आओ, मेरा अनुसरण करो
ध्यान में रखने योग्य विचार: मंडप और बलिदान


“ध्यान में रखने योग्य विचार: मंडप और बलिदान,” आओ, मेरा अनुसरण करो—घर और गिरजे के लिए: पुराना नियम 2026 (2026)

“मंडप और बलिदान,” आओ, मेरा अनुसरण करो—घर और गिरजे के लिए: पुराना नियम 2026

विचारों का आइकन

ध्यान में रखने योग्य विचार

मंडप और बलिदान

जब हम पुराने नियम को पढ़ते हैं, तो हमें कभी-कभी ऐसी बातों के बारे में लंबे अध्याय मिलते हैं, जो स्पष्टरूप से प्रभु के लिए महत्वपूर्ण थीं लेकिन हो सकता है कि आजकल वे हमें एकदम प्रासंगिक न लगें। निर्गमन 25–30; 35–40; लैब्यव्यवस्था 1–9; 16–17 उदाहरण हैं। इन अध्यायों में निर्जन प्रदेश में इस्राएल के मंडप और वहां किए जाने वाले पशु बलिदान के बारे में बताया गया है। मंडप एक छोटा यहां-वहां ले जाने योग्य मंदिर था, जो प्रभु के लोगों के बीच उसके निवास करने की जगह थी।

हमारे आधुनिक मंदिरों और इस्राएली मंडपों में समानताएं मिलती हैं लेकिन निश्चित तौर पर वे निर्गमन में दिए गए विवरण से मेल नहीं खाती हैं। और हम अपने मंदिरों में पशुओं को मारते नहीं हैं—उद्धारकर्ता के प्रायश्चित्त में पशु का बलिदान समाप्त हुए 2,000 से भी ज्यादा वर्ष हो चुके हैं। फिर भी इन अंतरों के बावजूद इस्राएल के आराधना के अतीत के रूपों के बारे में पढ़ने का बड़ा महत्व है, खासतौर से अगर हम उन्हें मॉरमन की पुस्तक में परमेश्वर के लोगों की तरह देखें—“मसीह में उनके विश्वास को मजबूत बनाना” (अलमा 25:16)। जब हम मंडप और पशु बलिदान के प्रतीक को समझते हैं, तो हम आत्मिक समझ प्राप्त कर सकते हैं जो मसीह में हमारे विश्वास को भी मजबूत करेगी।

मंडप में मेमने को लेकर आते हुए इस्राएलियों का चित्र, रॉबर्ट टी. बैरेट द्वारा

मेमने का बलिदान, रॉबर्ट टी. बैरेट द्वारा

मंडप यीशु मसीह में विश्वास को मजबूत करता है

जब परमेश्वर ने मूसा को इस्राएली शिविर में एक मंडप बनाने का आदेश दिया, तो उसने इसका उद्देश्य बताया: “कि मैं उनके बीच निवास करूं” (निर्गमन 25:8)। मंडप के भीतर, परमेश्वर की उपस्थिति अनुबंध के संदूक द्वारा प्रदर्शित की गई थी—यह सोने से कवर किया गया लकड़ी का बक्सा था, जिसमें परमेश्वर के लोगों के साथ उसके अनुबंध के अभिलेख मौजूद थे। इस संदूक को सबसे पवित्र, सबसे भीतरी कमरे में रखा गया था, जो बाकी मंडप से परदे द्वारा अलग किया गया था। यह परदा पतन के कारण परमेश्वर की उपस्थिति से हमारे अलग होने का प्रतीक था, साथ ही उद्धारकर्ता के माध्यम से हमारे वापस आने के मार्ग का भी था।

हम मूसा को छोड़कर ऐसे केवल एक ही व्यक्ति के बारे में जानते हैं, जो उस “परमपवित्र स्थान” (निर्गमन 26:34) में प्रवेश कर सकता था—उच्च याजक। दूसरे याजकों की तरह, उसे सबसे पहले स्नान करना और अभिषिक्त होना पड़ता था और पावन परिधान पहनने होते थे, जो उसके पद के प्रतीक हों। साल में एक बार, प्रायश्चित का दिन कहे जाने वाले दिन उच्च याजक, मंडप में अकेले प्रवेश करने से पहले लोगों की ओर से बलिदान भेंट चढ़ाता था। परदे पर, वह धूप जलाता था। स्वर्ग तक ऊपर उठता सुगंधित धुआं लोगों की प्रार्थनाओं के ऊपर उठने को प्रदर्शित करता था। इसके बाद उच्च याजक, पशु के बलिदान से रक्त ले जाकर परदे से होकर गुजरता था और परमेश्वर के सिंहासन तक जाता था, जो अनुबंध के संदूक से प्रतीकात्मक तौर पर प्रदर्शित होता था।

