अनंत काल के महान उपहार: यीशु मसीह का प्रायश्चित, पुनरुत्थान, पुनर्स्थापना
हम ईस्टर में यीशु मसीह में शांति, बनना और अपनापन पाते हैं—जो स्थायी रूप से वास्तविक और आनंदमय, खुश और हमेशा के लिए है।
कई साल पहले, हम अपनी सुबह-सुबह की कक्षा में बाइबल के पद याद किया करते थे। स्वाभाविक रूप से मैं छोटे पदों की ओर आकर्षित हुआ था। इसमें यूहन्ना 11:35 शामिल है—जो पवित्रशास्त्र का सबसे छोटा पद है, जिसमें बहुत कम शब्द हैं—“यीशु के आंसू बहने लगे।”
मेरे लिए अब, यह कि यीशु दुख और आनंद में आंसू बहाता है चमत्कारी सच्चाई की गवाही देता है: परमेश्वर का दिव्य पुत्र शारीरिक रूप से नश्वरता में आया और शरीर में रहते हुए सीखा कि कैसे हमेशा हमारे साथ रहना और हमें आशीष देनी है।
जब हम दुख या खुशी में आंसू बहाते हैं, तो यीशु मसीह परिपूर्ण रूप से जानता है। वह उन क्षणों में उपस्थित हो सकता है जब हमें अनंत काल के महान उपहारों यीशु मसीह का प्रायश्चित, पुनरुत्थान, पुनर्स्थापना की सबसे अधिक आवश्यकता होती है।
मरियम और मारथा अपने भाई लाजर, जो कि मर चुका था, के लिए आंसू बहाती हैं। करुणा से प्रभावित होकर, यीशु आंसू बहता है। वह लाजर को जीवित करता है।
यीशु फसह के पर्व्ब की पूर्व संध्या पर यरूशलेम को देखता है। वह आंसू बहता है, जब वह अपने लोगों को वैसा एकत्र नहीं कर पाता है, जैसे मुर्गी अपने चूजों को एकत्र करती है। आज उसका प्रायश्चित हमें आशा देता है, जब हम इस बात पर दुखी होते हैं कि क्या हो सकता था।
बगीचे का स्वामी आंसू बहाता है जब वह अपने सेवकों से पूछता है, जिसमें सेवकाई भाइयों और बहनों के रूप में हम भी शामिल हैं: “मैं अपने बगीचे के लिए इससे अधिक क्या कर सकता था?”
मरियम कब्र के पास रोती हुई खड़ी होती है। यीशु प्यार से पूछता है, “तू क्यों रोती है?” वह जानता है “कदाचित् रात को रोना पड़े, परन्तु सवेरे आनंद पहुंचेगा।” पुनरुत्थान सभी के लिए सवेरा लाता है।
मॉरमन की पुस्तक के प्रदेश में, जब विश्वासी भीड़ उसके पास आती है, तो यीशु का आनंद पूर्ण होता है। वह आंसू बहाता है।
“और उसने उनके छोटे बच्चों को एक-एक कर आशीष दी, और उनके लिए पिता से प्रार्थना की।
“और जब उसने ऐसा कर लिया तो वह फिर से रोया।”
यह यीशु मसीह में ईस्टर है: वह हमारे हृदय की अभिलाषाओं और हमारी आत्माओं के प्रश्नों का उत्तर देता है। वह हमारे आंसू पोंछ देता है, सिवाय हमारे खुशी के आंसूओं के।
जब हमारे आंसू बहते हैं, तो हम कभी-कभी शर्मिंदा होकर क्षमा मांगते हैं। लेकिन यह जानना कि यीशु मसीह जीवन के दुखों और खुशियों को समझता है हमें हमारी अपनी शक्ति से अधिकशक्ति दे सकता है जब हम कड़वे और मीठे अनुभवों से गुजरते हैं।
दक्षिण अमेरिका में एक पिता रोता है। उसके जीवन का उज्जियाला, उसकी छोटी बेटी, मर गई है। वह मेरी बाहों में रोते हुए कहता है, “मैं उसे दोबारा देखने के लिए कुछ भी कर सकता हूं।” मैं भी रोया।
