महा सम्मेलन
मसीह में परखा और मजबूत किया गया
अक्टूबर 2025 महा सम्मेलन


13:11

मसीह में परखा और मजबूत किया गया

परखे जाने का क्षण इस बात का प्रमाण नहीं हैं कि प्रभु ने आपको अकेला छोड़ दिया है। बल्कि, वे इस बात का प्रमाण हैं कि वह आपसे इतना प्रेम करता है कि आपको परिष्कृत करता और मजबूत बनाता है।

मेरे प्रिय भाइयों और बहनों, जब हम एक साथ मिलते हैं तो मैं प्रभु के प्रेम को महसूस करता हूं। मैं आपसे बात करके विनम्र हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि आत्मा आपके हृदयों में उस संदेश को पहुंचाएगी जो प्रभु आपसे कहना चाहता है, और यह मेरे बोले गए शब्दों से कहीं अधिक प्रभावशाली होगा।

बहुत पहले मैंने अपने कॉलेज के समय में भौतिकी और गणित सीखने की कोशिश की थी। मुझे घबराहट महसूस हुई थी। मुझे लगा कि मैं कुछ ऐसा सीखने की कोशिश कर रहा हूं जो मेरी समझ से परे है। जितना अधिक मैं घबराहट महसूस करता, उतना ही कम मैं सिखने की शक्ति महसूस करता था। मेरी निराशा ने मुझे यह महसूस कराया कि मेरे प्रयास लगभग असफल रहे थे। मैं इसे छोड़ने और कुछ सरल करने के बारे में सोचने लगा।

मैंने कमजोर महसूस किया था। जब मैंने प्रार्थना की, तो मुझे प्रभु की शांत दिलासा एहसास महसूस हुआ। मुझे लगा मानो वह मेरे मन में कह रहा है, “मैं तुम्हें परख रहा हूं, लेकिन मैं तुम्हारे साथ भी हूं।”

मुझे तब उन शब्दों का मतलब नहीं पता था। लेकिन मैं जानता था कि क्या करना है—मैं सीखने लगा।

इसके बाद के वर्षों में मनन और परिश्रम करने से, मुझे पवित्र शास्त्र में प्रोत्साहन का यह संदेश समझ में आया: “जो मुझे सामर्थ देता है, उस में मैं सब कुछ कर सकता हूं।”

मुझे पता चला कि भौतिकी में मेरी कठिनाई असल में प्रभु से मिला उपहार थी। वह मुझे सिखा रहा था कि उसकी मदद से मैं असंभव लगने वाले काम भी कर सकता हूं, यदि मुझे विश्वास हो कि वह मेरी मदद के लिए करेगा। इस उपहार के द्वारा, प्रभु मुझे परखे जाने और मजबूत करने के लिए काम कर रहा था।

परखना शब्द के कई अर्थ हैं। किसी बात को परखना केवल उसकी जांच करना नहीं है। इसका उद्देश्य इसे मजबूत करना है। स्टील को परखने का मतलब है उस पर अधिक तनाव डालना है। गर्मी, भार और दबाव को तब तक बढ़ाया जाता है, जब तक कि इसका वास्तविक स्वरूप उन्नत और प्रकट नहीं हो जाता है। परखे जाने से स्टील कमजोर नहीं होता। वास्तव में, यह ऐसी धातू बन जाता है जिस पर भरोसा किया जा सकता है, कि यह अधिक भार उठाने के लिए काफी मजबूत है।

हमें मजबूत बनाने के लिए लगभग इसी प्रकार प्रभु हमें परखता है। यह परखा जाना सहजता या आराम के क्षणों में नहीं होता। यह उन क्षणों में होता है जब हम महसूस करते हैं कि हम अपनी क्षमता से अधिक तनाव में हैं। प्रभु सिखाता है कि हमें निरंतर विकास करते रहना है और अपने काम में कभी थकना नहीं है, हमें कभी हार नहीं माननी है, हमें प्रयास करते रहना है।

जब हम यीशु मसीह पर विश्वास बनाए रखते हैं—उस क्षण भी जब काम हमें असंभव लगते हैं—हम आत्मिक रूप से मजबूत होते हैं। पवित्र पवित्र शास्त्र में इस सच्चाई पर जोर दिया गया है।

उदाहरण के लिए, भविष्यवक्ता मोरोनी को इसी तरह से परखा और मजबूत किया गया। उसने अपने अंतिम वर्ष अकेले बिताए थे। उसने लिखा कि उसका कोई मित्र नहीं था, उसके पिता की हत्या कर दी गई थी, उसके लोगों को नष्ट कर दिया गया था। उसकी जान लेने के लिए लोगों ने उसका पीछा किया था।

