महा सम्मेलन
दूसरे प्रलोभन से सावधान रहें
अप्रैल 2025 महा सम्मेलन


11:36

दूसरे प्रलोभन से सावधान रहें

उनसे मत छिपिए जो आपसे प्रेम करेंगे और आपका समर्थन करेंगे; बल्कि उनके पास दौड़िए।

कुछ साल पहले, जब मैं 12 साल का हुआ, मुझे पहली बार हारून पौरोहित्य परिषद रात्रि शिविर में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया था। यह लंबे समय से प्रतीक्षित का निमंत्रण था, क्योंकि मेरे पिता परिषद के मार्गदर्शक थे और अक्सर वार्ड के लड़कों के साथ कैम्पिंग पर चले जाते थे, जबकि मैं घर पर ही रह जाता था।

जब वह दिन आया तो मैं बहुत उत्साहित हुआ था। और मुझे यह स्वीकार करना होगा कि मैं यह महसूस करना चाहता था कि मैं बड़े लड़कों के समूह का हिस्सा हूं। मैं खुद को साबित करने के लिए दृढ़ था। उस प्रयास में मुझे यह देखने के लिए परखा गया कि क्या मैं साथ खेलूंगा और दल का हिस्सा बनूंगा।

मुझे जो काम सौंपा गया था, वह था अपने पिता की कार की चाबियां प्राप्त करना ताकि मार्गदर्शकों पर एक शरारत की जा सके। मुझे ठीक से याद नहीं है कि मैंने अपने पिता को मनाने के लिए क्या कहा था, लेकिन मैं अपनी उपलब्धि पर गर्व करते हुए, हाथ में चाबियां लेकर लड़कों के समूह की ओर दौड़ा।

फिर अगला काम आया। मुझे कार का दरवाज़ा खोलना था और ड्राइवर की सीट और कार के हॉर्न के बीच एक डंडा फंसाना था। और मुझे दरवाज़ा बंद करना था, ताकि शाम तक हॉर्न बजता रहे और कार तक पहुंचकर उस भद्दे उपकरण को निकालने का कोई उपाय न हो।

अब, यह कहानी यहीं पर मेरे लिए दर्दनाक और शर्मनाक हो जाती है। एक बार जब मैंने छड़ी को सही स्थान पर लगा दिया, तो मैंने दरवाजा बंद कर दिया और जितनी तेजी से भाग सकता था, भागकर पास की झाड़ियों में छिप गया। जैसे ही मैं ज़मीन पर बैठना गया, मुझे तेज दर्द महसूस हुआ। अंधेरे और जल्दबाजी में मैं कांटेदार कैक्टस नाशपाती पौधे पर बैठ गया था।

कांटेदार नाशपाती कैक्टस।

मेरे दर्द की चीखें तेज हॉर्न की आवाज में दब गईं, और मेरे पास इसके अलावा कोई उपाय नहीं था कि मैं धीरे-धीरे कार की ओर लौटूं, अपने “पापों,” को स्वीकार करूं, और शर्मनाक काम के लिए प्राथमिक चिकित्सा सहायता प्राप्त करूं।

उस रात के मैं तम्बू में पेट के बल लेटा रहा, जबकि मेरे पिता, चिमटे का उपयोग करके, मेरे पीछे से कैक्टस के कांटे निकालते रहे … खैर, मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि उसके बाद मैं कई दिनों तक आराम से नहीं बैठ पाया।

मैंने उस अनुभव पर कई बार विचार किया है। मैं अब अपनी युवावस्था की मूर्खता पर हंस सकता हूं, हालांकि काई अंतर्निहित सिद्धांत मेरे लिए स्पष्ट हो गए हैं।

मानव व्यवहार के कई तरीके प्राकृतिक मनुष्य में समान प्रतीत होते हैं —दूसरों के साथ तालमेल बिठाने और स्वयं को साबित करने की इच्छा, कुछ छूट जाने का भय, तथा परिणामों से बचने के लिए छिपने की अनिवार्य आवश्यकता। आज मैं इस अंतिम व्यवहार पर ध्यान केन्द्रित करूंगा —कुछ ऐसा करने के बाद छिप जाना जो हमें नहीं करना चाहिए।