यीशु मसीह और स्वर्गीय पिता की योजना में उसकी भूमिका के बारे में जानकारी पाकर क्या आप यह देख सकते हैं कि मंडप हमें उद्धारकर्ता की दिशा दिखाता है? मंडप और उसके भीतर मौजूद संदूक की तरह ही यह परमेश्वर के लोगों के बीच उसकी उपस्थिति प्रदर्शित करता था, यीशु मसीह अपने लोगों के बीच परमेश्वर की उपस्थिति था उच्च याजक की तरह ही, यीशु मसीह हमारे और पिता परमेश्वर के बीच मध्यस्थ है। वह अपने स्वयं का बलिदान देकर लहू बहाने के द्वारा हमारे लिए मध्यस्थ बनकर उस परदे से गुजरा था।

इस्राएल के मंडप के कुछ पहलू आपको जाने-पहचाने लग सकते हैं, विशेषकर यदि आप स्वयं की विधियां लेने के लिए मंदिर गए हो। मंदिर प्रभु का घर है—अपने लोगों के बीच उसका निवास स्थान। मंडप के सबसे पवित्र स्थान की तरह ही, मंदिर का सिलेस्टियल कमरा भी परमेश्वर की उपस्थिति प्रदर्शित करता है। प्रवेश करने के लिए, हमें पहले धोया और अभिषेक किया जाना चाहिए। हम पावन वस्त्र पहनते हैं। हम अनुबंध बनाते हैं। हम वेदी पर प्रार्थना करते हैं, जहां से प्रार्थनाएं परमेश्वर के पास ऊपर जाती हैं। और आखिरी में हम परदे से होकर परमेश्वर की उपस्थिति में अंदर प्रवेश करते हैं।

आधुनिक मंदिरों और अतीत के मंडपों के बीच सबसे महत्वपूर्ण समानता शायद यही है, जिसे सही तरीके से समझ लेने पर इससे यीशु मसीह में हमारा विश्वास मजबूत होता है और हम उसके प्रायश्चित्त के बलिदान के लिए कृतज्ञता से भर जाते हैं। परमेश्वर चाहता है कि उसके सभी बच्चे उसकी उपस्थिति में प्रवेश करें; वह “याजकों और याजिकाओं का राज्य” चाहता है (निर्गमन 19:6)। लेकिन हमारे पाप हमें वह आशीष पाने से रोकते हैं क्योंकि “परमेश्वर के साथ कोई भी अशुद्ध वस्तु निवास नहीं कर सकती” (1 नफी 10:21)। इसलिए पिता परमेश्वर ने “अच्छी अच्छी वस्तुओं के महायाजक”, यीशु मसीह को भेजा (इब्रानियों 9:11)। वह हमारे लिए परदे को फाड़ देता है और परमेश्वर के सभी लोग “अनुग्रह के सिंहासन के निकट हियाव बान्धकर चलें, कि हम पर दया हो, और वह अनुग्रह पाएं” (इब्रानियों 4:16)।

आज, मंदिरों का उद्देश्य हमारे लिए उत्कर्ष पाने से कहीं अधिक है। अपनी स्वयं की विधि पाने के बाद, हम अपने पूर्वजों के स्थान पर खड़े हो सकते है, उनकी ओर से प्रतिनिधि तौर पर विधियां प्राप्त कर सकते हैं। एक तरह से, हम अतीत के उच्च याजक के समान बन सकते हैं—जो दूसरों के लिए परमेश्वर की उपस्थिति का मार्ग खोलते हैं।

बलिदान यीशु मसीह में विश्वास को मजबूत करता है

प्रायश्चित और मेल-मिलाप के नियमों को पशु बलि की प्राचीन प्रथा में शक्तिशाली ढंग से सिखाया जाता है, जो मूसा की व्यवस्था से बहुत पहले से मौजूद थी। आदम और हव्वा बलिदान देते थे। उन्होंने उद्धारकर्ता के बलिदान के प्रति इसके प्रतीकात्मक अर्थ को समझा था। और उन्होंने अपने बच्चों को यह सिखाया।

प्राचीन इस्राएल के प्रायश्चित दिवस (इब्रानी में “योम किप्पुर”) पर पशु बलि का प्रतीकवाद विशेष रूप से हृदयविदारक लग सकता था। इस वार्षिक उत्सव की जरूरत लैब्यव्यवस्था 16:30में बताई गई है: “उस दिन तुम्हें शुद्ध करने के लिये तुम्हारे निमित्त प्रायश्चित्त किया जाएगा; और तुम अपने सब पापों से प्रभु के सम्मुख पवित्र ठहरोगे।” इससे लोगों के बीच परमेश्वर की उपस्थिति बनी रही। यह प्रायश्चित कई तरह के समारोहों के माध्यम से संपन्न किया जाता था। इनमें से एक में, लोगों के पापों के लिए भेंट के रूप में बकरे को मारा जाता और उच्च याजक उसके लहू को सबसे पवित्र स्थान पर ले जाता था। बाद में, उच्च याजक अपने हाथों को जीवित बकरे पर रखता और इस्राएल की संतानों के सभी पापों को स्वीकार करता—इस तरह वह सभी पापों को प्रतीकात्मक रूप से बकरे में स्थानांतरित करता था। इसके बाद बकरे को इस्राएली शिविर के बाहर ले जाया जाता था।

