महा सम्मेलन
वे स्वयं अपने न्यायी हैं
अक्टूबर 2025 महा सम्मेलन


14:25

वे स्वयं अपने न्यायी हैं

(अलमा 41:7)

यदि हमारी इच्छाएं धर्मी रही हैं और हमारे कार्य अच्छे हैं, परमेश्वर के साथ अनुबंध बनाया है और उनका पालन किया है, और अपने पापों का पश्चाताप किया है।

मॉरमन की पुस्तक का समापन मोरोनी के प्रेरणादायक आमंत्रणों के साथ होता है, “मसीह के पास आओ,” “उसमें परिपूर्ण बनो, “स्वयं सारी अधार्मिकताओं को अस्वीकार करो,” और “परमेश्वर से [अपनी] योग्यता, बुद्धि और बल से प्रेम करो।” दिलचस्प बात यह है कि उसके निर्देश का अंतिम वाक्य पुनरुत्थान और अंतिम न्याय दोनों की भविष्यवाणी करता है।

उसने कहा था, “शीघ्र ही मैं परमेश्वर के स्वर्गधाम में विश्राम करने जाऊंगा, तब तक के लिए जब तक कि मेरी आत्मा मेरे शरीर से फिर न मिल जाए, और महान यहोवा, जीवित और मृत लोगों के अनंत न्यायी के सुखदाई न्यायालय में, तुमसे मिलने के लिए विजयी होकर मुझे आसमान से लाया जाएगा।”

अंतिम न्याय का वर्णन करने के लिए मोरोनी द्वारा “सुखदाई” शब्द के उपयोग से मुझे आश्चर्य होता है। मॉरमन की पुस्तक के अन्य भविष्यवक्ता भी इस न्याय का एक “महिमापूर्ण दिन” के रूप में वर्णन करते हैं और कहते हैं कि हमें “विश्वास भरी आंख से” इसकी प्रतिक्षा करनी चाहिए। फिर भी जब हम न्याय के दिन का प्रतिक्षा करते हैं, तो अक्सर हमारे मन में भविष्य के बारे अन्य वर्णन आते हैं, जैसे कि “गंभीर अपराध से दोषित,” “भयंकर आतंक और भय,” और “अंतहीन दुख।”

मेरा मानना ​​है कि भाषा में यह नितांत भिन्नता दर्शाती है कि मसीह के सिद्धांत ने मोरोनी और अन्य भविष्यवक्ताओं को उत्सुकता और आशा के साथ उस महान दिन की प्रतीक्षा करने में सक्षम बनाया, न कि उस भय के लिए जिसकी चेतावनी उन्होंने उन लोगों को दी थी जो आत्मिक रूप से तैयार नहीं थे। मोरोनी ने क्या समझा जो आपको और मुझे सीखने की जरूरत है?

मैं पवित्र आत्मा से सहायता के लिए प्रार्थना करता हूं, जब हम स्वर्गीय पिता की प्रसन्नता और दया की योजना, पिता की योजना में उद्धारकर्ता की प्रायश्चित भूमिका पर विचार करते हैं, और कैसे हम “न्याय के दिन [हमारे] स्वयं के पापों के लिए जिम्मेदार ठहराए जाएंगे”।

पिता की प्रसन्नता की योजना

पिता की योजना का व्यापक उद्देश्य उसकी आत्मिक संतानों को भौतिक शरीर प्राप्त करने, नश्वर अनुभव के माध्यम से “अच्छाई और बुराई” में अंतर जानने, आत्मिक रूप से विकास करने और अनंत काल तक प्रगति करने के अवसर प्रदान करना है।

सिद्धांत और अनुबंध जिसे “नैतिक स्वतंत्रता” कहता है, वह परमेश्वर की अपने बेटों और बेटियों के अमरत्व और अनंत जीवन को कार्यान्वित करने की योजना में प्रमुख है। इस आवश्यक नियम को पवित्र शास्त्रों में स्वतंत्रता और चुनने तथा कार्य करने की स्वतंत्रताभी बताया गया है।

“नैतिक स्वतंत्रता” शब्द निर्देशात्मक है। “नैतिक” के समानार्थी “अच्छा”, “ईमानदार” और “सद्गुणी” हैं। “स्वतंत्रता” के समानार्थी “अजादी,”, “स्वाधीनता” और “स्वावलंबन” हैं। इसलिए, “नैतिक स्वतंत्रता“ को अच्छे, ईमानदार, सदाचारी और सच्चे तरीकों से स्वयं के लिए चुनने और कार्य करने की क्षमता और विशेषाधिकार के रूप में समझा जा सकता है।