पुएब्ला मेक्सिको मंदिर के समर्पण के समय, एक प्रिय बहन के चेहरे पर खुशी के आंसू छलक आए थे। उसके चेहरे पर विश्वास और त्याग झलकता है। वह कहती है, “टोडोस मिस हिजोस एस्टन एक्वी एन एल टेम्पलो होय”—“मेरे सभी बच्चे आज यहां मंदिर में हैं।” प्रभु के घर में एकत्रित पीढ़ियां खुशी और कृतज्ञता के आंसू लेकर आती हैं।
भयानक गृहयुद्ध में, परिवारों और पड़ोसियों ने एक दूसरे के साथ अकल्पनीय क्रूर कार्य किए थे। कड़वे आंसुओं की जगह धीरे-धीरे मेल-मिलाप की आशा आ रही है। एक छोटे से गांव की महिला कांपती हुई कहती है, “पड़ोसी, इससे पहले कि मैं अपनी कब्र में जाऊं, मैं चाहती हूं कि आपको पता हो कि आपके लापता परिवार के सदस्य कहां मिलेंगे।”
एक खुश दुल्हन और सुन्दर दूल्हे की प्रभु के घर में मुहरबंदी की जा रही है। वह 70 वर्ष की है, और दुल्हा भी। खूबसूरत दुल्हन, जिसने इस दिन की समुचित प्रतिक्षा की है। वह शर्माते हुए अपनी दुल्हन की पोशाक को पहन कर लहराती हुई चलती है। हम खुशी के आंसू बहाते हैं। परमेश्वर की प्रतिक्षाएं पूरी हुई हैं। उसके अनुबंध आशीषें लाते हैं।
एक विधवा बहन को घर पर सिखाते समय, युवा बॉयड के. पैकर ने एक करूणामय सबक सीखा था। अपने पति के साथ मतभेद होने के बाद, बहन ने उसे अंतिम शब्द आहत करने वाले बोले थे। उस दिन एक अप्रत्याशित दुर्घटना में उसके पति की मृत्यु हो गई। “पचास साल से,” विधवा ने रोते हुए कहा, “मैं यह जानते हुए नरक में जियी हूं कि मेरे होठों से जो आखिरी शब्द उसने सुने थे, वे वही कटु, द्वेषपूर्ण टिप्पणी थी।”
यीशु मसीह में ईस्टर हमें परदे के दोनों ओर अपने रिश्तों को सुधारने, मेल-मिलाप करने और सही करने में मदद करता है। यीशु दुख को दूर कर सकता है; वह क्षमा को सक्षम कर सकता है। वह हमें और दूसरों को उन बातों से मुक्त कर सकता है जो हमने या उन्होंने बोली हैं या की हैं और जो हमें बंधन में बांधती हैं।
यीशु मसीह में ईस्टर हमें परमेश्वर की स्वीकृति का अनुभव कराता है। यह संसार हमें बताता है कि हम बहुत लंबे हैं, बहुत छोटे हैं, बहुत चौड़े हैं, बहुत संकीर्ण हैं—सुंदर या पर्याप्त आत्मिक नहीं हैं। यीशु मसीह में आत्मिक परिवर्तन के द्वारा, हम दुर्बलता पैदा करने वाली परिपूर्णता की भावना से बच सकते हैं।
ईस्टर के आनंद के साथ हम गाते हैं, “मृत्यु पर विजय प्राप्त हुई है; मनुष्य स्वतंत्र है। मसीह ने विजय प्राप्त की है।” मसीह का पुनरुत्थान हमें मृत्यु से, समय की कमजोरियों और शारीरिक अपूर्णताओं से मुक्त करता है। यीशु मसीह का प्रायश्चित हमें आत्मिक रूप से भी पुनर्स्थापित करता है। उसके हर रोम से रक्त बहा था, मानो खून के आंसू टपक रहे हों, ताकि हमें पाप और अलग होने से मुक्ति दिला सके। वह हमें पूर्ण और पवित्र रूप से एक दूसरे के साथ और परमेश्वर के साथ पुनः जोड़ता है। सभी अच्छी बातों में, यीशु मसीह बहुतायत से पुनर्स्थापित करता है—न केवल जो था लेकिन जो हो सकता है उसे भी।
यीशु का जीवन और प्रकाश परमेश्वर के अपने सभी बच्चों के प्रति प्रेम की गवाही देता है। क्योंकि हमारा पिता परमेश्वर हर युग और हर देश में अपने सभी बच्चों से प्रेम करता है, इसलिए हम अनेक परम्पराओं और संस्कृतियों में रहते हुए उसके पास आकर शांति और आनंद पाने का प्रेमपूर्ण आमंत्रण पाते हैं। हम जहां भी, कभी भी, जो भी हों, एक ही सृष्टिकर्ता की संतान के रूप में हम अपनी दिव्य पहचान साझा करते हैं। इसी प्रकार, इस्लाम, यहूदी और ईसाई धर्म के अनुयायी पिता इब्राहीम में धार्मिक विरासत और प्राचीन मिस्र की घटनाओं के द्वारा अनुबंध संबंध साझा करते हैं।
