नश्वरता के लिए दिव्य सहायताएं
हमारे स्वर्गीय पिता की योजना हमें हमारी नश्वर यात्रा में मार्गदर्शन करने के लिए सहायता प्रदान करती है।
I.
भविष्यवक्ता जोसफ स्मिथ के माध्यम से, प्रभु ने हमारे पृथ्वी-पूर्व जीवन के बारे में बहुत कुछ बताया था। वहां हम परमेश्वर की आत्मिक संतान के रूप में रहते थे। क्योंकि परमेश्वर अपने बच्चों के विकास में सहायता करना चाहता था, इसलिए उसने एक ऐसी पृथ्वी बनाने का निश्चय किया जिस पर हम एक शरीर प्राप्त करें, अनुभव के द्वारा सीख सकें, दिव्य गुण विकसित करें, और यह साबित करेंगे कि क्या हम परमेश्वर की आज्ञाओं का पालन करेंगे। जो योग्य होंगे “उनके सिरों पर महिमा सदा सदा के लिए बनी रहेगी” (इब्राहीम 3:26)।
इस दिव्य योजना की शर्तों को स्थापित करने के लिए, परमेश्वर ने अपने एकलौते पुत्र को हमारा उद्धारकर्ता चुना था। लूसिफर, जिसने अन्य सुझाव दिया जो मनुष्य की स्वतंत्रता को नष्ट कर देता, शैतान बन गया और “उसे बाहर निकाल दिया गया”। पृथ्वी से बाहर निकाले जाने और नश्वर जीवन के अधिकार से वंचित किए जाने के बाद, शैतान को अनुमति दी गई “मनुष्यों को धोखा देने और अंधा करने के लिए, और उसकी इच्छा से उन्हें दासता की ओर ले जाने के लिए, जितने [परमेश्वर की] वाणी को नहीं सुनेंगे” (मूसा 4:4)।
परमेश्वर की अपनी संतानों के नश्वर विकास के लिए महान योजना के लिए आवश्यक था कि वे “सब बातों में विरोध” का अनुभव करें (2 नफी 2:11)। जैसे हमारी शारीरिक मांसपेशियों को गुरुत्वाकर्षण के नियम के विरुद्ध प्रयास किए बिना विकास या बनाए नहीं रखा जा सकता, वैसे ही नश्वर विकास के लिए मनुष्य को विभिन्न प्रकार के नश्वर विरोधों के विरुद्ध अथक प्रयास करने की आवश्यकता है। आत्मिक विकास के लिए सबसे महत्वपूर्ण है अच्छाई और बुराई के बीच चुनाव करना। जो लोग अच्छाई का चुनाव करते हैं वे अपने अनंत नियति की ओर विकास करेंगे। जो लोग बुराई को चुनते हैं—जैसा सभी लोग नश्वरता के विभिन्न प्रलोभनों में करते हैं—उन्हें बचाने वाली सहायता की आवश्यकता होगी, जिसे देने के लिए प्रेमी परमेश्वर ने योजना बनाई थी।
II.
अब तक, परमेश्वर की सबसे शक्तिशाली नश्वर सहायता उद्धारकर्ता, यीशु मसीह उपलब्ध करना था, जो मूल्य चुकाने और पश्चाताप किए गए पापों की क्षमा के लिए कष्ट सहेगा। वह दयापूर्ण और गौरवशाली प्रायश्चित यह स्पष्ट करता है कि प्रभु यीशु मसीह में विश्वास क्यों सुसमाचार का पहला नियम है। उसका प्रायश्चित “मरे हुए लोगों का पुनरुत्थान लाता है” (अलमा 42:23) और यह “संसार के पापों के लिए प्रायश्चित करता है” (अलमा 34:8), हमारे सभी पश्चाताप किए गए पापों को मिटा देता है और हमारे उद्धारकर्ता को हमारी नश्वर दुर्बलताओं में सहायता करने की शक्ति देता है।
पापों के उस महिमापूर्ण मिटाने और क्षमा किए जाने के अलावा, एक प्रेमी पिता और पुत्र की योजना हमें बचाने के लिए कई अन्य उपहार प्रदान करती है, जिसमें हमें सबसे पहले पाप करने से बचाना भी शामिल है। हमारा नश्वर जीवन सदैव पिता और माता से आरंभ होता है। आदर्श रूप से, दोनों ही हमारे विकास का मार्गदर्शन करने के लिए अलग-अलग उपहारों के साथ मौजूद हैं। यदि नहीं, तो उनकी अनुपस्थिति उस विरोध का हिस्सा है जिस पर हमें दूर करना होगा।
III.