परमेश्वर की सृष्टि में “हर एक वस्तु, चाहे वह कार्य करे या उस पर कार्य किया जाए” दोनों शामिल हैं। और नैतिक स्वतंत्रता दिव्य रूप से बनाई की गई “स्वतंत्र कार्रवाई की शक्ति” है जो हमें परमेश्वर की संतान के रूप में कार्य करने के लिए स्वतंत्र होने की शक्ति देती है, न कि केवल कार्य किए जाने वाली वस्तुएं बनकर।

पृथ्वी को एक ऐसे स्थान बनाया गया था जहां स्वर्गीय पिता की संतान को परखा जा सके कि क्या “वे उन सब कार्यों को करते हैं जिसकी प्रभु उनका परमेश्वर उन्हें आज्ञा देता है।” सृष्टि और हमारे नश्वर अस्तित्व का प्राथमिक उद्देश्य हमें वह कार्य करने और बनने का अवसर प्रदान करना है जिसे बनने के लिए प्रभु हमें कहता है।

प्रभु ने हनोक से कहा:

“देखो अपने इन भाइयों को; वे मेरे स्वयं के हाथों की कारीगरी हैं, और मैंने उन्हें उनका ज्ञान दिया था, उस समय जब मैं उनकी सृष्टि की थी; और अदन की वाटिका में, मैंने मनुष्य को उसकी स्वतंत्रता दी थी;

“और तुम्हारे भाइयों से मैंने कहा, और आज्ञा भी दी, कि वे एक दूसरे से प्रेम करेंगे, और कि वे मुझे चुनेंगे, अपने पिता को।”

स्वतंत्रता के उपयोग का मूल उद्देश्य एक दूसरे से प्रेम करना और परमेश्वर को चुनना है। और ये दोनों उद्देश्य पहली और दूसरी महान आज्ञाओं के साथ सटीकता से मेल खाते हैं कि हम परमेश्वर से अपने सारे मन और अपने सारे प्राण और अपनी सारी बुद्धि के साथ प्रेम रखें, और अपने पड़ोसी से अपने समान प्रेम रखें।

विचार करें कि हमें आज्ञा दी गई है—केवल चेतावनी या सलाह नहीं, बल्कि आज्ञा दी गई है—कि हम एक दूसरे से प्रेम करने और परमेश्वर को चुनने के लिए अपनी स्वतंत्रता का उपयोग करें। मैं कहना चाहता हूं कि पवित्र शास्त्रों में, विशेषता बतलाने वाला शब्द “नैतिक” मात्र एक विशेषण नहीं है, बल्कि संभवतः एक दिव्य निर्देश भी है कि हमारी स्वतंत्रता का उपयोग कैसे किया जाना चाहिए।

परिचित स्तुतिगीत “Choose the Right” के शीर्षक के पीछे एक कारण है। हमें नैतिक स्वतंत्रता की आशीष इसलिए नहीं मिली है कि हम जब चाहें जो चाहें कर सकें। बल्कि, पिता की योजना के अनुसार, हमें अनंत सच्चाई की खोज करने और उसके अनुसार कार्य करने की नैतिक स्वतंत्रता प्राप्त हुई है। जब हम “स्वयं कार्य करने के लिए स्वतंत्र हैं,” तो हमें अच्छे कार्य करने चाहिए, और [हमें] अपनी स्वयं की स्वतंत्र इच्छा से बहुत से अच्छे कार्य करने चाहिए, और अधिक धार्मिकता को पूरा करना चाहिए।”

नैतिक स्वतंत्रता के अनंत महत्व को पृथ्वी-पूर्व परिषद के पवित्र शास्त्रीय विवरण में रेखांकित किया गया है। अपनी संतान के लिए पिता की योजना के विरुद्ध लूसिफर ने विद्रोह किया और स्वतंत्र कार्य की शक्ति को नष्ट करना चाहता था। महत्वपूर्ण बात यह है कि शैतान की अवज्ञा स्पष्टरूप से नैतिक स्वतंत्रता के नियम पर केंद्रित थी।

परमेश्वर ने समझाया था, “इसलिए, क्योंकि … शैतान ने मेरे विरुद्ध विद्रोह किया, और मनुष्य की स्वतंत्रता को नष्ट करना चाहा, … मैंने उसे नीचे गिरा दिया।”

शैतान की स्वार्थी योजना यह थी कि परमेश्वर की उन सन्तानों से “स्वयं कार्य करने के लिए स्वतंत्र” रहने की क्षमता को छीन लिया जाए जो धार्मिकता से कार्य करते हैं। उसका इरादा स्वर्गीय पिता के बच्चों को ऐसी वस्तु बनाना था जिन पर केवल कार्य किया जा सके।

करना और बनना

अध्यक्ष डालिन एच. ओक्स ने इस बात पर जोर दिया है कि यीशु मसीह का सुसमाचार हमें नैतिक स्वतंत्रता के धार्मिक उपयोग के द्वारा कुछ जानने और कुछ बनने के लिए आमंत्रित करता है। उन्होंने कहा था:

