महा सम्मेलन
हमारी नजरों के सामने
अप्रैल 2025 महा सम्मेलन


14:1

हमारी नजरों के सामने

अंतिम-दिनों के संतों के यीशु मसीह के गिरजे के सदस्यों और परिवारों, मिशनों और प्रचारकों, सभागृहों और मंदिरों, में वृद्धि हो रही है।

भाइयों और बहनों, मैं आपके साथ होने के लिए बहुत आभारी हूं। हम आपसे प्रेम करते हैं, हम आपके प्रति कृतज्ञ हैं, तथा आपकी प्रार्थनाओं से हम आशीषित होते हैं।

अध्यक्ष रसल एम. नेल्सन ने हमारे पिछले सम्मेलन में कहा था: “क्या आपकी नजरें उन बातों पर हैं जो वर्तमान में हो रही हैं? मैं प्रार्थना करता हूं कि हम इस पल की महिमा को देखने से नहीं चूकेंगे! प्रभु वास्तव में अपने कार्य में शीघ्रता कर रहा है।”

उसके कार्य में शीघ्रता करना। “शीघ्रता” एक ऐसा शब्द है जो महत्वपूर्ण है। यह जल्दी से आगे बढ़ने, गति बढ़ाने और तत्परता का सुझाव देता है। गिरजा और मसीह की योजना के विकास में शीघ्रता आ रही है। और हम सब इसका हिस्सा हैं।

अप्रैल 1834 में, कर्टलैंड, ओहायो में, भविष्यवक्ता जोसफ स्मिथ ने सभी पौरोहित्य धारकों को, लगभग 14 (4.3) फीट वर्ग के छोटे से स्कूल भवन में एकत्र किया था। हम इस सम्मेलन केंद्र में दर्जनों उन स्कूल भवनों को बना सकते हैं, और फिर भी काफी जगह बच जाएगी। जोसफ स्मिथ ने कहा, “आज रात आप यहां केवल मुट्ठी-भर पौरोहित्य धारकों को देख रहे हैं, लेकिन यह गिरजा उत्तर और दक्षिण अमेरिका को भर देगा—यह दुनिया को भर देगा।”

वह भविष्यवाणी “हमारी नजरों के सामने” पूरी हो रही है। अंतिम-दिनों के संतों के यीशु मसीह के गिरजे के सदस्यों और परिवारों, मिशनों और प्रचारकों, सभागृहों और मंदिरों, तथा संसार भर में हमारे आध्यात्मिक विद्यालयों, संस्थानों और विश्वविद्यालयों में नामांकन में वृद्धि हो रही है।

हम इस बात के आभारी हैं कि हम ऐसे समय में पृथ्वी पर हैं, जबकि गिरजे की संख्या और प्रभाव बढ़ रहा है, लेकिन इससे भी अधिक महत्वपूर्ण बात यह है कि इसके सदस्यों के हृदय और जीवन में इसका प्रभाव बढ़ रहा है। हम यीशु मसीह के शिष्य के रूप में जाने जाते हैं। हम उसके गिरजे, उसके मार्गों और उसके अनुबंध मार्ग के विषय में अपनी गवाहियां साझा करते हैं। हम उसके लोग हैं और वह हमारा उद्धारकर्ता है।

मैं अध्यक्ष नेल्सन द्वारा कहे गए “इस पल की महिमा” से अचंभित होता हूं और प्रभु के कार्य के लिए उसके प्रति गहरा आभार व्यक्त करता हूं। मैं प्रोत्साहित करता हूं कि हम उसके प्राचीन और आधुनिक दोनों, शिष्यों के रूप में, भविष्यवाणियों के पूरा होने के प्रत्यक्षदर्शी बनकर खड़े रहें।

ऐसे भी लोग हैं जो चिल्लाते हैं, “देखो यहां है और देखो वहां है,” जैसा उन्होंने भविष्यवक्ता जोसफ स्मिथ के समय में किया था। हालांकि, वे इस महान कार्य में मात्र फुटनोट ही होंगे। जोसफ स्मिथ के शब्दों को याद करें: “कोई भी अपवित्र हाथ इस कार्य को आगे बढ़ने से नहीं रोक सकता … ; परमेश्वर की सच्चाई साहसपूर्वक, उदारता के साथ, और स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ेगी, जब तक कि यह हर महाद्वीप में प्रवेश न कर जाए, हर देश में न पहुंच जाए, और प्रत्येक कान में न सुनाई जाए, जब तक परमेश्वर के उद्देश्य पूरे नहीं हो जाएंगे, और महान यहोवा जब तक यह न कहेगा कि कार्य सम्पन्न हो गया है।”