पिता इब्राहीम मिस्र आए और उन्हें आशीष मिली थी।
यूसुफ, जिसे मिस्र में गुलामी में बेच दिया गया था, जानता था कि फिरौन का सपना सात वर्षों तक प्रचुरता के बाद सात वर्षों तक अकाल की भविष्यवाणी करता है। यूसुफ ने अपने परिवार और अपने लोगों को बचाया था। यूसुफ ने जब परमेश्वर की विशाल योजना देखी, तो वह रो पड़ा था, इस योजना में, सब बातें मिलकर उनके लिए भलाई ही उत्पन्न करती हैं जो लोग अपने अनुबंध निभाते हैं।
मूसा, जो मिस्र में फिरौन के घराने में पला-बड़ा था, को परमेश्वर की संतानों को इकट्ठा करने की कुंजियां प्राप्त हुईं और बाद में उसने उन्हें पुनः स्थापित किया था।
भविष्यवाणी को पूरा करते हुए, यूसुफ, मरियम और नवजात शिशु मसीह ने मिस्र में शरण ली थी। काहिरा में एक निष्ठापूर्ण मुसलमान श्रद्धापूर्वक कहता है: “कुरान सिखाता है कि यूसुफ, मरियम और शिशु यीशु को मेरे देश में सुरक्षा और आश्रय मिला था। मेरे देश में, यीशु ने एक बालक के रूप में हमारा भोजन खाया, अपने पहले कदमों को रखा, अपने पहले शब्द बोले थे। मेरे देश में, हम मानते हैं कि वृक्ष उन्हें और उनके परिवार को फल देने के लिए झुके थे। उनके मेरे देश में आने से हमारे लोगों और देश को आशीष मिली थी।”
नैतिक और नश्वर स्वतंत्रता के संबंध में परमेश्वर की योजना हमें अपने अनुभव से सीखने की अनुमति देती है। हमारे जीवन के कुछ महानतम सबक उन बातों से आते हैं जिन्हें हम कभी चुना नहीं होता है। प्रेम में, यीशु मसीह नीचे उतरा और सभी बातों से ऊपर चढ़ गया। वह हमारी रचनात्मकता और प्रसन्नता की दिव्य क्षमताओं, पुरस्कार की आशा रहित दया, पश्चाताप और क्षमा के प्रति विश्वास से आनंदित होता है। और वह हमारे मानवीय दुख, क्रूरता, अन्याय की व्यापकता पर दुखी होकर आंसू बहता है—जो अक्सर मानवीय चुनावों के कारण होता है—जैसा कि स्वर्ग और स्वर्ग का परमेश्वर भी उनके साथ आंसू बहाता है।
प्रत्येक ईस्टर की वसंत ऋतु इस बात की गवाही देती है कि आत्मिक घटनाओं की श्रंखला और मिश्रण दोनों ही यीशु मसीह के माध्यम से प्रायश्चित, पुनरुत्थान और पुनर्स्थापना के दिव्य स्वरूप का हिस्सा हैं। यह पवित्र और प्रतीकात्मक मिश्रण संयोग या दुर्घटनावश नहीं हुआ है। खजूर का रविवार, पवित्र सप्ताह और ईस्टर मसीह के प्रायश्चित और पुनरुत्थान का जश्न मनाते हैं। आज की तरह, प्रत्येक 6 अप्रैल को हम अंतिम-दिनों के संतों के यीशु मसीह के गिरजे की स्थापना और संगठन को स्मरण करते हैं। यह पुनर्स्थापना ही वह कारण है जिसके कारण हम प्रत्येक अप्रैल के पहले रविवार को महा सम्मेलन में एकत्रित होते हैं।
