8.
मंदिर विधियां और अनुबंध आपको परमेश्वर की आशीषों तक पहुंच प्रदान करते हैं
स्वर्गीय पिता की कुछ आशीषें इतनी पवित्र हैं कि उसने हमें विशेष, पवित्र स्थान अलग रखने की आज्ञा दी है जहां हम उन्हें प्राप्त कर सकते हैं: मंदिर। प्रभु के घर, मंदिर में, आप उसकी सर्वोच्च विधियों—वृत्तिदान और मुहरबंदी—प्राप्त कर उसकी महान प्रतिज्ञाएं प्राप्त कर सकते हैं।
अनंत सच्चाइयां
यह वृत्तिदान ज्ञान और शक्ति का उपहार है। मंदिर वृत्तिदान की विधियों में, आप उद्धारकर्ता के नाम को अधिक पूर्ण रूप से अपने ऊपर ग्रहण करते हैं। आप परमेश्वर की आज्ञा मानने, उसकी इच्छा पूरी करने के लिए बलिदान करने, यीशु मसीह के सुसमाचार के अनुसार जीवन जीने, पवित्रता के नियम का पालन करने और अपने जीवन और परमेश्वर द्वारा आपको दी गई हर वस्तु को उसके गिरजे को समर्पित करने का अनुबंध बनाते हैं। ये आपकी प्रतिज्ञाएं हैं। परमेश्वर आपको अधिक ज्ञान, सुरक्षा और अपनी शक्ति तक पहुंच प्रदान करने की प्रतिज्ञा करता है। वह आपको उसके साथ अनंत जीवन देने की प्रतिज्ञा भी करता है। इस वृत्तिदान के रूप में, आपको पवित्र पौरोहित्य की पोशाक धारण करने का पवित्र सौभाग्य प्राप्त होता है। यह पौशाक यीशु मसीह का प्रतीक है और आपके मंदिर के अनुबंधों की याद दिलाती है।
मंदिर मुहरबंदी जोड़ों और परिवारों को अनंत काल के लिए एक साथ बांधती है। मंदिर मुहरबंदी की विधि में, आप और आपका जीवनसाथी परमेश्वर और एक दूसरे के साथ अनुबंध बनाएंगे। आप परमेश्वर और एक दूसरे के प्रति पूर्णतः वफादार रहने, एक दूसरे से प्रेम और एक दूसरे की सेवा और परमेश्वर की व्यवस्था का पालन करने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिज्ञा करेंगे। यह आपकी प्रतिज्ञा है। परमेश्वर प्रतिज्ञा करता है कि आपके जीवनसाथी और बच्चों के साथ आपका रिश्ता हमेशा के लिए कायम रहेगा। वह यह भी प्रतिज्ञा करता है कि जब आप अपनी प्रतिज्ञाओं का पालन करेंगे तो आप स्वर्गीय राज्य में उसके साथ सिलिस्टियल राज्य प्राप्त कर सकेंगे। इस आशीष को उत्कर्ष कहा जाता है।
आमंत्रण
हमेशा मंदिर संस्तुति रखें। इसे प्राप्त करने के लिए अपने धर्माध्यक्षता के किसी सदस्य से मिलें। वह आपसे प्रश्न पूछेगा कि आप प्रभु के पवित्र घर में प्रवेश करने के लिए उसके मानकों के अनुसार जीवन कैसे जी रहे हैं। इन प्रश्नों की नियमित रूप से समीक्षा करें। (आप इन्हें इस मार्गदर्शिका के परिशिष्ट में पा सकते हैं।) भले ही आप मंदिर से दूर रहते हों, फिर भी आपकी संस्तुति प्रभु के प्रति आपके प्रेम और उसके मानकों के अनुसार जीवन जीने की आपकी प्रतिबद्धता की प्रतीक होती है।
जितनी बार संभव हो मंदिर जाएं। अपनी मंदिर संस्तुति से, आप प्रभु के घर में प्रवेश कर सकते हैं और अपने पूर्वजों के लिए बपतिस्मा और पुष्टिकरण प्राप्त कर सकते हैं, ताकि वे उन आशीषों को प्राप्त कर सकें जो आपको प्राप्त हैं। मंदिर में समय बिताने के हर अवसर का लाभ उठाएं। उसके पवित्र घर में प्रभु को खोजें। विधियों, प्रतीकों और जो आत्मा आप महसूस करते हैं उसमें उसकी खोज करें। आप उसे पाएंगे।
प्रभु के घर में अनुबंध बनाने के लिए तैयार रहें। ऐसा करने का सबसे अच्छा तरीका अपने बपतिस्मा अनुबंध का पालन करना है। मंदिर विधियों को ग्रहण करना और जीवन भर अनुबंधों का पालन करना अपने पथप्रदर्शक लक्ष्यों में से एक बनाएं। अभी से उन व्यवस्था के अनुसार जीवन जीना शुरू करें जिनका पालन करने की प्रतिज्ञा आप मंदिर में करेंगे: परमेश्वर की आज्ञाओं का पालन, बलिदान, यीशु मसीह का सुसमाचार, यौन शुद्धता और समर्पण। आपका परिवार, धर्माध्यक्ष और अन्य गिरजा मार्गदर्शक आपकी मदद कर सकते हैं।
प्रतिज्ञा की गई आशीषें