इस वर्ष अपने कार्यभार में, मुझे प्रभु द्वारा उसके कार्य में शीघ्रता करने के मामले में अग्रिम पंक्ति में स्थान मिला है। गिरजा अभूतपूर्व गति से मंदिरों का निर्माण कर रहा है, जिससे अधिक सदस्यों को प्रभु के घर में आराधना करने का अवसर मिल सके। दूसरा, प्रचारक कार्य अच्छे चरवाहे, यीशु मसीह के झुंड में रिकॉर्ड संख्या में लोगों को एकत्रित कर रहा है। और तीसरा, कई रूपों में गिरजे की शिक्षा उन लोगों को शिक्षा देने में एक नई ऊंचाई पर है जो “इस यीशु को पाना चाहते हैं।”

आज गिरजे के पास 367 मंदिर हैं जो डिजाइन, निर्माण या संचालन के विभिन्न चरणों में हैं। और इनका उद्देश्य क्या है? प्रत्येक मंदिर पर इसका उत्तर घोषित किया गया है: “प्रभु के लिए पवित्रता।” मंदिर स्वर्ग में स्थित हमारे पिता द्वारा हम में से प्रत्येक के लिए सर्वोच्च आशीषों का मार्ग खोलता है। भाइयों और बहनों, हम अपनी पवित्रता में शीघ्रता लाते हैं, जब हम मंदिर जाने के योग्य जीवन जीते हैं, जब हम प्रभु के घर में आराधना करते हैं, और जब हम अपने लिए और परदे के दूसरी ओर के हमारे पूर्वजों की ओर से परमेश्वर के साथ अनुबंध बनाते हैं।

अध्यक्ष नेल्सन ने कहा है: “शैतान के हमले तेजी से बढ़ रहे हैं, तीव्रता में और विविधता में भी। नियमित तौर पर मंदिर में जाने की हमारी आवश्यकता कभी इतनी अधिक नहीं रही है। मैं आपसे याचना करता हूं कि प्रार्थनापूर्वक देखें आप अपना समय कैसे व्यतीत करते हो।” उसके घर में हम प्रभु की पवित्र उपस्थिति और सर्वोत्तम शांति का अनुभव कर सकते हैं।

मेंडोजा अर्जेंटीना मंदिर में एल्डर और बहन रसबैंड।

पिछले वर्ष मुझे मेंडोजा अर्जेंटीना मंदिर के समर्पण समारोह की अध्यक्षता करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। अपने संदेश में, मैंने एल्डर मेल्विन जे. बैलार्ड की 1926 की भविष्यवाणी के बारे में बताया था कि दक्षिण अमेरिका में प्रभु का कार्य कुछ समय के लिए धीरे-धीरे बढ़ेगा, “ठीक उसी तरह जैसे बांज का वृक्ष बीज से धीरे-धीरे विकास करता है। यह एक दिन में नहीं बढ़ेगा,” लेकिन हजारों लोग गिरजे में शामिल होंगे, और दक्षिण अमेरिका के राष्ट्र “गिरजे में एक शक्ति” बन जाएंगे। मैंने उस भविष्यवाणी को अपनी नजरों के सामने पूरा होते देखा था।

मेन्डोज, जो कभी एक छोटा बीज था, अब एक विशाल बांज का वृक्ष बन गया है। यह वृद्धि महाद्वीपों और समुद्री द्वीपों में भी दोहराई जा रही है।

हम देखते हैं कि प्रभु मिशनों में अपने कार्य में शीघ्रता कर रहा है। 2024 में 80,000 प्रचारक 450 मिशनों में सेवा कर रहे थे। इनमें से 36 मिशन नये हैं। पिछले वर्ष प्रचारक कार्य से गिरजा में 308,000 से अधिक नये सदस्य जुड़े। संख्या से अधिक, इस एकत्रित करने की भावना आत्माओं को यीशु मसीह और उनके सुसमाचार के पास लाना है।

मैं प्रेरित ब्रिघम यंग और हेबर सी. किंबल के बारे में सोचता हूं, जिन्होंने 1839 में प्रचारक के रूप में ब्रिटिश द्वीपों की यात्रा की थी। वे बीमार थे; उन्होंने परिवारों को बीमार और बेसहारा छोड़ दिया था। फिर भी, दोनों वैगन में चढ़ गए, और अपने प्रियजनों को देखते हुए, हेबर ने कहा, “चलो उठें और उनका उत्साह बढ़ाते हैं।” दोनों ने कठिनाई से अपने पैरों पर खड़े होने का प्रयास किया और चिल्लाए, “इस्राएल की जय हो, जय हो।”

