7.
विधियां और अनुबंध आपको परमेश्वर की आशीषों तक पहुंच प्रदान करते हैं
आपका स्वर्गीय पिता आपको सिखाने और आशीष देने के लिए उत्सुक है। वह ऐसा बपतिस्मा, पुष्टिकरण और प्रभु-भोज जैसी विधियों के द्वारा करता है। इस प्रकार की विधियों के द्वारा, हम परमेश्वर के साथ एक अनुबंध अर्थात प्रतिज्ञा बनाते हैं। अनुबंधों का पालन करने से आपके जीवन में परमेश्वर की शक्ति बढ़ती है और आपको अनंत जीवन के लिए तैयार होने में मदद मिलती है। इसलिए विधियों और अनुबंध हमारे लिए अनमोल हैं—क्योंकि वे हमारे स्वर्गीय पिता और हमारे उद्धारकर्ता के साथ हमारे संबंध को मजबूत और हमें उनके जैसा बनने में मदद करते हैं।
अनंत सच्चाइयां
विधियां हमें यीशु मसीह की ओर मोड़ती हैं। विधि एक पवित्र समारोह है जिसमें प्रतीकात्मक अर्थ होते हैं और जो यीशु मसीह के बारे में सिखाते हैं। उदाहरण के लिए, प्रभु-भोज केवल रोटी और पानी ही नहीं है। यह हमें उद्धारकर्ता का स्मरण कराता है।
अनुबंध परमेश्वर के प्रेम, विश्वास और अपेक्षाओं के प्रतीक हैं। वे परमेश्वर के साथ आपके रिश्ते को एक गहरे स्तर पर ले जाते हैं। अनुबंध बनाना यह दर्शाता है कि आप परमेश्वर से प्रेम करते हैं और उसके प्रति समर्पित हैं। आप उस पर भरोसा कर सकते हैं, और वह आप पर भरोसा कर सकता है। उस गहरी प्रतिबद्धता के साथ, आपको अपने अनुबंधों को निभाते हुए उसकी शक्ति और सहायता तक अधिक पहुंच प्राप्त होती है।
जब आप बपतिस्मा और पुष्टिकरण प्राप्त करते हैं और जब आप प्रभु-भोज में भाग लेते हैं, तो आप परमेश्वर के साथ अनुबंध बनाते हैं। जब आप बपतिस्मा लेते हैं, तो आप अपने जीवन भर यीशु मसीह के नाम को अपनाने, उसकी सेवा करने और उसकी आज्ञाओं का पालन करने की प्रतिज्ञा करते हैं। इस प्रभु-भोज के दौरान, आप उससे यह प्रतिज्ञा भी करते हैं कि आप उन्हें हमेशा याद रखेंगे। ये आपकी प्रतिज्ञाएं हैं। जब आप उनका पालन करते हैं, तो परमेश्वर आपको पवित्र आत्मा को एक निरंतर साथी के रूप में देने की प्रतिज्ञा करता है।
आमंत्रण
इस प्रभु-भोज को एक पवित्र उपहार की तरह समझें। प्रभु-भोज के दौरान पवित्र अनुभव के लिए तैयारी करके यीशु मसीह के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करें। इस विधि को अपने सप्ताह का आत्मिक रूप से महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने के लिए आप क्या कर सकते हैं, इस पर मनन करें।
विधियों में उद्धारकर्ता को खोजें। जब आप किसी विधि को देखते या उसमें भाग लेते हैं, तो स्वयं से पूछें, “इससे मुझे यीशु मसीह के बारे में क्या सीखने को मिलता है?” या “यह मुझे उसके निकट कैसे लाती है?” आत्मा आपको जो सिखाती है, उस पर ध्यान दें।
अपने अनुबंधों के अनुसार कार्य करें। जब आपको कोई विकल्प चुनना हो, तो परमेश्वर के साथ अपने अनुबंध संबंध को याद रखें। उसके प्रति वफादार रहें। स्वयं से पूछें: क्या यह मेरे अनुबंधों के अनुरूप है? उदाहरण के लिए, क्या मैं दूसरों से प्रेम करता हूं और उनकी सेवा करता हूं, जरूरतमंद लोगों को सांत्वना देता हूं, और हर जगह और हर समय मसीह का गवाह बनता हूं?
प्रतिज्ञा की गई आशीषें
आप प्रलोभन, पाप और जीवन की कठिनाइयों पर विजय पाने की शक्ति प्राप्त कर सकते हैं। अनुबंध बनाना और उन्हें निभाना आपको परमेश्वर की शक्ति तक पहुंच प्रदान करता है। उस शक्ति के साथ, आप आत्मविश्वास से किसी भी बात का सामना कर सकते हैं। यीशु मसीह आपकी शक्ति है!