हमारे स्वर्गीय पिता की योजना हमें हमारी नश्वर यात्रा में मार्गदर्शन करने के लिए अन्य सहायता प्रदान करती है। मैं इनमें से चार के बारे में बात करूंगा। कृपया इन्हें चार,तक सीमित न रखें, क्योंकि ये सहायताएं एक दूसरे से जुड़ी होती हैं। इसके अतिरिक्त, कई और अन्य दयापूर्ण सुरक्षाएं भी हैं।
पहले, मैं मसीह के प्रकाश या आत्मा की बात करता हूं। मोरोनी की पुस्तक में अपनी महान शिक्षा में, मोरोनी अपने पिता की शिक्षा का उदाहरण देता है कि मसीह की आत्मा “प्रत्येक मनुष्य को दी गई है, ताकि वह अच्छे और बुरे को जान सके” (मोरोनी 7:16)। हम आधुनिक प्रकटीकरण में भी यही शिक्षा पढ़ते हैं:
“और आत्मा प्रत्येक व्यक्ति को ज्ञान देती है जो इस संसार में आता है; और आत्मा प्रत्येक व्यक्ति को संसारभर में ज्ञान देती है, जो आत्मा के वचन पर ध्यान देता है” (सिद्धांत और अनुबंध 84:46)।
फिर: “क्योंकि मेरी आत्मा संसार में भेजी जाती है विन्रम और पश्चातापी आलोकित करने को, और दुष्ट को दंड देने को” (सिद्धांत और अनुबंध 136:33)।
अध्यक्ष जोसेफ फील्डिंग स्मिथ ने इन पवित्रशास्त्रों की व्याख्या की: “प्रभु ने मनुष्यों को (जब वे इस संसार में पैदा हुए) प्रकाश और सच्चाई को खोजने के लिए टटोलते हुए असहाय नहीं छोड़ा है, बल्कि हर मनुष्य … मसीह की आत्मा या सच्चाई के प्रकाश के मार्गदर्शन, निर्देश, परामर्श को प्राप्त करने के अधिकार के साथ पैदा होता है।”
दूसरी महान सहायता प्रभु द्वारा हमें सही का चुनाव करने में सहायता करने के लिए प्रदान की गई उद्धार की योजना (प्रसन्नता की योजना) के भाग के रूप में पवित्रशास्त्रों में दिए गए परस्पर संबंधित दिव्य निर्देशों का समूह है। ये निर्देश आज्ञाएं, विधियां और अनुबंध हैं।
आज्ञाएं उस मार्ग को स्पष्ट करती हैं जिसे हमारे स्वर्गीय पिता ने अनन्त जीवन की ओर विकास करने के लिए हमारे लिए चिन्हित किया है। जो लोग आज्ञाओं को परमेश्वर द्वारा दंड देने का तरीका मानते हैं, वे परमेश्वर की प्रसन्नता की प्रेमपूर्ण योजना के उद्देश्य को समझने में असफल रहते हैं। उस मार्ग पर, हम धीरे-धीरे अपने उद्धारकर्ता के साथ आवश्यक संबंध प्राप्त करते और उसकी शक्ति में वृद्धि के लिए योग्य बनते हैं जो हमें उस स्थान तक पहुंचने में मदद करती है जिसे परमेश्वर हम सभी के लिए चाहता है। हमारा स्वर्गीय पिता चाहता है कि उसके सभी बच्चे स्वर्गीय राज्य में लौटें, जहां परमेश्वर और हमारा उद्धारकर्ता रहते हैं, और उन लोगों के समान जीवन जीएं जो उस सिलेस्टियल महिमा में रहते हैं।
