एक की सेवा करने की शक्ति
जब हम एक व्यक्ति की सेवा करते हैं, तब हम उसे यीशु मसीह के पास आने और प्रभु के घर में आराधना करने के लिए आमंत्रित करते हैं।
बहनों और भाइयों, इन चुनौतीपूर्ण समय में यीशु मसीह के पास आने के लिए आप के विश्वास का धन्यवाद। आप अद्भुत हैं; सुन्दर हैं; आप सभी परमेश्वर की संतान हैं। यह मेरी प्रार्थना है कि हम पवित्र आत्मा के प्रभाव को पहचानेंगे और एक दूसरे को यीशु मसीह के समर्पित शिष्य बनने में मदद करेंगे और प्रभु के घर में आराधना करते समय उसके आनंद को महसूस करेंगे।
अध्यक्ष रसल एम. नेल्सन ने घोषणा की थी: “अब आपके और मेरे लिए हमारे प्रभु और उद्धारकर्ता, यीशु मसीह के द्वितीय आगमन की तैयारी करने का समय है। अब समय आ गया है कि हम अपनी शिष्यता को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाएं। कई प्रकार के भटकावों से भरी दुनिया में, हम यह कैसे कर सकते हैं?”
उनका उत्तर था: “मंदिर में नियमित आराधना करने से हमें मदद मिलेगी। प्रभु के घर में, हम यीशु मसीह पर ध्यान केंद्रित करते हैं। … हम उसे समझते हैं। … यीशु मसीह को गंभीरता से खोज करने वाला उसे मंदिर में प्राप्त करेगा।”
तो फिर कैसे हम यीशु मसीह के समर्पित शिष्य बनते और एक दूसरे को बनने में मदद करते हैं? हम एक की व्यक्ति की सेवा करते हैं। उद्धारकर्ता के तरीके से सेवा करने में दया, करुणा, धैर्य और बिना किसी निर्णय के प्रेम शामिल है। जब हम एक व्यक्ति की सेवा करते हैं, तो हम उसे यीशु मसीह के पास आने और प्रभु के घर में उसकी मुक्तिदायी शक्ति प्राप्त करने के लिए उसकी आराधना करने के लिए आमंत्रित करते हैं। दूसरे शब्दों में, हम एक दूसरे को समर्पित शिष्य बनने में मदद करते हैं, क्योंकि हम प्रभु के घर की ओर ले जाने वाले तरीकों में एक व्यक्ति की सेवा करते हैं।
हम यीशु मसीह से प्रेम और बिना किसी निर्णय के दूसरों की सेवा करने की शक्ति सीखते हैं। आपको कुएं पर खड़ी सामरी स्त्री याद होगी। यह स्त्री शायद खुद को महत्वहीन, अकेली, हतोत्साहित और अनदेखा महसूस कर रही होगी। उसे शायद ऐसा महसूस हुआ होगा कि वह वहां की नहीं है। अपने पूरे जीवन में उसके पांच पति रहे, और जिस व्यक्ति के साथ वह रह रही थी वह उसका पति नहीं था। हो सकता है कि दूसरों ने उसके जीवन की परिस्थितियों को जाने बिना ही उस पर अनुचित न्यायदंड थोप दिया हो। शायद यही कारण है कि वह दिन के सबसे गर्म समय में अकेले ही कुएं पर आई थी। और फिर भी, वह उन पहली स्त्रियों में से एक थीं जिनके सामने यीशु मसीह ने घोषणा की थी कि वह मसीहा हैं। उसके लिए यह स्त्री परमेश्वर की पुत्री थी।
यीशु मसीह ने उस स्त्री को सिखाया कि उसके द्वारा जीवित जल लेने से अनंत जीवन प्राप्त किया जा सकता है। उसने घोषणा की, “जो कोई उस जल में से पीएगा जो मैं दूंगा … वह फिर कभी प्यासा न होगा; बल्कि जो जल मैं दूंगा … वह उसमें एक सोता बन जाएगा जो अनंत जीवन के लिए उमड़ता रहेगा।”
