युवा
परमेश्वर के प्रकाश में चलो


“परमेश्वर के प्रकाश में चलो,” युवाओं की शक्ति के लिए: चुनने के लिए मार्गदर्शिका, 2022–21।

“परमेश्वर के प्रकाश में चलो,” युवाओं की शक्ति के लिए

रेडवुड वृक्षों के बीच से आती सूर्य का प्रकाश।

परमेश्वर के प्रकाश में चलो

गलतियों 5:25

लोग प्रकाश की ओर जा रहे हैं आइकन

जब आप वस्तुओं को स्पष्ट रूप से देख पाते हैं तो आप बेहतर चुनाव करते हैं। इसलिए प्रकाश इतना महत्वपूर्ण है: प्रकाश से सही मार्ग देखना आसान हो जाता है। स्वर्गीय पिता ने आपको स्वर्गीय प्रकाश तक पहुंच प्रदान की है—पवित्र आत्मा का उपहार—ताकि आप स्पष्ट रूप से देख सकें कि क्या अच्छा है और क्या बुरा, क्या सही है और क्या गलत।

अनंत सच्चाइयां

प्रभु-भोज के दौरान जल लेती एक युवती।

बपतिस्मा के समय आप स्वर्गीय पिता और यीशु मसीह के साथ आनंदपूर्ण अनुबंध संबंध बनाते हैं। मंदिर में, आप अतिरिक्त अनुबंध बनाएंगे जो उस संबंध को मजबूत कर सकते हैं। प्रत्येक सप्ताह प्रभु-भोज के दौरान, आप अपने अनुबंधों को नवीन करते हैं। आप आज्ञाओं का पालन करने की अपनी इच्छा व्यक्त करते हैं, और प्रभु आपको पवित्र आत्मा को अपने निरंतर साथी के रूप में पाने का अवसर प्रदान करता है। यह आपके लिए उसके महानत्तम उपहारों में से एक है।

अच्छे चुनाव करने से आत्मा को महसूस करने की आपकी क्षमता में सुधार होता है। इस संसार में बहुत सी अच्छी और स्वास्थ्यप्रद बातें हैं। जिस प्रकार आपका शरीर आपके खाने-पीने से प्रभावित होता है, उसी प्रकार आपका मन और आत्मा भी आपके पढ़ने, देखने और सुनने से गहराई से प्रभावित होते हैं।

आमंत्रण

प्रतिदिन प्रभु के लिए समय निकालें। उसके बारे में सीखें। हमेशा उसे याद रखें। अपने स्वर्गीय पिता से प्रार्थना करें। पवित्रशास्त्रों और जीवित भविष्यवक्ताओं के वचनों का अध्ययन करें। फिर जो कुछ आप सीखते हैं उसके अनुसार जीवन जीने का प्रयास करें।

मंदिर के पास बगीचे में तीन युवा लोग।

उसकी खोज करो जो आत्मा को ऊपर उठाती, प्रेरित और आमंत्रित करती है। जब आप यह निर्णय लेते हो कि क्या देखना, पढ़ना, सुनना या किसमें भाग लेना है, तो विचार करो कि इससे आपको कैसा महसूस होता है। क्या यह अच्छे विचारों को आमंत्रित करता है? ऐसे किसी भी कार्य से दूर रहो जो पवित्र बातों का मजाक उड़ाता हो या अनैतिक हो। ऐसी किसी भी कार्य में भाग न लें जो आपकी निर्णय लेने की क्षमता या आत्मा के प्रति संवेदनशीलता को कमजोर कर दे, जैसे हिंसा, मदिरा और हानिकारक दवाइयां। किसी वीडियो या खेल को बंद करने, किसी फिल्म या नृत्य को छोड़कर चले जाने, अपना संगीत बदलने, या किसी भी ऐसी बात को अस्वीकर करने का साहस रखो जो आत्मा के अनुरूप न हो।

सोशल मीडिया हृदय आइकन

प्रोत्साहन के लिए सोशल मीडिया का उपयोग करें। सोशल मीडिया शक्तिशाली संबंध बनाने का साधन हो सकता है। यदि आप इसका प्रयोग करते हैं, तो प्रकाश, विश्वास और सच्चाई पर ध्यान केन्द्रित करें। अपने जीवन की तुलना दूसरे लोगों के अनुभव से न करें। याद रखें कि आपका मूल्य स्वर्गीय माता-पिता की संतान होने से है, सोशल मीडिया से नहीं।