अब, मैं अपनी बचकानी शरारत को घोर पाप के बराबर नहीं मान रहा हूं, लेकिन हम कुछ समानताएं खींच सकते हैं जो हमारे नश्वर जीवन में परीक्षा के समय उपयोगी साबित हो सकती हैं।

अदन की वाटिका में, आदम और हव्वा के पास एक सुखद परिस्थिति थी —भोजन की प्रचुरता, बगीचे की अतुलनीय सुंदरता —न केवल सुंदरता से भरा बगीचा, बल्कि ऐसा बगीचा जिसमें न तो खरपतवार था और न ही कांटेदार नाशपाती थी।

हालांकि, हम यह भी जानते हैं कि उद्यान जीवन ने उनकी अपेक्षित प्रगति को सीमित कर दिया था। यह वाटिका अंतिम मंजिल नहीं था, बल्कि एक परीक्षा थी, कई में से पहला जो साबित करेगा, तैयार करेगा, और उन्हें पिता और पुत्र की उपस्थिति में लौटने के अपने अंतिम मंजिल तक प्रगति करने की अनुमति देगा।

आपको याद होगा कि बगीचे में विरोधी था। लूसिफ़र को आदम और हव्वा को आजमाने की अनुमति दी गई। उसने सबसे पहले आदम को भले या बुरे के ज्ञान का जो वृक्ष का फल खाने के लिए प्रलोभित किया। उसे न खाने की आज्ञा को याद करते हुए, आदम ने इसका विरोध किया। इसके बाद आशीषित हव्वा आई, जिसने फल खाने का चुनाव किया और आदम को भी ऐसा करने के लिए राजी किया।

बाद में, आदम और हव्वा ने बताया की कि स्वर्गीय पिता की योजना को पूरा करने के लिए यह निर्णय ज़रूरी था। परन्तु फल खाकर उन्होंने व्यवस्था का उल्लंघन किया था—एक ऐसी व्यवस्था जो उन्हें सीधे पिता से दी गयी थी। जब उन्होंने वाटिका में पिता की आने की आवाज सुनी होगी, तो भले और बुरे के बारे में परिणामी और विनाशकारी समझ ने उन्हें पीड़ा में डाल दिया होगा। उन्हें एहसास हुआ कि वे नग्न थे, क्योंकि वे वास्तव में बिना कपड़ों के थे, तथा मासूमियत की स्थिति में रह रहे थे। लेकिन शायद उस क्षण उनके बिना कपड़ों के होने से भी अधिक पीड़ादायक बात यह थी कि अब वे अपने अपराध के लिए उजागर हो चुके थे। वे रक्षाहीन एवं असुरक्षित थे। वे हर मायने में नग्न थे।

सदैव अवसरवादी, लूसिफ़र ने उनकी उजागर और कमज़ोर स्थिति को जानते हुए, उन्हें फिर से प्रलोभित किया —इस बार परमेश्वर से छिपने के लिए।

इस प्रलोभन —को मैं “दूसरा प्रलोभन”— कहूंगा, यह वह प्रलोभन है जिसके सामने झुकने पर हम सबसे बड़े गंभीर परिणाम ला सकते हैं। निश्चय ही, परमेश्‍वर के नियम को तोड़ने के सभी प्रथम प्रलोभनों से बचना सर्वोत्तम है, लेकिन हम जानते हैं कि पृथ्वी पर सभी लोग विभिन्न प्रकार के प्रथम प्रलोभनों के आगे झुक जाएंगे। जब हम अपनी परिपक्वता और समझ में प्रगति करते हैं, तब हम आशा करते हैं कि जब जब हम अपने उद्धारकर्ता, यीशु मसीह के समान बनने का प्रयास करेंगे, तब तब प्रथम प्रलोभनों से बचने की हमारी शक्ति में निरंतर सुधार होता जाएगा।

