जीवन संजोना
जीवन हमारे पिता की परिपूर्ण योजना का सबसे अनमोल हिस्सा है, और उसके आदेश से हम जीवन को संजोते और जीवन को संरक्षित करते हैं।
हमारे उद्धारकर्ता, यीशु मसीह ने हमें सिखाया, “यदि आपस में प्रेम रखोगे तो इसी से सब जानेंगे, कि तुम मेरे चेले हो।”
यूटाह के एक धर्माध्यक्ष ने हाल ही में मुझसे अपने वार्ड में एक युवती और उसके परिवार के प्रति अत्यधिक प्रेम को साझा किया था। सुन्दर घटनाओं के माध्यम से, माता-पिता ने उद्धारकर्ता और उसके गिरजे में लौटने का निश्चय किया था। जिस समय वे गिरजे से दूर थे, उनकी किशोर बेटी किसी युवक के साथ संबंध में थी। वापस लौटने पर, इस अनमोल बेटी ने युवतियों की गवाही सभा के दौरान अपने स्वर्गीय पिता से असीम प्रेम महसूस किया था। उसने आज्ञाओं का पूरी तरह से पालन करने का निश्चय किया था। उसने लिखा था, “मैंने अपने धर्माध्यक्ष के साथ पश्चाताप की प्रक्रिया शुरू की थी।”
इसके तुरंत बाद वह बीमार हो गयी। उसके शब्दों में: “जांच से पता चला कि … मैं गर्भवती थी। मैं … रोने लगी। … मेरे पिता ने मुझे अपनी बाहों में भर लिया और मुझे आश्वासन दिया कि सब कुछ ठीक हो जाएगा। … मेरे बॉयफ्रेंड … ने मुझसे गर्भपात करने को कहा था। … मैंने मना कर दिया था।”
जरूरतमंद लोगों की देखभाल
उसने आगे कहा: “मुझे हमारे वार्ड परिवार से बहुत प्रेम और समर्थन मिला है। मुझे बहुत सहायता मिली है। [मेरे] धर्माध्यक्ष और युवतियों की अध्यक्षा ने अपना प्रेम और समर्थन दिखाने के लिए हर संभव प्रयास किया है। … मैंने प्रभु का हाथ देखा है … जो मुझे और मेरे परिवार को मार्गदर्शन दे रहा है। … मेरा वार्ड एक ऐसा परिवार है जिसकी हर किसी को जरूरत है, विशेषकर मेरी परिस्थिति वाली किसी युवती के लिए।”
उसने और उसके परिवार तथा उसके वार्ड परिवार ने पिछले फरवरी माह में उसके शिशु बेटे का प्यार से स्वागत किया था।
अध्यक्ष नेल्सन ने कहा है, “प्रभु के सच्चे और जीवित गिरजे की एक पहचान हमेशा एक संगठित … परमेश्वर के बच्चों की सेवा करने का प्रयास होगा … [प्रेम-दया के साथ सेवा करना] जैसा कि उसने किया था।”
धर्मी विकल्पों में मदद करना
जब किसी अविवाहित महिला को पता चलता है कि वह एक अप्रत्याशित बच्चे की आशा कर रही है, तो स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं, आत्मिक उथल-पुथल, शर्मिंदगी, वित्तीय चिंताएं, शैक्षणिक प्रश्न, विवाह संबंधी अनिश्चितता और टूटे सपनों का दुख, दर्द और घबराहट के क्षण में, एक विचारशील महिला को ऐसे कदम उठाने के लिए प्रेरित कर सकता है जो उसे गहरी पीड़ा और पछतावा देगा।
जो भी सुन रहे हैं यदि किसी ने गर्भपात कराने या उसमें भाग लेने के कारण गहरी पीड़ा और पश्चाताप का अनुभव किया है, तो कृपया याद रखें: यद्यपि हम अतीत को बदल नहीं सकते, परन्तु परमेश्वर अतीत को चंगा कर सकता है। क्षमा उसकी प्रायश्चित अनुग्रह के चमत्कार के माध्यम से आ सकती है जब आप विनम्र और पश्चातापी हृदय से उसकी ओर मुड़ते।
