सब बातों को सुधारने का समय
(प्रेरितों के काम 3:21)
सबसे महत्वपूर्ण और गौरवशाली “शुभ समाचार” का यह संदेश है कि प्रभु यीशु मसीह ने अंतिम दिनों में अपने सुसमाचार और गिरजे को पुनर्स्थापित किया है।
अंतिम-दिनों के संतों का यीशु मसीह का गिरजा की स्थापना 195 साल पहले, आज ही के दिन, 6 अप्रैल 1830 में हुई थी।
इस महत्वपूर्ण और आनन्दमय अवसर पर विश्वासियों और मित्रों का एक छोटा समूह एकत्र हुआ था। पवित्र आत्मा की महान प्रभाव ने उपस्थित सभी लोगों को आशीषित किया था, जब प्रभु-भोज की विधि लागू की गई, पवित्र आत्मा का उपहार प्रदान किया गया, पौरोहित्य की नियुक्तियां की गई, और यीशु मसीह के सुसमाचार की सच्चाइयों का प्रचार किया गया।
अपने गिरजे को पुनः स्थापित करने के लिए प्रभु ने प्रकटीकरण के द्वारा 24 वर्षीय जोसफ स्मिथ को गिरजे का संसारिक मार्गदर्शक नियुक्त किया था: “एक दूरदर्शी, एक अनुवादक, एक भविष्यवक्ता, यीशु मसीह का एक प्रेरित, परमेश्वर पिता की इच्छा और तुम्हारे प्रभु यीशु मसीह के अनुग्रह के द्वारा गिरजे का एल्डर।”
मैं पवित्र आत्मा की सहायता के लिए दृढ़ता से प्रार्थना करता हूं जब हम विश्व के इतिहास में इस अद्वितीय घटना के महत्व और इसके निरंतर पड़ते प्रभाव पर विचार करते हैं।
प्रथम दिव्यदर्शन
अंतिम-दिनों के संतों का यीशु मसीह का गिरजे का औपचारिक संगठन चमत्कारी घटनाओं के एक क्रम में सबसे अंतिम कार्य था। इनमें से पहली घटना इससे 10 साल पहले शहर से दूर न्यूयॉर्क में हुई थी।
1820 की वसंत में, जोसफ स्मिथ नाम का एक युवा लड़का प्रार्थना करने के लिए अपने घर के पास उपवन में गया था। उस के मन में अपनी आत्मा के उद्धार के संबंध में प्रश्न था, और वह जानना चाहता था कि “सभी [गिरजों] में से कौन-सी सही था, ताकि वह जान सके कि उसे किस में शामिल होना हैं।” जोसफ को भरोसा था कि परमेश्वर उसकी प्रार्थना का जवाब देगा और उसका मार्गदर्शन करेगा।
कृपया ध्यान दीजिए कि जोसफ ने केवल यह जानने के लिए प्रार्थना नहीं की थी कि क्या सही था। इसके बजाय, उसने यह जानने के लिए प्रार्थना की थी कि क्या सही है ताकि वह सही कार्य को कर सके। जोसफ ने विश्वास में पूछा और जो उत्तर उसे मिले उसके अनुसार कार्य करने का दृढ़ निश्चय किया था।
“उसकी [सच्ची] प्रार्थना के [जवाब] में, पिता परमेश्वर और उसका पुत्र, यीशु मसीह, जोसफ को दिखाई दिए और ‘सब बातों का सुधार’ (प्रेरितों के काम 3:21) करना आरंभ किया जैसा बाइबिल में भविष्यवाणी की गई थी। इस दिव्यदर्शन में, उसने सीखा था कि आरंभिक प्रेरितों की मृत्यु के बाद, मसीह के नए नियम का गिरजा पृथ्वी से खो गया था।” जोसफ स्मिथ उद्धारकर्ता के प्राचीन गिरजे के सिद्धांत, अधिकार, और अनुबंधों और विधियों को एक बार फिर से पुनर्स्थापित करने में सहायक हुए थे।
जोसफ ने बताया था: “मैंने दो व्यक्तियों को देखा, जिनकी चमक और महिमा का वर्णन करना कठिन है, मेरे ऊपर हवा में खड़े थे। उन में से एक ने मुझे से मेरा नाम लेकर पुकारा और कहा, दुसरे की ओर इशारा करते हुए—यह मेरा प्रिय पुत्र है। इसकी सुनो!”