कुछ लोग परमेश्‍वर से छिपने का प्रयास कर सकते हैं क्योंकि वे नहीं चाहते कि उन्हें पहचाना जाए या उनका पर्दाफाश हो जाए, और वे शर्म या अपराध बोध महसूस करते हैं। हालांकि, कई पवित्रशास्त्र हमें सिखाते हैं कि परमेश्‍वर से छिपना असंभव है। मैं बस कुछ साझा करूंगा:

प्रभु यिर्मयाह को निम्नलिखित प्रश्नों के माध्यम से सिखाते हैं: “क्या कोई ऐसे गुप्त स्थानों में छिप सकता है कि मैं उसे न देख सकूं? प्रभु कहता हैं। क्या मैं स्वर्ग और पृथ्वी दोनों से परिपूर्ण नहीं हूं?”

और अय्यूब को सिखाया गया:

“क्योंकि ईश्वर की आंखें मनुष्य के चालचलन पर लगी रहती हैं, और वह उसके सारी चाल को देखता रहता है।

“ऐसा अन्धियारा वा घोर अन्धकार कहीं नहीं है जिस में अनर्थ करने वाले छिप सकें।”

भजनकार दाऊद अत्यंत काव्यात्मक ढंग से कहता है:

“हे यहोवा, तू ने मुझे जांच कर जान लिया है।

“तू मेरा उठना बैठना जानता है; और मेरे विचारों को दूर ही से समझ लेता है। …

हे यहोवा, मेरे मुँह में ऐसी कोई बात नहीं जिसे तू पूरी रीति से न जानता हो।

मैं तेरे आत्मा से भागकर किधर जाऊँ? या तेरे सामने से किधर भागूँ?

यदि मैं आकाश पर चढ़ूँ, तो तू वहाँ है! यदि मैं अपना बिछौना अधोलोक में बिछाऊँ तो वहाँ भी तू है।”

नए परिवर्तित

जो लोग हाल ही में अंतिम दिनों के संतो के यीशु मसीह के गिरजा में शामिल हुए हैं, उनके लिए दूसरा प्रलोभन विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण लग सकता है। अपने बपतिस्मा के माध्यम से आपने यीशु मसीह का नाम अपने ऊपर लेने का अनुबंध बांधा है, जिसमें कई लोगों के लिए अपनी जीवनशैली में नए परिवर्तन शामिल होंगे। अपनी जीवनशैली बदलना आसान नहीं है। अपने प्रिय स्वर्गीय पिता की ओर प्रगति करने के लिए अक्सर आपको अपनी आदतों, प्रथाओं और यहां तक ​​कि संगति को भी बदलने की आवश्यकता होती है।

विरोधी जानता है कि आप उसके सूक्ष्म आक्रमणों के प्रति असुरक्षित हो सकते हैं। वह आपके पिछले जीवन को, जिसने आपको कई मायनों में असंतुष्ट रखा था, अब अवास्तविक रूप से आपके लिए आकर्षक बना देगा। अभियुक्त, जैसा कि उसे प्रकाशितवाक्य की पुस्तक में कहा गया है, वह आपको ऐसे विचारों से प्रलोभित करेगा: “तुम अपने जीवन को बदलने के लिए पर्याप्त रूप से मजबूत नहीं हो; तुम यह नहीं कर सकते; तुम इन लोगों के साथ नहीं हो; वे तुम्हें कभी स्वीकार नहीं करेंगे; तुम बहुत कमजोर हो।”

यदि ये विचार आपको सही लगते हैं जो अनुबंध मार्ग पर नए-नए आये हैं, तो हम आपसे विनती करते हैं कि आप आरोप लगाने वाले की आवाज पर ध्यान न दें। हम आपसे प्रेम करते हैं; आप यह कर सकते हैं; हम आपको स्वीकार करते हैं; और उद्धारकर्ता के साथ, आपको सब कुछ करने की शक्ति मिलेगी। ऐसे समय में जब आपको हमारे प्रेम और समर्थन की सबसे अधिक आवश्यकता होती है, तो यह सोचकर धोखा न खाएं कि यदि आप अपनी पूर्व जीवनशैली में एक कदम पीछे हट गए तो हम आपको अस्वीकार कर देंगे। यीशु मसीह के प्रायश्चित की अतुलनीय शक्ति के माध्यम से, आप पुनः रूप से समपूर्ण बन सकते हैं। लेकिन यदि आप उससे छिपते हैं और अपने नए विश्वास समुदाय से खुद को दूर करते हैं, तो आप खुद को उस स्रोत से दूर कर रहे हैं जो आपको काबू पाने की शक्ति दे सकता है और देगा।

