“इससे सब जानेंगे कि तुम मेरे शिष्य हो”
परमेश्वर और उसकी सन्तानों के प्रति हमारा प्रेम संसार के लिए एक शक्तिशाली गवाही है कि यह सचमुच उद्धारकर्ता का गिरजा है।
कई साल पहले बहन हेरिएट और मैं दक्षिणी जर्मनी में यात्रा कर रहे थे। यह ईस्टर से ठीक पहले की बात है, और हमने अपने एक अच्छी मित्र को, जो गिरजे का सदस्या नहीं थी, रविवार की आराधना सेवा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था। हम इस प्रिय मित्र से बहुत प्रेम करते थे, इसलिए यह सामान्य और स्वाभाविक था कि हम उसके साथ उद्धारकर्ता और उसके गिरजे के बारे में अपनी भावनाओं को साझा करें और उसे आकर देखने के लिए आमंत्रण दें! उसने आमंत्रण स्वीकार किया और पास की शाखा की सभाओं में हमारे साथ शामिल हुई।
यदि आप कभी किसी मित्र को पहली बार गिरजे लेकर आए हों, तो आप संभवतः उस रविवार की सुबह की मेरी अनुभूति को समझ सकते हैं। मैं चाहता था कि सब कुछ ठीक-ठाक हो। हमारी मित्र एक उच्च शिक्षित, आत्मिक व्यक्ति थी। मुझे पूरी आशा थी कि इस शाखा की सभाएं उस पर अच्छा प्रभाव डालेंगी और गिरजे का अच्छा प्रदर्शन करेंगी।
शाखा की सभा एक किराने की दुकान की दूसरी मंजिल पर कुछ किराये के कमरों में होती थी। वहां पहुंचने के लिए हमें इमारत के पीछे की सीढ़ियों से होकर गुजरना पड़ा, जहां रखे सामान की तेज गंध आता थी।
जब प्रभु-भोज सभा शुरू हुई, मैंने अपने मित्र के बारे में सोचा जो पहली बार इसमें शामिल हो रही थी, और मैं कुछ ऐसी बातों पर ध्यान दिए बिना नहीं रह सका जिनसे मुझे थोड़ी घबराहट हुई थी। उदाहरण के लिए, संगीत बिल्कुल मंदिर गायक मंडली जैसा नहीं था। प्रभु-भोज के दौरान बेचैन और शोर मचाते बच्चों की आवाजें सुनी जा सकती थी। वक्ताओं ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, लेकिन वे लोगों के बीच बोलने में कुशल नहीं थे। मैं सभा में परेशान बैठा रहा, यह आशा करते हुए कि शायद रविवार विद्यालय बेहतर होगा।
लेकिन यह नहीं था।
सारी सुबह मैं इस बात से चिंतित था कि हमारी मित्र इस गिरजे के बारे में क्या सोच रही होगी, जहां हम उसे ले गए थे।
इसके बाद, जब हम घर की ओर निकले तो मैं अपनी मित्र से बात करने लगा। मैं उसे यह समझाना चाहता था कि यह मात्र एक छोटी सी शाखा थी और यह वास्तव में संपूर्ण गिरजे का प्रतिनिधित्व नहीं करती थी। लेकिन इससे पहले कि मैं कुछ कहता, वह बोल पड़ी।
“वह बहुत सुन्दर था”, उसने कहा।
मैं दंग रह गया।
उसने आगे कहा, “मैं आपके गिरजे में लोगों के एक-दूसरे के साथ व्यवहार से बहुत प्रभावित हुई हूं। वे सभी अलग-अलग पृष्ठभूमि से आते हैं, और फिर भी यह स्पष्ट है कि वे वास्तव में एक-दूसरे से प्रेम करते हैं। मैं कल्पना करती हूं कि मसीह यही चाहता था कि उसका गिरजा ऐसा ही हो।”
खैर, मुझे तुरंत ही अपनी आलोचनात्मक सोच पर पश्चाताप हुआ था। अपनी मित्र को प्रभावित करने के लिए मैं चाहता था कि सभाएं परिपूर्ण हों। लेकिन इस शाखा के सदस्यों ने जो दिखाया था वह प्रेम, दया, धैर्य और करुणा की एक हृदय-परिपूर्ण आत्मा थी।
पृथ्वी पर विश्वास भी आगे बढ़ सके