नश्वर जन्म की पवित्रता से प्रायः दो शब्द जुड़े होते हैं: जीवन और विकल्प । जीवन हमारे पिता की परिपूर्ण योजना का सबसे अनमोल हिस्सा है, और उसके आदेश से हम जीवन को संजोते और जीवन को संरक्षित करते हैं; और हम एक बार गर्भ धारण करने के बाद जीवन को जारी रखने का चुनाव करते हैं। हम नैतिक स्वतंत्रता के उपहार को भी संजोकर रखते हैं—जो परमेश्वर द्वारा स्वीकृत धर्मी निर्णयों को मजबूत करने में मदद करता है, जो अनन्त प्रसन्नता लाता है।
जब कोई महिला और पुरुष ऐसे नाजुक समय में होते हैं, किसी महत्वपूर्ण विकल्प का सामना करते हैं, तो हमारे शब्द, हमारे हाथ, हमारे दिल—आत्मिक, भावनात्मक और आर्थिक रूप से—उन्हें उद्धारकर्ता के प्यार को महसूस करने के लिए आशीषें दे सकते हैं और जैसा कि अध्यक्ष हेनरी बी. आएरिंग ने कहा है, उनकी आत्मिक आंखों में “वे जो सोचते हैं उसे देखते हैं” से “जो वे अभी नहीं देख सकते हैं” में एक स्पष्ट समायोजन ला सकते हैं।
नश्वर जीवन का सिद्धांत
अध्यक्ष डैलिन एच. ओक्स ने कहा: “गर्भपात के प्रति हमारा दृष्टिकोण इस बात के प्रकट हुए ज्ञान पर आधारित नहीं है कि नश्वर जीवन कब शुरू होता है। … हमारे ज्ञान से यह निश्चित है कि … परमेश्वर की सभी आत्मिक संतानों को एक शानदार उद्देश्य के लिए इस पृथ्वी पर आना होगा, और यह व्यक्तिगत पहचान गर्भ धारण से बहुत पहले शुरू हुई थी और आने वाले सभी अनंत काल तक जारी रहेगी।”
अजन्मे बच्चे के विषय में प्रभु का वचन, प्रथम अध्यक्षता और बारह प्रेरितों की परिषद के द्वारा दिया गया था, कभी भी अलग नहीं रहा है और युगों से भविष्यवक्ताओं के शब्दों को दोहराया गया है, उस बात को दिव्य रूप से स्पष्ट करता है जिसे प्रभु ने हम से कहा था।
“अंतिम-दिनों के संतों का यीशु मसीह का गिरजा मानव जीवन की पवित्रता में विश्वास करता है। इसलिए, गिरजा व्यक्तिगत या सामाजिक सुविधा के लिए वैकल्पिक गर्भपात का विरोध करता है, और अपने सदस्यों को सलाह देता है कि वे इस तरह के गर्भपात में न तो शामिल हों, न पेशकश करें, न प्रोत्साहित करें, न भुगतान करें या न व्यवस्था करें।
“[प्रभु] … संभावित अपवादों के लिए अनुमति देता है जब:
-
“गर्भावस्था बलात्कार या अनाचार, के परिणाम स्वरूप हो, या
-
एक सक्षम चिकित्सक निर्धारित करता है कि मां का जीवन या स्वास्थ्य गंभीर खतरे में है, या
-
एक सक्षम चिकित्सक यह निर्धारित करता है कि भ्रूण में गंभीर दोष हैं जो बच्चे को जन्म के बाद जीवित नहीं रहने देंगे।”
प्रथम अध्यक्षता आगे कहती है: “गर्भपात एक बहुत ही गंभीर मामला है। [इन दुर्लभ परिस्थितियों में भी] इस पर तभी विचार किया जाना चाहिए जब जिम्मेदार व्यक्तियों को प्रार्थना के माध्यम से पुष्टि मिल गई हो” और दूसरों से सलाह ले ली गई हो।
तीस साल पहले, प्रभु के भविष्यवक्ताओं ने संसार के सामने एक घोषणा जारी की थी। इसमें ये शब्द शामिल हैं:
“हम … घोषणा करते हैं कि परमेश्वर ने आदेश दिया है कि प्रजनन की पवित्र शक्तियों का उपयोग केवल पुरुष और महिला के बीच ही किया जाना चाहिए, जो कानूनी रूप से पति और पत्नी के रूप में विवाहित हैं।
“हम उन साधनों की घोषणा करते हैं जिनके द्वारा नश्वर जीवन को दिव्यरूप से नियुक्त किया जाता है । हम जीवन की पवित्रता और परमेश्वर की अनन्त योजना में इसके महत्व की पुष्टि करते हैं।”
अजन्मे जीवन का पोषण और संरक्षण करना कोई राजनीतिक विचार नहीं है। यह एक नैतिक व्यवस्था है जिसकी पुष्टि प्रभु ने अपने भविष्यवक्ताओं के माध्यम से की है।
