हमारी स्वर्गीय मार्गदर्शन प्रणाली
जब हम यीशु मसीह पर अपने जीवन को केंद्रित करते हैं, तो अंत तक धीरज धरते और आनन्दित रहते हुए, हम अपने घर का मार्ग खोज लेंगे।
26 वर्ष की आयु में मेरे प्रिय शहर फ्रूटिलार, चिली में मेरा बपतिस्मा होने के बाद, यीशु मसीह ने मेरा जीवन बदल दिया था। उस समय, मेरी नौकरी मुझे खूबसूरत चिली पैटागोनिया के महासागर, नदियों और झीलों के पार ले गयी थी। अपने बपतिस्मे के बाद, मैंने अपने काम और अपने जीवन को एक नए और अलग तरीके से देखा, और सचमुच में यह समझने लगा कि “सभी चीजें सूचित करती हैं कि परमेश्वर है।”
प्रकृति में सामन मछलियां नदियों के स्रोत में पैदा होती हैं। अपने जीवन में किसी न किसी मोड़ पर उन्हें समुद्र तक पहुंचने के लिए नदी में नीचे की ओर तैरना पड़ता है, जहां उन्हें अपने विकास के लिए आवश्यक पोषण और परिस्थितियां मिलती हैं।
लेकिन महासागर एक खतरनाक स्थान भी है जहां शिकारी छिपे रहते हैं और जहां मछुआरे चमकदार कांटों से सामन को पकड़ने का प्रयास करते हैं, जो भोजन की तरह दिखते हैं, लेकिन उन्हें पोषण नहीं देते हैं। यदि सामन इन खतरों से बच निकलने में सफल हो जाती हैं, तो वे अपनी शक्तिशाली मार्गदर्शन प्रणाली का उपयोग करके नदी के ऊपर उसी स्थान पर लौटने के लिए तैयार हो जाएंगी, जहां वे पैदा हुई थी, तथा उन्हें नई और कुछ परिचित चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। वैज्ञानिकों ने वर्षों तक उनके प्रवासी व्यवहार का अध्ययन किया और पाया है कि वे अपनी अंतिम मंजिल तक अविश्वसनीय सटीकता के साथ पहुंचने के लिए जीपीएस के समान एक प्रकार के चुंबकीय नक्शे का उपयोग करती हैं।
हम सभी एक दिन उस स्वर्गीय घर में लौट सकते हैं जहां से हम आए थे। और सामन मछली की तरह, हमारे पास अपना चुंबकीय नक्शा, या “मसीह का प्रकाश” है, जो हमें वहां तक ले जाता है। “यीशु ने अपने शिष्यों को सिखाया था, “मार्ग और सचाई और जीवन मैं ही हूं: बिना मेरे द्वारा कोई पिता के पास नहीं पहुंच सकता।”
जब हम यीशु मसीह पर अपने जीवन को केंद्रित करते हैं, तो अंत तक धीरज धरते और आनन्दित रहते हुए, हम अपने घर का मार्ग खोज लेंगे। अध्यक्ष नेल्सन ने यह सिखाया है कि “जिस आनंद को हम महसूस करते हैं उसका हमारे जीवन की परिस्थितियों से बहुत कम लेना-देना है और उससे सब कुछ लेना-देना है जो हम अपने जीवन को केन्द्रित करने के लिए करते हैं।”
हमारा दिव्य स्वभाव और भाग्य
परिवार घोषणा से हम पढ़ते हैं कि “[हम में से] प्रत्येक स्वर्गीय माता-पिता का प्रिय आत्मिक बेटा या बेटी है, और इस प्रकार, प्रत्येक का एक दिव्य स्वभाव और भाग्य है। … नश्वर-पूर्व संसार में, परमेश्वर के आत्मिक बेटे और बेटियां परमेश्वर को अपना अनंत पिता मानते और उसकी आराधना करते थे और उसकी योजना को स्वीकार किया था जिसके द्वारा उसके बच्चे एक संसारिक शरीर प्राप्त कर सकते थे और परिपूर्णता की ओर प्रगति करने के लिए सांसारिक अनुभव प्राप्त कर सकते थे और अंततः अनंत जीवन के वारिस के रूप में अपनी दिव्य नियति का प्राप्त कर सकते थे।”
नश्वरता में जन्म लेने से पहले, यीशु मसीह मूसा के सामने प्रकट हुआ और पिता की ओर से उससे बात की थी। उसने मूसा से कहा कि उसके पास उसके के लिए एक महान कार्य है। उस मुलाकात के दौरान, प्रभु ने उसे कई बार “मेरे बेटे” कहकर पुकारा था।