मेरे प्रिय भाइयों और बहनों, मेरे प्रिय मित्रों, मैं अंतिम-दिनों के संतों के यीशु मसीह के गिरजे से प्रेम करता हूं। यह उद्धारकर्ता का सच्चा और जीवित गिरजा है, और यह यीशु मसीह के सुसमाचार की पुनर्स्थापित परिपूर्णता सिखाता है। उसकी पौरोहित्य शक्ति और अधिकार यहां हैं। यीशु मसीह इस गिरजे का मार्गदर्शन व्यक्तिगत रूप से, अपने सेवकों और जीवित भविष्यवक्ता, अध्यक्ष रसल एम. नेल्सन के द्वारा करता है जिन्हें उसने नियुक्त और अधिकृत किया है। उद्धारकर्ता ने अंतिम-दिनों के संतों को परमेश्वर की संतानों को एकत्रित करने और उद्धारकर्ता के द्वितीय आगमन के लिए दुनिया को तैयार करने का एक अनूठा उद्देश्य दिया है। मैं गवाही देता हूं कि ये सब सच है।
लेकिन यह याद रखना महत्वपूर्ण है कि जब अधिकांश लोग पहली बार यीशु मसीह के गिरजे में आते हैं, तो वे पौरोहित्य अधिकार या विधियों या इस्राएल के एकत्र किए जाने के बारे में नहीं सोचते हैं। सबसे अधिक वे इस बात पर ध्यान देंगे कि जब वे हमारे साथ होते हैं तो उन्हें कैसा महसूस होता है और हम एक-दूसरे के साथ कैसा व्यवहार करते हैं।
यीशु ने कहा था, “एक दूसरे से प्रेम रखो।” “इससे सब जानेंगे कि तुम मेरे शिष्य हो।” अक्सर, किसी व्यक्ति को यीशु मसीह की पहली गवाही तब मिलती है जब वह यीशु मसीह के शिष्यों के बीच प्रेम महसूस करता है।
उद्धारकर्ता ने घोषणा की थी कि उसने अपने गिरजे को पुनर्स्थापित किया “ताकि विश्वास … पृथ्वी पर बढ़ सके।” इसलिए, जब लोग हमारे गिरजे की सभाओं में आते हैं, तो उद्धारकर्ता चाहता है कि वे उसमें और अधिक मजबूत विश्वास लेकर जाएं! हमारे मित्रों को हमारे बीच जो प्रेम महसूस होता है, वह उन्हें यीशु मसीह के और निकट लाएगा! हर बार जब हम मिलते हैं, तो हमारा यही सरल लक्ष्य होता है।
जो कोई भी मसीह में अधिक विश्वास या स्वर्गीय पिता के साथ अधिक निकट आने की खोज कर रहा है, उसे अंतिम-दिनों के संतों के यीशु मसीह के गिरजे में अपने घर जैसा महसूस होना चाहिए। उन्हें हमारी सभाओं में आमंत्रित करना उतना ही सामान्य और स्वाभाविक हो सकता है जितना कि उन्हें हमारे घर में आमंत्रित करना।
आदर्श और वास्तविकता
अब, मुझे एहसास होता है कि मैं आदर्श की बात कर रहा हूं। और इस नश्वर जीवन में, हमें उस आदर्श का अनुभव शायद ही कभी मिल पाता है। और “उस संपूर्ण दिन तक” आदर्श और वास्तविकता के बीच हमेशा एक अंतर रहेगा । तो, जब गिरजा संपूर्ण दिन के समान महसूस नहीं होता है तो हमें क्या करना चाहिए? जब, किसी भी कारण से, हमारा वार्ड अभी तक संपूर्ण विश्वास या प्रेम का पोषण नहीं करता है? या जब ऐसा महसूस होता है कि हम उपयुक्त नहीं हैं?
एक बात जो हमें नहीं करनी चाहिए वह है आदर्श को छोड़ देना!
मॉरमन की पुस्तक का शीर्षक पृष्ठ में यह महत्वपूर्ण सावधानी शामिल है: “यदि दोष हैं,” यह कहता है, “वे मनुष्य के दोष हैं; इसलिए, परमेश्वर के कार्यों को दोषी मत ठहराओ।”
क्या किसी पुस्तक में—या किसी गिरजे में या किसी व्यक्ति में—“त्रुटियां” और “गलतियां” हो सकती हैं और फिर भी वह परमेश्वर का कार्य हो सकता है?
मेरा उत्तर है, बिल्कुल हां!