पुनर्स्थापना तब भी हुई थी जब पुनर्जीवित यीशु मसीह, मूसा, एलियास और एलिजा ने ईस्टर रविवार 3 अप्रैल 1836 को नव समर्पित कर्टलैंड मंदिर में पौरोहित्य की कुंजियां और अधिकार फिर से सौंपे थे। उस दिन उस परिस्थिति में यीशु मसीह के पुनर्स्थापित गिरजे में परमेश्वर का अधिकार और आशीषें प्राप्त हुई थी ताकि वह अपने बच्चों को एकत्रित कर सके, अपने बच्चों को उनके पास लौटने के लिए तैयार कर सके और परिवारों को अनंत काल के लिए एकजुट कर सके। उस दिन ने पुनर्स्थापना ने ईस्टर और फसह के पर्व्ब दोनों की भविष्यवाणी को पूरा किया था।
हाल ही में ओहायो में कर्टलैंड मंदिर सहित, मैंने कई पवित्र स्थानों का दौरा किया, जहां भविष्यवक्ता जोसफ और अन्य लोगों ने दिव्यदर्शन में हमारे पिता परमेश्वर और उसके पुत्र, यीशु मसीह को देखा था। भविष्यवक्ता जोसफ ने देखा कि स्वर्ग कैसा होता है। स्वर्ग में, स्वर्गीय पिता, यीशु मसीह के द्वारा, “अपने हाथों के सभी कार्यों को बचाता है” महिमा के राज्य में। एकमात्र अपवाद वे लोग हैं जो जानबूझकर “पिता द्वारा पुत्र को प्रकट करने के बाद भी उसका इंकार करते हैं।”
जब उसकी नश्वर सेवकाई शुरू हुई, तो यीशु ने अपने मिशन घोषणा की थी कि वह हम में से प्रत्येक को उस आशीष को देगा जो हम प्राप्त करना चाहते हैं—हर समय, हर देश, हर परिस्थिति में। 40 दिन तक उपवास करने के बाद, यीशु आराधनालय में गया और पढ़ा, “प्रभु की आत्मा मुझ पर है, इसलिए कि उस ने कंगालों को सुसमाचार सुनाने के लिये मेरा अभिषेक किया है, और मुझे इसलिए भेजा है, कि टूटे हुए हृदय को चंगा करूं, बन्धुओं को छुटकारे का और अन्धों को दृष्टि पाने का सुसमाचार प्रचार करूं और कुचले हुओं को छुड़ाऊं।”
गरीब, टूटे हुए हृदय, बंदी, अंधे, घायल—हम में से हर कोई ऐसा ही है।
यशायाह की पुस्तक आशा, मुक्ति, आश्वासन के मसीह की प्रतीज्ञा को इस प्रकार कहती है: “सिय्योन के विलाप करने वालों के सिर पर की राख दूर कर के सुन्दर पगड़ी बान्ध दूं, कि उनका विलाप दूर कर के हर्ष का तेल लगाऊं और उनकी उदासी हटाकर यश का ओढ़ना ओढ़ाऊं।”
इस प्रकार, हम पुकारते हैं, “मैं यहोवा के कारण अति आनन्दित होऊंगा, मेरा प्राण परमेश्वर के कारण मगन रहेगा; क्योंकि उसने मुझे उद्धार के वस्त्र पहिनाए, और धर्म की चद्दर ऐसे ओढ़ा दी है।”
प्रत्येक ईस्टर के अवसर पर हम, एक प्रतीकात्मक समग्रता के रूप में, यीशु मसीह के द्वारा अनंत काल के महान उपहारों का जश्न मनाते हैं: उसका प्रायश्चित, उसका (और हमारे) शाब्दिक पुनरुत्थान की प्रतिज्ञा, पौरोहित्य कुंजियों के साथ उसके अंतिम दिनों के गिरजे की पुनर्स्थापना और परमेश्वर की सभी संतानों को आशीष देने का अधिकार। हम उद्धार के वस्त्र और धार्मिकता की चद्दर ओढ़कर आनन्दित होते हैं। हम चिल्लाते हैं, “परमेश्वर और मेमने की होशाना!”
“क्योंकि परमेश्वर ने जगत से ऐसा प्रेम रखा, कि उसने अपना एकलौता पुत्र दे दिया, ताकि जो कोई उस पर विश्वास करे वह नाश नहीं होगा,बल्कि अनंत जीवन पाएगा।”
हम में से प्रत्येक को यीशु मसीह में प्रायश्चित, पुनरुत्थान और पुनर्स्थापना—शांति, बनना और अपनापन मिले—जो स्थायी रूप से वास्तविक और आनंदपूर्ण, खुश और हमेशा के लिए कायम रहता है, मैं यह प्रार्थना यीशु मसीह के पवित्र नाम में करता हूं, आमीन।