महा सम्मेलन
संयम के गुण से सुशोभित
अक्टूबर 2025 महा सम्मेलन


15:8

संयम के गुण से सुशोभित

मैं हम सभी को हार्दिक आमंत्रण करता हूं कि हम अपने मन और हृदय को मसीह के सदृश संयम के गुण से सुशोभित करें।

मई 2021 में, साल्ट लेक मंदिर के नवीनीकरण के कार्य का दौरा करते समय, अध्यक्ष रसल एम. नेल्सन ने उन पथप्रदर्शकों के कार्यों को देखकर आश्चर्य व्यक्त किया था, जिन्होंने सीमित संसाधनों और अटूट विश्वास के साथ, साल्ट लेक मंदिर का निर्माण किया था, जो एक भौतिक और आत्मिक सर्वोत्तम कृति है जो समय की कसौटी पर बिलकुल खरी उतरी है। हालांकि, उन्होंने टूट-फूट के उन प्रभावों को भी देखा, जिसके कारण समय बीतने पर मंदिर की मूल बुनियाद के पत्थरों में दरारें आई और दीवारों की चिनाई कमजोर हो चुकी थी, ये सब मंदिर को संरचनात्मक रूप से मजबूत किए जाने की आवश्यकता के स्पष्ट संकेत दे रहे थे।

साल्ट लेक मंदिर के बाहर अध्यक्ष नेल्सन

हमारे प्रिय भविष्यवक्ता ने हमें सिखाया कि जिस प्रकार मंदिर की बुनियाद को मजबूत करने के लिए बड़े कदम उठाना आवश्यक था ताकि वह प्रकृति की शक्तियों का सामना कर सके, उसी प्रकार हमें भी असाधारण कदम उठाने की आवश्यकता है—शायद ऐसे कदम जो हमने पहले कभी नहीं उठाए हों—ताकि यीशु मसीह में हमारी अपनी आत्मिक बुनियाद मजबूत हो सके। अपने यादगार संदेश में उन्होंने हमारे सामने व्यक्तिगत मनन करने के लिए दो गंभीर प्रश्न छोड़े: “ आपकी बुनियाद कितनी मजबूत है? और सुसमाचार की आपकी गवाही और समझ को किस प्रकार की मजबूती की आवश्यकता है?”

यीशु मसीह का सुसमाचार हमें अपनी आत्माओं में आत्मिक टूट-फूट को रोकने के लिए दिव्यरूप से प्रेरित और प्रभावी साधन प्रदान करता है, जिससे हमारी बुनियाद शक्तिशाली रूप से मजबूत होती है और सुसमाचार की पवित्र सच्चाइयों की हमारी गवाही और हमारी समझ दोनों में हमारे विश्वास में कमी और अस्थिरता से बचने में हमें सहायता मिलती है। इस उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए एक विशेष रूप से प्रासंगिक नियम सिद्धांत और अनुबंध के खंड 12, में पाया जाता है, जो भविष्यवक्ता जोसफ स्मिथ के माध्यम से जोसफ नाइट को दिया गया प्रकटीकरण है, वह एक सदाचारी व्यक्ति थे जिन्होंने ईमानदारी से प्रभु की इच्छा को समझने की कोशिश की, न कि केवल बाहरी परिवर्तन के लिए, बल्कि अपने शिष्यत्व में अटल—“स्वर्ग के स्तंभों के समान मजबूत बने रहने के लिए।” प्रभु ने कहा था:

“देखो, मैं तुमसे बोलता हूं, और उन सबों से भी जो इस कार्य को लाने की इच्छा रखते और इसे स्थापित करना चाहते हैं;

“और कोई भी इस कार्य में सहायता नहीं कर सकता सिवाय उसके जो विनम्र और प्रेम से परिपूर्ण है, विश्वास, आशा, और उदार होते हुए, सब बातों में संयमी है, जोकुछ उसे सौंपा जाएगा।”

इस पवित्र प्रकटीकरण में लिखा, उद्धारकर्ता का मार्गदर्शन, हमें याद दिलाता है कि यीशु मसीह में मजबूत बुनियाद के लिए संयम एक आवश्यक सुदृढ़ीकरण है। यह अनिवार्य गुणों में से एक है, न केवल उन लोगों के लिए जिन्हें सेवा करने के लिए नियुक्त किया गया है, बल्कि उन सभी के लिए भी जिन्होंने प्रभु के साथ पवित्र अनुबंध बनाए हैं और ईमानदारी से उसका अनुसरण करना स्वीकार करते हैं। संयम इस प्रकटीकरण में बताए अन्य मसीह-समान गुणों: विनम्रता, विश्वास, आशा, दान, और शुद्ध प्रेम जो उससे प्रवाहित होता है, को सुसंगत और मजबूत करता है। इसके अलावा, संयम का विकास करना हमारी आत्माओं को सांसारिक प्रभावों के कारण होने वाले उन सूक्ष्म परन्तु निरंतर आत्मिक टूट-फूट से बचाने का एक सार्थक तरीका है, जो यीशु मसीह में हमारी बुनियाद को कमजोर कर सकता है।

