“मेरे पास लौट आओ … ताकि मैं तुम्हें चंगा कर सकूं”
जो लोग लौटकर आते हैं उनके लिए स्वर्ग में आनन्द मनाया जाता है। आपके लौटने में अभी बहुत देर नहीं हुई है।
हम एक बार भव्य वृक्षों से घिरे घर में रहते थे। प्रवेश द्वार के बगल में एक सुंदर विलो वृक्ष था। एक दुखद रात में एक जोरदार तूफान आया और विलो वृक्ष नीचे गिर गया। यह जमीन पर गिरा हुआ था, इसकी जड़ें उखड़ी हुई थी और यह दृश्य बहुत दयनीय था।
मैं चेन वाली आरी से इसकी लकड़ी को जलाने के लिए काटने ही वाला था कि हमारा पड़ोसी दौड़ता हुआ आया और मुझे रोक लिया। उन्होंने मुझे वृक्ष के ऊपर उम्मीद छोड़ ने के लिए डांटा, और उन्होंने जोर देकर हमसे इससे छुटकारा न पाने का आग्रह किया। फिर उन्होंने जमीन में अभी भी मौजूद एक जड़ की ओर इशारा किया और कहा कि अगर हम पेड़ को आगे बढ़ाते हैं, उसकी शाखाओं को काटते हैं और उसे पोषित करते हैं, तो जड़ें एक बार फिर पकड़ लेंगी।
मुझे संदेह और शक था कि कैसे कोई वृक्ष, जो पूरी तरह से गिर चुका था और कठिनाई में था, को बचाया जा सकता है और यह वापस दुबारा जीवन पा सकता है। मैंने तर्क दिया कि भले ही यह फिर से बढ़ना शुरू हो जाए, यह निश्चित रूप से अगले तूफान से बच नहीं पाएगा। लेकिन यह जानते हुए कि हमारे पड़ोसी का मानना है कि वृक्ष का अभी भी भविष्य है, हमने योजना के साथ सहमति दे दी।
और परिणाम? कुछ समय बाद, जब वृक्ष जड़ पकड़ने लगा, तो हमने जीवन के संकेत देखे। अब,12 साल बाद, वृक्ष जीवित है और मजबूत जड़ों के साथ जीवन से भरा हुआ है और एक बार फिर आंगन की सुंदरता में योगदान दे रहा है।
जब मैं संसार भर में संतों से मिलता हूं, तो मुझे इस विलो वृक्ष की याद आती है और कि कैसे सब कुछ खो जाने पर भी हमेशा आशा बनी रहती है। कुछ लोगों के पास कभी सुसमाचार की गवाही हुआ करती थी जो विलो वृक्ष की तरह मजबूत और जोश से भरी थी। फिर, विशेष व्यक्तिगत कारणों से, उनकी गवाहियां कमजोर हो गईं, जिसके कारण विश्वास में कमी हो गई। अन्य लोग सुसमाचार की मिट्टी में अपनी सबसे पतली जड़ों के साथ टिके हुए हैं।
फिर भी बार-बार, मैं कई लोगों की कहानियों से प्रेरित होता हूं जिन्होंने अपने शिष्यत्व को नवीन करने और अपने गिरजे घर में वापस आने का विकल्प चुना है। बेकार जलाऊ लकड़ी की तरह अपनी निष्ठा और विश्वास को त्यागने के बजाय, उन्होंने लौटने के लिए आत्मिक प्रेरणाओं और प्रेमपूर्ण आमंत्रण का जवाब दिया है।
मैंने कोरिया में एक स्टेक सम्मेलन में भाग लिया था, जहां पर एक वापस लौटे सदस्य ने साझा किया था: “मैं भाइयों को मेरे विश्वास की कमी और मेरी कमजोरी को स्वीकार करने की उनकी इच्छा के लिए, मेरे पास पहुंचने के लिए, और उन सदस्यों के लिए धन्यवाद देता हूं जो हमेशा मेरे प्रति इतने दयालु रहे हैं। मेरे आस-पास अभी भी बहुत सारे दोस्त हैं जो कम सक्रिय हैं। यह हास्यास्पद है, लेकिन वे अपने विश्वास को वापस पाने के लिए एक-दूसरे को गिरजे में वापस जाने के लिए कहते हैं। मुझे लगता है कि शायद वे सभी विश्वास के लिए तरसरहे हैं।”
उन सभी के लिए जो विश्वास के लिए तरस रहे हैं, हम आपको वापस आने के लिए आमंत्रित करते हैं। मैं प्रतिज्ञा करता हूं कि जब आप एक बार फिर संतों के साथ आराधना करेंगे, तो आपका विश्वास मजबूत हो जाएगा।
