परिवार घोषणा—परमेश्वर से मिला संदेश
इस घोषणा की उत्पति दिव्य है, इसलिए हमें इसे परमेश्वर से मिले संदेश के अनुरूप सम्मान देना चाहिए।
अक्टूबर 2025 का यह महा सम्मेलन “परिवार: दुनिया के लिए एक घोषणा” की 30वीं वर्षगांठ को चिन्हित करता है। दिव्य योजना के द्वारा, यह घोषणा, इसके प्रकटीकरण शब्दों से, “परिवार को समाज की मौलिक इकाई के रूप में समर्थन व बल देने के लिए” बनाई गई थी।
हर कोई किसी न किसी परिवार से जुड़ा होता है, चाहे आप माता हों, पिता हों, बेटी हों, बेटा हो, पोता-पोती हों, दादा-दादी हों, चाची हों, चाचा हों, भाई-बहन हों या चचेरे भाई-बहन हों। सबसे महत्वपूर्ण यह है कि, जैसा इस घोषणा में कहा गया है, हम में से प्रत्येक, “स्वर्गीय माता-पिता का आत्मिक प्रिय बेटा और बेटी है, … परमेश्वर तुल्य बनने का गुण तथा सम्भावित योग्यता है।”
जब मुझे 2015 में पवित्र प्रेरित सेवा के लिए नियुक्त किया गया था, तो मुझे कहा गया था, “यह घोषणा अब आपकी है। आपका नाम [शीर्षक में ‘बारह प्रेरितों की परिषद’ शब्दों की ओर इशारा करते हुए] यहां है। इसे महसूस करें और ऐसे सिखाएं मानो आपने स्वयं कहा है।”
मुझे परिवार की घोषणा पसंद है। मैंने अफ्रीका से लेकर ऑस्ट्रेलिया और इनके बीच के सभी स्थानों पर परमेश्वर की अनंत योजना में परिवार की भूमिका की गवाही दी है। इस घोषणा की उत्पति दिव्य है, इसलिए हमें इसे परमेश्वर से मिले संदेश के अनुरूप सम्मान देना चाहिए।
याद रखें, भाइयों और बहनों, जैसा मैंने पिछले महा सम्मेलन में इसी मंच से कहा था, “शब्द मायने रखते हैं।”
मैं आपको इस घोषणा के बारे में कुछ पृष्ठभूमि देना चाहता हूं, जो कि हमारे विश्वास का मूल संदेश है।
1994 में, घोषणा प्रस्तुत किए जाने से एक वर्ष पूर्व, बारह प्रेरितों की परिषद ने चर्चा की थी कि किस प्रकार समाज और सरकारें परिवार, विवाह और लिंग के लिए परमेश्वर की व्यवस्था से दूर जा रही हैं। “लेकिन जो हमने देखा उसका अंत नहीं था,” अध्यक्ष रसल एम. नेलसन ने बाद में समझाया था। “हम यौन गतिविधि के विषय में सभी मानकों और सीमाओं के साथ करने के लिए विभिन्न समुदायों के कार्यों को देख सकते हैं। हमने लिंगों की अव्यवस्था देखी। हम यह सब होते हुए देख रहे थे।”
बारहों ने एक दस्तावेज, एक आधिकारिक घोषणा तैयार करने का निश्चय किया, जिसमें परिवार पर गिरजे की स्थिति को संक्षिप्त किया गया था। उस वर्ष के दौरान, इन प्रेरितों, जिन्हें परमेश्वर ने नियुक्त किया था, ने परिवार के बारे में एक घोषणा तैयार की थी। अध्यक्ष डालिन एच. ओक्स ने याद किया कि उन्होंने प्रार्थनापूर्वक प्रभु से पूछा था कि “[उन्हें] क्या और कैसे कहना चाहिए।” उन्होंने इसे प्रथम अध्यक्षता—अध्यक्ष हॉवर्ड डब्ल्यू. हंटर, गॉर्डन बी. हिन्क्ले और थॉमस एस. मॉनसन—के विचारार्थ प्रस्तुत किया था।
