मुझे यह अच्छा नहीं लगेगा योंगसंग किम द्वारा हेवनलाइट के सौजन्य से
5.
परमेश्वर के प्रकाश में चलो
गलातियों 5:25
जब आप वस्तुओं को स्पष्ट रूप से देख पाते हैं तो आप बेहतर चुनाव करते हैं। इसलिए प्रकाश इतना महत्वपूर्ण है; प्रकाश से सही मार्ग को देखना आसान हो जाता है। स्वर्गीय पिता ने आपको प्रकाश के एक स्वर्गीय स्रोत—पवित्र आत्मा के उपहार—तक पहुंच प्रदान की है, ताकि आपको अच्छे और बुरे, सही और गलत के बीच स्पष्ट अंतर देखने में मदद मिल सके।
अनंत सच्चाइयां
आप पवित्र आत्मा को अपना निरंतर साथी बना सकते हैं। जब आपका गिरजे के सदस्य के रूप में पुष्टीकरण किया गया था, तो आपको “पवित्र आत्मा को प्राप्त करने” के लिए आमंत्रित किया गया था। पवित्र आत्मा को अपना निरंतर साथी बनाने का अवसर आपको दिए गए परमेश्वर के महानत्तम उपहारों में से एक है।
अच्छे चुनाव करने से आत्मा को महसूस करने की आपकी क्षमता में सुधार होता है। इस संसार में बहुत सी अच्छी और स्वास्थ्यप्रद बातें हैं। जिस प्रकार आपका शरीर आपके खाने-पीने से प्रभावित होता है, उसी प्रकार आपका मन और आत्मा भी आपके पढ़ने, देखने और सुनने से गहराई से प्रभावित होते हैं।
आमंत्रण
प्रतिदिन प्रभु के लिए समय निकालें। उसके बारे में सीखें। हमेशा उसे याद रखें। अपने स्वर्गीय पिता से प्रार्थना करें। पवित्र शास्त्रों और जीवित भविष्यवक्ताओं के वचनों का अध्ययन करें। फिर जो कुछ आप सीखते हैं उसके अनुसार जीवन जीने का प्रयास करें।
उसकी खोज करो जो आत्मा को ऊपर उठाता, प्रेरित और आमंत्रित करता है। जब आप यह निर्णय लेते हो कि क्या देखना, पढ़ना, सुनना या किसमें भाग लेना है, तो विचार करो कि इससे आपको कैसा महसूस होता है। क्या यह अच्छे विचारों को आमंत्रित करता है? ऐसी किसी भी कार्य से दूर रहें जो पवित्र बातों का उपहास करता हो या अनैतिक हो। ऐसी किसी भी कार्य में भाग न लें जो आपकी निर्णय लेने की क्षमता या आत्मा के प्रति संवेदनशीलता को कमजोर कर दे, जैसे हिंसा, मदिरा और हानिकारक दवाइयां। ऐसे वीडियो या गेम बंद करने, फिल्म या डांस से बाहर निकलने, अपना संगीत बदलने, या ऐसी किसी भी कार्य से दूर रहने का साहस रखें जो आत्मा के अनुरूप नहीं है।
प्रोत्साहन के लिए सोशल मीडिया का उपयोग करें। सोशल मीडिया शक्तिशाली संबंध बनाने का साधन हो सकता है। यदि आप इसका प्रयोग करते हैं, तो प्रकाश, विश्वास और सच्चाई पर ध्यान केन्द्रित करें। अपने जीवन की तुलना दूसरे लोगों के अनुभव से न करें। याद रखें कि आपका मूल्य स्वर्गीय माता-पिता की संतान होने से है, सोशल मीडिया से नहीं।
सुखद अनुभवों और वास्तविक, स्थायी संबंधों की तलाश करें। सावधान रहें कि आपका तकनीक और मीडिया का उपयोग, परिवार और मित्रों के साथ व्यक्तिगत रूप से समय बिताने का स्थान न ले ले। सोशल मीडिया और अन्य तकनीक आपका काफी समय ले सकते हैं लेकिन बदले में कुछ खास लाभ नहीं देते हैं। आभासी संसार से विराम लें और वास्तविक जीवन में लोगों से जुड़ें।
