अपना हृदय कठोर मत करो
यदि हम ईमानदारी से पश्चाताप करें, स्वयं को विनम्र बनाएं, तथा प्रभु पर भरोसा करें और निर्भर रहें, तो हमारे हृदय नम्र हो जाएंगे।
यीशु मसीह के सुसमाचार की पुनर्स्थापना तब शुरू हुई जब पिता परमेश्वर और उसके प्रिय पुत्र युवा जोसफ स्मिथ के सामने प्रकट हुए और उसकी विनम्र प्रार्थना का उत्तर दिया था। पुनर्स्थापना के भाग के रूप में, जोसफ स्मिथ ने परमेश्वर के उपहार और शक्ति से प्राचीन अभिलेख का अनुवाद किया था। इस अभिलेख में “अमेरिका के प्राचीन निवासियों के साथ परमेश्वर के व्यवहार और अनंत सुसमाचार की परिपूर्णता” सम्मिलित है।”
जब मैं छोटा लड़का था और मैं मॉरमन की पुस्तक पढ़ता, तो मुझे अक्सर आश्चर्य होता था कि लमान और लेमुएल उन सच्चाइयों पर विश्वास क्यों नहीं करते थे जो उन्हें दी गई थी, जबकि प्रभु का स्वर्गदूत प्रकट हुआ था और सीधे उनसे बात की थी। लमान और लेमुएल अपने पिता लेही और अपने छोटे भाई नफी की शिक्षाओं के प्रति अधिक विनम्र और आज्ञाकारी क्यों नहीं हो सके?
मुझे इस प्रश्न का एक उत्तर 1 नफी में मिला, जिसमें कहा गया है कि नफी “उनके हृदय की कठोरता के कारण दुखी था।” नफी ने अपने बड़े भाइयों से पूछा, “तुम्हारे हृदय इतने कठोर और मन इतने अंधे कैसे हैं?”
हृदय की कठोरता का क्या अर्थ होता है?
मॉरमन की पुस्तक में “कठोरता” का कोरियाई अनुवाद 완악 (वान-आक: 頑惡)है। इस वाक्य में चीनी अक्षर “वान” (頑) का प्रयोग किया गया है, जिसका अर्थ है “जिद्दी,” और “आक” (惡) का अर्थ है “दुष्ट।” जब हम अपने हृदय को कठोर बना लेते हैं, तो हम अंधे हो जाते हैं, और अच्छी बातें हमारे हृदय या मन में नहीं आ पाती हैं। हम जिद्दी हो जाते हैं और सांसारिक इच्छाओं पर अधिक ध्यान केंद्रित करने लगते हैं, तथा परमेश्वर की बातों के प्रति अपने हृदय बंद कर लेते हैं। हम केवल अपने विचारों पर ही ध्यान केंद्रित करना चुनते हैं, जबकि दूसरों की राय और मार्गदर्शन को स्वीकार नहीं करते। हम अपने हृदयों को परमेश्वर की बातों के लिए न खोलकर, संसार की बातों और शैतान के प्रभाव के लिए खोलने का चुनाव करते हैं। जब हमारे हृदय कठोर हो जाते हैं, तो हम पवित्र आत्मा के प्रभाव का विरोध करते हैं। हम “प्रभु को कम याद करने लगते” हैं, और समय बीतने पर हम उसके वचनों को “अनुभव नहीं” कर पाते हैं।
अलमा ने अम्मोनिहा के लोगों को सिखाया था कि कुछ लोग “अपने हृदय की कठोरता के कारण परमेश्वर की आत्मा को अस्वीकार करते हैं।” उसने यह भी सिखाया कि “जो अपने हृदय को कठोर करेंगे, उन्हें तब तक वचन का कम अंश भी नहीं दिया जाएगा जब तक कि वे उसके रहस्यों के विषय में कुछ भी नहीं जान लेते।” अंततः, आत्मा वापस चली जाती है, और प्रभु “अपना वचन उनसे वापस ले लेगा” जिन्होंने अपने हृदय कठोर कर लिए हैं, ठीक लमान और लेमुएल के समान। क्योंकि लमान और लेमुएल ने लगातार अपने हृदयों को कठोर किया, पवित्र आत्मा की भावनाओं का विरोध किया, और अपने पिता और नफी के शब्दों और शिक्षाओं को स्वीकार न करने का निर्णय लिया, इसलिए उन्होंने अंततः परमेश्वर के अनंत सच्चाइयों को अस्वीकार कर दिया था।
लमान और लेमुएल के विपरीत, नफी ने लगातार स्वयं को विनम्र बनाया और प्रभु की आत्मा से मार्गदर्शन प्राप्त करने की कोशिश की थी। बदले में, प्रभु ने नफी का हृदय नम्र कर दिया। नफी ने बताया कि उसने “प्रभु को पुकारा, और देखो, उन्होंने मुझे दर्शन दिए और मेरे हृदय को इतना नम्र किया कि मैंने अपने पिता द्वारा कहे गए हर एक शब्दों पर विश्वास किया।” प्रभु ने नफी को परमेश्वर और उसके वचनों के सभी रहस्यों को स्वीकार करने, समझने और उन पर विश्वास करने में मदद की थी। नफी को पवित्र आत्मा का निरंतर साथ प्राप्त हुआ था।
हम अपने हृदय को कठोर न बनाने के लिए क्या कर सकते हैं?