आप यीशु मसीह के समान बन सकते हैं। वह आपको सच्चाई का एक महान अनुयायी बनने में मदद करेगा। मंदिर विधियां और अनुबंध आपको सिखाएंगे कि कैसे परमेश्वर की उपस्थिति में प्रवेश करें और उसके साथ अनंत जीवन प्राप्त करें।
आपको परमेश्वर की शक्ति से लैस किया जाएगा। मंदिर अनुबंध इस प्रतिज्ञा के साथ आते हैं कि परमेश्वर की शक्ति और महिमा आप पर बनी रहेगी। उसके दूत आपकी रक्षा करेंगे।
मंदिर में समय बिताने से आप यीशु मसीह और पवित्र आत्मा से और अधिक निकटता से जुड़ जाएंगे। आपको परमेश्वर की शांति और विश्राम का अनुभव होगा। आपको उसकी वाणी अधिक स्पष्ट रूप से सुनाई देगी। आपके लिए स्वर्ग के द्वार खुल जाएंगे, और आप उसके तरीकों को बेहतर ढंग से समझ पाएंगे। आपको अपनी चुनौतियों का सामना करने की अधिक शक्ति मिलेगी क्योंकि आपका हृदय उससे जुड़ा हुआ है।
प्रश्न और उत्तर
मैं वृत्तिदान कब प्राप्त कर सकता हूं? अपना वृत्तिदान प्राप्त करने का निर्णय व्यक्तिगत है; यह निर्णय प्रार्थनापूर्वक लें। अपने परिवार और गिरजा मार्गदर्शकों से परामर्श करें। वृत्तिदान प्राप्त करने के लिए, आपकी आयु कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए और आप हाई स्कूल या माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत नहीं होने चाहिए। आपको मिशन पर जाने या मुहरबंद होने से पहले ही वृत्तिदान प्राप्त हो जाएगी, लेकिन वृत्तिदान प्राप्त करने के लिए आपको इनमें से किसी घटना की प्रतीक्षा करने की आवश्यकता नहीं है। आपको बस अपने स्वर्गीय पिता के साथ अतिरिक्त अनुबंध बनाने और उन्हें निभाने की इच्छा और तैयारी करने की आवश्यकता है। आपके धर्माध्यक्ष या शाखा अध्यक्ष आपको यह जानने में मदद कर सकते हैं कि आप तैयार हैं या नहीं। वृत्तिदान को किसी अनंत जांच-सूची पर एक काम के रूप में न देखें। इसे मसीह के पास आने और परमेश्वर के सबसे बड़े आत्मिक आशीष प्राप्त करने की आपकी अनंत यात्रा का एक सुंदर और गौरवशाली हिस्सा समझें।
मुझे मंदिर में प्रवेश करने के लिए मंदिर संस्तुति की आवश्यकता क्यों है? मंदिर प्रभु का घर है, और वही उसमें प्रवेश करने के मानदंड निर्धारित करते हैं। विधियां और अनुबंध इतने पवित्र हैं कि उनके लिए विशेष आत्मिक तैयारी करने की आवश्यकता होती है। मंदिर संस्तुति साक्षात्कार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आप मंदिर अनुबंधों के उच्च विशेषाधिकारों के लिए आत्मिक रूप से तैयार हैं। स्वर्गीय पिता अपने सभी बच्चों को अपने पवित्र घर में उसके साथ प्रतिज्ञा करने की तैयारी करने के लिए आमंत्रित करता है।
क्या मंदिर अनुबंध बनाने के लिए मुझे परिपूर्ण होना आवश्यक है? कोई भी परिपूर्ण नहीं है। परमेश्वर आपसे ईमानदार रहने और उसकी आज्ञाओं का पालन करने के लिए तत्पर रहने की अपेक्षा करता है। परमेश्वर के साथ अनुबंध बनाना और पालन करना ही आपको यीशु मसीह के द्वारा परिपूर्ण होने की शक्ति देता है। वह आपकी शक्ति है!
देखें यशायाह 2:2-3 (परमेश्वर हमें मंदिर में अपने मार्ग सिखाता है); मत्ती 11:28-30 (उद्धारकर्ता का जूआ अपने ऊपर ले लो); 1 नफी 14:14 परमेश्वर की शक्ति उसके अनुबंधित लोगों पर है); सिद्धांत और अनुबंध 97:15-16 (परमेश्वर की उपस्थिति और उसकी महिमा उसके घर में है); 109:22 (मंदिर में हम परमेश्वर की शक्ति से लैसे होते हैं); 131:1-4; 132:4-6, 15-20 (अनंत जीवन प्राप्त करने के लिए, पुरुष और स्त्री को विवाह की नई और अनंत अनुबंध के द्वारा अनंतकाल के लिए मुहरबंद होना चाहिए); इब्राहीम 1:2 (इब्राहीम सच्चाई का एक महान अनुयायी बनना और अधिक ज्ञान प्राप्त करना चाहता था)।
मंदिर संस्तुति प्रश्न
-
क्या आप स्वयं को प्रभु के घर में प्रवेश करने और मंदिर की विधियों में भाग लेने के योग्य समझते हैं?