इस दिव्यदर्शन और उसके बाद के अलौकिक अनुभवों के माध्यम से, जोसफ स्मिथ को यह समझ में आया कि परमेश्वर और यीशु मसीह उसे व्यक्ति के रूप में जानते थे, उनके अनंत उद्धार की परवाह करते थे, और उसके लिए एक कार्य था जिसे पूरा करना था। उन्होंने परमेश्वरत्व के गुणों, चरित्र और परिपूर्णता के बारे में भी महत्वपूर्ण सबक सीखे—और यह भी कि पिता और पुत्र अलग और विशिष्ट व्यक्ति हैं। यीशु मसीह आत्मा और शरीर में परमेश्वर का वास्तविक पुत्र है।
जोसफ स्मिथ ने घोषणा की थी कि स्वर्गीय पिता और यीशु मसीह भौतिक प्राणी हैं। उन्होंने कहा, “पिता के पास मनुष्य के समान मांस और हड्डियों का शरीर है; पुत्र के पास भी है; लेकिन पवित्र आत्मा के पास मांस और हड्डियों का शरीर नहीं है, बल्कि वह आत्मा का व्यक्ति है।”
मैं गवाही देता हूं कि पिता और पुत्र का जोसफ स्मिथ से मिलना, “संसार के आरम्भ से सभी पवित्र भविष्यवक्ताओं के मुख से कही गई सभी बातों की पुनर्स्थापना” की भव्य शुरुआत थी।”
मॉरमन की पुस्तक
चमत्कारिक घटनाओं के अनुक्रम में दूसरा, जिसने उद्धारकर्ता के पुनर्स्थापित गिरजे के औपचारिक संगठन को जन्म दिया, वह था मॉरमन की पुस्तक का अनुवाद और प्रकाशन।
“जोसफ स्मिथ को एक प्राचीन अभिलेख: मॉरमन की पुस्तक—यीशु मसीह का एक अन्य नियम का अनुवाद करने के लिए परमेश्वर का उपहार और शक्ति दी गई थी। … इस पवित्र पुस्तक के पृष्ठों में उसके पुनरुत्थान के तुरंत बाद पश्चिमी गोलार्द्ध में लोगों के मध्य यीशु मसीह की व्यक्तिगत सेवकाई का वर्णन भी शामिल है। [मॉरमन की पुस्तक] जीवन के उद्देश्य को सिखाती और मसीह के सिद्धांत को समझाती है, जो उस उद्देश्य के लिए सबसे महत्वपूर्ण है। बाइबिल के एक सह-पवित्रशास्त्र के रूप में, मॉरमन की पुस्तक गवाही देती है कि सभी मनुष्य स्वर्ग में प्रिय पिता के बेटे और बेटियां हैं, कि उसके पास हमारे जीवन के लिए एक दिव्य योजना है, और उसका पुत्र, यीशु मसीह, आज भी उसी प्रकार बात करता है जैसा अतीत में करता था।”
उद्धारकर्ता के पुनर्स्थापित गिरजे के सदस्यों के रूप में, “हम विश्वास करते हैं कि बाइबिल परमेश्वर का वचन है जहां तक इसका अनुवाद सही हुआ है, हम यह भी विश्वास करते हैं कि मॉरमन की पुस्तक परमेश्वर का वचन है।” मॉरमन की पुस्तक यीशु मसीह का अन्य नियम, बाइबिल की सच्चाई की पुष्टि करती है, और बाइबिल से खोई हुई स्पष्ट और बहुमूल्य सच्चाइयों को पुनर्स्थापित करती है।
पौरोहित्य पुनर्स्थापित हुआ
अंतिम-दिनों के संतों का यीशु मसीह का गिरजा सिखाता है कि उद्धारकर्ता द्वारा स्थापित मूल गिरजा, अपने दिव्य अधिकार, सिद्धांत, अनुबंधों और विधियों के साथ, पृथ्वी से विलुप्त हो गया था। अंतिम दिनों में सभी बातों की भविष्यवाणी की गई पुनर्स्थापना के भाग के रूप में, प्राचीन भविष्यवक्ताओं और प्रेरितों ने व्यक्तिगत रूप से जोसफ स्मिथ को पौरोहित्य अधिकार प्रदान किया और पौरोहित्य कुंजियां उन्हें सौंपी थी। यह चमत्कारी घटनाओं की श्रृंखला में तीसरा था जो उद्धारकर्ता के पुनर्स्थापित गिरजे के औपचारिक संगठन की ओर ले गया था।
पौरोहित्य अधिकार परमेश्वर के सेवकों को “[उसका] प्रतिनिधित्व करने और उसके नाम पर कार्य करने” की अनुमति देता है।” पौरोहित्य कुंजियां परमेश्वर की संतानों की ओर से पौरोहित्य के उपयोग को निर्देशित करने का अधिकार हैं।”