अधिक खुलकर बोलना
अध्यक्ष जे. रूबेन क्लार्क जू, जिन्होंने प्रथम अध्यक्षता में सेवा की थी, उनका कथन आज हमारे युवाओं का खूबसूरती से वर्णन करता है: “गिरजे के युवा आत्मा की बातों के लिए भूखे हैं; वे सुसमाचार सीखने के लिए उत्सुक हैं, और वे इसे शुद्ध रूप में, बिना किसी मिलावट के सीखना चाहते हैं। वे हमारे विश्वासों के बारे … में जानना चाहते हैं; वे सच्चाई की गवाही प्राप्त करना चाहते हैं। वे … जिज्ञासु हैं, सच्चाई की खोज करते हैं।” आओ हम अपने परिवारों में, अपने घरों में अपने युवाओं के साथ, और हमारी सहायता संस्था और एल्डर परिषद सभाओं में प्रभु के यौन शुद्धता की व्यवस्था, जीवन की पवित्रता, और अजन्मे बच्चों और उनकी माताओं की देखभाल के बारे में करुणा और समझ के साथ अक्सर चर्चा करें।
एक प्यारी बहन ने मुझे दशकों पहले हुए अपने अनुभव के बारे में लिखा: “जब मैं [17 साल की] थी, तब मैं गर्भवती हो गई थी और मुझे अपने प्रेमी से कोई मदद नहीं मिली। मुझे शर्मिंदगी और अकेलापन महसूस हुआ, [लेकिन मैंने] कभी [गर्भपात] का विचार नहीं किया। … मेरे पास मेरा प्यारा परिवार और मेरे धर्माध्यक्ष थे, जिनसे मैं मार्गदर्शन के लिए नियमित रूप से मिलती थी। … मैं परमेश्वर की ओर मुड़ी। मैंने पवित्रशास्त्रों का अध्ययन किया … और प्रार्थना की [और] अपने उद्धारकर्ता और पश्चाताप प्रक्रिया के माध्यम से शक्ति पाई। … मुझे [मेरी प्रार्थनाओं का] ऐसा उत्तर मिला जिसे मैं अस्वीकार नहीं कर सकती थी। … यह दिल तोड़ने वाला था, लेकिन मुझे पता था कि मैं अपनी बेटी किसी को गोद देने जा रही हूं। … मैंने साहस के लिए प्रार्थना की [और] पश्चाताप के द्वारा उद्धारकर्ता के प्रेम को इतनी स्पष्टता से महसूस किया, मैं जानती हूं कि परमेश्वर … प्रार्थनाओं का उत्तर देता और हमें मजबूत बनाता है।”
एक प्रेमी दंपति ने उस अनमोल बच्ची को गोद लिया और उसे सुसमाचार सिखाया। अब वह विवाहित है और उसका अपना एक सुंदर परिवार है।
कभी-कभी, जीवन की सुरक्षा के साथ-साथ अत्यंत कठिन और पीड़ादायक अनिश्चितता भी आ सकती है।
हाल ही में एक युवा दंपति जिसे कैथी और मैं पसंद करते हैं, उन्होंने मुझे उस अनमोल बच्चे के बारे में लिखा, जिसकी वे आशा कर रहे थे।
पिता ने लिखा था: “[जब मेरी पत्नी] 10 सप्ताह की गर्भवती थी, तो हमें पता चला कि हमारा चमत्कारी बच्चा ट्राइसोमी 21 आनुवंशिक रोग से ग्रस्त है, जिसे आमतौर पर डाउन सिंड्रोम के रूप में जाना जाता है। हमने चिकित्सा क्षेत्र से गर्भपात पर विचार करने का दबाव महसूस किया था। कुछ सप्ताह बाद हमें पता चला कि … हमारे अजन्मे बच्चे को … उसके जीवन के पहले वर्ष में कई हृदय शल्य चिकित्साओं की आवश्यकता होगी। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान जब हमने दिव्य सहायता के लिए निरंतर प्रार्थना की, … हमने महसूस किया कि आत्मा ने हमें दिलासा दी थी। हमें यह प्रकटीकरण और समझ प्राप्त हुई कि हमारी बेटी स्वर्गीय पिता की एक उत्कृष्ट संतान है और हमारे परिवार में शामिल होने तथा पृथ्वी पर आने की उसकी अत्यधिक इच्छा है।”
