गवाही का अनंत उपहार
परमेश्वर का प्रत्येक पुत्र या पुत्री अपने लिए अधिक गहरा, दृढ़ और निश्चित ज्ञान प्राप्त कर सकता है।
मेरे प्यारे भाइयों और बहनों, हाल ही में मैं पुनः स्थापना से तीन शक्तिशाली सत्यों पर विचार कर रहा हूं। इन सत्यों ने मेरे जीवन को गंभीरतापूर्वक आशीषित किया है। आज, मैं आपके साथ साझा करना चाहूंगा कि कैसे इन सच्चाइयों ने मुझे यीशु मसीह के सुसमाचार की एक निश्चित गवाही की ओर मेरी यात्रा में मार्गदर्शन दिया है।
1.परमेश्वर हमें प्रेम करने वाला स्वर्गीय पिता है
वह सर्वज्ञ है, और सर्वशक्तिमान है। मसीह के प्रकाश और पवित्र आत्मा की सेवकाई के माध्यम से, उसका प्रभाव हर जगह है। हमें आशीषें देना उसका स्वभाव है।
वह हमारे अतीत, वर्तमान और अनंत नियति को देखता है। उससे कुछ भी छिप नहीं सकता।
अध्यक्ष रसेल एम. नेल्सन का “सिलेस्टियल सोचें”का निमंत्रण हमें अपने स्वर्गीय पिता के दृष्टिकोण और स्वभाव का अनुकरण करने के लिए प्रोत्साहित करता है।
अपने दिव्य गुणों के कारण, हमारा स्वर्गीय पिता हमें हर अच्छा उपहार देता है, प्रत्येक उपहार में उसका अनंत दृष्टिकोण और दृष्टि होती है।
2. नैतिक स्वतंत्रता स्वयं चुनने और कार्य करने का उपहार है
अच्छा चुनाव करना भी जिम्मेदारी है।
यीशु मसीह ने उस विशेषाधिकार के लिए अपने बहुमूल्य लहू से सर्वोच्च कीमत चुकाई।.
कभी-कभी हम यह मान लेते हैं कि नैतिक स्वतंत्रता का मतलब है जो हम चाहें वह करना। लेकिन तथ्य यह है कि कीमत चुकाई गई थी इसका मतलब है कि नैतिक स्वतंत्रता एक पवित्र उपहार है।
हम प्रतिनिधि हैं, और प्रतिनिधि किसी न किसी चीज के लिए जिम्मेदार होते हैं। इस मामले में, हम अपने पास मौजूद ज्ञान और हमें दिए गए उपहारों के आधार पर जो चुनाव करते हैं, उसके लिए हम स्वयं जिम्मेदार हैं। हम परिणामों के लिए जिम्मेदार हुए बिना कोई चुनाव नहीं कर सकते।
हमारे पास नैतिक स्वतंत्रता क्यों है?
अच्छा चुनना।
मसीह को चुनने के लिए।
3. हमारी गवाही पवित्र आत्मा की शक्ति के माध्यम से आती है
पवित्र आत्मा की गवाही दृष्टि से बड़ी है। वह पिता और पुत्र का सर्वोच्च गवाह है। अध्यक्ष रसल एम. नेलसन ने सिखाया है, “आने वाले समय में, पवित्र आत्मा के मार्गदर्शन, निर्देशन, आराम और निरंतर प्रभाव के बिना आत्मिक रूप से जीवित रहना संभव नहीं होगा।“
भाइयो और बहनो, इसीलिए आज हम सभी को पवित्र आत्मा की शक्ति की आवश्यकता है।
पवित्र आत्मा के द्वारा गवाही कई तरीकों से आ सकती है। अंधेरे कमरे में प्रकाश बल्ब की तरह, यह नाटकीय रूप से और अचानक जल सकता है। यह सूर्योदय की तरह धीरे-धीरे और समय के साथ आ सकता है। यह प्रकाश की किरणों की तरह आ सकता है, शुद्ध बुद्धि के प्रति रुक-रुक कर आने वाला ज्ञान। तरीका चाहे जो भी हो, यह पवित्र आत्मा के माध्यम से आता है।
जमैका में गवाही ढूंढना
मैं खूबसूरत जमैका में पला-बढ़ा हूं; यह मजेदार और अद्भुत था। हालांकि, जब मैंने हाई स्कूल में प्रवेश लिया, तो कुछ सहपाठी और मित्र यीशु मसीह के गिरजे के सदस्य बनने के मेरे निर्णय को समझ नहीं पाए। वे पूछते, “तुम उस गिरजा में कैसे शामिल हो सकते हो?” “तुम उस कहानी पर कैसे विश्वास कर सकते हैं?”—प्रथम दर्शन का संदर्भ देते हुए। “तुम उस पुस्तक को कैसे पढ़ सकते हैं?”—मॉरमन की पुस्तक का संदर्भ देते हुए। “क्या तुम सचमुच इन सब पर विश्वास करते हो?” और तुम अपना जीवन क्यों बर्बाद कर रहे हो?”