फिर भी मोरोनी निराश नहीं हुआ था। इसके बजाय, उसने यीशु मसीह के बारे में अपनी गवाही उन लोगों के लिए पट्टियों पर अंकित की थी जिन्हें वह कभी नहीं देखगा, इनमें उन लोगों के वंशज भी शामिल थे जो उसे मारना चाहते थे। उसने हमारे लिए लिखा था। वह जानता था कि कुछ लोग उसकी बातों का मजाक उड़ाएंगे। वह जानता था कि कुछ उसे अस्वीकार कर देंगे। फिर भी वह लिखता रहा।

अपने परखे जाने में, मोरोनी का विश्वास परिष्कृत और मजबूत हुआ। यह अधिक शुद्ध हो गया था। उसके शब्दों में उस व्यक्ति की शक्ति है जिसने अंत तक विश्वासपूर्वक धीरज धरा था। हम उसकी गवाही को पढ़कर उस शक्ति को महसूस कर सकते हैं:

“अब मैं, मोरोनी, कुछ उन बातों को लिख रहा हूं जो मुझे अच्छी प्रतीत होती हैं; और मैं अपने लमनाई भाइयों के लिए लिख रहा हूं; और मैं चाहता हूं कि वे जानें कि चार सौ और बीस वर्षों से भी अधिक का समय बीत चुका है जब मसीह के आगमन का चिन्ह दिया गया था।

“और उपदेश के समान कुछ बातों को तुम्हें बताने के पश्चात, मैं इन अभिलेखों को मुहरबंद कर देता हूं।

“देखो, मैं तुम्हें उपदेश देना चाहता हूं कि जब तुम इन बातों को पढ़ो, यदि ये परमेश्वर में ज्ञान की बातें हैं तो तुम्हें इन्हें पढ़ना चाहिए, ताकि तुम याद रखो कि मानव संतानों के प्रति प्रभु कितना दयालु रहा है, आदम की सृष्टि से लेकर इस समय तक भी जिससे कि तुम इन बातों को प्राप्त करोगे, और अपने हृदयों में इन पर मनन करोगे।

“और जब तुम इन बातों को स्वीकार करोगे, मैं तुम्हें उपदेश देना चाहता हूं कि तुम मसीह के नाम में, अनंत पिता, परमेश्वर से पूछो, कि क्या ये बातें सच्ची नहीं हैं; और यदि तुम सच्चे हृदय के साथ, वास्तविक उद्देश्य से मसीह में विश्वास करते हुए पूछोगे, तो वह पवित्र आत्मा के सामर्थ्य द्वारा तुम पर इसकी सच्चाई प्रकट करेगा।

“और पवित्र आत्मा के सामर्थ्य द्वारा तुम सारी बातों की सच्चाई जान सकते हो।”

मोरोनी की गवाही एकांत में परिष्कृत हुई थी, लेकिन यह सभी पीढ़ियों को स्वर्ग में हमारे पिता और उद्धारकर्ता यीशु मसीह को खोजने का मार्गदर्शन करने के लिए प्रकाश के समान चमकती है।

मॉरमन की पुस्तक के एक अन्य भविष्यवक्ता, याकूब, को एक ऐसे बच्चे के रूप में परखा और मजबूत किया गया था जिसने पीड़ा और बहुत दुख सहा था। लेकिन उसके पिता लेही ने सिखाया था कि परमेश्वर उसे परखे जाने के द्वारा उसे आशीष देगा।

“और देखो, तुम्हारे बचपन में तुमने अपने भाइयों के रूखेपन के कारण बहुत कष्ट और दुख सहे हैं।

“फिर भी, याकूब, निर्जन प्रदेश के मेरे पहिलौठे, तुम परमेश्वर की महानता को जानते हो; और वह तुम्हारे कष्टों को तुम्हारे लाभ के लिए समर्पित करेगा।

“इसलिए, तुम्हारी आत्मा आशीषित होगी, और तुम अपने भाई, नफी के साथ सुरक्षित रहोगे; और तुम्हारे दिन तुम्हारे परमेश्वर की सेवा में व्यतीत होंगे। इसलिए, मैं जानता हूं कि तुम अपने मुक्तिदाता की धार्मिकता के कारण मुक्त किये गए हो; क्योंकि तुमने देखा है कि समय की परिपूर्णता आने वाली है जब वह मनुष्य के लिए उद्धार लाएगा।”

भविष्यवक्ता जोसफ स्मिथ ने लिबर्टी जेल में रहते हुए ऐसे ही परखे और मजबूत किए जाने का अनुभव किया था। अपनी पीड़ा की गहराई में, भविष्यवक्ता जोसफ स्मिथ ने पुकारा था:

“हे परमेश्वर, आप कहां हैं? …

“कब तक आपका हाथ रूका रहेगा?”