सबसे पहले, हम प्रतिदिन पश्चाताप करने का कार्य कर सकते हैं।
हमारे उद्धारकर्ता ने सिखाया, “जो कोई भी पश्चाताप करता है और मेरे पास एक बच्चे के समान होकर आता है उसे मैं स्वीकार करूंगा।” हमारे प्रिय भविष्यवक्ता, अध्यक्ष रसल एम. नेल्सन ने सिखाया:
पश्चाताप करना प्रगति की कुंजी है। शुद्ध विश्वास हमें अनुबंध के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ाता है।
“कृपया पश्चाताप करने में भयभीत या देरी न करें। शैतान आपके दुख में प्रसन्न होता है। … प्राकृतिक स्वभाव को बदलने के आनंद का अनुभव करने के लिए आज से शुरू करें। उद्धारकर्ता हमें सदा प्रेम करता है लेकिन विशेष रूप से तब जब हम पश्चाताप करते हैं।”
जब हम अपने हृदयों को नम्र करने और प्रभु के पास आने के आनंद का अनुभव करते हैं, तब हम “एक बच्चे की तरह बन जाते हैं, आज्ञाकारी, विनम्र, दीन, सहनशील, प्रेम से परिपूर्ण हो कर उन सारी बातों को जिन्हें प्रभु उनके लाभ के लिए लागू करता है, उसी तरह स्वीकार करता है जैसे एक बच्चा अपने पिता की बातों को स्वीकार करता है।”
दूसरा, हम विनम्रता का कार्य कर सकते हैं।
प्रतिदिन पश्चाताप करने से हमारे हृदय में विनम्रता आएगी। हम प्रभु के सामने विनम्र बनना चाहते हैं, जैसे एक छोटा बच्चा अपने पिता की आज्ञा का पालन करता है। तब पवित्र आत्मा सदैव हमारे साथ रहेगी, और हमारे हृदय नम्र हो जाएंगे।
मेरी पत्नी, सू, और मैं पिछले चार वर्षों से एक शानदार दम्पति को जानते हैं। जब हम पहली बार उनसे मिले, तो पति गिरजे के नये सदस्य थे, और उनकी पत्नी सुसमाचार का अध्ययन करने के लिए प्रचारकों से मिल रही थी। मसीह के पास आने में उनकी मदद करने के लिए कई प्रचारकों ने उनसे मुलाकात की थी। हमने महसूस किया कि उसकी सुसमाचार की गवाही जोश से भरी थी और वह जानती थी कि गिरजा सच्चा है। हमारी मुलाकातों के दौरान वह अक्सर आत्मा को महसूस करती और सभी सभाओं में सक्रिय रूप से भाग लेती थी। उसे वार्ड के सदस्यों के साथ बातचीत करना बहुत पसंद था। हालांकि, बपतिस्मा के जल में प्रवेश करने के लिए स्वयं को प्रतिबद्ध करना उनके लिए कठिन था। एक दिन वह पढ़ रही थी मोरोनी 7:43–44, जिसमें लिखा है:
“और फिर से, देखो मैं तुमसे कहता हूं कि वह जो हृदय से दीन और नम्र नहीं होगा, वह विश्वास और आशा प्राप्त नहीं कर सकता है।
“यदि ऐसा है, तो [आपका] विश्वास और आशा व्यर्थ है, क्योंकि हृदय से दीन और नम्र के अलावा, परमेश्वर के सामने और कोई भी स्वीकार्य नहीं है।”
इन पदों को पढ़ने के बाद, उसे एहसास हुआ कि उसे क्या करना चाहिए। उसने सोचा था कि वह दीन और विनम्र होने का अर्थ समझ गयी थी। हालांकि, उसकी समझ इतनी नहीं हुई थी कि वह परमेश्वर की आज्ञाओं का पालन करने के लिए विश्वास और आशा रख सके। उसे अपनी जिद और अपनी बुद्धिमत्ता को त्यागना पड़ा था। उसने सच्चे पश्चाताप के द्वारा स्वयं को विनम्र करना शुरू कर दिया। वह परमेश्वर की नजर से विनम्रता को समझने लगी थी। उसने स्वर्गीय पिता पर भरोसा किया और अपने हृदय को नम्र करने के लिए प्रार्थना की थी। इन प्रार्थनाओं के द्वारा, उसने महसूस किया कि आत्मा उसे गवाही दे रही है कि स्वर्गीय पिता चाहता है कि उसका बपतिस्मा हो।
