9.
आप पौरोहित्य कुंजियों और पौरोहित्य अधिकार द्वारा आशीषित हैं।
मत्ती 16:18–19
जब यीशु ने पतरस को पौरोहित्य अधिकार के बारे में सिखाया, तो उसने कुंजियों के बारे में बोला था। किसी द्वार को खोलने या ताला खोलने के लिए कुंजियों का उपयोग किया जाता है। पौरोहित्य कुंजियां आपके जीवन में परमेश्वर की शक्ति, उपहार और आशीषों के द्वार खोल सकती हैं।
अनंत सच्चाइयां
सभी पौरोहित्य कुंजियां और अधिकार यीशु मसीह के द्वारा प्राप्त होते हैं। प्रत्येक पौरोहित्य धारक के अधिकार का स्रोत परमेश्वर होता है। उद्धारकर्ता ही यह निर्धारित करता है कि किसे यह अधिकार प्राप्त होगा और किसे पौरोहित्य कुंजियां मिलेंगी। हमें उसके परिपूर्ण ज्ञान पर भरोसा है।
यीशु मसीह ने हमारे समय में अपने पौरोहित्य को पुनर्स्थापित किया है। वह निर्देशित करता है कि पौरोहित्य का उपयोग कैसे किया जाएगा। आदम, मूसा, पतरस और इतिहास के कई अन्य भविष्यवक्ताओं को पौरोहित्य कुंजियां प्राप्त हुई थी। हमारे समय में, जोसफ स्मिथ को यूहन्ना बपतिस्मा देने वाले, पतरस, मूसा, एलिय्याह, एलिजा और अन्य लोगों से पौरोहित्य कुंजियां प्राप्त हुई थी। प्रथम अध्यक्षता और बारह प्रेरितों की परिषद आज पृथ्वी पर सभी पौरोहित्य कुंजियां धारण करते हैं। स्थानीय पौरोहित्य मार्गदर्शक और परिषद अध्यक्ष भी अपनी नियुक्ति के लिए पौरोहित्य कुंजियां धारण करते हैं। पौरोहित्य कुंजियां परमेश्वर के कार्य का संचालन करती हैं। वे पुरुषों और महिलाओं को उस कार्य में सहायता करने के लिए अधिकृत और सशक्त बनाते हैं।
पौरोहित्य अधिकार परमेश्वर के सभी बच्चों को आशीष देता है। क्योंकि पौरोहित्य पुनर्स्थापित किया गया था, इसलिए आप विधियां प्राप्त कर और परमेश्वर के साथ अनुबंध बना सकते हैं। जब आपको किसी अधिकृत व्यक्ति से कोई कार्य या नियुक्ति प्राप्त हो, तो आप परमेश्वर के नाम पर कार्य कर सकते हैं।
आमंत्रण
गिरजा नियुक्तियों को स्वीकार करें और निष्ठापूर्वक सेवा करें। जब आपको कोई गिरजा नियुक्ति मिलती है, तो आपको उसमें सेवा करने के लिए परमेश्वर के अधिकार से अलग किया जाता है। आप अपनी सेवा के लिए परमेश्वर से मार्गदर्शन भी प्राप्त कर सकते हैं। जब आप सेवा करते हैं, तो आप यीशु मसीह का प्रतिनिधित्व करते हैं। उसे अपना सर्वश्रेष्ठ दें।
परमेश्वर ने जिन लोगों को सेवा करने के लिए नियुक्त किया है, उनका समर्थन करें। समर्थन करने का अर्थ गिरजा सभा में किसी का नाम पढ़े जाने पर केवल हाथ उठाना ही नहीं है, बल्कि इससे कहीं अधिक है। इसका अर्थ है समर्थन और मदद करना। ऐसे तरीके खोजें जिनसे प्रदर्शित होता है कि आप उन लोगों का समर्थन करते हैं जिन्हें यीशु मसीह ने अपने गिरजे में सेवा करने के लिए नियुक्त किया है।
अपने गिरजा मार्गदर्शकों द्वारा दिए गए कार्यों को पूरा करें—जिसमें आपकी परिषद या कक्षा अध्यक्षता द्वारा दिए गए कार्य भी शामिल हैं। उन्हें परमेश्वर से अधिकार प्राप्त है, जिसे वे उस कार्य के लिए आपको सौंपते हैं। आपको किसी की सेवकाई, प्रभु-भोज सभा में आने वाले लोगों का स्वागत करने या किसी गतिविधि में सहायता करने का कार्य सौंपा जा सकता है। आपको जो भी कार्य सौंपा जाए, उसे यीशु मसीह का शिष्य बनने और परमेश्वर के बच्चों की सेवा करने के अवसर के रूप में देखें।