प्रभु ने जोसफ के दुखों में उसके द्वारा उसे अच्छी तरह सहन करने के पवित्र प्रभाव को देखा जब उसने उत्तर दिया:

“मेरे बेटे, तुम्हारी आत्मा को शांति मिले; तुम्हारी परिक्षा और तुम्हारे कष्ट होंगे लेकिन कुछ समय के लिए;

“और फिर, यदि तुम इसे अच्छी तरह सहते हो, परमेश्वर ऊंचे में तुम्हारा सम्मान करेगा; तुम अपने सारे शत्रुओं पर विजय प्राप्त करोगे।”

परखे और मजबूत किए जाने का सबसे बड़ा उदाहरण उद्धारकर्ता के प्रायश्चित के माध्यम से हुआ था। उसने संसार के पापों को अपने ऊपर लिया था। उसने हमारी पीड़ा और दुखों को सहा था। उसने कड़वे प्याले को पिया था। वह हर क्षण विश्वासी साबित हुआ था।

अपने महिमामय प्रायश्चित के कारण, यीशु मसीह हमें परीक्षा के समय में मजबूत कर सकता है। वह जानता है कि हमारी सहायता कैसे करनी है, क्योंकि उसने उन सभी चुनौतियों का अनुभव किया है, जिनका हम नश्वरता में अनुभव करेंगे। “वह अपने ऊपर उनकी दुर्बलताओं को ले लेगा … कि वह शरीर में जान सके कि किस प्रकार दुर्बलताओं के अनुसार अपने लोगों की सहायता कर सकता है।”

गतसमनी में उद्धारकर्ता

हम सीखते हैं कि गतसमनी के बगीचे में, उद्धारकर्ता ने पिता से पूछा था कि क्या उसकी परीक्षा को टाला जा सकता था—लेकिन फिर उसने यह भी कहा कि यदि यह पिता की इच्छा है, तो उद्धारकर्ता ऐसा करेगा। अन्य शब्दों में, उद्धारकर्ता ने संदेह और अनिश्चितता के बोझ को भी स्वीकार किया, लेकिन उसे अपने स्वर्गीय पिता पर विश्वास था।

भाइयों और बहनों, हो सकता है कि आपका परखा और मजबूत किया जाना मोरोनी या याकूब या भविष्यवक्ता जोसफ के समान न हो। परन्तु यह होगा। यह पारिवारिक जीवन की कठिनाइयों के बीच चुपचाप हो सकता है। यह बीमारी, निराशा, दुख या अकेलेपन के कारण हो सकता है।

मैं गवाही देता हूं कि ये क्षण इस बात के प्रमाण नहीं हैं कि प्रभु ने आपको अकेला छोड़ दिया है। बल्कि, वे इस बात का प्रमाण हैं कि वह आपसे इतना प्रेम करता है कि आपको परिष्कृत करता और मजबूत बनाता है। वह आपको इतना मजबूत बना रहा है कि आप अनंत जीवन का भार उठा सकें।

यदि हम अपनी सेवा में विश्वासी बने रहते हैं, तो प्रभु हमें परिष्कृत करेगा। वह हमें मजबूत करेगा। और एक दिन, हम पीछे मुड़कर देखेंगे और पाएंगे कि वे परीक्षाएं ही उसके प्रेम का प्रमाण थीं। हम देखेंगे कि वह हमें इस योग्य बना रहा था कि हम महिमा में उसके साथ खड़े हो सकें। जैसा प्रभु के प्रेरित पौलुस ने अपने जीवन के अंत में कहा था, “मैं अच्छी कुश्ती लड़ चुका हूं, मैंने अपनी दौड़ पूरी कर ली है, मैंने विश्वास बनाए रखा है।”

मैं गवाही देता हूं कि परमेश्वर आपको जानता है। वह उन परीक्षाओं जानता है जिनका आप सामना करते हैं। वह आपके साथ है | वह आपको अकेला नहीं छोड़ेगा। मैं गवाही देता हूं कि यीशु मसीह परमेश्वर का पुत्र है। वह हमारी शक्ति है, हमारा मुक्तिदाता है, हमारी आशा है। यदि हम उस पर भरोसा रखते हैं, तो वह हमारी आत्मिक शक्ति को हर उस परीक्षा के समान बनाएगा जिसे सहने के लिए हमें नियुक्त किया गया है। मैं यह गवाही यीशु मसीह के पवित्र नाम में देती हूं, आमीन।