अच्छे अनुभवों और वास्तविक एवं स्थायी संबंधों की तलाश करें। सावधान रहें कि आपका तकनीक और मीडिया का उपयोग, परिवार और मित्रों के साथ व्यक्तिगत रूप से समय बिताने का स्थान न ले ले। सोशल मीडिया और अन्य तकनीक आपका बहुत सारा समय ले सकती हैं, लेकिन बदले में आपको कुछ विशेष लाभ नहीं मिलता है। आभासी संसार से विराम लें और वास्तविक जीवन में लोगों से जुड़ें।

प्रतिज्ञा की गई आशीषें

आत्मा सदैव आपके साथ रह सकती है। पवित्र आत्मा आपको स्वर्गीय पिता और यीशु मसीह की गवाही देगी। वह आपको दिलासा, मार्गदर्शन, चेतावनी देगी और पवित्र करेगी। वह आपको सच्चाई को पहचानने और संसार में अच्छाई देखने में मदद करेगी।

प्रश्न और उत्तर आइकन

प्रश्न और उत्तर

मुझे कैसे पता चल सकता है कि मैं पवित्र आत्मा महसूस कर रहा हूं? आत्मा के प्रति जागरूक होना सीखने में समय, अभ्यास और धैर्य की आवश्यकता होती है। वह अलग-अलग लोगों से अलग-अलग तरीके से बात करती है। साधारण बातों को अनदेखा न करें—जैसे, किसी की गवाही सुनने से मिलने वाली शांतिपूर्ण भावना या गलत चुनाव करने के बाद होने वाली अशांत भावना। पवित्रशास्त्र में आत्मा के बात करने के विभिन्न तरीकों को खोजें, इसके बारे में प्रार्थना करें, तथा आत्मा को महसूस करने के अवसरों की तलाश करते रहें।

युवती अपने बिस्तर निकट घुटने टेक कर प्रार्थना कर रही है।

पोर्नोग्राफी क्या है? मुझे इससे क्यों बचना चाहिए? पोर्नोग्राफी ऐसे चित्रों या शब्दों में किया गया चित्रण होता है, जिसे यौन भावनाओं को जगाने के लिए बनाया जाता है। पोर्नोग्राफी कई रूपों में हो सकती है, जिसमें वीडियो, चित्र, किताबें और संगीत शामिल हैं। यह मित्रों के बीच भेजे गए संदेश या चित्र भी हो सकता है। पोर्नोग्राफी पवित्र बातों—हमारे भौतिक शरीर और यौन भावनाओं—का अनादर करती है। हो सकता है कि आप अनजाने में ही पोर्नोग्राफी देख लें। चाहे आप जानबूझकर या अनजाने में पोर्नोग्राफी के संपर्क में आएं, तुरंत उससे दूर हो जाएं। आप अपने माता-पिता या अन्य भरोसेमंद वयस्क से भी बात कर सकते हैं। जानबूझकर पोर्नोग्राफी देखना पाप है और यह आत्मा को महसूस करने की आपकी क्षमता को नुकसान पहुंचाती है। यह आपके आत्म-नियंत्रण को कमजोर करती है तथा आपके स्वयं को और दूसरों को देखने के तरीके को विकृत करती है। यीशु मसीह में आपको पोर्नोग्राफी का विरोध करने और पश्चाताप करने में मदद करने की शक्ति है। उसकी ओर मुड़ो; अंधकार से दूर हो जाओ। आपका धर्माध्यक्ष आपको उद्धारकर्ता के माध्यम से शक्ति और क्षमा प्राप्त करने में मदद कर सकता है।

देखें आमोस 5:14 (भलाई की खोज करो); गलातियों 5:22–23 (आत्मा के फल); मोरोनी 7:18–19 (मसीह का प्रकाश); सिद्धांत और अनुबंध 6:23 (प्रभु शांति प्रदान करता है); 20:77, 79 (प्रभु-भोज प्रार्थनाएं)।

मंदिर आइकन

मंदिर संस्तुति प्रश्न

प्रभु ने कहा है कि उसके समक्ष सभी कार्य “शुद्धता से किए जाएं” (सिद्धांत और अनुबंध 42:41)। क्या अपने विचारों और व्यवहार में आप नैतिक स्वच्छता का प्रयास करते हैं ? क्या आप यौन-शुद्धता की व्यवस्था का पालन करते हैं ?

क्या आप घर और गिरजे दोनों स्थानों में सब्त दिन को पवित्र रखने का प्रयास करते हैं; अपनी सभाओं में जाते हैं; प्रभु-भोज की तैयारी करते और योग्यता से भाग लेते हैं; और सुसमाचार की व्यवस्था और आज्ञाओं के अनुसार अपना जीवन जीते हैं ?