इसलिए, जबकि हम स्वयं को प्रभु के उच्च मानकों पर बनाए रखते हैं, तो आओ हम एक दूसरे के साथ धैर्य भी रखें। हम में से प्रत्येक अभी सीख रहा है, और हम सभी अपने विकास के लिए उद्धारकर्ता पर निर्भर हैं। यह बात व्यक्तिगत रूप से हम पर भी लागू होती है, और यह पृथ्वी पर परमेश्वर के राज्य पर भी लागू होती है ।
प्रभु हमें न केवल अपने राज्य में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता है, बल्कि इसे बनाने में उत्सुकता से लगे रहने के लिए भी आमंत्रित करता है। परमेश्वर ऐसे लोगों का सपना देखता है जो “एक हृदय और एक मन” के हों। और एक हृदय को होने के लिए, हमारे हृदय शुद्ध होने चाहिए, और इसके लिए हृदय में एक महान परिवर्तन की आवश्यकता है।
लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि मैं अपना हृदय बदलकर आपके समान बना लूं। न ही इसका अर्थ यह है कि आप अपना हृदय बदलकर मेरे हृदय के समान बना लें। इसका अर्थ है कि हम सभी उद्धारकर्ता के के समान बनने के लिए अपने हृदयों को बदल लें।
यदि हम अभी तक वैसे नहीं बन पाए हैं, तो याद रखें: प्रभु की सहायता से कुछ भी असंभव नहीं है।
उपयुक्त और संबंधित होना
और यदि आपको कभी ऐसा लगे कि आप उपयुक्त नहीं हैं, तो कृपया जान लें कि आप अकेले नहीं हैं। क्या हम सभी ने जीवन में ऐसी परिस्थितियों का सामना नहीं किया है, जब हम किसी कमरे में अजनबी जैसा महसूस करते हैं? मैंने ऐसा एक से अधिक बार महसूस किया है। जब मैं 11 वर्ष का था, तो मेरे परिवार को अपना घर छोड़कर एक अजनबी क्षेत्र में जाने के लिए मजबूर होना पड़ा था। सबकुछ उससे अलग था जिसकी मुझे आदत थी। और मेरे उच्चारण से अन्य बच्चों को पता चल गया था कि जैसे वे थे मैं उनसे बिलकुल अलग था। ऐसे समय में जब मुझे मित्रता और अपनेपन की बहुत आवश्यकता थी, मैं अकेला और अलग महसूस करता था।
यहां पृथ्वी पर, हम जो अंतर देखते हैं उनमें से अधिकांश अंतर—वे अंतर हैं जिनका उपयोग कुछ लोग एक दूसरे को अलग करने के लिए करते हैं—सांसारिक बातों से संबंधित हैं: शारीरिक रूप, राष्ट्रीयता, भाषा, वस्त्र, रीति-रिवाज, और इत्यादि। लेकिन “परमेश्वर बातों को उस तरह नहीं देखता जिस तरह लोग देखते हैं। लोग बाहरी रूप को देखते हैं, परन्तु प्रभु हृदय को देखता है।”
उसके दृष्टिकोण से, एक श्रेणी है जो अन्य सभी से पहले आती है: परमेश्वर की संतान। और हम सभी इसके लिए पूरी तरह उपयुक्त हैं।
ऐसे लोगों के साथ रहना स्वाभाविक होता है जो हमारे समान दिखते, बोलते, व्यवहार करते और सोचते हों। इसके लिए एक जगह है।
लेकिन उद्धारकर्ता के गिरजे में, हम परमेश्वर की उन सभी संतानों को एकत्र करता है जो एकत्र होने के इच्छुक हैं और जो सच्चाई की खोज करते हैं। यह हमारा शारीरिक रूप-रंग, राजनीतिक विचार, संस्कृति या जाति नहीं है जो हमें एक साथ जोड़ती है। यह हमारी सामान्य पृष्ठभूमि नहीं है जो हमें एक करती है। यह हमारा समान उद्देश्य, परमेश्वर और पड़ोसी के प्रति हमारा प्रेम, यीशु मसीह और उसके पुनर्स्थापित सुसमाचार के प्रति हमारी प्रतिबद्धता है। हम “मसीह यीशु में एक हैं।”