कुछ ही महीनों बाद, मार्च 1995 में, अध्यक्ष हंटर का निधन हो गया और अध्यक्ष हिंकली गिरजे के 15वें अध्यक्ष बने थे। घोषणा अब उनके हाथ में थी। गिरजे के लिए इस घोषणा को करने का सही समय कब आएगा? वह समय छः महीने बाद आया।
23 सितंबर को महा सम्मेलन से पहले होने वाली सहायता संस्था की महा सभा से कुछ दिन पहले, अध्यक्ष हिंकली और उनके सलाहकारों ने सहायता संस्था की महा अध्यक्षता के साथ विचार-विमर्श किया था। प्रेरितों की तरह बहनें भी महिलाओं और परिवारों के बारे में चिंता कर रही थीं। उन्होंने आगे होने वाली सभाओं को परिवारों पर केंद्रित रखा था।
अध्यक्ष हिंकली को सभा में महिलाओं को संबोधित करना था। वह अपनी वार्ता की दिशा पर विचार कर रहे थे। जब वार्ता आगे बढ़ी, उन्होंने नव निर्मित लेकिन अभी तक सार्वजनिक नहीं हुई “परिवार: दुनिया के लिए एक घोषणा” का नाम लिया था। क्या यह महिलाओं की सभा परिवार के बारे में निर्णायक घोषणा करने के लिए सही स्थान था?
महा सहायता संस्था की अध्यक्षी एलेन जैक ने बाद में बताया था: “उस समय हमें नहीं पता था कि परिवार पर घोषणा क्या थी। … [हम] शीर्षक पढ़कर कह सकते थे, लेकिन हमें लगा कि परिवार पर कुछ … कोई सकारात्मक बात होगी। … मुझे बहुत सकारात्मक महसूस हुआ कि हमारे पास बारह की परिषद के ऐसे सदस्य थे जिन्हें प्रकटीकरण प्राप्त हो रहे थे।”
उस शनिवार को सहायता संस्था की सभा ऐतिहासिक थी। अध्यक्ष हिंकली ने परिवार घोषणा को इन महत्वपूर्ण शब्दों के साथ प्रस्तुत किया: “इतने सारे गलत तर्कों को सच्चाई के रूप में प्रस्तुत किया जाता है, मानकों और मूल्यों के विषय में इतने धोखे के चलते, दुनिया के धीमे जहर को लेने के लिए इतने सारे प्रलोभन और लालच के बीच, हमने चेतावनी और पूर्व-सूचना देने की आवश्यकता महसूस की है … परिवार से संबंधित मानकों, सिद्धांतों और प्रथाओं के बारे में जिन्हें इस गिरजे के भविष्यवक्ताओं, दूरदर्शियों और प्रकटकर्ताओं ने इसके संपूर्ण इतिहास में बार-बार दोहराया है।”
इसके बाद उन्होंने इस घोषणा को पूरा पढ़ा था। जैसा उद्धारकर्ता ने स्पष्ट रूप से कहा है, “मेरी स्वयं की वाणी के द्वारा या मेरे सेवकों की वाणी के द्वारा, यह एक ही समान है।”
घोषणा में कहा गया है, “परिवार परमेश्वर द्वारा नियुक्त है।” मुझे उस कथन की स्पष्टता बहुत पसंद आई। यह घोषणा हमें नश्वरता में जीवन जीने के लिए तथा अपने भीतर विद्यमान दिव्यता और हमारे सामने उपस्थित अनंत भविष्य के प्रति सदैव सचेत रहने का आह्वान करती है। अध्यक्ष नेल्सन ने सिखाया: “आप सचमुच परमेश्वर की आत्मिक संतान हैं। … इसको समझने में कोई गलती न करें: आपकी क्षमता दिव्य है। आपकी परिश्रमी खोज से, परमेश्वर आपको दिखाएगा कि आप क्या बन सकते हैं।”
जब यह घोषणा जारी की गई तो यह विश्व में अनेक लोगों के विचारों से मेल नहीं खाती थी। तब नहीं थी। अब भी नहीं है। कुछ लोग ऐसे भी हैं जो परिवार, विवाह और लिंग संबंधी घोषणा पर आपत्ति जताते हैं। कुछ लोगों का सुझाव है कि गिरजे को इस घोषणा को वापस ले लेना चाहिए, इसमें संशोधन करना चाहिए, या इसे रद्द कर देना चाहिए।