सामरिया की स्त्री ने उद्धारकर्ता के प्रेम को महसूस किया और आत्मा के द्वारा गवाही प्राप्त की कि वह मसीहा है। इस गवाही के बाद, वह शहर लौट आई और दूसरों को भी आकर देखने के लिए आमंत्रित किया, और कई लोगों ने विश्वास किया कि यीशु “वास्तव में मसीह, संसार का उद्धारकर्ता था।” मसीह ने प्रेम से लोगों की सेवा की; परिणामस्वरूप, कई लोग उसके समर्पित शिष्य बन गये।
हम मसीह के प्रेरित पतरस और यूहन्ना से करुणा से सेवा करने की शक्ति के बारे में सीखते हैं। आपको याद होगा कि एक व्यक्ति जन्म से ही लंगड़ा था और प्रतिदिन मंदिर के द्वार पर खड़ा होकर पैसे मांगता था। इस व्यक्ति ने शायद स्वयं को महत्वहीन, अकेला, हतोत्साहित और अनदेखा महसूस किया होगा। उसने शायद महसूस किया होगा कि वह वहां का नहीं था।
“तब पतरस ने कहा, चान्दी और सोना तो मेरे पास है नहीं; परन्तु जो मेरे पास है, वह तुझे देता हूं: यीशु मसीह नासरी के नाम से चल फिर।”
पतरस ने उस व्यक्ति का दाहिना हाथ पकड़ कर उसे ऊपर उठाया, और वह व्यक्ति चंगा हो गया।. चमत्कार के तुरंत बाद, वह व्यक्ति पतरस और यूहन्ना के साथ मंदिर में गया, “चलता, कूदता और परमेश्वर की स्तुति करता हुआ।” पतरस और यूहन्ना ने उस व्यक्ति की सेवा ऐसे तरीकों से की जो उसे प्रभु के घर की ओर ले गए, और वह व्यक्ति मसीह का समर्पित शिष्य बन गया।
मेरे मित्रों, मेरे जीवन में भी ऐसे क्षण आए हैं जब मैंने स्वयं को महत्वहीन, अकेला, हतोत्साहित और अनदेखा महसूस किया है। मुझे ऐसा महसूस हुआ जैसे मैं वहां का नहीं हूं। जब मैं 19 वर्ष का था, तब मेरा बपतिस्मा हुआ और मुझे अंतिम दिनों के संतो के यीशु मसीह के गिरजे का सदस्य घोषित किया गया। एक वर्ष बाद, मैंने पूर्णकालिक प्रचारक के रूप में सेवा करने का आह्वान स्वीकार कर लिया, लेकिन गिरजे के इतिहास के बारे में अभी भी बहुत कुछ ऐसा था जो मैंने नहीं सीखा था।
अपनी प्रचारक सेवा के आरंभ में, मुझे पता चला कि एक समय ऐसा था जब अश्वेत अफ्रीकी मूल के लोगों को प्रभु के घर में आराधना करके सभी आशीषों को प्राप्त करने की अनुमति नहीं थी। पहली बार यह जानने पर मेरे मन में क्रोध, भ्रम, संदेह और भय की भावनाएं उत्पन्न हुईं। ये भावनाएं इतनी तीव्र थीं कि पवित्र आत्मा को पहचानने की मेरी क्षमता एक क्षण के लिए खो गई।
सौभाग्यवश, मेरे पास एक अद्भुत प्रचारक साथी, केविन विक था, जिसने प्रेम, धैर्य और करुणा के साथ मेरी सेवा की थी। प्रत्येक रात जब वह मेरे मन में संदेह और अनिश्चितता की भावनाएं देखते, तो वह युवा एल्डर जॉनसन से बस यही कहते, “मैं आपसे प्रेम करता हूं।” लगभग दो सप्ताह के बाद, मैंने केविन के प्रेम को महसूस करना शुरू कर दिया। मुझे यीशु मसीह के नाम पर स्वर्गीय पिता से प्रार्थना करने का साहस मिला। जब मैं प्रार्थना कर रहा था, तो मेरा ध्यान सिद्धांत और अनुबंध के खंड 6, पद 21–23 पर गया, जिसमें लिखा है:
“देखो, मैं परमेश्वर का पुत्र यीशु मसीह हूं।… “मैं वह ज्योति हूं जो अंधकार में चमकती है,” यीशु ने कहा था। …
“… तो अपना ध्यान उस रात पर लगाओ जब तुमने सारे मन से प्रार्थना की थी, कि तुम इन बातों की सच्चाई के संबंध में जान सको।
“क्या मैंने तुम्हारे मन को इस विषय के संबंध में शांत नहीं किया था? परमेश्वर से इससे अधिक गवाही तुम क्या पा सकते हो?”