मसीह के सच्चे शिष्यों को सुशोभित करने वाले गुणों में, संयम स्वयं उद्धारकर्ता का प्रतिबिंब है, जो आत्मा का एक बहुमूल्य फल है, जो उन सभी के लिए उपलब्ध है जो स्वयं के लिए दिव्य प्रभाव को प्राप्त करने की इच्छा करते हैं। यह वह गुण है जो हृदय में मेल-मिलाप की अनुभूति लाता है, इच्छाओं और भावनाओं को बुद्धि और शांति से आकार देता है। पवित्र शास्त्रों में संयम को हमारी आत्मिक यात्रा में प्रगति के एक अनिवार्य भाग के रूप में दर्शाया गया है, जो हमें धैर्य, ईश्वरीयता और करुणा की ओर ले जाता है, साथ ही हमारी भावनाओं, हमारे शब्दों और हमारे कार्यों को शुद्ध करता है ।

मसीह के शिष्य जो इस मसीह-समान गुण को विकसित करने का प्रयास करते हैं, वे अधिकाधिक रूप से विनम्र और प्रेम से परिपूर्ण होते जाते हैं। उनमें एक शांत शक्ति उत्पन्न होती है, और वे क्रोध को नियंत्रित, धैर्य को पोषित, तथा दूसरों के साथ सहिष्णुता, सम्मान और गरिमा के साथ व्यवहार करने में अधिक सक्षम हो जाते हैं, तब भी जब प्रतिकूल परिस्थितियों का बहुत अधिक सामना होता है। वे आवेगपूर्ण तरीके से कार्य करने का प्रयास नहीं करते, बल्कि विनम्रता और पवित्र आत्मा के कोमल प्रभाव के मार्गदर्शन में आत्मिक समझ के साथ कार्य करना चुनते हैं। इस तरह, वे आत्मिक टूट-फूट के प्रति कम असुरक्षित होते हैं, जैसा कि प्रेरित पौलुस ने सिखाया था, वे जानते हैं कि वे मसीह की सामर्थ्य के द्वारा सब कुछ कर सकते हैं, जो उन्हें उन परीक्षाओं के सामने भी मजबूत करता है जो उसके बारे में उनकी गवाही को विचलित सकती हैं।

तीतुस को लिखी अपनी पत्री में, पौलुस ने उन लोगों की योग्यताओं के बारे में पवित्र सलाह दी थी जो उद्धारकर्ता का प्रतिनिधित्व और विश्वास और समर्पण के साथ उसकी इच्छा पूरी करना चाहते हैं । उसने कहा कि उन्हें सत्कारशील, शांत, न्यायी, और पवित्र होना चाहिए—ऐसे गुण जो स्पष्ट रूप से संयम के प्रभाव को प्रदर्शित करते हैं।

हालांकि, पौलुस ने चेतावनी दी थी कि उन्हें “हठी, क्रोधी,… [और] मार पीट करने वाला नहीं होना चाहिए।” ऐसी विशेषताएं उद्धारकर्ता की शिक्षाओं के विपरीत हैं और सच्ची आत्मिक उन्नति में बाधा डालती हैं। पवित्र शास्त्र संदर्भ में, “हठी न होने” का अर्थ है वह जो अहंकार और गर्व के साथ कार्य करने से इनकार करता है; “क्रोधी न होने” का अर्थ है वह जो अधीर और चिढ़ने की स्वाभाविक इच्छा से बचता है; और “मार पीट न करने वाला होने” का अर्थ है वह जो विवादास्पद, आक्रामक और कठोर व्यवहार को मौखिक, शारीरिक और भावनात्मक रूप से अस्वीकार करता है। जब हम विश्वास और विनम्रता के साथ अपने व्यवहार को बदलने का प्रयास करते हैं, तो हम उसके अनुग्रह की ठोस चट्टान पर दृढ़ता से स्थिर हो सकते हैं और उसके पवित्र हाथों में शुद्ध और परिष्कृत साधन बन सकते हैं।