“कई बाइबल और आधुनिक पवित्र शास्त्र उस अंतिम न्याय की बात करते हैं जिसमें सभी व्यक्तियों को उनके कार्यों या उनके हृदय की इच्छाओं के अनुसार पुरस्कार दिया जाएगा। लेकिन अन्य पवित्र शास्त्र इसका विस्तार से वर्णन करते हुए कहते हैं कि हमारा न्याय हमारी स्थिति के आधार पर किया जाता है।

“भविष्यवक्ता नफी ने अंतिम न्याय का वर्णन इस रूप में किया है कि हम क्या बन गए हैं: ‘और यदि उनके कर्म गंदे रहे हैं तब उन्हें गंदे ही रहना चाहिए; और यदि वे गंदे रहते हैं तो यह जरूरी है कि वे परमेश्वर के राज्य में निवास नहीं कर सकते’ [1 नफी 15:33; महत्व जोड़ा गया है]। मोरोनी बताता है, ‘वह समय आएगा जब जो भ्रष्ट है वह भ्रष्ट ही रहेगा; और वह जो धर्मी है वह धर्मी ही रहेगा‘ [मॉरमन 9:14; महत्व जोड़ा गया है]।”

अध्यक्ष ओक्स ने आगे कहा: “इस तरह की शिक्षाओं से हम निष्कर्ष निकालते हैं कि “अंतिम निर्णय केवल उन अच्छे और बुरे कार्यों का मूल्यांकन नहीं है—जो हमने किए हैं। यह हमारे कार्यों और विचारों के अंतिम प्रभाव की स्वीकृति है—जो हम बन गए हैं।”

उद्धारकर्ता का प्रायश्चित

केवल हमारे कार्य और इच्छाएं ही हमारा उद्धार नहीं कर सकती हैं। “हम जो कुछ भी कर सकते हैं,” हम केवल उद्धारकर्ता के असीम और अनंत प्रायश्चित बलिदान के माध्यम से उपलब्ध दया और अनुग्रह के माध्यम से ही परमेश्वर के साथ मेल-मिलाप कर सकते हैं।

अलमा ने कहा था, “परमेश्वर के पुत्र पर विश्वास करना आरंभ करो, कि वह अपने लोगों की मुक्ति के लिए आएगा, और यह कि उनके पापों के प्रायश्चित के लिए वह सहेगा और मर जाएगा; और यह कि वह मुर्दों में से फिर से जी उठेगा, जिससे पुनरुत्थान होगा, ताकि अंतिम और न्याय वाले दिन, अपने कर्मों के अनुसार न्याय पाने के लिए सारे लोग उसके सामने खड़े हो सकें।”

“हम विश्वास करते हैं कि मसीह के प्रायश्चित द्वारा, सारी मानव जाति, सुसमाचार की व्यवस्था के प्रति आज्ञाकारिता और विधियों के द्वारा बचाई जा सकती है।” हमें कितना आभारी होना चाहिए कि हमारे पाप और दुष्ट कर्म हमारे विरूद्ध गवाही के रूप में खड़े नहीं होंगे यदि हम वास्तव में “फिर से जन्म” लेते हैं, उद्धारकर्ता में विश्वास रखते हैं, “सच्चे हृदय” और “सच्ची इच्छा” के साथ पश्चाताप करते हैं, और “अंत तक धीरज”रखते हैं।

परमेश्वर का भय

हम में से कई लोग यह अपेक्षा कर सकते हैं कि अनंत न्यायी के समक्ष हमारी उपस्थिति सांसारिक न्यायालय में होने वाली कार्यवाही के समान होगी। न्यायी अध्यक्षता करेगा। सबूत प्रस्तुत किए जाएंगे। निर्णय सुनाया जाएगा। और जब तक हमें अंतिम परिणाम का पता नहीं चल जाता, तब तक हम अनिश्चित और भयभीत रहेंगे। लेकिन मेरा मानना ​​है कि ऐसी कल्पना करना गलत है।

हम जो नश्वर भय अक्सर अनुभव करते हैं, उससे भिन्न, लेकिन उससे संबंधित है जिसे पवित्र शास्त्रों में “परमेश्वर का भय” या “प्रभु का भय”बताया गया है। सांसारिक भय के विपरीत जिससे चिंता और घबराहट होती है, परमेश्वर के भय से जीवन में शांति, आश्वासन और आत्मविश्वास मिलता है।