बच्चे की मां ने लिखा: “[हम] इस खबर से पूरी तरह स्तब्ध, भ्रमित और सचमुच तबाह हो गए। … जब मैं 14 सप्ताह की गर्भवती थी, तो हमें पता चला कि हमारे बच्चे को कई जन्मजात हृदय दोष हैं, जिनमें से एक संभावित रूप से घातक हो सकता है। हमने 10-18 सप्ताह के गर्भकाल के दौरान अनगिनत डॉक्टरों और विशेषज्ञों से मुलाकात की थी। … हमारी प्रत्येक मुलाकात में हमसे पूछा गया कि क्या हम गर्भावस्था जारी रखना चाहते हैं या गर्भपात कराना चाहते हैं। … उद्धारकर्ता ने मेरे हृदय को चंगा किया और मुझे हमारी बच्ची के बारे में शांति और उत्साह की भावना दी। … [स्वर्गीय पिता] ने मुझे बार-बार दिखाया है कि उसके पास मेरे लिए एक उत्तम योजना है [और] मैं उस पर भरोसा करती हूं।”
आज से ठीक एक सप्ताह पहले उन्होंने अपनी बच्ची का उत्साहपूर्वक स्वागत किया था। वह उनकी है और वे सदैव उसके हैं।
निडर विश्वास और असाधारण साहस यीशु मसीह के शिष्यों की पहचान हैं।
विश्वास का एक उल्लेखनीय उदाहरण
वर्षों से, मुझे ऐसे पुरुषों और महिलाओं से मिलने का सौभाग्य मिला है, जिन्होंने अपनी सदस्यता खोने के कई वर्षों बाद विनम्रतापूर्वक अनुबंध मार्ग पर लौटने, अपने पौरोहित्य और मंदिर आशीषें पाने की इच्छा की है ।
एक अवसर पर, मुझे प्रथम अध्यक्षता की ओर से एक व्यक्ति का साक्षात्कार करना था, ताकि उसकी पौरोहित्य और मंदिर आशीषों को पुन: स्थापित किया जा सके।
पवित्र मंदिर में विवाह के बाद, और तीन अद्भुत बच्चों के जन्म होने के बाद, वह व्यक्ति अपनी पत्नी और अपनी पवित्र अनुबंधों के प्रति बेवफा हो गया था। एक अविवाहित महिला गर्भवती हो गई और गर्भपात कराना चाहती थी।
उस व्यक्ति की संत पत्नी ने उस महिला से बच्चे को गोद लेने की विनती की और प्रतिज्ञा की कि बच्चे के जन्म के बाद वह अपने बच्चों के साथ उसका पालन-पोषण करेगी।
अविवाहित महिला ने सोच-समझकर गर्भावस्था को समाप्त न करने को राजी हुई।
अब दस साल हो गये थे। मेरे सामने बैठी हुई विनम्र बहन ने उस लड़के से बेटे के समान प्रेम किया और उसने मुझे बताया कि उसके पति ने उसे और उसके परिवार से प्रेम और संबंध सुधारने और देखभाल देने के लिए प्रयास किया था। जब वह बोल रही थी तो पिता रो पड़ा था।
परमेश्वर की यह महान महिला एक ऐसे बच्चे को कैसे अपना सकती थी जो उसके पति की बेवफाई की प्रतिदिन याद दिलाता? कैसे? क्योंकि उसे यीशु मसीह के द्वारा शक्ति मिली थी और वह जीवन की पवित्रता में विश्वास करती थी। वह जानती थी कि अजन्मा बच्चा परमेश्वर का बच्चा है, निर्दोष और पवित्र।
मेरे प्यारे भाइयों और बहनों, दुनिया भर में अजन्मे बच्चों के प्रति कम होता प्रेम एक गंभीर चिंता का विषय है। परमेश्वर जीवन को संजोता है। उसका कार्य और उसकी महिमा अपने बच्चों के अमरत्व और अनंत जीवन को लाना है। यीशु मसीह के शिष्य होने के नाते, हम जीवन को अनमोल समझते हैं। “यदि आपस में प्रेम रखोगे तो इसी से सब जानेंगे, कि तुम मेरे शिष्य हो।” आओ हम अपना प्रेम उन लोगों के साथ और भी अधिक प्रचुरता से साझा करें जिन्हें हमारी अत्यंत आवश्यकता है। मैं आपके प्रति अपना प्रेम और पृथ्वी पर आने वाले उसके बच्चों के प्रति हमारे स्वर्गीय पिता का प्रेम व्यक्त करता हूं। यीशु मसीह के नाम में, आमीन।