अपना काम संपूर्ण हृदय से करो
उद्धारकर्ता पर भरोसा रखें और धैर्य व लगन के साथ अपना काम संपूर्ण हृदय से करते रहें।
पिछले वर्ष यूरोप की यात्रा के दौरान, मैं अपने पुराने कार्यस्थल, फ्रैंकफर्ट हवाई अड्डे पर स्थित लुफ्थांसा जर्मन एयरलाइंस गया था।
अपने पायलटों को प्रशिक्षित करने के लिए, वे कई आधुनिक उड़ान सिमुलेटर उपयोग करते हैं जो लगभग किसी भी सामान्य और आपातकालीन उड़ान स्थिति को बना सकते हैं। एयरलाइन कैप्टन के अपने कई वर्षों के दौरान, मुझे पायलट लाइसेंस को वैध रखने के लिए हर छह महीने में फ्लाइट सिमुलेटर में फ्लाइट जांच पास करनी पड़ती थी। मुझे तनाव और चिंता के वे क्षण अच्छी तरह याद हैं, लेकिन जांच पास करने के बाद की उपलब्धि की भावना भी याद है। मैं उस समय युवा था और मुझे चुनौतियां पसंद थीं।
मेरी मुलाकात के दौरान, लुफ्थांसा के एक अधिकारी ने मुझसे पूछा कि क्या मैं एक बार फिर से जांच पास करना और 747 सिमुलेटर को उड़ाना चाहूंगा।
इससे पहले कि मैं प्रश्न पर पूरी तरह विचार कर पाता, मैंने एक आवाज सुनी—जो बिलकुल मेरी ही जैसी लग रही थी—कह रही थी, “हां, मैं अवश्य उड़ाना चाहूंगा।”
जैसे ही मैंने ये शब्द कहे, मेरे मन में विचारों की बाढ़ आ गयी। मुझे 747 विमान उड़ाए हुए काफी समय हो चुका था। तब मैं युवा और आत्मविश्वासी कैप्टन था। अब मुझे एक पूर्व मुख्य पायलट के रूप में अपनी प्रतिष्ठा को बनाए रखना था। क्या मुझे इन पायलटों के सामने शर्मिंदा होना पड़ेगा?
लेकिन न कहने के लिए बहुत देर हो चुकी थी, इसलिए मैं कैप्टन की सीट पर बैठ गया, अपने हाथों को परिचित और प्रिय नियंत्रणों पर रखा, और एक बार फिर उड़ान के उत्साह को महसूस किया, जब बड़ा जेट रनवे पर गर्जना करता हुआ दौड़ा और नीले आकाश में उड़ गया।
मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि उड़ान सफल रही, विमान सुरक्षित रहा, और मेरा आत्म-विश्वास भी सुरक्षित रहा।
फिर भी, यह अनुभव मेरे लिए विनम्र करने वाला था। जब मैं अपने चरम पर था, तो उड़ना लगभग मेरा स्वभाव बन गया था। अब इन मूलभूत कामों को करने के लिए मुझे संपूर्ण एकाग्रता की आवश्यकता थी।
शिष्यत्व के लिए अनुशासन चाहिए
फ्लाइट सिम्युलेटर में मेरा अनुभव एक महत्वपूर्ण चेतावनी थी कि किसी भी कार्य में अच्छा होने के लिए—चाहे वह उड़ना हो, नौकायन करना हो, बुवाई करना हो, या सीखना हो—निरंतर आत्म-अनुशासन और अभ्यास चाहिए।
आपको कोई कौशल पाने या कोई प्रतिभा विकसित करने में वर्षों लगा सकते हैं। आप इतना परिश्रम करते हैं कि यह आपका स्वाभाव बन जाता है। लेकिन यदि आप सोचते हैं कि इसका अर्थ है कि आप अभ्यास और अध्ययन करना बंद कर सकते हैं, तो आप धीरे-धीरे उस ज्ञान और क्षमताओं को खो देंगे जिसे आपने कभी परिश्रम से पाया था।
यह बात भाषा सीखने, संगीत वाद्य बजाने और विमान उड़ाने जैसे प्रतिभाओं पर भी लागू होती है। यह बात मसीह का शिष्य बनने पर भी लागू होती है।
