12.
यीशु मसीह आनंद लाता है
आपका स्वर्गीय पिता आनंदपूर्ण है। वह चाहता है कि आप, उसके बच्चे, जितना हो सके उतना आनंद पाएं। इसलिए उसने प्रसन्नता की योजना तैयार की थी। उसने अपने पुत्र, यीशु मसीह को आपका उद्धारकर्ता बनने और उसके सुसमाचार का प्रचार करने के लिए भेजा था। सुसमाचार शब्द का अर्थ है “अच्छा समाचार,” और अच्छा समाचार यह है कि यीशु मसीह के कारण, आप इस जीवन में प्रसन्नता और अनंत काल तक आनंद की परिपूर्णता प्राप्त कर सकते हैं।
अनंत सच्चाइयां
आपको प्रसन्नता और आनंद प्राप्त करने के लिए बनाया गया है। यही आपके जीवन का उद्देश्य है। यह स्वर्गीय पिता की प्रसन्नता की योजना का उद्देश्य है। इसका अर्थ यह नहीं है कि आप कभी दुखी नहीं होंगे या कठिन समय का सामना नहीं करेंगे। लेकिन इसका अर्थ यह आवश्यक है कि उद्धारकर्ता कठिन समय का सामन करने और आनंद पाने में आपकी मदद कर सकता है।
आनंद आपकी परिस्थितियों से नहीं मिलता; यह यीशु मसीह का अनुसरण करने से मिलता है। आपका एक दिन, एक हफ्ता या एक साल कठिन हो सकता है। लेकिन आनंद का अर्थ जीवन में दुख का न होना नहीं है; बल्कि यह आपके जीवन में मसीह की उपस्थिति है।
उद्धारकर्ता का आनंद किसी भी अन्य बात से कहीं अधिक महान और स्थायी है। शैतान आपको स्वार्थी तरीकों से या सांसारिक सुखों से आनंद और संतुष्टि प्राप्त करने के लिए लालच देगा। जो कुछ भी यीशु मसीह और उसकी आज्ञाओं के विपरीत है, वह आपको सच्चा और स्थायी आनंद और खुशी नहीं दे सकता है। याद रखें कि इस पृथ्वी की वस्तुएं अस्थाई हैं। यीशु मसीह का सुसमाचार गहन, पवित्र और अनंत आनंद और प्रसन्नता प्रदान करता है।
आमंत्रण
आनंद का चुनाव करें। हालांकि सच्चाई यह है कि इस संसार में दुख और कठिनाइयां हैं, लेकिन स्वर्गीय पिता ने संसार को कई खूबसूरत और अच्छी वस्तुओं से भी भर दिया है। उनकी खोज करें। हर दिन खुश होने के कारणों को खोजने की कोशिश करें—हो सके तो उन्हें लिखें भी। ये आपके स्वर्ग में रहने वाले प्यारे पिता की ओर से उपहार हैं।
दूसरों के जीवन में आनंद और प्रसन्नता लाएं। यीशु मसीह को हमें आनंद देने में परिपूर्ण आनंद प्राप्त होता है। आप दूसरों की सेवा में आनंद और प्रसन्नता पाकर उसके उदाहरण का अनुसरण कर सकते हैं। किसी को प्यार का एहसास दिलाने में मदद करें। दिल से प्रशंसा कीजिए। जो व्यक्ति संघर्ष कर रहा हो, उसे प्रोत्साहित करें। यदि आपको कभी लगे कि आपको अपने जीवन में अधिक आनंद की जरूरत है, तो किसी और को आनंद देने की कोशिश करें।
प्रभु की आराधना में आनंदित रहो। जब आप गिरजे जाएं, तो उस आनंद पर ध्यान केंद्रित करें जो यीशु मसीह आपको देता है, और उसके लिए उसकी प्रशंसा करें! अपनी गिरजा सभाओं में आनंदमय वातावरण बनाने में अपना योगदान दें। घर पर और गिरजे में पवित्र संगीत को अपनी आराधना का एक अभिन्न अंग बनाएं।