लीमा, पेरू में प्रचारकों के साथ सभा।

मैंने लीमा, पेरू, में प्रभु के कार्य के लिए वही उत्साह देखा था, जब मैं प्रचारक प्रशिक्षण केंद्र और लीमा में प्रचारकों से मिला था। बहुत सुंदर दृश्य था! मैंने अपनी नजरों के सामने ही यह शीघ्रता देखी थी। अब केवल लीमा शहर में ही सात मिशन हैं।

हमारी सभा के अंत में, प्रचारकों ने मेरे लिए एक विशेष आश्चर्य रखा था। वे उठ खड़े हुए और जयकारे लगाने लगे, “इस्राएल की जय हो।” मैं उस क्षण को कभी नहीं भूल पाऊंगा; काश आप सभी वहां होते। मेरी नजरों के सामने वे प्रचारक थे जिन्होंने प्रभु की सेवा करने और उसके आगमन में शीघ्रता लाने में मदद करने के लिए “इस संसार की वस्तुओं” को अलग रखा था।

हम देखते हैं कि प्रभु हमारे सदस्यों और यहां तक ​​कि गैर-सदस्यों के लिए भी, दुनिया भर में शिक्षा के अवसरों में शीघ्रता कर रहा है। एक बात जो हमें एक गिरजे के रूप में अलग बनाती है, वह है शिक्षा पर हमारा जोर। प्रभु ने पुनर्स्थापना के आरंभिक दिनों में आज्ञा दी थी कि “सीखने का प्रयास करो, अध्ययन के द्वारा और विश्वास के द्वारा भी।” आज यह पूरा हो रहा है और यह जोरदार “जय बोलने” के योग्य है।

वर्तमान में दुनिया भर में 800,000 से अधिक छात्र आध्यात्मिक विद्यालय और संस्थान में नामांकित हैं, जो गिरजे के इतिहास में सबसे अधिक नामांकन है। हमारे युवा विभिन्न तरीकों से एकत्रित होते हैं, सुबह-सुबह, दिन में और शाम की कक्षाओं से लेकर ऑनलाइन और घर में अध्ययन तक। वे एक शक्तिशाली और सदाचारी सेना हैं, जो एक दूसरे से शक्ति प्राप्त करते हैं जब वे यीशु मसीह के बारे में सीखते हैं, उसका अनुसरण करते हैं, तथा परमेश्वर के पुत्र के रूप में उसकी गवाही देते हैं।

आध्यात्मिक विद्यालय और संस्थान के छात्रों से बात करते हुए।

पिछले वर्ष मैंने यूटाह विश्वविद्यालय में आध्यात्मिक विद्यालय और संस्थान के छात्रों और उनके अभिभावकों से भरी एक प्रार्थना सभा में बोला था। उनकी उपस्थिति से यीशु मसीह को जानने और उसका अनुसरण करने की उनकी इच्छा के बारे में बहुत कुछ पता चलता है। उन विद्यार्थियों के लिए मेरा संदेश स्पष्ट था: प्रभु को बराबर समय दो। मैंने उन्हें सलाह दी कि वे अपने अध्ययन को सच्ची, उच्च शिक्षा, यहां तक कि “जीवित परमेश्वर के पुत्र” के अध्ययन के साथ संतुलित करें।

मैं आज हर किसी से यही कहता हूं: जो कुछ भी आपकी “करने योग्य” सूची में है, प्रभु को व्यक्तिगत पवित्रशास्त्र अध्ययन, आओ, मेरा अनुसरण करोका पारिवारिक अध्ययन, प्रार्थना, गिरजा नियुक्ति, सेवकाई, प्रभु-भोज में भाग लेना, मंदिर में आराधना करना, और परमेश्वर की बातों पर मनन करने में बराबर समय दें, खाली समय नहीं। हमारे प्रभु और उद्धारकर्ता ने कहा है, “मुझ से सीखो … और तुम अपने मन में विश्राम पाओगे।” उसके वचन पर विश्वास करो। और उसे बराबर समय दो।

अध्यक्ष नेल्सन ने कहा है: “मैं आपसे विनती करता हूं कि आप अपने जीवन में परमेश्वर को प्रबल होने दें। उसे अपने समय का समुचित हिस्सा दें। जब ऐसा आप करते हैं, तो ध्यान दें कि आपके सकारात्मक आत्मिक संवेग के साथ क्या होता है।”