सरल शब्दों में कहें तो शिष्यत्व के लिए आत्म-अनुशासन की आवश्यकता होती है।
यह कोई लापरवाही से किया गया काम नहीं है, और यह अचानक नहीं होता।
यीशु मसीह में विश्वास एक उपहार है, लेकिन इसे प्राप्त करना सोचा-समझा चुनाव है जिसके लिए हमारी पूरी “योग्यता, बुद्धि और बल” की प्रतिबद्धता की आवश्यकता होती है। यह हर दिन का अभ्यास है।। हर घंटे का । इसके लिए निरंतर सीखने और दृढ़ प्रतिबद्धता की आवश्यकता होती है। हमारा विश्वास, उद्धारकर्ता के प्रति हमारी निष्ठा, अधिक मजबूत हो जाती है जब नश्वरता में हमारे सामने आने वाली चुनौतियों से इसे परखा जाता है। यह इसलिए मजबूत होता है क्योंकि हम इसका पोषण करते रहते हैं, हम सक्रियता से इसका उपयोग करते, और कभी हार नहीं मानते।
दूसरी ओर, यदि हम विश्वास और इसकी भरोसा दिलाने वाली शक्ति का उपयोग करने में असफल रहते हैं, तो उन बातों के प्रति दृढ़ता कम हो जाती हैं जिन्हें हम पवित्र मानते थे—उन बातों पर भरोसा कम हो जाता है जिन्हें हम कभी जानते थे कि वे सच हैं।
जो प्रलोभन हमें पहले कभी आकर्षित नहीं कर सकते थे, वे अब कम भयावह और अधिक आकर्षक लगने लगते हैं।
कल की गवाही की आग हमें केवल कुछ समय तक ही गर्म रख सकती है। इसे प्रज्वलित रखने के लिए निरंतर पोषण चाहिए।
नये नियम में, उद्धारकर्ता ने किसी स्वामी के बारे में दृष्टान्त सिखाया जिसने अपने प्रत्येक सेवक को अपनी संपत्ति सौंप दी—एक निश्चित मात्रा में धन जिसे तोड़ा कहा जाता था। जिन सेवकों ने अपने तोड़े का परिश्रमपूर्वक उपयोग किया, उन्होंने उसे बढ़ाया। जिस सेवक ने अपने तोड़े को दबाया था, अंततः उसने उसे खो दिया था।
सबक क्या है? परमेश्वर हमें उपहार देता है—ज्ञान का, योग्यता का, अवसर का—और वह चाहता है कि हम उनका उपयोग और विकास करें ताकि वे हमें और उसकी अन्य संतानों को आशीष दे सकें। तब ऐसा नहीं होता है जब हम उपहारों का उपयोग न करके इन्हें ट्रॉफी की तरह शेल्फ पर सजाते हैं, जिनकी हम समय-समय पर प्रशंसा करते हैं। हमारे उपहार तभी बढ़ते और विकास करते हैं जब हम उनका उपयोग करते हैं।
आपको उपहार दिया गया है
“लेकिन एल्डर उकडॉर्फ,” आप कह सकते हैं, “मेरे पास कोई भी उपहार या प्रतिभा नहीं है—कम से कम, कोई भी इतना महत्वपूर्ण नहीं है।” शायद आप दूसरों के उपहारों को देखते हैं जो स्पष्ट और प्रभावशाली है और तुलना करके आप स्वयं को बहुत साधारण महसूस करते हैं। आप शायद सोचते हों कि मृत्यु-पूर्व संसार में, महान उपहार और प्रतिभा के भोज के दिन, आपकी प्लेट पर उपहार बहुत ही कम रहे होंगे—विशेष रूप से दूसरों की उपहारों से भरी हुई प्लेटों की तुलना में।
ओह, काश मैं आपको गले लगा पाता और इस महान सच्चाई को समझने में आपकी मदद करता: आप प्रकाश के आशीषित लोग हैं; एक अनंत परमेश्वर की आत्मिक संतान हैं! और आपके भीतर ऐसी क्षमता है जिसकी मात्र कल्पना करना भी आपकी क्षमता से परे है।
जैसा कि कवियों ने लिखा है, आप पृथ्वी पर “महिमा के बादल लेकर” आए हैं!