हम जिस एकता की खोज कर रहे हैं, उसका उद्देश्य यह नहीं है कि सभी लोग एक ही स्थान पर खड़े हों; बल्कि इसका उद्देश्य यह है कि सभी लोग एक ही दिशा में देखें—यीशु मसीह की ओर। हम एक इसलिए नहीं हैं कि हम कहां थे, बल्कि इसलिए कि हम कहां जाने का प्रयास कर रहे हैं, इसलिए नहीं कि हम कौन हैं, बल्कि इसलिए कि हम क्या बनना चाहते हैं।
मसीह के सच्चे गिरजे में यही सब है।
एक शरीर
यदि आप परमेश्वर से प्रेम करते हैं, यदि आप उसके पुत्र का अनुसरण करके उसे बेहतर तरीके से समझना चाहते हैं, तो आप इस स्थान के लिए है। यदि आप उद्धारकर्ता की आज्ञाओं का पालन करने के लिए ईमानदारी से प्रयास कर रहे हैं—भले ही आप अभी तक इसमें संपूर्ण रूप से निपुण नहीं हैं—तो आप अंतिम-दिनों के संतों के यीशु मसीह के गिरजे के लिए बिल्कुल उपयुक्त हैं।
और यदि आप अपने आस-पास के लोगों से अलग हैं तो क्या होगा? यह आपको अनुपयुक्त नहीं बनाता है—यह आपको मसीह के शरीर का एक आवश्यक हिस्सा बनाता है। मसीह के शरीर में सभी की आवश्यकता है। कान उन बातों को समझ लेते हैं जिन्हें आंखें कभी नहीं देख पाती हैं। पैर वे काम करते हैं जो हाथ करने में असमर्थ होते हैं।
इसका मतलब यह नहीं है कि आपका काम हर किसी को अपने जैसा बनाना है। लेकिन इसका मतलब यह है कि आपके पास योगदान देने के लिए कुछ महत्वपूर्ण है—और आपके पास सीखने के लिए कुछ महत्वपूर्ण है!
एक स्वर
महा सम्मेलन के प्रत्येक सत्र में, हमें प्रतिभाशाली गायक-मंडलियों से प्रेरणादायी संगीत सुनने का सौभाग्य प्राप्त होता है। जब आप सुनते हैं, तो आप पाएंगे कि सभी गायक एक जैसे स्वर में नहीं गाते। कभी राग एक भाग में होता है, कभी दूसरे भाग में। लेकिन वे सभी सुंदर संगीत में योगदान देते हैं, और वे पूरी तरह से एक होते हैं। प्रत्येक गायक मंडली के सदस्य का एक ही मुख्य लक्ष्य है: परमेश्वर की स्तुति करना और हमारे हृदयों को उसकी ओर उठाना। प्रत्येक व्यक्ति का मन और हृदय एक ही दिव्य उद्देश्य पर केन्द्रित होना चाहिए। और जब ऐसा होता है, तो वे सचमुच एक स्वर बन जाते हैं।
यदि आप अभी तक अंतिम-दिनों के संतों के यीशु के यीशु मसीह के गिरजे के सदस्य नहीं हैं, तो हम आपको हमारे साथ शामिल होने के लिए आमंत्रित करते हैं जब हम उद्धारकर्ता के “मुक्तिभरे प्रेमगीत” में आनन्दित होते हैं। हमें आपकी आवश्यकता है। हम आप से प्रेम करते हैं। प्रभु और उसकी संतानों की सेवा करने के आपके प्रयासों से यह गिरजा बेहतर होगा।
यदि आप पहले ही बपतिस्मा के द्वारा, परमेश्वर के साथ अनुबंध बनाने के द्वारा, “परमेश्वर के बाड़े में आने की इच्छा रखते हो, और उसके लोग कहलाना चाहते हो,” तो इस महान और दिव्य कार्य का हिस्सा बनने और यीशु मसीह के गिरजे को ऐसा बनाने में मदद करने के लिए धन्यवाद, जैसा उद्धारकर्ता बनाना चाहता है।
जैसा मैंने जर्मनी में अपनी मित्र से सीखा था, परमेश्वर और उसकी संतानों के प्रति हमारा प्रेम संसार के लिए एक शक्तिशाली गवाही है कि यह वास्तव में उद्धारकर्ता का गिरजा है।
मेरी प्रार्थना है कि परमेश्वर हमें आशीष दे कि हम धैर्य से लेकिन लगन से उन आदर्शों पर चलने का प्रयास करें जो हमारे उद्धारकर्ता, मुक्तिदाता और स्वामी ने हमारे लिए बनाए हैं—ताकि सभी जान पाएं कि हम उसके शिष्य हैं। यीशु मसीह के पवित्र नाम में, आमीन।