विधियां और अनुबंध उस व्यवस्था का हिस्सा हैं जो अनन्त जीवन का मार्ग स्पष्ट करती है। विधियां, और उनके द्वारा हम परमेश्वर के साथ जो पवित्र अनुबंध बनाते हैं, वे मार्ग पर चलने के लिए आवश्यक कदम तथा जरूरी सुरक्षा-रेखाएं हैं । मैं अनुबंधों की भूमिका के बारे में यह सोचना पसंद करता हूं कि वे यह प्रदर्शित करती हैं कि परमेश्वर की योजना के अधीन, उसकी सर्वोच्च आशीषें उन लोगों को दी जाती हैं जो पहले से ही कुछ आज्ञाओं का पालन करने की प्रतिज्ञा करते तथा उन्हें पूरा करते हैं।
सही चुनाव करने के लिए परमेश्वर द्वारा दी गई अन्य सहायताएं पवित्र आत्मा के दर्शन हैं। पवित्र आत्मा परमेश्वरत्व की तीसरी सदस्य है। पवित्रशास्त्र में उसका कार्य, पिता और पुत्र की गवाही देना, हमें शिक्षा देना, सब बातों को हमें याद कराना, और सब सच्चाइयों में हमारा मार्गदर्शन करना, बताया गया है। पवित्रशास्त्रों में पवित्र आत्मा के “दर्शन” के कई विवरण शामिल हैं, जैसे कि मॉरमन की पुस्तक की सच्चाई के बारे में प्रश्न के जवाब में एक आत्मिक गवाही। किसी दर्शन को पवित्र आत्मा के उपहार के साथ भ्रमित नहीं किया जाना चाहिए, जो बपतिस्मा के बाद प्रदान किया जाता है।
अपने विश्वासी बच्चों के लिए परमेश्वर की सबसे महत्वपूर्ण सहायताओं में से एक है पवित्र आत्मा का उपहार। इस उपहार का महत्व इस सच्चाई में स्पष्ट है कि इसे औपचारिक रूप से पश्चाताप और जल से बपतिस्मा के बाद प्रदान किया जाता है, “फिर आता है [पवित्रशास्त्र बताते हैं] आग और पवित्र आत्मा द्वारा तुम्हारे पापों का क्षमा किया जाना है” (2 नफी 31:17)। जिन व्यक्तियों को पापों की यह क्षमा प्राप्त होती है—और फिर वे प्रतिदिन पश्चाताप के द्वारा नियमित रूप से अपनी शुद्धता को नवीन करते हैं और प्रभु-भोज की विधि के द्वारा जो अनुबंध उन्होंने बनाए थे उसके अनुसार जीवन जीते हैं—वे इस प्रतिज्ञा के लिए योग्य होते हैं कि पवित्र आत्मा, प्रभु की आत्मा, “उनके साथ … सदा के लिए रह सके” (सिद्धांत और अनुबंध 20:77)।
इस प्रकार, अध्यक्ष जोसफ एफ. स्मिथ ने सिखाया कि पवित्र आत्मा “परमेश्वर की बातों के संबंध में लोगों को समझ प्रदान करेगी, उनके परिवर्तन के समय उन्हें यह भरोसा दिलाएगी कि उन्होंने पिता की इच्छा पूरी की है, और जीवन भर उनके साथी के रूप में एक स्थायी गवाही बनेगी, सभी सच्चाइयों में सुनिश्चित और सुरक्षित मार्गदर्शक के रूप में कार्य करेगी और उन्हें दिन प्रतिदिन आनंद और खुशी, सभी मनुष्यों के प्रति भलाई करने, गलत करने के बजाय गलत को सहने, दयालु और कृपालु, सहनशील और उदार बनने की प्रवृत्ति से भर देगी। वे सभी लोग जिनके पास यह अमूल्य उपहार, यह अनमोल मोती है, उनमें सच्चाई को पाने की निरंतर इच्छा रहती है। पवित्र आत्मा की सहायता के बिना कोई भी मनुष्य सीधे और संकरे मार्ग पर नहीं चल सकता।”
IV.