प्रतिज्ञा की गई आशीषें
आप इस बात पर भरोसा रख सकते हैं कि आपको प्राप्त होने वाली विधियां यीशु मसीह द्वारा अधिकृत हैं। यह उन बातों में से एक है जो यीशु मसीह के गिरजे को अद्वितीय बनाती है। पौरोहित्य विधियों के द्वारा परमेश्वर की शक्ति प्रकट होती है।
आप प्रभु के हाथों में एक साधन बन जाएंगे। जब आप प्रभु के अधिकार से और उसके उन सेवकों के मार्गदर्शन में, जिनके पास पौरोहित्य कुंजियां हैं, उसकी सेवा करते हैं, तो वह आपको यह जानने में मदद करेगा कि उसके कार्य में दूसरों की सेवा कैसे करें। यीशु मसीह आपकी शक्ति है। आपकी सेवा आपको उसके निकट लाने में मदद करेगी और आपको आनंद प्रदान करेगी।
प्रश्न और उत्तर
मेरे वार्ड में पौरोहित्य कुंजियां किसके पास हैं? धर्माध्यक्ष और एल्डर, शिक्षकों और डीकन परिषद के अध्यक्षों के पास पौरोहित्य कुंजियां होती हैं। इसका अर्थ यह है कि प्रभु ने उन्हें यह निर्देश देने का कार्य सौंपा है कि पौरोहित्य का उपयोग वार्ड में सभी की सेवा और आशीष देने के लिए कैसे किया जाए।
पौरोहित्य कुंजियां मुझे कैसे आशीष देती हैं? बपतिस्मा और प्रभु-भोज जैसी विधियां पौरोहित्य कुंजियां द्वारा अधिकृत होती हैं। जब आपको गिरजे में कोई नियुक्ति मिलती है, तो आपको किसी ऐसे व्यक्ति के मार्गदर्शन में अलग कर दिया जाता है जिसके पास कुंजियां होती हैं। यह आपको उस कार्य में सेवा करने का अधिकार प्रदान करती है। गिरजा मार्गदर्शक और शिक्षक जो आपकी सेवा करते हैं, उन्हें भी कुंजियों द्वारा पौरोहित्य अधिकार प्राप्त हुआ है।
पुरुष और महिलाएं पौरोहित्य अधिकार के साथ किस प्रकार सेवा करते हैं? योग्य पुरुषों को पौरोहित्य प्रदान किया जाता है और उन्हें डीकन, शिक्षक, याजक और एल्डर जैसे पौरोहित्य पदों पर नियुक्त किया जाता है। जिन महिलाओं और पुरुषों को किसी विशेष कार्य में सेवा करने के लिए अलग किया जाता है, उन्हें उस कार्य को संपन्न करने के लिए परमेश्वर के पौरोहित्य अधिकार प्राप्त होता है। गिरजा मार्गदर्शक से कोई कार्य सौंपे जाने पर महिलाओं और पुरुषों के लिए भी यही बात लागू होती है।
देखें सिद्धांत और अनुबंध 35:24-27 (गिरजे का मार्गदर्शन प्रभु द्वारा दी गई कुंजियों से किया जाता है); 107:18-20 (मेल्कीसेदेक पौरोहित्य और हारूनी पौरोहित्य की कुंजियां); 110:11-16 (मूसा, एलियास और एलियाह ने कुंजियों को पुनर्स्थापित किया था)।
मंदिर संस्तुति प्रश्न
-
क्या आप अंतिम-दिनों के संतों के यीशु मसीह के गिरजे के अध्यक्ष का भविष्यवक्ता, दूरदर्शी, और प्रकटीकर्ता और पृथ्वी पर एकमात्र व्यक्ति के रूप में समर्थन करते हैं जिनके पास सभी पौरोहित्य कुंजियों का उपयोग का अधिकार है?
-
क्या आप प्रथम अध्यक्षता और बारह प्रेरितों की परिषद के सदस्यों का भविष्यवक्ता, दूरदर्शी, और प्रकटीकर्ता के रूप में समर्थन करते हैं?
-
क्या आप गिरजे के अन्य जनरल अधिकारियों और स्थानीय अधिकारियों का समर्थन करते हैं?