इस रीतियों में, बकरे यीशु मसीह का प्रतीक होती थी, जो पापी लोगों का स्थान लेता था। परमेश्वर की उपस्थिति में पाप की अनुमति कभी नहीं दी जानी चाहिए। लेकिन पापियों का विनाश करने या उन्हें बाहर निकालने के बजाय, परमेश्वर ने अन्य मार्ग बताया है—इसके बदले बकरे को मारा या जंगल में छोड़ा जाता था। “और वह बकरा उनके सब अधर्म के कामों को अपने ऊपर” ले लेगा (लैब्यव्यवस्था 16:22)।

ये रीतियां उस तरीके की ओर इशारा करते जो हमें परमेश्वर ने उसकी उपस्थिति में वापस लाने के लिए बनाई हैं—यीशु मसीह और उसका प्रायश्चित। उद्धारकर्ता ने “उसने हमारे रोगों को सह लिया और हमारे ही दुखों को उठा लिया” यहां तक कि “हम सब के अधर्म को भी” (यशायाह 53:4, 6)। वह हमारे स्थान पर खड़ा हुआ, पापों का दंड चुकाने के लिए अपना जीवन दे दिया और फिर अपने पुनरूत्थान के द्वारा मृत्यु पर विजय प्राप्त की थी। यीशु मसीह का बलिदान “महान और आखिरी बलिदान हो; हां, न ही किसी मनुष्य का बलिदान, न ही किसी पशु का,” बल्कि “यह एक असीम और अनंत बलिदान होगा” (अलमा 34:10)। उसने हर उस बात को परिपूर्ण किया था, जिसकी ओर अतीत के बलिदानों ने इशारा किया था।

यीशु सलीब को उठाए हुए

इसी कारण, उसका बलिदान पूरा होने के बाद, उसने कहा “अब तुम मुझे रक्तपात की भेंट नहीं दोगे; हां, तुम अपने बलिदान और अग्नि का चढ़ावा नहीं दोगे, क्योंकि मैं … अग्नि भेंट को स्वीकार नहीं करूंगा और एक बलिदान के रूप में तुम मुझे एक टूटा हुआ हृदय और एक शोकार्त आत्मा दोगे” (3 नफी 9:19–20)।

इसलिए जब आप पुराने नियम में बलिदानों और मंडप (या, बाद में, मंदिर) के बारे में अध्याय मिलते हैं—और आपको ये बहुत सारे मिलेंगे—तो याद रखें कि इन सबका प्राथमिक उद्देश्य मसीहा, यीशु मसीह में आपके विश्वास को मजबूत करना है। आप जो पढ़ते और सीखते हैं उसे उसके घर में अपनी उपासना से जोड़ें। अपने हृदय और मन को उसकी ओर मोड़ दें। मनन करें कि उसने आपको परमेश्वर की उपस्थिति में वापस लाने के लिए क्या किया है—और आप उसका अनुसरण करने के लिए क्या करेंगे।

विवरण

  1. निर्गमन 33:7–11 में “मिलाप वाला मंडप” का उल्लेख हुआ है, जहां मूसा, प्रभु से बातचीत करता था लेकिन यह निर्गमन और लैब्यव्यवस्था में बताए गए बलिदानों की जगह नहीं थी। वे बलिदान निर्गमन 25–30में बताए गए मंडप में किए जाते थे, जिसे बनाने की आज्ञा परमेश्वर ने मूसा को दी और जिसे इस्राएल की संतानों ने बनाया था (देखें निर्गमन 35–40)। यह मंडप, जिसमें हारून और उसके बेटों ने पशुओं के बलिदान दिए, उसे अक्सर “मिलाप वाला मंडप” भी कहा गया है (उदाहरण के लिए देखें, निर्गमन 28:43; 38:30; लैब्यव्यवस्था 1:3)।

  2. याकूब 4:5; जेरम 1:11भी देखें।

  3. देखें निर्गमन 25:10-22

  4. देखें इब्रानियों10:19-20

  5. देखें निर्गमन 40:12-13

  6. देखें निर्गमन 28

  7. देखें लैबव्यवस्था 16:12

  8. देखेंभजन संहिता 141:2

  9. देखें मूसा 16:14-15

  10. देखें यूहन्ना 1:14

  11. देखें इब्रानियों 8-10

  12. देखें मूसा 5:4-12; उत्पत्ति 4:4 भी देखें।

  13. देखें मुसायाह 15:8-9