अफ्रीका के एक पूर्व प्रचारक ने एक वरिष्ठ गिरजा के मार्गदर्शक को पत्र लिखकर, एक निश्चित सांस्कृतिक परंपरा के बारे में उनकी शिक्षाओं से आहत होने के लिए क्षमा मांगी, जिसके कारण उन्हें गिरजा छोड़ना पड़ा। उन्होंने विनम्रता से व्यक्त कियाः “अफसोस की बात है कि 15 साल पहले मेरे नाराज होने की मुझे बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ी थी। मैंने बहुत कुछ खो दिया—जितना मैंने कभी सोचा था उससे कहीं अधिक। मैं इस बात से बहुत शर्मिंदा हूं कि मुझे मार्ग पर चलते हुए शायद नुकसान पहुंचा हो, लेकिन सबसे बढ़कर मुझे खुशी है कि मैंने वापस आने का अपना मार्ग खोज लिया है।”
उन सभी के लिए जो पहचानते हैं कि आपने क्या खो दिया है, हम आपको वापस आने के लिए आमंत्रित करते हैं ताकि आप एक बार फिर सुसमाचार के आनंदमय फल का स्वाद ले सकें।
संयुक्त राज्य अमेरिका में एक बहन कई वर्षों से गिरजा नहीं आ रही थी। वापस लौट आने की उनकी कहानी में उन माता-पिता और परिवार के सदस्यों के लिए शक्तिशाली सबक शामिल हैं, जो अपने प्रियजनों के चले जाने से दुखी होते हैं। उसने लिखा था:
“मैं असंख्य कारणों को लिख सकती हूं कि मैं गिरजा, सुसमाचार और एक तरह से अपने परिवार से क्यों दूर चली गई थी। लेकिन वास्तव में, इससे कुछ फर्क नहीं पड़ता। मैंने गिरजा छोड़ने का एक बड़ा निर्णय नहीं लिया था—मैंने शायद एक हजार चुनाव किए थे। लेकिन एक बात मैं हमेशा जानती हूं कि मेरे माता-पिता ने एक बड़ा निर्णय लिया था, और वे उस पर कायम रहे। उन्होंने मुझे प्रेम करने का निर्णय लिया था।
“मैं संभवतः यह नहीं जान सकती थी कि कितने आंसू बहाए गए हैं, कितनी रातों की नींद उड़ गई है, और न ही यह कि मेरी ओर से हृदय से कितने प्रार्थना के शब्द कहे गए हैं। उन्होंने ने मेरे पापों के लिए मेरी आलोचना नहीं की, बल्कि मेरे पापपूर्ण व्यवहार में भी उन्होंने सहायता और प्रेम दिया। उन्होंने मुझे अपने घर और पारिवारिक समारोहों दूर किए जाने की भावना महसूस नहीं होने दी; उन भावनाओं के लिए मैं स्वयं जिम्मेदार थी। इसके बजाय, उन्होंने मेरा स्वागत करना जारी रखा। उन्होंने समय के साथ मेरी रोशनी को मंद होते देखा होगा। लेकिन वे जानते थे कि उस समय मैं जो थी, वह उसका एक धुंधला, अधूरा प्रतिबिंब मात्र थी, जो मैं बन सकती थी।
“जैसे गिरजे से दूर रहने का मेरा मार्ग जटिल था, वैसे ही वापसी का मेरा मार्ग भी जटिल था। लेकिन एक बात जो वापस आने के बारे में कठिन नहीं थी, वह थी उस घर को वापस आने की भावना जहां मुझे होना चाहिए।”
आज मेरा संदेश विशेष रूप से उन सभी के लिए है जिन्होंने कभी आत्मा को महसूस किया था, लेकिन अब उनके मन में यह सवाल है कि यीशु मसीह के पुनर्स्थापित गिरजे में क्या उनके लिए वापस लौटने का कोई मार्ग या कोई जगह है। यह उन सभी के लिए भी है जो मुश्किल से टिके हुए हैं या जो दूर जाने के लिए लालायित हैं।
यह संदेश कोई चुनौती नहीं है, और न ही यह निंदा है। यह एक आमंत्रण है, जो प्रेम से और आपको अपने आत्मिक घर में फिर से स्वागत करने की सच्ची इच्छा से दिया गया है।
मैंने प्रार्थना की है कि जब आप हमारे उद्धारकर्ता, यीशु मसीह से इस प्रेमपूर्ण निमंत्रण और शानदार प्रतिज्ञा को सुनेंगे तो आप पवित्र आत्मा की गवाही को महसूस करेंगेः
“क्या तुम अब मेरे पास नहीं आओगे, और अपने पापों का पश्चाताप नहीं करोगे, और परिवर्तित नहीं होगे, ताकि मैं तुम्हें चंगा कर सकूं?”