पिता और पुत्र के निर्देशन में, पुनर्जीवित यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले ने, 1829 में, पापों की क्षमा के लिए डुबकी द्वारा बपतिस्मा देने का अधिकार पुनः स्थापित किया था। उसी वर्ष, आरंभिक बारह प्रेरितों में से तीन—पतरस, याकूब और यूहन्ना ने प्रेरित-पद और अतिरिक्त पौरोहित्य अधिकार और कुंजियों को पुन:स्थापित किया था।
गिरजे के औपचारिक संगठन के छह साल बाद, कर्टलैंड मंदिर में, मूसा, एलियास और एलिय्याह ने जोसफ को अंतिम दिनों में परमेश्वर के कार्य को पूरा करने के लिए आवश्यक अतिरिक्त अधिकार सौंपा था।
मूसा ने इस्राएल को एकत्रित करने की कुंजियां सौंपी थी।
इलियास ने इब्राहीम के सुसमाचार के प्रबंध का कार्य सौंपा, जिसमें इब्राहीमिक अनुबंध की पुनर्स्थापना भी शामिल थी।
एलिय्याह ने मुहरबंदी शक्ति की कुंजियां सौंपी, जिससे वह अधिकार प्रदान हुआ जो पृथ्वी पर किए जाने वाली विधियों को अनंत काल में बांधने वाला बनाता है, जैसे कि परिवारों को मृत्यु के बाद अनंत संबंधों में एक साथ जोड़ना।
यीशु मसीह का गिरजा संगठित किया गया
जब जोसफ स्मिथ ने मॉरमन की पुस्तक का अनुवाद किया, तो उन्हें प्रकटीकरण प्राप्त हुआ, जो दर्शाता था कि यीशु मसीह का गिरजा पुनः स्थापित किया जाएगा। परन्तु प्रभु ने जोसफ को निर्देश दिया कि वह तुरन्त उसके गिरजे का संगठन न करें। इसके बजाय, “भविष्यवाणी और प्रककटीकरण की आत्मा के द्वारा” प्रभु ने जोसफ को “निश्चित दिन … बताया जब [उन्हें] पृथ्वी पर एक बार [फिर से] उसके गिरजे को संगठित करना शुरू करना चाहिए।”
पौरोहित्य की पुनर्स्थापना और मॉरमन की पुस्तक के प्रकाशन के बाद ही गिरजे को उचित क्रम में संगठित किया गया था। मॉरमन की पुस्तक की पहली प्रतियां 26 मार्च 1830 को, उपलब्ध हुई और गिरजा औपचारिक रूप से 6 अप्रैल को संगठित किया गया था।
“अंतिम-दिनों के संतों का यीशु मसीह का गिरजा मसीह का नये नियम का पुनर्स्थापित गिरजा है। यह गिरजा इसके कोने के पत्थर, यीशु मसीह के परिपूर्ण जीवन, और उसके अनंत प्रायश्चित और शाब्दिक पुनरुत्थान में स्थापित किया गया है। यीशु मसीह ने एक बार फिर प्रेरितों को नियुक्त किया है और उन्हें पौरोहित्य अधिकार दिया है। वह हम सभी को उसके निकट और उसके गिरजे में आने, पवित्र आत्मा, उद्धार की विधियों को ग्रहण करने, और अनंत आनंद प्राप्त करने का आमंत्रण देता है।”
समय की परिपूर्णता का प्रबंध
जोसफ स्मिथ को पिता और पुत्र का दिखाई देना, मॉरमन की पुस्तक का अनुवाद और प्रकाशन, तथा पौरोहित्य अधिकार और कुंजियों की पुनर्स्थापना, आज से 195 वर्ष पूर्व प्रभु के पुनर्स्थापित गिरजे के संगठन के लिए आवश्यक शर्तें थीं।
पुराने नियम में, भविष्यवक्ता दानिय्येल ने एक सपने की व्याख्या की थी, जिसमें एक पत्थर के बारे में बताया गया था, जो बिना किसी के हाथों के खोदे पहाड़ से उखड़कर पूरी पृथ्वी को भर देगा। गिरजे के संगठन के एक वर्ष बाद, प्रभु ने जोसफ स्मिथ को निर्देश दिया कि परमेश्वर के राज्य की कुंजियां फिर से “पृथ्वी पर मनुष्य को सौंपी गई हैं” और “[यीशु मसीह का] सुसमाचार पृथ्वी के अंतिम छोर तक फैल जाएगा, जब पत्थर बिना हाथों के खोदे पहाड़ से उखड़कर बढ़ता रहेगा।”
