क्षतिपूरक आशीषें
जबकि जीवन में कई परिस्थितियां हमारे नियंत्रण से बाहर हो सकती हैं, हम में से कोई भी प्रभु की असीम आशीषों की पहुंच से परे नहीं है।
पीठासीन धर्माध्यक्षता में सेवा करते हुए, मुझे विभिन्न स्थानों और संस्कृतियों में दुनिया भर के अंतिम-दिनों के संतों से मिलने का सौभाग्य मिला है। मैं प्रभु यीशु मसीह के प्रति आपके दृढ़ विश्वास और समर्पण से निरंतर प्रेरित रहा हूं। फिर भी मैं उन विविध और अक्सर कठिन परिस्थितियों से भी प्रभावित हुआ हूं जिनका आप में से कई सामना करते हैं—बीमारी, विकलांगता, सीमित संसाधन, विवाह या शिक्षा के लिए कम अवसर, दूसरों द्वारा दुर्व्यवहार, और अन्य सीमाओं या बाधाओं जैसी चुनौतियां। कभी-कभी, ये परीक्षाएं आपकी प्रगति में बाधा डालती प्रतीत हो सकती हैं और सुसमाचार को पूरी तरह से जीने के आपके वास्तविक प्रयासों को चुनौती दे सकती हैं, जिससे पवित्र कर्तव्यों की सेवा, आराधना और उन्हें पूरा करना अधिक कठिन हो जाता है।
मेरे प्रिय मित्रों, यदि आप कभी भी अपने जीवन की परिस्थितियों से सीमित या वंचित महसूस करते हैं, तो मैं चाहता हूं कि आप यह जान लें: प्रभु आपको व्यक्तिगतरूप से प्रेम करता है। वह आपकी परिस्थितियों को जानता है, और आपके सामने चाहे आप किसी भी प्रकार की चुनौतियों का सामना करें, उसकी आशीष के द्वार आपके लिए खुले रहते हैं।
मैंने यह सच्चाई एक निजी अनुभव से सीखी है, जो यद्यपि महत्वहीन प्रतीत होता है, परन्तु इसने मुझ पर अमिट छाप छोड़ी है। 22 वर्ष की आयु में, जब मैं पेरिस में फ्रांसीसी वायु सेना में सेवा कर रहा था, तो मुझे यह जानकर बहुत खुशी हुई कि प्रभु के एक प्रेरित एल्डर नील ए. मैक्सवेल, चैंप्स-एलिसीस पर एक सम्मेलन में बोलने वाले हैं। हालांकि, कार्यक्रम से ठीक पहले, मुझे एक वरिष्ठ अधिकारी को ठीक उसी समय हवाई अड्डे पर ले जाने का आदेश मिला, जब सम्मेलन होने वाला था।
मैं निराश हो गया। लेकिन सम्मेलन में भाग लेने के दृढ़ निश्चय के साथ, मैंने अधिकारी को पहुंचा दिया और वापस जल्दी जाकर सम्मेलन में भाग लिया। पार्किंग की जगह ढूंढ़ने के बाद, मैं चैंप्स-एलिसीस से दौड़ता हुआ सभा स्थल पर पहुंचा और बैठक समाप्त होने में केवल पांच मिनट पहले मैं हांफता हुआ पहुंच गया। जैसे ही मैंने प्रवेश किया, मैंने एल्डर मैक्सवेल को यह कहते सुना, “अब मैं आपको प्रेरित आशीष दूंगा।” उस पल में, मेरे पास एक सुंदर, अविस्मरणीय आत्मिक अनुभव हुआ। मैं आत्मा से अभिभूत हो गया और आशीष के शब्द मेरे शरीर के रोम-रोम में प्रवेश करने लगे, मानो वे सिर्फ मेरे लिए कहे गए थे।
उस दिन मैंने जो अनुभव किया वह अपने बच्चों के लिए परमेश्वर की योजना के एक दिलासापूर्ण पहलू का एक छोटा परंतु प्रभावशाली प्रकटीकरण था: जब हमारे नियंत्रण से परे परिस्थितियां हमें हमारे हृदय की धार्मिक इच्छाओं को पूरा करने से रोकती हैं, तो प्रभु उसकी क्षतिपूर्ति उन तरीकों से करेगा जो हमें उसकी प्रतिज्ञा की गई आशीषों को प्राप्त करने की अनुमति देते हैं।
यह आश्वस्त करने वाली सच्चाई यीशु मसीह के पुन:स्थापित सुसमाचार में पाए गए तीन प्रमुख नियमों पर आधारित है:
-
वह हम में से प्रत्येक से प्रेम करता है। “वह [उन सब को] उसके पास आने और उसकी भलाई में भाग लेने का आमंत्रण देता है।” मुक्ति की उसकी योजना यह सुनिश्चित करती है कि हर किसी को, बिना किसी अपवाद के, एक दिन उद्धार और उत्कर्ष की आशीषें प्राप्त करने का उचित अवसर दिया जाएगा।
-