हर हफ्ते कई लोग शिष्यता और गिरजे की गतिविधि में वापस लौटकर उद्धारकर्ता के आमंत्रण का जवाब दे रहे हैं, चुपचाप और विनम्रता से यीशु की प्रतिज्ञा की चंगाई की तलाश कर रहे हैं। और उन आख्यानों के विपरीत जो कभी-कभी प्रसारित होते हैं, हमारे युवाओं की रिकॉर्ड संख्या मजबूत रहने और यीशु मसीह में अपने विश्वास को बढ़ाने का विकल्प चुन रही हैं।
जब कफरनहूम में यीशु के कुछ अनुयायियों को उसकी शिक्षाएं कठिन लगीं और उन्होंने वहां से चले जाने का निर्णय लिया, तो उसने अपने प्रेरितों की ओर मुड़कर पूछा, “क्या तुम भी चले जाओगे?”
यह वह सवाल है जिसका जवाब हममें से प्रत्येक को देना चाहिए क्योंकि हम परीक्षण के अपने व्यक्तिगत समय का सामना करते हैं। यीशु के लिए पतरस की प्रतिक्रिया कालातीत और शानदार है: “हम किसके पास जाएं? अनंत जीवन की बातें तो तेरे ही पास हैं।”
तो जब आप उद्धारकर्ता के पास लौटने के आमंत्रण पर विचार करते हैं, तो आप विलो वृक्ष की कहानी से क्या सीख सकते हैं?
-
वापस लौटने की यात्रा अक्सर सरल या आरामदायक नहीं होती है, लेकिन यह योग्य होती है। जब हमारे विलो वृक्ष को वापस खड़ा किया गया, तो इसकी सभी शाखाएं काट दी गईं। यह सुंदर नहीं था। हम भी असुरक्षित महसूस कर सकते हैं जब हम पुराने तरीकों का त्याग करते और अहंकार छोड़ देते हैं। यीशु मसीह और उनके सुसमाचार पर अपने विश्वास को केंद्रित करना—तना और जड़ें—आपको लौटने के उस पहले कदम को उठाने के लिए आशा और साहस प्रदान करेगा।
-
हमारे विलो वृक्ष को इसकी पूर्व ताकत और सुंदरता हासिल करने में कई साल लग गए। अब यह पहले से भी ज्यादा मजबूत और खूबसूरत है। धैर्य रखें जब आपका विश्वास और गवाही भी बढ़ती है। इसमें बिना सोचे-समझे की गई टिप्पणियों पर बुरा न मानना शामिल है जैसे कि “आप इतने सालों से कहां रहे हैं?”
-
विलो वृक्ष निरंतर देखभाल और पोषण के बिना कभी जीवित नहीं रह पाता। जब आप हर सप्ताह प्रभु भोज ग्रहण करेंगे और प्रभु के भवन में आराधना करेंगे, तो आप अपने विश्वास और गवाही का पोषण करेंगे।
-
जिस प्रकार विलो को अपनी शाखाओं और पत्तियों को फिर से बढ़ने के लिए धूप की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार आपकी गवाही भी बढ़ेगी जब आप आत्मा की भावनाओं और गवाही के प्रति संवेदनशील बने रहेंगे। अमूलेक से सीखिए, जिसने अपने कम सक्रिय सदस्य होने के समय का वर्णन करते हुए कहा, “मुझे कई बार बुलाया गया, लेकिन मैंने सुना ही नहीं।”
-
मेरा पड़ोसी जानता था कि विलो वृक्ष एक बार फिर बन सकता है। वैसे ही प्रभु भी आपकी दिव्य क्षमता को जानता और यह भी कि आपका विश्वास और गवाही क्या बन सकती है। वह आपको कभी नहीं त्यागेगा। यीशु मसीह के प्रायश्चित के माध्यम से, जो कुछ भी टूट गया है, उसे चंगा किया जा सकता है।
मैं गवाही देता हूं कि जो वापस लौटते हैं, उनके लिए स्वर्ग में आनंद मनाया जाता है। आपकी आवश्यकता है, और आप से प्रेम किया जाता है। मैं गवाही देता हूं कि यीशु मसीह हमारा उद्धारकर्ता हैं और जो लोग उसकी ओर लौटते हैं, उन्हें वे अधिक शांति और आनन्द से आशीषित करता हैं। उसकी दया की बाहें बंद नहीं हैं, बल्कि खुली हैं और आपके लिए फैली हुई हैं। आपके लिए वापस आने में बहुत अभी देर नहीं हुई है। हमारे हृदय में पूरे प्रेम के साथ, हम आपका घर में स्वागत करते हैं। यीशु मसीह के नाम में, आमीन।