आपकी रचना की कहानी दिव्य है, और आपकी नियति भी दिव्य है। आप स्वर्ग छोड़कर यहां आए, लेकिन स्वर्ग ने आपको कभी अकेला नहीं छोड़ा!
आप कुछ भी हो लेकिन साधारण नहीं हैं।
आपको उपहार दिया गया है!
सिद्धांत और अनुबंध में, परमेश्वर ने घोषणा की थी:
“कई उपहार हैं, और प्रत्येक [व्यक्ति] को परमेश्वर की आत्मा द्वारा एक उपहार दिया जाता है।
“किसी को एक दिया जाता है, और किसी को दूसरा, [और] सब उससे लाभ उठा सकें।”
हमारे कुछ उपहारों की सूची पवित्र शास्त्र में है। बहुत से नहीं हैं।
जैसा भविष्यवक्ता मोरोनी ने कहा था, “परमेश्वर के उपहारों को अस्वीकार न करें, क्योंकि वे अनेक हैं; और वे उसी परमेश्वर से आते हैं।” वे स्वयं को “विभिन्न तरीकों से” प्रकट कर सकते हैं … ; परन्तु यह वही परमेश्वर है जो सबमें कार्य करता है।”
यह सच हो सकता है कि हमारे आत्मिक उपहार हमेशा आकर्षक न हों, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि वे कम महत्वपूर्ण हैं। मैं आपके साथ कुछ आत्मिक उपहारों को साझा करना चाहता हूं जो मैंने दुनिया भर के सदस्यों में देखे हैं। इस बात पर विचार करें कि क्या आपको एक या एक से अधिक उपहार प्राप्त हुए हैं जैसे:
-
करुणा दिखाना।
-
उन लोगों पर ध्यान देना जिन्हें अनदेखा किया जाता है।
-
आनंदित होने के कारण खोजना।
-
शांतिदूत बनना।
-
छोटे-छोटे चमत्कारों पर ध्यान देना।
-
सच्ची प्रशंसा करना।
-
क्षमा करना।
-
पश्चाताप करना।
-
अंत तक धीरज रखना।
-
बातों को सरलता से समझाना।
-
बच्चों से जुड़ना।
-
गिरजा मार्गदर्शकों का समर्थन करना।
हो सकता है कि आपको ये उपहार वार्ड प्रतिभा शो में न दिखाए देते हों। लेकिन मैं आशा करता हूं कि आप देख सकते हैं कि वे प्रभु के कार्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं और कैसे आपने अपने उपहारों से परमेश्वर के बच्चों में से किसी को छुआ, आशीष दी, या बचाया भी है। याद रखें: “छोटी और साधारण बातों से ही बड़ी बातें होती हैं।”
अपना छोटा सा योगदान दें
मेरे प्रिय भाइयों और बहनों, प्रिय मित्रों, मैं प्रार्थना करता हूं कि हमें परमेश्वर द्वारा दिए गए उपहारों और प्रतिभाओं को पहचानने में आत्मा आपकी मदद करेगी। तो फिर, आओ, हम प्रभु के दृष्टांत के विश्वासी सेवकों की तरह, उन्हें बढ़ाएं और विकसित करें।
वह दिन आएगा जब हम स्वर्ग में अपने दयालु पिता के सामने खड़े होकर अपने कामों का हिसाब देंगे। विशेष रूप से, वह जानना चाहेगा कि हमने उसके द्वारा दिए गए उपहारों का क्या किया, हमने उनका उपयोग उसकी संतानों को आशीष देने के लिए कैसे किया। परमेश्वर जानता है कि हम वास्तव में कौन हैं, हमें क्या बनने के लिए रचा गया है, और इसलिए हमसे उसकी अपेक्षाएं बहुत अधिक हैं।