क्योंकि परमेश्वर न्यायी और दयालु दोनों है और उसकी योजना परिपूर्ण है, इसलिए वह हमें उन बातों के लिए जवाबदेह नहीं ठहराएगा जो हमारे नियंत्रण से परे हैं। एल्डर नील ए मैक्सवेल ने समझाया कि “परमेश्वर … न केवल हमारी इच्छाओं और हमारे प्रदर्शन को दयालुता में रखता है, बल्कि कठिनाई की तीव्रता को भी ध्यान में रखता है जो हमारी विभिन्न परिस्थितियों का हम पर प्रभाव डालती हैं।”
-
यीशु मसीह और उसके प्रायश्चित के माध्यम से, हम जीवन की सभी चुनौतियों का सामना करने और अंततः उन पर विजय पाने की शक्ति पा सकते हैं। जैसा अलमा ने सिखाया, उद्धारकर्ता ने न केवल पश्चाताप करने वाले के पापों को, बल्कि “अपने लोगों की पीड़ा और बीमारी” और “उनकी दुर्बलताओं” को भी अपने ऊपर ले लिया था। इस प्रकार, हमें हमारी गलतियों से मुक्ति दिलाने के अलावा, प्रभु की दया और अनुग्रह हमारे नश्वर अनुभव द्वारा लगाए गए अन्याय, कमियों और सीमाओं के द्वारा हमें बनाए रखते हैं।
ये क्षतिपूरक आशीषें प्राप्त करना कुछ शर्तों के साथ आता है। प्रभु हमें “वह सब कुछ करने के लिए कहता है जो हम कर सकते हैं” और “[हमारी] पूरी आत्मा को उसे भेंट चढ़ा ने” को कहता हैं। इसके लिए एक गहरी इच्छा, एक निष्ठा और विश्वसनीय हृदय, और उसकी आज्ञाओं का पालन करने और अपनी इच्छा को उसके साथ संरेखित करने के लिए हमारे अत्यंत परिश्रम की आवश्यकता होती है।
जब हमारे नियंत्रण से परे परिस्थितियों के कारण हमारे सच्चे प्रयास हमारी आकांक्षाओं से कम हो जाते हैं, तब भी प्रभु हमारे हृदयों की इच्छाओं को एक योग्य भेंट के रूप में स्वीकार कर सकता है। अध्यक्ष डालिन एच. ओक्स ने सिखाया, “हम अपने हृदयों की धार्मिक इच्छाओं के लिए आशीषित होंगे, भले ही कुछ बाहरी परिस्थितियों ने हमारे लिए उन इच्छाओं को कार्य में लाना असंभव बना दिया हो।”
जब भविष्यवक्ता जोसफ स्मिथ अपने भाई एल्विन के बारे में चिंतित थे, जो आवश्यक सुसमाचार विधियों को प्राप्त किए बिना मर गया था, तो उन्हें यह दिलासापूर्ण प्रकटीकरण मिला था: “यदि कोई अब से [सुसमाचार के] ज्ञान के बिना मर जाएगा, जो इसे अपने पूरे मन से प्राप्त कर सकता था, वह [परमेश्वर के सिलेस्टियल राज्य] का वारिस होगा।” फिर प्रभु ने कहा, “क्योंकि मैं, प्रभु, सब मनुष्यों का न्याय उनके कार्यों के अनुसार, उनके हृदयों की इच्छा के अनुसार करूंगा।”
प्रभु के लिए न केवल यह महत्वपूर्ण है कि हम सक्षम हैं या नहीं, बल्कि यह है कि क्या हम अपने उद्धारकर्ता के रूप में उसका अनुसरण करने के लिए वह सब करने को तैयार हैं जो हम कर सकते हैं।
एक बार एक मित्र ने एक युवा प्रचारक को दिलासा दी, जो स्वास्थ्य कारणों से अपनी जल्दी घर लौटने पर दुखी था, बावजूद इसके कि उसकी प्रार्थनाओं और सेवा करने की गहरी इच्छा थी। उन्होंने एक पवित्रशास्त्र साझा किया जहां प्रभु ने घोषणा की थी कि जब उसके बच्चे “अपनी पूरी शक्ति के साथ जाते हैं” और उसकी आज्ञाओं का पालन करने के लिए “अपना परिश्रम करना बंद नहीं करते”, “और उनके शत्रु [जिसमें हमारे जीवन की प्रतिकूल परिस्थितियां भी शामिल हो सकती हैं] उन पर आक्रमण करते हैं और उस कार्य को करने में बाधा डालते हैं, देखो, मेरी इच्छा है उस कार्य की उन [लोगों] के हाथों से करने की अपेक्षा नहीं करूं, लेकिन उनकी भेंटों को स्वीकार करूं।”
मेरे मित्र ने उस युवक को गवाही दी कि परमेश्वर जानता था कि उसने सेवा करने की बुलाहट का जवाब देने में अपना सर्वश्रेष्ठ दिया था। उसने उसे आश्वासन दिया कि प्रभु ने उसकी भेंट स्वीकार कर ली है और सभी विश्वासी प्रचारकों से दी गई आशीषों को नहीं रोका जाएगा।