जैसा अध्यक्ष हिंकली ने कहा था, परिवार पर यह घोषणा सिद्धांत है, भाइयों और बहनों। ये नियम प्रभु के तरीकों और उसके अनुबंध के मार्ग से बिल्कुल मेल खाते हैं। इस घोषणा की शिक्षाएं हमारे प्रभु यीशु मसीह ने अपने प्रेरितों को तब और अब भी बताई हैं। यह उसका गिरजा है; उसने उन सच्चाइयों को स्थापित किया है जिनके अनुसार हम जीते हैं।
आप में से कुछ लोग इस घोषणा पर विचार करते हुए कहेंगे, “यह मेरे लिए काम नहीं करती है।” “यह असंवेदनशील लगती है।” “मेरा परिवार ऐसा नहीं है।” “मैं इसके अनुसार नहीं हूं।”
जो लोग इसे लेकर चिंतित हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि आप स्वर्गीय माता-पिता की संतान हैं, और स्वर्गीय पिता के परिवार का हिस्सा हैं। उससे बेहतर आपको कोई नहीं जानता या आपकी इतनी अधिक परवाह नहीं करता। उसकी ओर मुड़ें; अपना हृदय उसके सामने उंडेल दें, उस पर और उसकी प्रतिज्ञाओं पर भरोसा रखें। आप उद्धारकर्ता, यीशु मसीह, का परिवार हैं जो आपसे प्रेम करता है। वह हमारे पापों का प्रायश्चित करने तथा हमारी गलतियों और कठिन समयों का बोझ उठाने के लिए पृथ्वी पर आया था। वह समझता है कि आप क्या सामना कर रहे हैं और क्या महसूस कर रहे हैं। उसकी ओर मुड़ें; भरोसा रखें कि वह आपके साथ रहने के लिए पवित्र आत्मा को भेजेगा, आपको ऊपर उठाएगा, और आपका मार्गदर्शन करेगा। उनके उस प्रेम को महसूस करें “जो अपने आप मानव संतान के हृदयों में प्रवेश करता है; … वह सभी अन्य वस्तुओं से अधिक वांछनीय है … आत्मा को सबसे अधिक आनंदित करने वाला है।”
प्रभु के सभी प्रेरित आपसे बहुत प्रेम करते हैं। हम आपके लिए प्रार्थना करते हैं और आपके लिए प्रभु का मार्गदर्शन चाहते हैं। हमारे साथ बने रहो। आप ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में रह रहे हैं जब शैतान आपको अपना बनाना चाहता है। उसके पीछे मत जाओ। और यदि आप चले गए हैं, तो वापस आ जाओ। हमारी बाहें आपके लिए फैली हुई हैं, और उन लोगों की भी जो आपसे प्रेम करते हैं।
घोषणा में कहा गया है, “माता-पिता का अपने बच्चों को प्यार और धार्मिकता में पालन-पोषण करने का एक पवित्र कर्तव्य है । मॉरमन की पुस्तक इस सच्चाई का दूसरी गवाही देती है। प्रथम अध्याय की पहली पंक्ति में हम पढ़ते हैं, “मैं, नफी एक अच्छे घराने में पैदा हुआ।” हममें से कितनों ने मॉरमन की पुस्तक पढ़ना शुरू किया है—और बार-बार शुरू किया है—और इस प्रक्रिया में उन शब्दों को याद कर लिया है? इन्हें हृदय में बैठा लो।
घोषणा में मेरे पसंदीदा कथनों में एक यह है: “पारिवारिक जीवन में सुख तब प्राप्त होने की सबसे अधिक संभावना है जब … प्रभु यीशु मसीह की शिक्षाओं पर स्थापित किया जाता है।”
कौन सुखी होना नहीं चाहता?
