घोड़े को नियंत्रित कर सकते हैं, जो घोड़े के मुंह में धातु के एक छोटे से टुकड़े से जुड़ी होती है। हमारे शब्द भले ही छोटे लगते हों, लेकिन वे बहुत प्रभावशाली हो सकते हैं।

याकूब 3:2–3

तूफान में फंसे जहाज को छोटे पतवार की मदद से चलाया जा रहा है।

याकूब ने कहा था कि अपने शब्दों पर नियंत्रण रखना जहाज चलाने के समान है। भले ही जहाज विशाल है और हवाएं तेज हों, हम बहुत छोटे पतवार या रडर के द्वारा जहाज का नियंत्रण कर सकते हैं। पतवार हमारे शब्दों के समान है। यदि हम अपने शब्दों पर नियंत्रण रख सकें, तो हम बहुत बड़ा बदलाव ला सकते हैं!

याकूब 3:4–5

कुछ लोग रोमन सैनिक से बहस कर रहे हैं, जिसने कुछ फल गिरा दिए हैं।

याकूब ने समझाया कि कठोर शब्द किसी छोटी सी चिंगरी के समान हो सकते हैं जो एक बड़ी आग बन सकती है। ये तेजी से फैलते और बहुत नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसीलिए शब्दों के चुनाव में सावधानी रखना महत्वपूर्ण है।

याकूब 3:5–6

बच्चे सैनिक को फल भेंट करते हुए।

याकूब ने लिखा था कि हम अपने मुह का उपयोग स्वर्गीय पिता से प्रार्थना करने के लिए करते हैं। लेकिन कभी-कभी हम अपने मुंह का उपयोग उन लोगों के प्रति बुरी बातें कहने के लिए भी करते हैं, जो स्वर्गीय पिता की संतान हैं। याकूब ने कहा था कि ऐसा नहीं होना चाहिए।

याकूब 3:9–10

फव्वारे के निकट शांत वातावरण में याकूब लोगों को सुसमाचार सिखा रहा है।

संतों को दयालु शब्द बोलना सिखाने के लिए, याकूब ने सिखाया था कि झरना मीठा और कड़वा पानी दोनों एक साथ नहीं दे सकता है। अंजीर के पेड़ पर जैतून नहीं उग सकते, और अंगूर की बेल पर अंजीर नहीं उग सकते। इसी प्रकार, यदि हमारे हृदय में भलाई और प्रेम है, तो हमारे शब्द भी अच्छे और प्रेमपूर्ण होने चाहिए!

याकूब 3:11–18