हन्ना और शमूएल

संयम के गुण को विकसित करने की आवश्यकता पर विचार करते हुए, मुझे हन्ना के शब्द याद आते हैं, जो भविष्यवक्ता शमूएल की मां थी—वह एक ऐसी असाधारण विश्वास वाली महिला थी, जिसने कठिन परीक्षाओं के बाद भी, प्रभु के प्रति कृतज्ञता का गीत गाया था। उसने कहा था, “फूलकर अहंकार की ओर बातें मत करो, और अन्धेर की बातें तुम्हारे मुंह से न निकलें; क्योंकि यहोवा ज्ञानी ईश्वर है, और कामों को तौलने वाला है।” उसका गीत एक प्रार्थना से बढ़कर है—यह विनम्रता, आत्म-नियंत्रण और संयम के साथ कार्य करने का एक आत्म-संबोधित निमंत्रण है। हन्ना हमें याद दिलाती है कि सच्ची आत्मिक शक्ति आवेगपूर्ण प्रतिक्रियाओं या अंहकारी शब्दों में नहीं, बल्कि प्रभु की बुद्धि के अनुरूप संयमित, विचारशील दृष्टिकोण में व्यक्त होती है ।

सामान्यतः, संसार आक्रामकता, घमंड, अधीरता और अतिरेक से उत्पन्न व्यवहारों को बढ़ावा देता है, तथा अक्सर दैनिक जीवन के दबावों और मान्यता और लोकप्रियता की ओर झुकाव के आधार पर ऐसे व्यवहारों को उचित ठहराता है । जब हम संयम के गुण को नहीं अपनाते हैं और अपने कार्य करने और बोलने के तरीके में पवित्र आत्मा के कोमल और संयमित प्रभाव को अनदेखा कर देते हैं, तो हम आसानी से शैतान के जाल में फंस जाते हैं, जो अनिवार्य रूप से हमें ऐसे शब्द बोलने और ऐसे दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रभावित करता है, जिनके लिए हमें गहरा पछतावा होगा, चाहे वह हमारे सामाजिक, पारिवारिक या गिरजा संबंध में क्यों न हो। यीशु मसीह का सुसमाचार हमें इस गुण का उपयोग करने की प्रेरणा देता है, विशेष रूप से चुनौती के समय में, क्योंकि ऐसे ही अवसरों पर लोगों का वास्तविक चरित्र दिखाई देता है। जैसा कि मार्टिन लूथर किंग जूनियर ने एक बार कहा था, “किसी व्यक्ति की सच्ची नैतिक शक्ति और ईमानदारी का प्रदर्शन तब नहीं होता है जब जीवन सरल होता, बल्कि तब होता है जब वह व्यक्ति कठिनाई और संघर्ष का सामना करता है।”

अनुबंधित लोगों के रूप में, हमें अपने हृदय को उन पवित्र प्रतिज्ञाओं में दृढ़तापूर्वक स्थापित करते हुए जीने के लिए कहा गया है जो हमने प्रभु से बनाई हैं, तथा उस आदर्श का सावधानीपूर्वक पालन करने के लिए कहा गया है जिसे प्रभु ने अपने परिपूर्ण उदाहरण के माध्यम से स्थापित किया है। बदले में, वह प्रतिज्ञा करता है, “मैं तुमसे सच सच कहता हूं कि यह मेरा सिद्धांत है, और जो कोई इस पर निर्माण करेगा वह मेरी चट्टान पर निर्माण करेगा, और उनके विरूद्ध नरक के द्वार प्रबल नहीं होंगे।”

उद्धारकर्ता

तुम्हारा मन न घबराए, हॉवर्ड लियोन द्वारा, हेवनलाइट के सौजन्य से

पृथ्वी पर उद्धारकर्ता की सेवकाई उसके चरित्र के सभी पहलुओं में संयम के गुण से चिह्नित की गई थी। अपने परिपूर्ण उदाहरण के द्वारा, उसने हमें सिखाया कि “कष्टों में धैर्य रखो, उनके विरूद्ध बुरा मत करो जो बुरा करते हैं।” जब उसने सिखाया कि हमें विवादों और मतभेदों के कारण क्रोध में नहीं आना चाहिए, तो उसने कहा: “तुम्हें पश्चाताप करना होगा,और एक छोटे बच्चे के समान होना होगा।” उसने यह भी सिखाया कि जो लोग हृदय की पूर्ण इच्छा से उसके पास आना चाहते हैं, उन्हें उन लोगों के साथ मेल-मिलाप करना होगा जिनसे वे नाराज हैं या जिनके मन में उनके प्रति कुछ विरोध है। एक संयमी दृष्टिकोण और दयालु हृदय के साथ, उसने हमें आश्वासन दिया था कि जब हमारे साथ कठोरता, निर्दयता, अनादर या उपेक्षा का व्यवहार किया जाता है, तो उसकी दया हमसे दूर नहीं होगी, और उसकी उदारता हम से अलग नहीं होगी, न ही उसकी शांति का अनुबंध हमारे जीवन से हटेगा।