हम देखते हैं कि यह संवेग आध्यात्मिक विद्यालयों, संस्थानों और गिरजा विश्वविद्यालयों में बन रहा है। इन वातावरणों में, प्रभु हमारी प्राथमिकता है। ऐसा उसे हम सबके जीवन में होना चाहिए।

एक अन्य क्षेत्र जो गिरजे में शिक्षा की बढ़ती पहुंच को दर्शाता है वह है बीवाईयू-पाथवे। विश्व भर में नामांकन लगभग 75,000 तक पहुंच गया है और इसमें तेजी से वृद्धि जारी है। इनमें से अधिकांश सदस्य हैं और एक तिहाई से अधिक अफ्रीका में हैं। पाथवे का उद्देश्य शिक्षा तक पहुंच बनाना है। पाठ्यक्रम पूरा करने का अर्थ है रोजगार तक पहुंच, और रोजगार तक पहुंच का अर्थ है परिवारों के लिए बेहतर जीवन और प्रभु की सेवा के अधिक अवसर।

युगांडा में स्टेक मार्गदर्शकों के साथ सभा।

जब मैं युगांडा में स्टेक मार्गदर्शकों के साथ मिल रहा था, तो मुझे पता चला कि संपूर्ण स्टेक अध्यक्षता बीवाईयू-पाथवे में नामांकित थी। जितना अधिक हम सांसारिक और आत्मिक रूप से तैयार होंगे, उतना ही अधिक हम शैतान के धूर्त आक्रमणों को विफल कर सकेंगे। पतरस के ये शब्द याद रखें: “शैतान गर्जने वाले सिंह की नाईं इस खोज में रहता है, कि किस को फाड़ खाए।”

मैं जानता हूं कि सुसमाचार के शुभ समाचार के बीच में ऐसे लोग भी हैं जो संघर्ष करते हैं, जिनके सामने विश्वास की चुनौतियां हैं, संदेह हैं, और ऐसे प्रश्न हैं जिनका कोई उत्तर नहीं है। भाइयों और बहनों, यीशु मसीह ही वह उत्तर है। उससे आरंभ करें। अपने जीवन में उसका हाथ पहचानें। उसे सुनें। “आपका मन न घबराए,” उसने अपने अंतिम समय में गतसमनी के पास अपने शिष्यों से कहा, यरूशलेम की सड़कों पर अपना क्रूस उठा के ले जाने से पहले, गुलगुता के सामने, जहां उसने अपना प्रायश्चित बलिदान पूरा किया, जो केवल वह, परमेश्वर का एकलौता पुत्र ही कर सकता था।

जान लो कि वह समझता है। उसने हमारे सारे पाप, गलतियां, दुख और बहुत बुरे दिनों को अपने ऊपर ले लिया ताकि हम स्वर्ग में अपने पिता के साथ अनंत काल तक फिर से रह सकें। उसने कहा है, “प्रत्येक विचार में मेरी ओर देखो; संदेह मत करो, भयभीत मत हो।” यीशु मसीह में विश्वास आपको “ऊपर उठा सकता है” और आपकी घायल आत्मा को चंगा कर सकता है। उस पर भरोसा रखें और आप “उसके प्रेम की बाहों” में शीघ्र वापस लिए जाएंगे।

मैं हमारे जीवित भविष्यवक्ता के शब्दों पर पुनः जोर देना चाहता हूं: “क्या आप देख रहे हो जो हमारी नजरों के सामनेहो रहा है? मैं प्रार्थना करता हूं कि हम इस पल की महिमा को देखने से नहीं चूकेंगे! प्रभु अपने कार्य में शीघ्रता कर रहा है।” आओ हम आज शिष्यों के रूप में चिल्लाएं, “इस्राएल के लिए जयकार”, क्योंकि हम अपने प्रभु और उद्धारकर्ता की वापसी की तैयारी कर रहे हैं। यीशु मसीह के नाम में, आमीन।

विवरण

  1. रसल एम. नेलसन, “प्रभु यीशु मसीह फिर से आएगा,” Liahona, नवं. 2024, 121; सिद्धांत और अनुबंध 88:73भी देखें: “देखो, मैं अपने कार्य में शीघ्रता करूंगा इसके समय में।”

  2. Teachings of Presidents of the Church: Joseph Smith (2007), 137।

  3. रसल एम. नेलसन, “प्रभु यीशु मसीह फिर से आएगा,” 121; सिद्धांत और अनुबंध 88:73भी देखें: “देखो, मैं अपने कार्य में शीघ्रता करूंगा इसके समय में।”

  4. जोसफ स्मिथ-इतिहास 1:5.