उस मुलाकात के बाद शैतान ने उसे प्रलोभन देते हुए कहा, “हे मनुष्य के पुत्र, मूसा, मेरी आराधना कर।”
मूसा ने उसके दिव्य स्वभाव को याद करके प्रलोभन का जवाब देते हुए कहा “तू कौन है? क्योंकि देखो, मैं परमेश्वर का बेटा हूं।” इस सच्चाई ने मूसा को शैतान के हमले से मुक्त किया था।
भाइयों और बहनों, नश्वरता के फंदे वास्तव में होते हैं। वे अक्सर लालच देते हैं, परन्तु उनका लक्ष्य केवल एक ही होता है: हमें उस जीवन के जल के उस मार्ग से भटकाना जो पिता और अनंत जीवन की ओर ले जाता है।
मुझे पता है कि नश्वरता के फंदे कितने वास्तविक हो सकते हैं। एक रविवार को, एक नए परिवर्तित के रूप में, मैं पौरोहित्य कक्षा में सिखा रहा था, उसमें एक अशांत करने वाली बहस आरंभ हो गई। मैंने बड़ी मुश्किल से अपना पाठ पूरा किया था। मुझे बुरा लगा और महसूस हुआ कि मुझे परेशान किया गया था। बिना एक शब्द कहे, मैं यह सोचते हुए बाहर निकल गया कि मैं कुछ समय तक गिरजे में वापस नहीं आऊंगा।
उसी समय, एक पौरोहित्य धारक आकर मेरे सामने खड़ा हो गया। उसने मुझे दिलासा देते हुए कहा कि मैं मसीह पर ध्यान लगाऊं, न कि उस घटना पर जो कक्षा में हुई थी। जब मैंने उसके साथ हुए अनुभव पर विचार किया, तो उसने मुझे बताया कि उसने एक आवाज सुनी जो उससे कह रही थी, “उसके पीछे जाओ; वह मेरे लिए महत्वपूर्ण है।”
मेरे प्यारे मित्रों, हम सभी उसके लिए महत्वपूर्ण हैं। अध्यक्ष नेल्सन ने सिखाया है कि “परमेश्वर के साथ हमारे अनुबंध के कारण, वह हमारी सहायता करने के अपने प्रयासों में कभी कमी नहीं करेगा, और हम भी उसके दयालु धैर्य को कभी समाप्त नहीं होने देंगे।” हमारा दिव्य स्वभाव और परमेश्वर के साथ अनुबंध संबंध, हमें दिव्य सहायता प्राप्त करने का अधिकार देता है।
पोषण की आवश्यकता
जैसे सामन मछली को बढ़ने के लिए समुद्र में पोषण की आवश्यकता होती है, वैसे ही हमें भी आत्मिक कुपोषण से बचने के लिए स्वयं को आत्मिक रूप से पोषण देने की आवश्यकता है। प्रार्थना, पवित्रशास्त्र, मंदिर और रविवार की सभाओं में हमारी नियमित उपस्थिति हमारे आत्मिक पोषण में महत्वपूर्ण हैं।
नवंबर 1956 में, रिकार्डो गार्सिया ने बपतिस्मा लिया और मेरे देश में गिरजे के पहले सदस्य बन गए थे। मरने से ठीक एक दिन पहले, उन्होंने अपने परिवार और दोस्तों के सामने कहा था, “कई साल पहले प्रचारकों ने मुझे अपने परिवार के साथ खुश रहने के लिए कहा था। मैं एक खुश व्यक्ति हूं। चिली में हर किसी को बताना कि सुसमाचार खुशी है।”
यीशु मसीह के सुसमाचार से पोषित होने के बाद, रिकार्डो ने अपना संपूर्ण जीवन प्रेम से परमेश्वर और अपने पड़ोसी की सेवा करने के लिए समर्पित किया था। उसके शिष्यत्व के उदाहरण ने कई पीढ़ियों को आशीष दी है, जिनमें मैं भी शामिल हूं। भविष्यवक्ता जोसफ स्मिथ ने सिखाया था कि “परमेश्वर के प्रेम से भरा हुआ व्यक्ति, केवल अपने परिवार को आशीष देने से संतुष्ट नहीं होता है, बल्कि पूरे विश्व की यात्रा करता है, और संपूर्ण मानव जाति को आशीष देने के लिए उत्सुक रहता है।”
अपने स्वर्गीय घर की ओर लौटना