प्रतिज्ञा की गई आशीषें
जीवन कठिन होने पर भी आप आनंद महसूस कर सकते हैं। आप अचंभित हो सकते हैं कि यह कैसे संभव है, लेकिन यह सच है। यीशु मसीह में आपका विश्वास, उसकी चंगाई की शक्ति और उसकी अनंत प्रतिज्ञाएं आपको निरंतर आनंद दे सकती हैं। उसका आनंद दुख को ढक लेता है और ऐसी शांति लाता है जो सभी समझ से परे है।
परमेश्वर के सिलिस्टियल राज्य में आपको असीम आनंद मिलेगा। यीशु मसीह ने उन सभी बाधाओं पर विजय प्राप्त की थी जो आपको अनंत आनंद प्राप्त करने से रोक सकती थी। जब आप उस पर भरोसा और उसका अनुसरण करते हैं, तो यह आनंद आपका होगा।
प्रश्न और उत्तर
यदि सुसमाचार आनंददायक है, तो मुझे इतना दुख क्यों होता है? दुख होना इस बात का संकेत नहीं है कि आप सुसमाचार के अनुसार जीवन नहीं जी रहे हैं। हर किसी के जीवन में कठिनाइयां, चुनौतियां और दुख शामिल होते हैं। यीशु मसीह का अनुसरण करने से यह नहीं बदलता, लेकिन यह आपको एक ऐसे उद्धारकर्ता से जोड़ता है जो आपको सांत्वना दे सकता है और आनंद और प्रसन्नता पाने में मदद कर सकता है।
संसार में इतना दुख क्यों है? संसार में होने वाले कुछ कष्टों का कारण यह है कि लोग अपनी इच्छाशक्ति का दुरुपयोग करके गलत निर्णय लेते हैं। इससे उन्हें और दूसरों को भी कष्ट हो सकता है। अन्य मामलों में, पीड़ा किसी की गलती नहीं होती—यह केवल एक अपूर्ण संसार में रहने का परिणाम है। कारण कुछ भी हो, किसी को, खासकर अपने किसी प्रियजन को, कष्ट सहते देखना दिल दहला देने वाला हो सकता है। निश्चित हों कि जब आप कष्ट सहते हैं तो परमेश्वर भी दुखी होता है। वह आपको नश्वरता के कष्टों को सहने देता है ताकि आप प्रगति करें और उसके साथ अनंत आनंद के लिए तैयार हो सकें, लेकिन वह आपको अकेले कष्ट सहने के लिए नहीं छोड़ता है। उसने यीशु मसीह को भेजा ताकि वह आपके दुख को अपने ऊपर ले ले और आपकी मदद कर सकें। यीशु मसीह आपकी शक्ति है! और वह आपको, अपने अनुयायियों के रूप में, दूसरों के दुख को कम करने में मदद के लिए अपनी क्षमता के अनुसार कार्य करने के लिए आमंत्रित करता है।
देखें भजन संहिता 16:11 (परमेश्वर की उपस्थिति में भरपूर आनंद है); 95:1 (प्रभु की स्तुति करो); यूहन्ना 16:33 (ढाढस बांधो, यीशु मसीह ने संसार को जीत लिया है); गलातियों 5:22 (आत्मा का फल आनंद है); इब्रानियों 12:2 (यीशु ने परमेश्वर के बच्चों को बचाने के आनंद के कारण अपना दुख सहा था); 2 नफी 2:25 (परमेश्वर चाहता है कि आप आनंदित रहो); अलमा 26:15-16 (परमेश्वर का काम करने से आनंद मिलता है); सिद्धांत और अनुबंध 18:15-16 (जब आप दूसरों को मसीह के पास आने में मदद करोगे तो आपका आनंद कितना महान होगा)।
मंदिर संस्तुति प्रश्न
-
क्या आपके पास यीशु मसीह के प्रायश्चित और उद्धारकर्ता और मुक्तिदाता के रूप में उसकी भूमिका की गवाही है?