और यीशु मसीह की शिक्षाएं क्या हैं? आगे, घोषणा में कहा गया है: “परिवार विश्वास के नियम, प्रार्थना, पश्चाताप, क्षमा, सम्मान, प्यार, दया, कार्य, सुखकर मनोरंजक गतिविधियों पर स्थापित किए और संभाले जाते हैं।”
इन प्रमुख नियमों को लागू करने से किसका जीवन बेहतर नहीं होगा? हममें से कोई भी परिपूर्ण नहीं हो सकता है; लेकिन हम अध्यक्ष हिंकली के समझदारी भरे शब्दों का पालन कर सकते हैं: “आप जो कर सकते हैं, वह सर्वोत्तम करें।”
हम घोषणा में पढ़ते हैं, “पिता … प्यार और नेकता से अध्यक्षता करता है,” और “माताएं मुख्यत: अपने बच्चों का पालन-पोषण करने के लिए जिम्मेदार होती हैं।” अध्यक्षता का अर्थ शासन करना नहीं है और पालन-पोषण करने का अर्थ कम महत्व का काम नहीं है। परमेश्वर ने पुरुषों और महिलाओं को अलग-अलग लेकिन समान और आवश्यक भूमिकाएं दी हैं जो एक-दूसरे की पूरक हैं।
मैं एक व्यक्तिगत कहानी साझा करना चाहता हूं।
एक दिन जब मैंने अपनी पत्नी से सलाह किए बिना ही एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया, तो मैंने और मेरी पत्नी ने समान भागीदार बनकर बेहतर काम करना सीखा। मेरे कार्य से उन्हें आश्चर्य हुआ, उन्हें अचंभित कर दिया, तथा बहुत कठिन परिस्थिति में डाल दिया। इसके बाद, उन्होंने अपना हाथ मेरे कंधे पर रखा और दृढ़ता से कहा, “रॉन, कृपया, मेरे साथ ऐसा दोबारा कभी मत करना।” तब से हम लगभग हर बात में सहमत रहते हैं।
हम परिवार घोषणा में पाते हैं: “पिता और माता बराबर के साथ एक दूसरे को मदद करने के लिए वचनबद्ध होते हैं।”
बराबर एक ऐसा शब्द है जो महत्वपूर्ण है। वर्षों से, जब बहन रसबैंड और मैंने मिलकर उस कार्य को किया है जिसे घोषणा में “हमारा पवित्र कर्तव्य” कहा गया है, तो हमने एक समान रूप से जिम्मेदारी उठाकर विवाह को स्थापित किया है। जबकि हमारे प्रत्येक बच्चों का विवाह हो चुका है, इसलिए बहन रसबैंड और मैंने उन्हें और उनके जीवनसाथियों को बराबर के भागीदार बनने के बारे में सलाह दी है।
जब हम अपनी आंखें परमेश्वर की महिमा पर केन्द्रित रखते हैं, तो हम एक दूसरे का आदर करते हैं और एक दूसरे का समर्थन करते हैं। धार्मिकता के ये दिव्य प्रतिमान हमारे व्यक्तिगत जीवन, हमारे परिवारों, और समाज में स्थिरता लाते हैं।
हमारे स्वर्गीय पिता ने परिवार के लिए यह घोषणा दी है ताकि वह हमें उसके निकट आने में मदद करे, हमें सीखने में मदद करे और प्रेम, शक्ति, उद्देश्य और अनंत समझ से भर दे। मैं अपनी पूरी आत्मा से, आपसे प्रार्थना करता हूं कि आप उसके और उसके प्रिय पुत्र के निकट रहें। मैं प्रतिज्ञा करता हूं कि जब आप ऐसा करते हैं, तो आत्मा आपको प्रेरणा देगी और मार्गदर्शन करेगी और आपको अपने हृदय में उनकी प्रतिज्ञा की हुई शांति को महसूस करने में मदद करेगी जो “सभी समझ से परे है।” यीशु मसीह के नाम में, आमीन।