यह बहुत पीड़ादायक था, विशेषकर तब जब यह उन लोगों से आया जिनकी मैं परवाह करता था।
लेकिन वे यह नहीं जानते थे: मुझे पवित्र आत्मा का अनुभव हुआ था। जैसे ही उस गवाही ने मेरे ह्रदय को भर दिया, इसने दिनों के दर्द को कम कर दिया, और “एक संक्षिप्त क्षण के लिए, स्वर्ग का दृश्य मेरी आंखों के सामने प्रकट हुआ।”
संभवतः आपसे भी इनमें से कुछ प्रश्न पूछे गए होंगे। शायद, अब भी आप पर मेरी तरह ही बमबारी हो रही हो।
पवित्र आत्मा का उपहार और साक्ष्य हर किसी के लिए उपलब्ध है।
जमैका मेरे लिए वैसा ही है जैसा पल्माइरा जोसफ स्मिथ के लिए था। यह मेरा पवित्र उपवन है। मैं वह सटीक स्थान नहीं जानता, जहां जोसेफ ने पवित्र उपवन में प्रार्थना करने के लिए घुटने टेके थे, लेकिन मैं ठीक-ठीक जानता हूं कि जब मेरा पवित्र उपवन वास्तविकता बन गया, तब मैं कहां था। यह घटना मेरे बपतिस्मा के तीन वर्ष बाद बुधवार को सुबह 6 बजे, फोर ग्रोव रोड, मण्डेविल, जमैका में मेरे बाथरूम में घटी। यह पवित्र अनुभव इसलिए हुआ क्योंकि दो सप्ताह पहले एक प्रेरित बहन प्रचारक ने मुझे मॉरमन की पुस्तक पढ़ने के लिए आमंत्रित किया था। बहन ऑड्रे क्रॉस आज अपने परिवार के साथ इस सम्मेलन में भाग ले रही हैं और मैं उनसे सदैव प्रेम करता हूं।
उस अनुभव ने मुझे बदल दिया।
भाइयो और बहनो, गवाही अस्थायी उपयोग के लिए नहीं दी जाती। हमारे प्रेम करने वाले स्वर्गीय पिता की ओर से यह उपहार अनंत है, क्योंकि देने वाला अनंत है। गवाही की कोई समाप्ति तिथि नहीं होनी चाहिए। यह इसलिए कमजोर या कम नहीं होना चाहिए क्योंकि मेरे जीवन में कुछ बदल गया है या दुनिया में कुछ बदल गया है। इसे और अधिक मजबूत होना चाहिए, क्योंकि तोड़ों के दृष्टांत में सेवक की तरह, मेरी व्यक्तिगत गवाही एक उपहार है जिसे बढ़ाया जाना चाहिए, न कि दफनाया जाना चाहिए।
बचपन में जिन कठिन दिनों की परीक्षा और उत्पीड़न से मैं गुजरा था, उन पर विचार करने से मुझे उस स्थान पर पहुंचने में मदद मिली है, जहां मैं अब खुद को जानता हूं। मैं न केवल विश्वास, आशा या भरोसा करता हूं, यद्यपि ये एक निश्चित साक्ष्य के मार्ग पर विश्वास के महत्वपूर्णकण हैं। मैं प्रश्न पूछने, अध्ययन करने, प्रार्थना करने, उपवास करने और मनन करने के द्वारा अपना रास्ता स्वयं बनाने के लिए आपकी सराहना करता हूं। कृपया रुकें नहीं। गवाही के इस मार्ग पर चलने के लिए हर संभव प्रयास करना उचित है। आप किसे या किस चीज को इसे छीनने की अनुमति देंगे? “परमेश्वर से इससे अधिक गवाही तुम क्या पा सकते हो”