आप शुद्ध हो सकते हैं और आपको क्षमा मिल सकती है। बपतिस्मा अनुबंध का पालन करने पर परमेश्वर आपसे आपके पापों की क्षमा की प्रतिज्ञा करता है। इसका अर्थ है कि जब आप पश्चाताप करते और परमेश्वर से की गई अपनी प्रतिज्ञाओं का पालन करते हैं, तो वह आपको क्षमा करेगा और आपको सुधार करने में मदद करेगा।
आप हमेशा पवित्र आत्मा की संगति में रह सकते हैं। बपतिस्मा और प्रभु-भोज से जुड़ी एक अन्य प्रतिज्ञा उसकी आत्मा की निरंतर संगति और स्वर्गदूतों की सेवकाई है। आप अपनी चुनौतियों का सामना कभी अकेले नहीं करते हैं। परमेश्वर अपने अनुबंध के बच्चों को कभी अकेला नहीं छोड़ता है—आप इस बात पर भरोसा रख सकते हैं।
आप परमेश्वर के अनुबंधित लोगों का समर्थन ले सकते हैं। आप उद्धारकर्ता के गिरजे में अनुबंधित लोगों के समुदाय से संबंधित हैं। आप एक दूसरे का हौसला बढ़ाते और प्रोत्साहित करते हैं। आप सब मिलकर शोक और मिलकर आनंद मनाते हैं। आप एक दूसरे का बोझ उठाते हो। आपका परिवार, धर्माध्यक्ष, मार्गदर्शक और गिरजे के अन्य सदस्य आपकी मदद के लिए तैयार रहते हैं, और आप भी उनकी मदद कर सकते हैं।
प्रश्न और उत्तर
क्या मैं विधियों और अनुबंधों के बिना यीशु मसीह का एक अच्छा अनुयायी बन सकता हूं? ऐसे बहुत से अच्छे लोग हैं जो सच्चे मन से यीशु मसीह का अनुसरण करते हैं, भले ही उन्होंने कभी बपतिस्मा न लिया हो या मंदिर न गए हों। फिर भी, स्वर्गीय पिता चाहता है कि उसके सभी बच्चे उसकी विधियों को ग्रहण करें और उसके साथ अनुबंध बनाएं ताकि वे उसकी सहायता, दया और शक्ति तक अधिक पहुंच प्राप्त कर पाएं। यही एक मुख्य कारण है कि यीशु मसीह ने अपने गिरजे को पुनर्स्थापित किया था! परमेश्वर के प्रत्येक बच्चे को इस जीवन में या आने वाले जीवन में अनंत जीवन के लिए आवश्यक विधियों और अनुबंधों को स्वीकार करने का अवसर मिलेगा।
मैं हमेशा से अपने अनुबंधों के प्रति विश्वासी नहीं रहा हूं। क्या मेरे लिए कोई आशा है? हां! यीशु मसीह का सुसमाचार आशा और नई शुरुआत करने का सुसमाचार है! इसलिए हम हर सप्ताह प्रभु-भोज ग्रहण करते हैं। स्वर्गीय पिता को पता था कि हम गलतियां करेंगे और हमें एक नई शुरुआत करने की आवश्यकता होगी। उद्धारकर्ता ने आपको वापसी का मार्ग देने के लिए अपना जीवन बलिदान किया था। जब आप यीशु मसीह में विश्वास रखते और पश्चाताप करते हैं, तो आप परमेश्वर की शक्ति को पुनः प्राप्त कर सकते हैं।
देखें 1 कुरिन्थियों 11:23-26 (प्रभु-भोज ग्रहण करना यह दर्शाता है कि हम यीशु मसीह और उसके प्रायश्चित में विश्वास करते हैं); मुसायाह 18:10, 13 (बपतिस्मा अनुबंध); सिद्धांत और अनुबंध 13 (हारूनी पौरोहित्य में पश्चाताप, बपतिस्मा और स्वर्गदूतों की सेवकाई की कुंजियां शामिल है); 20:37 (बपतिस्मा के लिए आवश्यकताएं); 20:77, 79 (प्रभु-भोज प्रार्थनाएं)।
मंदिर संस्तुति प्रश्न
-
क्या आप घर और गिरजे दोनों स्थानों में सब्त दिन को पवित्र रखने का प्रयास करते हैं; अपनी सभाओं में जाते हैं; प्रभु-भोज की तैयारी करते और योग्यता से भाग लेते हैं; और सुसमाचार की व्यवस्था और आज्ञाओं के अनुसार अपना जीवन जीते हैं ?