जब मैंने पढ़ा, तो मुझे याद आ गया। मुझे वह दिन याद आया जब मैंने यह जानने के लिए उपवास रखा और प्रार्थना की थी कि मॉरमन की पुस्तक परमेश्वर का वचन है और जोसफ स्मिथ पुनःस्थापना के भविष्यवक्ता हैं। मुझे प्रभु के घर में बनाए गए अनुबंध याद आ गए जो मुझे व्यक्तिगत और अंतरंग तरीके से यीशु मसीह से जोड़ते हैं। मैंने उद्धारकर्ता के प्रेम, उसकी दया और उसके आश्वासन को महसूस किया कि अंतिम-दिनों के संतों का यीशु मसीह का गिरजा पृथ्वी पर उसका राज्य है और हमें उसके दूसरे आगमन के लिए तैयार होने की आवश्यकता है। क्योंकि मुझे याद था, मैं फिर से पवित्र आत्मा को पहचानने में सक्षम हो गया और अधिक अच्छी तरह से समझ पाया कि यीशु ही मसीह है और मैं उसका शिष्य हूं।
कभी-कभी हमारे मन में अनुत्तरित प्रश्न होंगे और हम महत्वहीन, हतोत्साहित, अकेले और अनदेखे होने की भावनाएं होंगी। फिर भी, मेरे मित्रों, हमें यीशु मसीह में विश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए और उसके शब्दों को याद रखना चाहिए:
“संसार में तुम्हें क्लेश होगा: परंतु तुम ढाढस बांधों, मैंने संसार को जीत लिया है।”
मैं इस वास्तविकता और उद्धारकर्ता की प्रतिज्ञा की गई आशीषों का गवाह हूं।
तो फिर हम यह सुनिश्चित करने के लिए क्या कर सकते हैं कि उद्धारकर्ता के मार्ग पर चलने वाले व्यक्ति की सेवा करना सबसे अधिक प्रभावी हो? मसीह के सिद्धांत का पालन करने से हमें मदद मिलेगी। “मसीह के सिद्धांत का पालन करने से” जैसा अध्यक्ष नेल्सन बताया था, “सबसे शक्तिशाली पुण्य चक्र उत्पन्न हो सकता है, जो हमारे जीवन में आत्मिक संवेग पैदा कर सकता है।
“जब हम यीशु मसीह के उच्च नियमों के अनुसार जीने का प्रयास करते हैं … तो उद्धारकर्ता हमें अधिक दान, विनम्रता, उदारता, दया, आत्म-अनुशासन, शांति और विश्राम की आशीषें देकर इस पतित संसार के खिंचाव से ऊपर उठा लेता है।”
”[यह आत्मिक] गति, जो मसीह के सिद्धांत को जीने से उत्पन्न होती है,” एल्डर डेल जी. रेनलैंड बताते हैं, “न केवल हमारे दिव्य स्वभाव को हमारे अनंत नियति में बदलने की शक्ति देती है, बल्कि हमें उचित तरीकों से दूसरों की मदद करने के लिए भी प्रेरित करती है।” एल्डर रेनलैंड हमें याद दिलाते हैं कि “उद्धारकर्ता का काम हमें चंगा करना [हमें संपूर्ण बनाना] है।” हमारा काम प्रेम करना है—इस तरह से प्रेम और सेवा करना कि दूसरे यीशु मसीह के निकट चले आएं।”
मसीह के सिद्धांत का पालन करने की हमारी क्षमता मॉरमन की पुस्तक के दैनिक अध्ययन और साप्ताहिक प्रभुभोज में भाग लेने से बढ़ेगी। अध्यक्ष नेल्सन ने घोषणा की थी कि मॉरमन की पुस्तक “मसीह के सिद्धांत को सिखाती है … और यीशु मसीह के प्रायश्चित की पूरी [और] सबसे अधिक आधिकारिक जानकारी प्रदान करती है।” मुझे इस पुस्तक से प्रेम है। और प्रत्येक सप्ताह प्रार्थनापूर्वक प्रभु-भोज में भाग लेने से यीशु मसीह के प्रायश्चित के बारे में हमारी समझ बढ़ेगी और हमारे जीवन में आत्मिक नवीनीकरण, सांत्वना और ईश्वरीयता की शक्ति आएगी। याद रखें, “[पौरोहित्य की] विधियों में, अराधना की सामर्थ्य प्रकट होती है,” और यह सामर्थ्य, जो यीशु मसीह से आती है, एक व्यक्ति की सेवा करने की हमारी इच्छा और हमारी क्षमता को मजबूत करती है।
मॉरमन की पुस्तक का अध्ययन और प्रभु-भोज में भाग लेने से निराशा की भावना कम होती है, उद्धारकर्ता के मार्ग में सेवा करने के मेरे दृढ़ संकल्प को बल मिलता है, और शिष्यत्व को मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने में मदद मिलती है।
मेरे मित्रों, मैं प्रतिज्ञा करता हूं कि जब हम मसीह के सिद्धांत का पालन करते और प्रभु के घर की ओर ले जाने वाले तरीकों में उस एक की सेवा करते हैं, तो हम अनुत्तरित प्रश्नों और महत्वहीन, अकेले, हतोत्साहित और अनदेखे होने की भावनाओं के बीच भी यीशु मसीह में विश्वास के साथ आगे बढ़ेंगे। हम एक व्यक्ति को यीशु मसीह के पास आने और प्रभु के घर में उसकी मुक्तिदायी शक्ति और प्रेम प्राप्त करने के लिए उसकी आराधना करने के लिए आमंत्रित करेंगे। प्रभु के घर में, हम “[उद्धारकर्ता की] दया” महसूस करेंगे। [हम] अपने सबसे कठिन प्रश्नों के उत्तर ढूंढ लेंगे। [और हम] उसके सुसमाचार के आनंद को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।” यीशु मसीह के नाम में, आमीन।