धार्मिक भय प्रभु यीशु मसीह के प्रति श्रद्धा और विस्मय की गहरी भावना को शामिल करता है, जो उसकी आज्ञाओं का पालन, और अंतिम निर्णय और उसके हाथ से न्याय की आशा करना है। परमेश्वर का भय, उद्धारकर्ता के दिव्य स्वभाव और मिशन की सही समझ, अपनी इच्छा को उसकी इच्छा के अधीन करने की इच्छा, और इस ज्ञान से विकसित होता है कि प्रत्येक पुरुष और स्त्री अपनी नश्वर इच्छाओं, विचारों, शब्दों और कार्यों के प्रति न्याय के दिनजवाबदेह होंगे।

प्रभु का भय, न्याय के लिए उसकी उपस्थिति में जाने को लेकर प्रतिकूल आशंका नहीं है। बल्कि, यह अंततः अपने बारे में बातों को वैसे ही स्वीकार करने की संभावना है “जैसे वे वास्तव में हैं” और “जैसी वे वास्तव में होंगी”।

प्रत्येक व्यक्ति जो पृथ्वी पर जीवित रहा है, जो अब जीवित है, और जो कभी भी जीवित रहेगा, “अपने कामों के अनुसार उसका न्याय पाने के लिए चाहे वे भले हों या बुरे, परमेश्वर के कठघरे के सामने लाया जाएगा।”

यदि हमारी इच्छाएं धर्मी रही हैं और हमारे कार्य अच्छे हैं—अर्थात हमने यीशु मसीह में विश्वास किया है, परमेश्वर के साथ अनुबंध बनाया है और उनका पालन किया है, और अपने पापों का पश्चाताप किया है—तो न्याय सिंहासन सुखदाई होगा। जैसा इनोस ने कहा था, हम “[मुक्तिदाता] के सम्मुख खड़े होंगे; तब [हम] उसके चेहरे को आनंद से देखेंगे।” और अंतिम दिन हमें “धार्मिकता का पुरस्कार” मिलेगा।

इसके विपरीत, यदि हमारी इच्छाएं बुरी हैं और हमारे कार्य दुष्ट हैं, तो न्याय कठघरा भय का कारण होगा। हमें “परिपूर्ण ज्ञान” होगा, हर बात को “भली-भांति याद” दिलाया जाएगा और “अमर आत्मा [हमारे] स्वयं के दोषों से अगवत कराएगी।” “इस भयंकर दशा में हमें अपने परमेश्वर की तरफ देखने का साहस नहीं होगा; और हमें प्रसन्नता होगी यदि हम पर्वतों और चट्टानों को आज्ञा दे सकें कि परमेश्वर की उपस्थिति से छुपाने के लिए वे हम पर गिर जाएं।” और आखिरी दिन हमें “बुराई का [अपना] पुरस्कार”मिलेगा।

अंततः, फिर, हम अपने स्वयं के न्यायी हैं। किसी को हमें यह बताने की जरूरत नहीं होगी कि कहां जाना है। प्रभु की उपस्थिति में, हम स्वीकार करेंगे कि हमने नश्वरता में क्या बनने का चुनाव किया है और स्वयं जानेंगे कि हमें अनंत काल में कहां होना चाहिए।

प्रतिज्ञा और गवाही

यह समझना कि अंतिम न्याय सुखदाई हो सकता है, केवल मोरोनी के लिए आरक्षित की गई आशीष नहीं है।

अलमा ने उद्धारकर्ता के प्रत्येक समर्पित शिष्य के लिए उपलब्ध प्रतिज्ञा की गई आशीषों का वर्णन किया। उन्होंने कहा था:

“शब्द पुन:स्थापना का अर्थ है कि फिर से जो बुरा है उसके लिए बुराई लाना, या भौतिक शरीर के लिए शरीर लाना, या दुराचारी के लिए दुराचार लाना—जो अच्छा है उसके लिए अच्छाई लाना; जो धार्मिक है उसके लिए धार्मिकता लाना; जो न्यायी है उसके लिए न्याय लाना; जो दयालु है उसके लिए दया लाना।

“… न्यायपूर्ण कार्य करो, नेकता से न्याय करो, और निरंतर अच्छाई करते रहो; और यदि तुम इन सारी बातों को मानते हो तो तुम्हें तुम्हारा पुरस्कार मिलेगा; हां, तुम पर फिर से दया की जाएगी; तुम पर फिर से न्याय किया जाएगा; तुम पर फिर से नेकता से न्याय किया जाएगा; और तुम्हें फिर से अच्छा पुरस्कार मिलेगा।”

मैं आनंदपूर्वक गवाही देता हूं कि यीशु मसीह हमारा जीवित उद्धारकर्ता है। अलमा की प्रतिज्ञा सच्ची है और आप पर और मुझ पर लागू होती है—आज, कल, और संपूर्ण अनंत काल तक। मैं यह गवाही प्रभु यीशु मसीह के पवित्र नाम में देता हूं, आमीन।