हममें से प्रत्येक के अन्दर अपने स्वर्गीय घर लौटने की इच्छा है, और यीशु मसीह हमारी स्वर्गीय मार्गदर्शन प्रणाली है। वह ही मार्ग है । उसका प्रायश्चित बलिदान हमारे लिए परमेश्वर के साथ पवित्र अनुबंध बनाना संभव करता है। एक बार जब हम अनुबंध बना लेते हैं, तो कई बार हम स्वयं को धारा के विपरीत तैरते हुए पाते हैं। खतरा, निराशा, प्रलोभन और कष्ट हमारे विश्वास और आत्मिक शक्ति की परीक्षा लेंगे। सहायता के लिए कहें। यीशु मसीह समझता है और हमेशा हमारे बोझों को साझा करने के लिए उत्सुक रहता है।
याद रखें कि “वह दुखी पुरूष था, रोग से उसकी जान पहिचान थी” के रूप में उसे जाना जाता है।” उद्धारकर्ता ने सिखाया था, “संसार में तुम्हें क्लेश होगा: परंतु ढाढस बांधों, मैंने संसार को जीत लिया है।” उसका प्रायश्चित बलिदान हमारे पापों को इस हद तक क्षमा कर देता है कि वह उन्हें बिलकुल याद नहीं रखता।
अपने नश्वर सीखने के रूप में हो सकता है हम अपने पापों को पूरी तरह से न भूल पाएं इसलिए हमें याद रखेंगे कि उन्हें दोहराना नहीं है। इसके बजाय, हम हर रविवार को गिरजे में प्रभु-भोज लेते समय उसे याद करेंगे। यह विधि आराधना और आत्मिक विकास का एक अनिवार्य हिस्सा है। तब आनंद मिलता है जब हम समझते हैं कि यह कोई साधारण दिन नहीं है। “सब्त का दिन मनुष्य के लिए बनाया गया था,” जिसका उद्देश्य हमें संसार से विश्राम देना और हमारे शरीर और आत्मा को नवीन करना है।
हम उसे तब भी याद करते हैं जब हम मंदिर जाते हैं—जो प्रभु का घर है। मंदिर हमें यीशु मसीह के बारे में गहरी समझ देते हैं, जो उस अनुबंध का केन्द्र है जो हमें अनंत जीवन की ओर ले जाता है, यह “परमेश्वर के सभी उपहारों में सबसे बड़ा है।”
मंदिर जाने से मुझे दिलासा और हमारे अनंत भाग्य के बारे में बड़ी आशा मिली है। मैंने परदे के दोनों ओर के लोगों के साथ स्वर्गीय संबंध का अनुभव किया है। मैंने अपने छोटे बच्चों के जीवन में चमत्कारिक चंगाई देखी हैं, जिनमें से दो किसी अनजान रोगों से पीड़ित हैं, जिनके लिए उन्हें शेष जीवन भर प्रतिदिन देखभाल की आवश्यकता है।
जब हम प्रसन्नता की योजना साझा करते हैं तो हमारा परिवार खुश हो जाता है। मेरे बच्चों के चेहरे खिल उठते हैं जब वे सुनते हैं कि यीशु मसीह के कारण उनके “कष्ट होंगे लेकिन कुछ समय के लिए।” हम अपने बच्चों से बहुत प्यार करते हैं, और हम जानते हैं कि किसी दिन, जैसा कि अध्यक्ष जेफरी आर. हॉलैंड ने सिखाया, वे “हमारे सामने महिमापूर्ण और भव्य, शरीर और मन से अद्भुत रूप से परिपूर्ण होकर खड़े होंगे।” हमारे अनुबंध हमें परमेश्वर के इतने निकट ले आते हैं कि हम असंभव को भी संभव बना देते हैं, अंधकार और संदेह के हर स्थान को प्रकाश और शांति से भर देते हैं।
यीशु मसीह के कारण, हमारे पास आशा है और उन लोगों को प्रेम करने, प्रार्थना करने और सहायता देने के लिए ठोस कारण हैं जिनकी हम देखभाल करते हैं।
मैं जानता हूं कि वह जीवित है। वह हमें जानता और हमसे प्यार करता है। वह संसार का मार्ग, सच्चाई और जीवन है।
मैं आज हम सभी को अपने जीवन को यीशु मसीह और उसकी शिक्षाओं पर केन्द्रित करने के लिए आमंत्रित करता हूं। ऐसा करने से हमें प्रलोभन, अपराध और स्वयं पर तरस खाने के फंदे में फंसने से बचने में मदद मिलेगी। हम मंदिर के समान खड़े रहेंगे—पवित्र, दृढ़ और स्थिर। हम तूफानों का सामना करेंगे और अंत तक धीरज धरते हुए तथा अंत तक आनंद मनाते हुए घर पहुंचेंगे। यीशु मसीह के नाम में, आमीन।