प्रभु की क्षतिपूरक आशीषें अक्सर दूसरों की दया और सेवा के माध्यम से आती हैं जो हमें उस काम को पूरा करने में मदद करते हैं जो हम अपने दम पर नहीं कर सकते। मुझे एक समय याद है जब, फ्रांस में हमारी बेटियों में से एक से दूर रहते हुए, हम कठिन प्रसव के बाद उसकी सहायता करने में असहाय महसूस करते थे। उसी हफ्ते, यूटाह में हमारे वार्ड ने एक ऐसी मां के लिए मदद मांगी, जिसने अभी-अभी जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था। मेरी पत्नी वैलेरी ने स्वेच्छा से उसके लिए भोजन लाने की इच्छा प्रकट किया , तथा अपने हृदय में इस नई माँ और हमारी जरूरतमंद बेटी के लिए प्रार्थना की। इसके तुरंत बाद, हमें पता चला कि फ्रांस में हमारी बेटी के वार्ड की बहनों ने उसके परिवार के लिए भोजन प्रदान करने का इंतजाम किया था। हमारे लिए, परमेश्वर ने हमारी प्रार्थनाओं का उत्तर दिया था, जब हम नहीं कर सकते थे तो सहायता देने के लिए अपने स्वर्गदूतों को भेजा था।
सीमाओं और चुनौतियों का सामना करते समय, हम अपनी स्वयं की आशीषों को पहचानें—अपने उपहार, संसाधन और समय—और उनका उपयोग जरूरतमंद लोगों की सेवा करने के लिए करें। ऐसा करने से, हम न केवल दूसरों को आशीष देंगे, बल्कि अपने जीवन में चंगाई और क्षतिपूर्ति को भी आमंत्रित करेंगे।
परमेश्वर की क्षतिपूरक आशीषों में योगदान करने के सबसे शक्तिशाली तरीकों में से एक उस प्रतिनिधिकार्य के माध्यम से है जो हम प्रभु के घर में अपने पूर्वजों के लिए करते हैं। जब हम उनकी ओर से विधियों को संपन्न करते हैं, तो हम उन लोगों को आशीषें प्रदान करने के लिए अपने उपहारों और क्षमताओं का उपयोग करके प्रभु के उद्धार के महान कार्य में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं, जिनके पास अपने नश्वर जीवन के दौरान उन्हें प्राप्त करने का अवसर नहीं था।
पवित्र मंदिरों में हम जो प्रेमपूर्ण सेवा करते हैं वह हमें याद दिलाती है कि उद्धारकर्ता का अनुग्रह इस जीवन से आगे भी फैला हुआ है। आने वाले जीवन में, हमें उन कार्यों को पूरा करने के लिए नए अवसर दिए जा सकते हैं जो हम इस नश्वर जीवन में नहीं कर सकते हैं। बहनों से बात करते हुए, जिन्हें अभी तक कोई अनन्त साथी नहीं मिला था, अध्यक्ष लोरेंजो स्नो ने प्यार से कहा: “ऐसा कोई अंतिम-दिनों का संत नहीं है जो एक आस्थावान जीवन जीने के बाद मर जाता है और जो अवसर न दिए जाने पर कुछ चीजें करने में असफल होने के कारण कुछ भी खो देगा। … उनके पास वह सभी आशीषें, उत्कर्ष और महिमा होगी, जो किसी भी पुरुष या महिला के पास होगी जिसे यह अवसर मिला था।”
आशा और दिलासा का यह संदेश हम सभी के लिए है, परमेश्वर की संतान के लिए। हम में से कोई भी नश्वरता की चुनौतियों और सीमाओं से बच नहीं सकता है। आखिरकार, हम सभी खुद को बचाने के लिए एक स्वाभाविक अक्षमता के साथ पैदा हुए हैं। फिर भी हमारे पास एक प्यार करने वाला उद्धारकर्ता है,,और “हम जानते हैं कि हम जो कर सकते हैं, उन सब को करने के पश्चात भी हम [उसकी] कृपा से बचाए गए हैं।”
मैं गवाही देता हूं कि जीवन में कई परिस्थितियां हमारे नियंत्रण से बाहर हो सकती हैं, लेकिन हम में से कोई भी प्रभु की असीम आशीषों की पहुंच से बाहर नहीं है। उसके प्रायश्चित बलिदान के माध्यम से, उद्धारकर्ता हर अक्षमता और अन्याय की भरपाई करेगा यदि हम अपनी संपूर्ण आत्मा उसे अर्पित कर देते हैं। यीशु मसीह के नाम में, आमीन।