मैं गवाही देता हूं: प्रभु अपनी प्रतिज्ञा पूरी कर रहा है। उद्धारकर्ता का पुनर्स्थापित गिरजा पूरे विश्व में स्थापित किया जा रहा है और यह वह साधन है जिसके द्वारा परमेश्वर “जो कुछ स्वर्ग में है और जो कुछ पृथ्वी पर है, सब कुछ वह मसीह में एकत्र करेगा।”
प्रभु का अंतिम-दिनों का कार्य “एक ऐसा अभियान है जिसमें हर युग में परमेश्वर के लोगों ने रुचि दिखाई है; यह एक ऐसा विषय है जिस पर भविष्यवक्ताओं, याजकों और राजाओं ने विशेष प्रसन्नता से विचार किया है; जिस समय में हम जीते हैं, इस समय की वे आनंद से प्रतिक्षा करते थे; और स्वर्गीय और आनंदपूर्ण प्रतिक्षाओं के साथ उन्होंने हमारे इस समय को गाया और लिखा और इसके बारे में भविष्यवाणी की थी।”
सभी सुसमाचार प्रबंधों में से इस महानतम और अंतिम प्रबंध में, “वह संपूर्ण और पूर्ण और परिपूर्ण मिलन, और प्रबंधों, और कुंजियों, और शक्तियों, और महिमाओं का एकसाथ जुड़ना होगा, और प्रकट की जाएंगी आदम के समय से वर्तमान समय तक। और केवल यही नहीं, लेकिन वे बातें भी जिन्हें संसार की नींव से पहले कभी प्रकट नहीं किया गया है, … प्रकट की जाएंगी इस, समयों की परिपूर्णता के प्रबंध में।”
भविष्यवक्ता जोसफ ने आगे बताया था, “सभी विधियों और कर्तव्य जो कभी भी किसी भी व्यवस्था में सर्वशक्तिमान के निर्देशों और आज्ञाओं के अधीन पौरोहित्य द्वारा आवश्यक थे, वे सभी अंतिम प्रबंध में होंगे … सभी पवित्र भविष्यवक्ताओं के मुख से कही गई पुनर्स्थापना को पूरा करना है।”
प्रतिज्ञाएं और गवाही
मैंने सबसे महत्वपूर्ण और गौरवशाली “शुभ समाचार” के मूल तत्वों को संक्षेप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया है जिसे दुनिया में कहीं भी कोई भी व्यक्ति प्राप्त कर सकता है—यह संदेश कि प्रभु यीशु मसीह ने अंतिम दिनों में अपने सुसमाचार और गिरजे को पुनर्स्थापित किया है।
मैं सभी को इस संदेश को जानने और सिद्ध करने के लिए आमंत्रित करता हूं। मैं उन लोगों से प्रतिज्ञा करता हूं “जो प्रार्थनापूर्वक पुनःस्थापना के संदेश का अध्ययन और विश्वास में कार्य करते हैं [पवित्र आत्मा की शक्ति के द्वारा] इसकी दिव्यता की अपनी गवाही प्राप्त करने और हमारे प्रभु और उद्धारकर्ता, यीशु मसीह के प्रतिज्ञा किए गए द्वितीय आगमन के लिए संसार को तैयार करने के इसके उद्देश्य से आशीषित किए जाएंगे।” जब आप युवा जोसफ स्मिथ के समान परमेश्वर से उत्तर पाने और उसके अनुसार कार्य करने की आशा के साथ ईमानदारी से प्रार्थना करेंगे, तो उस दिव्य गवाही को पहचानने और उसके अनुसार कार्य करने की आपकी क्षमता बढ़ जाएगी।
मैं गवाही देता हूं कि परमेश्वर, अनंत पिता, हमारा पिता है। मैं प्रमाणित करता और गवाही देता हूं कि यीशु मसीह पिता का प्रिय पुत्र और शरीर में उसका एकलौता पुत्र है। वह हमारा उद्धारकर्ता और मुक्तिदाता है।
और मैं आनंदपूर्वक गवाही देता हूं कि पिता और पुत्र बालक जोसफ स्मिथ को दिखाई दिए थे, इस प्रकार अंतिम-दिनों में यीशु मसीह के सुसमाचार की पुन:स्थापना हुई थी। मॉरमन की पुस्तक यीशु मसीह का एक अन्य नियम है और इसमें परमेश्वर का वचन है। उद्धारकर्ता का प्रतिनिधित्व और उसके नाम पर कार्य करने के लिए पौरोहित्य अधिकार पृथ्वी पर फिर से पाया जाता है। और अंतिम-दिनों के संतों का यीशु मसीह का गिरजा मसीह का नये नियम का पुनर्स्थापित गिरजा है। मैं अपनी दृढ़ गवाही देता हूं कि ये सभी बातें सच हैं, प्रभु यीशु मसीह के पवित्र नाम में, आमीन।