हमारी नश्वर यात्रा में हमारा मार्गदर्शन करने के लिए इतनी सारी शक्तिशाली सहायताएं मौजूद हैं, फिर भी यह निराशाजनक है कि इतने सारे लोग हमारे उद्धारकर्ता और मुक्तिदाता, यीशु मसीह से भेंट करने के लिए तैयार नहीं हैं। इस सम्मेलन में बार-बार सुनाए गए दस कुंवारियों की उसके दृष्टान्त से पता चलता है कि उससे मिलने के लिए आमंत्रित लोगों में से केवल आधे ही तैयार होंगे।
हम सब इसके उदाहरणों को जानते हैं: वापस लौटे प्रचारक जिन्होंने निष्क्रियता की अवधि के द्वारा अपने आत्मिक विकास को रोक दिया है, युवा जिन्होंने गिरजे की शिक्षा और गतिविधियों में भाग लेने में असफल रहने के कारण अपने आत्मिक विकास को खतरे में डाल दिया है, पुरुष जिन्होंने मेल्कीसेदेक पौरोहित्य के लिए अपनी नियुक्ति को स्थगित कर दिया है, पुरुष और महिलाएं—कभी-कभी महान पथप्रदर्शकों या योग्य माता-पिता की संतानें—जो पवित्र मंदिर में अनुबंधों को न बनाने और न ही उनका पालन करने का चुनाव करके अनुबंध मार्ग से हट गए हैं।
इस प्रकार से मार्ग से भटकना तब होता है जब सदस्य व्यक्तिगत प्रार्थना, नियमित पवित्रशास्त्र अध्ययन और निरंतर पश्चाताप करने की आत्मिकता को बनाए रखने की मूलभूत योजना का पालन करने में असफल रहते हैं। इसके विपरीत, कुछ लोग प्रभु-भोज में भाग लेकर अनुबंधों के साप्ताहिक रूप से नवीन करने की उपेक्षा करते हैं। प्रभु ने उसकी अनेक शिक्षाओं और अवसरों के द्वारा दूसरों को हमारी आवश्यक सेवा देने के लिए जो प्रावधान किया है, उसके स्थान पर अपनी भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए, कुछ लोग कहते हैं कि गिरजा उन्हें वह प्रदान नहीं कर रहा है जिसकी वे अपेक्षा करते हैं।
विनम्रता और प्रभु पर भरोसा ही ऐसे भटकावों का समाधान है। जैसा कि मॉरमन की पुस्तक सिखाती है, प्रभु “उन लोगों को आशीष देता है और उनकी उन्नति करता है जो उसमें भरोसा करते हैं” (हिलामन 12:1)। प्रभु पर भरोसा करना उन सभी के लिए विशेष आवश्यकता है जो परमेश्वर की आज्ञाओं और उसके भविष्यवक्ताओं की शिक्षाओं की तुलना मनुष्य की नवीनतम खोजों और ज्ञान के साथ गलत तरीके से करते हैं।
मैंने स्वर्ग में हमारे प्रेमी पिता द्वारा उसके बच्चों को नश्वरता की कठिन किन्तु आवश्यक यात्रा में सहायता करने के लिए दी गई अनेक सहायताओं के बारे में बताया है। इस दिव्य योजना में हमारा भूमिका है परमेश्वर पर भरोसा करना और इन दिव्य सहायताओं की खोज और उनका उपयोग करना, विशेष रूप से उसके प्रिय पुत्र, हमारे उद्धारकर्ता और मुक्तिदाता, यीशु मसीह का प्रायश्चित की। मैं प्रार्थना करता हूं कि हम इन नियमों को सिखाएंगे और इनका पालन करेंगे, यीशु मसीह के नाम में, आमीन।