प्रतिज्ञा की गई आशीषें
आत्मा सदैव आपके साथ रह सकती है। यह प्रतिज्ञा उस अनुबंध का हिस्सा है जो आप हर बार प्रभु-भोज में भाग लेते समय करते हैं। पवित्र आत्मा आपको स्वर्गीय पिता और यीशु मसीह के बारे में गवाही देगी। वह आपको दिलासा, मार्गदर्शन, चेतावनी देगी और पवित्र करेगी। वह आपको सच्चाई को पहचानने और संसार में अच्छाई देखने में मदद करेगी।
प्रश्न और उत्तर
मुझे कैसे पता चल सकता है कि मैं पवित्र आत्मा महसूस कर रहा हूं? आत्मा के प्रति जागरूक होना सीखने में समय, अभ्यास और धैर्य की आवश्यकता होती है। वह अलग-अलग लोगों से अलग-अलग तरीके से बात करती है। साधारण बातों को अनदेखा न करें—जैसे, किसी की गवाही सुनने से मिलने वाली शांतिपूर्ण भावना या गलत चुनाव करने के बाद होने वाली अशांत भावना। पवित्र शास्त्र में आत्मा के बात करने के विभिन्न तरीकों को खोजें, इसके बारे में प्रार्थना करें, तथा आत्मा को महसूस करने के अवसरों की तलाश करते रहें।
पोर्नोग्राफी क्या है? मुझे इससे क्यों बचना चाहिए? पोर्नोग्राफी चित्रों या शब्दों के द्वारा किया गया ऐसा चित्रण है, जिसका उद्देश्य यौन भावनाओं को उत्तेजित करना है। पोर्नोग्राफी सामग्री कई रूपों में होती है, जिनमें वीडियो, चित्र, किताबें, गेम और संगीत शामिल हैं। यह मित्रों के बीच भेजे गए संदेश या चित्र भी हो सकता है। पोर्नोग्राफी के कारण, जो पावन हैं—जैसे हमारे शरीर और यौन अनुभूतियां—के साथ अनादरपूर्ण व्यवहार होता है। हो सकता है कि आप अनजाने में ही पोर्नोग्राफी देख लें। चाहे आप जानबूझकर या अनजाने में पोर्नोग्राफी के संपर्क में आएं, तुरंत उससे दूर हो जाएं। आप अपने माता-पिता या अन्य भरोसेमंद वयस्क से भी बात कर सकते हैं। जानबूझकर पोर्नोग्राफी देखना पाप है और यह आत्मा को महसूस करने की आपकी क्षमता को नुकसान पहुंचाती है। यह आपके आत्म-नियंत्रण को कमजोर करती है तथा आपके स्वयं को और दूसरों को देखने के तरीके को विकृत करती है। यीशु मसीह में आपको पोर्नोग्राफी का विरोध करने और पश्चाताप करने में मदद करने की शक्ति है। उसकी ओर मुड़ो और अंधकार से दूर हो जाओ। आपका धर्माध्यक्ष आपको उद्धारकर्ता के माध्यम से शक्ति और क्षमा प्राप्त करने में मदद कर सकता है। यीशु मसीह आपकी शक्ति है!
देखें भजन संहिता 119:105 (परमेश्वर का वचन हमारे मार्ग पर प्रकाश के समान है); आमोस 5:14 (भलाई की खोज करो); गलातियों 5:22-23 (आत्मा के फल); मोरोनी 7:18-19 (मसीह का प्रकाश); सिद्धांत और अनुबंध 6:23 (प्रभु शांति की बात करता है); 20:77, 79 (प्रभुभोज प्रार्थनाएं)।
मंदिर संस्तुति प्रश्न
-
प्रभु ने कहा है कि उसके समक्ष सभी कार्य “शुद्धता से किए जाएं” (सिद्धांत और अनुबंध 42:41)। क्या अपने विचारों और व्यवहार में आप नैतिक स्वच्छता का प्रयास करते हैं ?