पति-पत्नी दोनों ने बताया कि जितना अधिक वे विनम्र हुए थे, उतना ही अधिक वे परमेश्वर के वचनों को समझ पाए थे, और हमारे प्रभु यीशु मसीह की शिक्षाओं का पालन करने के लिए उनके हृदय नम्र होते गए थे।
तीसरा, हम अपने उद्धारकर्ता पर भरोसा और निर्भर रह सकते हैं।
नफी प्रभु पर भरोसा करके अपने हृदय को नम्र बनाने का एक महान उदाहरण था। उसने सिखाया था, “मैंने तुम पर विश्वास किया और सदैव तुम पर विश्वास करता ही रहूंगा। मैं अपना भरोसा मानव बाहुबल शरीर पर नहीं रखूंगा।” इसी तरह, भविष्यवक्ता जोसफ स्मिथ को दिए गए एक प्रकटीकरण में, प्रभु ने कहा था, “उस आत्मा में रखो जो भलाई करने की ओर ले जाती है—हां, न्याय से कार्य करने, विन्रमता से चलने के लिए।” जब हम प्रभु पर भरोसा रखते हैं और उस पर निर्भर रहते हैं, तो वे हमारे हृदयों को नम्र कर देगा, और हमें हमारी परीक्षाओं, परेशानियों और कष्टों में सहारा देगा।
यदि हम ईमानदारी से पश्चाताप करें, स्वयं को विनम्र बनाएं, तथा प्रभु पर भरोसा करें और निर्भर रहें, तो हमारे हृदय नम्र हो जाएंगे। फिर वह अपनी आत्मा उंडेलेगा और हमें स्वर्ग के रहस्य दिखाएगा। हम उन सभी बातों पर विश्वास करेंगे जो उसने सिखाई हैं, और हमारी समझ गहरी होगी।
हमारा उद्धारकर्ता, यीशु मसीह, विनम्रता का सर्वोत्तम उदाहरण था। 2 नफी 31:7, में हम पढ़ते हैं, “लेकिन पवित्र होते हुए भी, उसने मानव संतान को दिखाया कि, मानव रूप में उसने अपने आपको पिता के सामने दीन बना लिया था; और उसने पिता को गवाही दी कि वह आज्ञाओं का पालन करते हुए उसका आज्ञाकारी बना रहेगा।” यद्यपि वह पवित्र और परिपूर्ण था, फिर भी उसने पिता के सामने स्वयं को दीन बनाया और बपतिस्मा लेकर उसकी आज्ञा का पालन किया था।
अपने नश्वर जीवन के अंत में, यीशु मसीह ने कड़वे प्याले को पीकर अपनी इच्छा अपने पिता को समर्पित कर दी थी। इस कष्ट के कारण वह दर्द के कारण थर्राया, और उसके प्रत्येक रोम छिद्र से लहू बह निकला,और शरीर और आत्मा दोनों को कष्ट सहना पड़ा।” उद्धारकर्ता ने चाहा कि उसे “यह कड़वा प्याला न पीना पड़े, और पीछे हट जाए।” “फिर भी,” उसने कहा, “महिमा पिता की हो, और मैंने भाग लिया और मानव संतान के लिए अपनी तैयारियों को पूरा किया।”
भाइयो और बहनो, हमें नैतिक शक्ति दी गई है। हम अपने हृदय को कठोर बनाना चुन सकते हैं, या फिर हम अपने हृदय को नम्र बनाना चुन सकते हैं। अपने दैनिक जीवन में, हम ऐसी कार्य करने का चुनाव कर सकते हैं जो प्रभु की आत्मा को हमारे हृदयों में आने और वास करने के लिए आमंत्रित करते हैं। मैं जानता हूं कि इन विकल्पों में शांति और आनंद है।
आओ हम अपने उद्धारकर्ता यीशु मसीह के उदाहरण का अनुसरण करें, जिसने पिता की इच्छा का पालन किया। जब हम ऐसा करते हैं, तो प्रभु ने हमसे वादा किया है, “क्योंकि देखो, यदि वे अपने हृदय को कठोर न करें, तो मैं उन्हें वैसे ही इकट्ठा करूंगा जैसे मुर्गी अपने चूज़ों को अपने पंखों के नीचे इकट्ठा करती है।” यीशु मसीह के नाम में, आमीन।