  5. Joseph Smith, in History, 1838–1856, vol. C-1, 1285, josephsmithpapers.org.

  6. ईथर 12:41

  7. गिरजे के प्रत्येक मंदिर के बाहरी भाग पर “प्रभु के लिए पवित्रता” लिखा हुआ होता है। अधिकांश में “प्रभु का घर” भी लिखा होता है।

  8. रसल एम. नेल्सन, “सर्वश्रेष्ठ अंतिम-दिनों के संत बनना,” एनसाइन या Liahona, नवं. 2018, 114।

  9. Melvin J. Ballard, in Melvin R. Ballard, Melvin J. Ballard: Crusader for Righteousness (1966), 84.

  10. देखें Mary Richards, host, Church News podcast, episode 217, “Elder W. Mark Bassett and David N. Weidman of the Church’s Missionary Department on the Expanding Role of Missionary Work,” Church News, 3 दिसं. 2024, thechurchnews.com।

  11. देखें “The Church of Jesus Christ Will Create 36 New Missions in 2024,” Newsroom, 1 नवं. 2023, newsroom.ChurchofJesusChrist.org.

  12. गिरजे के प्रचारक विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी। 2022 में, परिवर्तित बपतिस्मा की संख्या 212,172 थी। 2023 में, यह बढ़कर 251,763 हो गई। 2024 में 308,682 व्यक्तियों का बपतिस्मा हुआ था।

  13. अध्यक्ष गॉर्डन बी. हिंकली ने कहा था: “मुझे आपको यह याद दिलाने की आवश्यकता नहीं है कि जिस उद्देश्य से हम जुड़े हैं वह कोई साधारण उद्देश्य नहीं है। यह यीशु मसीह का कार्य है। यह हमारे अनंत पिता परमेश्वर का राज्य है। यह पृथ्वी पर सिय्योन का बनाया जाना है” (““An Ensign to the Nations,” Ensign, Nov. 1989, 53)।

  14. Orson F. Whitney, Life of Heber C. Kimball: An Apostle, the Father and Founder of the British Mission (1888), 276 में।

  15. गिरजे के प्रचारक विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी।

  16. जोसफ स्मिथ अनुवाद, मत्ती 6:38 (in मत्ती 6:33, footnote a).

  17. सिद्धांत और अनुबंध 88:118

  18. देखें Tad Walch, “Enrollment Growth at Latter-day Saint Universities Rebuts Narrative About Young Adults Losing Faith,” Deseret News, Nov. 23, 2024, deseret.com.

  19. देखें Rachel Sterzer Gibson, “Give the Lord ‘Equal Time,’ एल्डर रसबैंड ने 10,000 युवाओं और युवा वयस्कों को प्रार्थना-सभा के दौरान प्रोत्साहित किया,” Church News, 14 अक्टू. 2024, thechurchnews.com।

  20. मत्ती 16:16

  21. मत्ती 11:29

  22. रसल एम. नेल्सन, “आत्मिक संवेग की शक्ति,” लियाहोना, मई 2022, 99।

  23. देखें Walch, “Enrollment Growth at Latter-day Saint Universities,” Deseret News, Nov. 23, 2024, deseret.com.

  24. 1 पतरस 5:8

  25. देखें रसल एम नेल्सन, “उत्तर हमेशा यीशु मसीह है,” लियहोना, मई 2023, 127-28।

  26. यूहन्ना 14:27

  27. देखें मत्ती 26:36-38

  28. देखें लूका 23:26; यूहन्ना 19:17.

  29. देखें यूहन्ना 19:17; 1 नफी 11:33; 3 नफी 27:14-15

  30. देखें अलमा 7:14; सिद्धांत और अनुबंध 76:41–42

  31. देखें मूसा 1:39

  32. सिद्धांत और अनुबंध 6:36

  33. देखें मोरोनी 9:25

  34. देखें भजन 147:3; याकूब 2:8

  35. देखें नीतिवचन 3:5

  36. 2 नफी 1:15

  37. रसल एम. नेलसन, “प्रभु यीशु मसीह फिर से आएगा,” 121, महत्व दिया गया है; सिद्धांत और अनुबंध 88:73भी देखें: “देखो, मैं अपने कार्य में शीघ्रता करूंगा इसके समय में।”