कुछ वर्ष पहले, मुझे और मेरी पत्नी को मैक्सिको सिटी में गिरजे के कुछ विश्वासी सदस्यों से मिलने का पवित्र सौभाग्य प्राप्त हुआ था। उनमें से कई लोगों ने, व्यक्तिगत रूप से या अपने प्रियजनों के माध्यम से, अपहरण, हत्या और अन्य हृदय विदारक दुखद घटनाओं सहित अकथनीय परीक्षाओं को सहा था।

जब हमने उन संतों के चेहरों को देखा तो हमें उनमें क्रोध, आक्रोश या बदले की भावना नहीं दिखाई दी थी। इसके बजाय, हमने एक शांत विनम्रता देखी। यद्यपि उनके चेहरे पर दुख की झलक थी, फिर भी उनमें चंगाई और सांत्वना की सच्ची लालसा झलक रही थी। यद्यपि उनके हृदय दुखों से टूट गए थे, फिर भी ये संत यीशु मसीह में विश्वास के साथ आगे बढ़ते रहे, तथा उन्होंने अपने कष्टों को अपने विश्वास में कमी का कारण नहीं बनने दिया, या सुसमाचार की अपनी गवाही में अस्थिरता उत्पन्न नहीं करने दिया।

उस पवित्र सभा के समापन पर, हमने उनमें से प्रत्येक का अभिवादन किया था। प्रत्येक हाथ मिलाना, प्रत्येक आलिंगन, एक शांत गवाही बन गई कि प्रभु की सहायता से, हम जीवन की निराशाओं और चुनौतियों का संयम से सामना करने का चुनाव कर सकते हैं। उनका शांत और विनम्र उदाहरण सभी बातों में संयम के साथ उद्धारकर्ता के मार्ग पर चलने के लिए मधुर आमंत्रण के रूप में कार्य करता था। हमें ऐसा महसूस हुआ मानो हम स्वर्गदूतों बीच में हों।

यीशु मसीह, जो सबसे महान है, ने हमारे लिए तब तक कष्ट सहा जब तक उसके रोम-रोम से रक्त नहीं बहने लगा, फिर भी उसने कभी भी अपने हृदय में क्रोध को नहीं भड़कने दिया, न ही ऐसे कष्ट के बीच भी उसने कभी भी आक्रामक, अपमानजनक या अपवित्र शब्द अपने होठों से नहीं निकलने दिए। परिपूर्ण संयम और अद्वितीय विनम्रता के साथ, उसने अपने बारे में नहीं बल्कि—अतीत, वर्तमान और भविष्य की परमेश्वर की प्रत्येक संतान के बारे में सोचा था। प्रेरित पतरस ने मसीह के उत्कृष्ट व्यवहार की गवाही दी जब उसने कहा था: “वह गाली सुन कर गाली नहीं देता था, और दुख उठा कर किसी को भी धमकी नहीं देता था, पर अपने आप को सच्चे न्यायी के हाथ में सौपता था।” यहां तक ​​कि अपनी सबसे बड़ी पीड़ा के बीच में भी, उद्धारकर्ता ने परिपूर्ण और दिव्य संयम का प्रदर्शन किया था। उसने कहा था, “फिर भी, महिमा पिता की हो, और मैंने भाग लिया और मानव संतान के लिये अपनी तैयारियों को पूरा किया।”

मेरे प्रिय भाइयों और बहनों, मैं हम सभी को हमारे प्रिय अध्यक्ष रसल एम. नेल्सन के भविष्यसूचक आह्वान के पवित्र जवाब में, संयम के मसीह-समान गुण से अपने मन और हृदय को सुशोभित करने के लिए एक गंभीर आमंत्रण देता हूं। जब हम विश्वास और परिश्रम के साथ अपने कार्यों और शब्दों में संयम को शामिल करने का प्रयास करते हैं, तो मैं गवाही देता हूं कि हम अपने जीवन को हमारे मुक्तिदाता की सुदृढ़ बुनियाद पर अधिक मजबूती से स्थापित और स्थिर करेंगे।

मैं गंभीरतापूर्वक अपनी गवाही देता हूं कि निरंतर संयम रखना हमारी आत्मा को शुद्ध और उद्धारकर्ता के समक्ष हमारे हृदय को पवित्र करता है, हमें धीरे-धीरे उसके निकट लाता है और आशा और शांति के साथ हमें उस गौरवशाली दिन के लिए तैयार करता है जब हम उसके द्वितीय आगमन पर उससे मिलेंगे। मैं ये पवित्र शब्द हमारे उद्धारकर्ता, यीशु मसीह के नाम पर साझा करता हूं, आमीन।