लेकिन वह हमसे यह अपेक्षा नहीं करता कि हम वहां तक पहुंचने के लिए कोई महान, वीरतापूर्ण या अलौकिक छलांग लगाएं। उसने जो संसार बनाया है, उसमें विकास धीरे-धीरे और धैर्यपूर्वक होता है—लेकिन यह निरन्तर और बिना थके भी होता है।
याद रखें, यीशु मसीह ने पहले ही अलौकिक कार्य कर दिया है जब उसने मृत्यु और पाप पर विजय प्राप्त की थी।
हमारा काम मसीह का अनुसरण करना है। यह हमारा काम है कि हम पाप से दूर हो जाएं, उद्धारकर्ता की ओर मुड़ें, और एक-एक कदम करके उसके पदचिन्हों पर चलें। जब हम ऐसा, परिश्रम और विश्वासपूर्वक करते हैं, तो हम अंततः अपूर्णताओं और दोषों की बेड़ियों को तोड़ देते हैं और धीरे-धीरे परिष्कृत होते जाते हैं, उस संपूर्ण दिन तक जब हम मसीह में परिपूर्ण हो जाएंगे।
आशीषें आपकी पहुंच में हैं। प्रतिज्ञाएं पूरी की गई हैं। द्वार पूरी तरह खुला है। प्रवेश करना और आरंभ करना हमें चुनना है।
शुरुआत छोटी हो सकती है। लेकिन कोई बात नहीं।
जहां विश्वास कमजोर है, वहां मसीह यीशु और उसकी शुद्ध करने और पवित्र करने की शक्ति पर आशा के साथ आरंभ करें।
हमारा पिता कहता है कि हम विश्वास और शिष्यत्व की इस चुनौती का सामना अनौपचारिक सैलानियों की तरह नहीं, बल्कि संपूर्ण हृदय से उन विश्वासियों की तरह करें, जो बाबुल का त्याग करते और अपने हृदय, मन और कदमों को सिय्योन की ओर बढ़ाते हैं।
हम जानते हैं कि केवल हमारे काम हमें सिलेस्टियल नहीं बना सकते। लेकिन वे हमें यीशु मसीह के प्रति निष्ठावान और प्रतिबद्ध बना सकते हैं, और वह हमें सिलेस्टियल बना सकता है।
हमारे प्रिय उद्धारकर्ता के कारण, ऐसी कोई बात नहीं है जिसे जीता न जा सके। यदि हम उस पर आशा और विश्वास रखें तो हमारी जीत सुनिश्चित है। वह हमें उसकी शक्ति, सामर्थ्य, और भरपूर अनुग्रह तक पहुंच की प्रतिज्ञा करता है। कदम दर कदम, थोड़ा-थोड़ा करके, हम उस महान और परिपूर्ण दिन के निकट पहुंचेंगे जब हम उसके और अपने प्रियजनों के साथ अनंत महिमा में रहेंगे।
वहां पहुंचने के लिए हमें आज और हर दिन अपना योगदान देना होगा। हम कल उठाए गए कदमों के लिए आभारी हैं, लेकिन हमें यहीं नहीं रुकना चाहिए। हम जानते हैं कि हमें अभी भी एक लंबा मार्ग तय करना है, लेकिन हम इससे हिम्मत नहीं हारते।
मसीह के अनुयायी होने के नाते हम कौन हैं—इसका सार यही है।
मैं गिरजे के प्रत्येक सदस्य, और उन सभी से जो इसका हिस्सा बनना चाहते हैं, आग्रह करता और आशीष देता हूं कि उद्धारकर्ता पर भरोसा रखें और धैर्य व लगन के साथ अपना काम संपूर्ण हृदय से करते रहें—ताकि आपका आनंद पूर्ण हो और कि, एक दिन, आपको पिता की संपूर्णता प्राप्त हो। इसकी मैं यीशु मसीह के नाम में गवाही देता हूं, आमीन।