मेरे प्रिय मित्र, जो हाल ही में परिवर्तित होकर आये हैं, उन्होंने बताया कि अकेलेपन में विश्वास को कायम रखना कितना कठिन है। हम आपसे प्रेम करते हैं; आप इसे कर सकते हैं; हम आपको स्वीकार करते हैं; और उसके साथ, आपके पास सब कुछ करने की ताकत होगी।

अध्यक्ष रसेल एम. नेल्सन ने सिखाया है कि “दुनिया पर विजय पाना एक या दो दिन में नहीं हो सकता है। यह जीवन भर चलता है जब हम बार-बार मसीह के सिद्धांत को ग्रहण करते हैं। हम प्रतिदिन पश्चाताप करके और हमें वर्तिदान शक्ति प्रदान करने वाली अनुबंधनों का पालन करके यीशु मसीह में विश्वास विकसित करते हैं। हम अनुबंध मार्ग पर रहते हैं और आत्मिक शक्ति, व्यक्तिगत प्रकटीकरण, बढ़ते विश्वास और स्वर्गदूतों की सेवकाई से आशीषित होते हैं।

यदि आपको कोई शारीरिक चोट लगती है, और आप उचित चिकित्सा सहायता नहीं लेते हैं तो आपकी स्थिति बिगड़ जाएगी और यह जीवन के लिए खतरा बन सकती है। यह बात आत्मिक घावों के लिए भी सत्य है। अनुपचारित आत्मिक घाव आपके अनन्त उद्धार के लिए खतरा बन सकते हैं। उनसे मत छिपिए जो आपसे प्रेम करेंगे और आपका समर्थन करेंगे; बल्कि उनके पास दौड़िए। धर्माध्यक्ष, शाखा अध्यक्ष और मार्गदर्शक आपको यीशु मसीह के प्रायश्चित की उपचार शक्ति तक पहुंचने में मदद कर सकते हैं।

जो लोग छिपे हुए हैं, उनसे हम अनुरोध करते हैं कि वे वापस आ जाएं। आपको सुसमाचार और यीशु मसीह के प्रायश्चित की आवश्यकता है, और हमें आपकी भेंट की आवश्यकता है। परमेश्वर आपके पापों को जानता है; आप उससे छिप नहीं सकते। उसके सामने जाकर उस से सामंजस्य स्थापित कर लो।

उसके संतों के रूप में, हममें से प्रत्येक को गिरजे में अपनेपन की संस्कृति को बढ़ावा देना चाहिए जो उन सभी के लिए प्रेमपूर्ण, स्वीकार्य और प्रोत्साहनपूर्ण हो जो उसके मार्ग पर प्रगति करना चाहते हैं।

दूसरे प्रलोभन से सावधान रहें! प्राचीन और आधुनिक दोनों भविष्यवक्ताओं की सलाह का पालन करें और जान लें कि आप प्रेम करने वाले पिता से छिप नहीं सकते।

इसके बजाय, यीशु मसीह के प्रायश्चित की चमत्कारिक उपचार शक्ति का लाभ उठाइये। हमारे अस्तित्व का यही उद्देश्य है कि हम कमजोर और नश्वर शरीर प्राप्त करें जो “सभी प्रकार की दुर्बलताओं के अधीन है” दुख की बात यह है की ये कई प्रारंभिक प्रलोभनों के आगे झुक जाएगा; इन प्रलोभनों में पड़ने पर भी प्रगति करना; और ऐसा करने के बाद ईश्वरीय सहायता मांगना, ताकि हम अपने उद्धारकर्ता और स्वर्ग में अपने पिता के समान बन सकें।. यह उसका तरीका है। यही एकमात्र मार्ग है! इन सच्चाइयों की गवाही मैं यीशु मसीह के नाम से देता हूं, आमीन।