परमेश्वर का प्रत्येक पुत्र या पुत्री अपने लिए अधिक गहरा, दृढ़ और निश्चित ज्ञान प्राप्त कर सकता है। जोसफ स्मिथ की तरह, जिसने विरोध के बावजूद अपनी गवाही की पुष्टि की, हम साहसपूर्वक कह सकते हैं, “मैं यह जानता था, और मैं जानता था कि परमेश्वर यह जानता था, और मैं इसे अस्वीकार नहीं कर सकता था, न ही मैंने ऐसा करने का साहस किया।“
मेरे प्रिय भाइयो और बहनो, गवाही के छोटे से बीज को अपने अन्दर तब तक काम करने दो जब तक कि वह एक अनन्त महिमामय निश्चित ज्ञानके रूप में विकसित न हो जाए।
यदि आप अंतिम-दिनों के संतों के यीशु मसीह के गिरजे के बपतिस्मा प्राप्त और पुष्टिकृत सदस्य हैं, लेकिन फिर भी “मुझे यकीन नहीं है कि मैं जानता हूं या नहीं” से संघर्ष करते हैं, तो कृपया प्रभु भोज प्रार्थना में इस वादे को याद रखें: “ताकि उसकी आत्मा हमेशा उनके साथ रहे।” इस प्रतिज्ञा के कारण, हम में से प्रत्येक व्यक्ति गवाही और निश्चित ज्ञान. के मार्ग पर चल सकता है।
अपनी गवाही की जिम्मेदारी लेना
अब यहां एक महान सत्य है: गवाही किसी भी तरह से दी जाए —चाहे वह सूर्योदय की तरह आसुत हो या एक शानदार दर्शन के रूप में हो —फिर भी इस बहुमूल्य उपहार को प्राप्त करने के लिए एक विकल्प की आवश्यकता होती है।
“मैं विश्वास करना चुनता हूं” कहने से परमेश्वर की गवाही प्राप्त करना आसान हो जाता है। यदि हम पाते हैं कि हमारी गवाही कमजोर पड़ रही है, तो याद रखें कि हमारे द्वारा लिए गए चुनाव ही गवाही की शक्ति को कम करते हैं। लेकिन गवाही कहीं नहीं जाती। हमें बस इसके साथ पुनः जुड़ने का विकल्प चुनना होगा।
विश्वास करना चुनना अपनी क्षमता का उपयोग करने का एक बुद्धिमानीपूर्ण और शक्तिशाली तरीका है।
मैं अपनी गवाही के बचाव में अपनी नैतिक स्वतंत्रता का उपयोग करने से बेहतर कोई तरीका नहीं देख सकता।
अध्यक्ष नेल्सन ने सिखाया: “मैं आपसे याचना करता हूं कि आप अपनी गवाही का कार्यभार उठाएं। इसके लिए काम करें। इसे पाने की जिम्मदारी लें। इसका ख्याल रखें। इसे पोषित करें ताकि यह आगे बढ़े। इसका सत्य से पोषण करों।”
मेरे लिए, कार्यभार संभालना, काम करना, देखभाल करना, स्वामित्व करना, पालन करना, और पोषण करना जैसे शब्द ऐसे लगते हैं जैसे किसी एजेंट को किसी कीमती और महत्वपूर्ण चीज का प्रबंधन सौंपा गया हो।
प्रारंभिक गिरजा में, पार्ले पी. प्रैट ने भविष्य वक्ता जोसफ स्मिथ से असंतुष्ट महसूस किया और उनकी और गिरजा की आलोचना करने का फैसला किया। “जब जॉन टेलर, जिसे पार्ले ने सुसमाचार सिखाया था, शहर में आया, तो पार्ले उसे एक तरफ ले गया और चेतावनी दी कि वह जोसफ का अनुसरण न करे। जॉन टेलर ने पार्ले से कहा:
“कनाडा छोड़ने से पहले आपने जोसफ स्मिथ को परमेश्वर का भविष्यवक्ता होने की मजबूत गवाही दी थी, … और आपने कहा था कि आप इन बातों का प्रकटीकरण और पवित्र आत्मा के उपहार के द्वारा जानते थे।
अब मेरे पास वही गवाही है जिस पर आप तब आनन्दित हुए थे। अगर छह महीने पहले यह काम सच था, तो यह आज भी सच है। यदि जोसफ स्मिथ उस समय एक भविष्यवक्ता थे, तो वह अब भी एक भविष्यवक्ता हैं।”
मैं यह गवाही देता हूं कि जोसफ स्मिथ परमेश्वर के भविष्य वक्ता थे और उन्हें जो भविष्यवाणी का दायित्व मिला था, वह आज भी जारी है। यीशु मसीह इस कार्य का निर्देशन करते हैं।
मैं आपको यीशु मसीह और उसके सुसमाचार की निश्चित गवाही के लिए अपने मार्ग के बारे में सोचने के लिए आमंत्रित करता हूं। अपनी गवाही का प्रभार संभालें; अपनी नैतिक स्वतंत्रा का बुद्धिमानी से उपयोग करें और देने वाले तथा उसके सभी महिमामय गुणों को स्वीकार करें। मैं गवाही देता हूं कि शक्ति आपके भीतर है। कोई भी आपके लिए चुनाव नहीं कर सकता। इस उपहार को कोई नहीं छीन सकता। आप विश्वास करना चुन सकते हैं।
मैं प्रतिज्ञा करता हूं कि जब आप ऐसा करेंगे, तो आपकी गवाही “जीवन जल का एक सोताबन जाएगा, जो अनन्त जीवन के लिए उमड़ता रहेगा।” यह एक सहारा और प्रेरकहोगा, तथा कठिन समय में भी आपको सहारा देगा। यह आपको आत्मिक उपहार विकसित करने में सक्षम बनाएगा। यह आपकी व्यक्तिगत सेवकाई और सेवा में आपकी मदद करेगा। यह शैतान और आपके विरोधियों के विरुद्ध एक हथियार होगा। आपकी गवाही आपके लिए खुशी की बात होगी जब आप इसे अपने बच्चों, नाती-पोतों, परनाती-परपोतों और उन लोगों में भी देखेंगे जिन्हें आप प्यार करते हैं और जिनकी सेवा करते हैं। यह तब शक्तिशाली होगा जब आप इसे साझा करेंगे और इसका उपयोग गवाही देने के लिए करेंगे।
अगर आप जानते हैं, तो आप जानते हैं। मुझे मालूम है कि मैं जानता हूं। हमें यीशु मसीह और उसके सुसमाचार के और अधिक पक्के गवाहों की आवश्यकता है। वहां जाओ! इसे खोजो! यह अत्यावश्यक है! यह अन्तिम व्यवस्था है —-समय की परिपूर्णता की व्यवस्था।
यीशु मसीह ने यह सत्य घोषित किया: “आकाश और पृथ्वी टल जाएंगे, परन्तु मेरी बातें कभी न टलेंगी।”
भाइयो और बहनो, यीशु मसीह की गवाही कभी भी एक अस्थायी उपहार नहीं थी। इसमें कुछ भी अस्थायी नहीं है — न तो देने वाला, न ही स्वयं उपहार , न ही उपहार देने वाला, न ही वह व्यक्ति जिसके लिए उपहार दिया गया है। आपकी गवाही भी इसी प्रकार वर्णित की जाए। यद्यपि “आकाश और पृथ्वी टल जायेंगे”, फिर भी यीशु मसीह के सुसमाचार के प्रति आपकी गवाही और साक्ष्य टलेंगे नहीं । अब इस बहुमूल्य उपहार को थामने का समय है। यीशु मसीह के नाम में, आमीन।