युवा
परमेश्वर से प्रेम करो, अपने पड़ोसी से प्रेम करो


“परमेश्वर से प्रेम करो, अपने पड़ोसी से प्रेम करो,” युवाओं की शक्ति के लिए: चुनने के लिए मार्गदर्शिका (2022)

“परमेश्वर से प्रेम करो, अपने पड़ोसी से प्रेम करो,” युवाओं की शक्ति के लिए

एक आदमी की पेटिंग जिसमें वह पट्टियों में बंधे किसी दुर्बल, लेटे हुए आदमी का सिर पकड़े हुए है।

परमेश्वर से प्रेम करो, अपने पड़ोसी से प्रेम करो

मत्ती 22:37-40

सेवा करते लोग आकइन

आपको अच्छे चुनाव करने में मदद करने के लिए, परमेश्वर आज्ञाएं देता है। वह ऐसा इसलिए करता है क्योंकि वह आपसे प्रेम करता है। और परमेश्वर की आज्ञाओं को मानने का सबसे बढ़िया कारण यह है कि आप उससे प्रेम करते हैं। प्रेम परमेश्वर की आज्ञाओं का मूल है।

एक युवक एक वृद्ध महिला को व्हीलचेयर पर सड़क पार करा रहा है।

अनंत सच्चाइयां

वह आपसे प्रेम करता है। वह आपका पिता है। उसका परिपूर्ण प्रेम आपको उससे प्रेम करने के लिए प्रेरित कर सकता है। जब स्वर्गीय पिता के प्रति आपका प्रेम आपके जीवन में सबसे महत्वपूर्ण होता है, तो कई निर्णय सरल हो जाते हैं।

यीशु ने सिखाया कि सभी आज्ञाओं में से दो महान आज्ञाएं हैं, परमेश्वर से प्रेम करो और अपने पड़ोसी से प्रेम करो। और आपका पड़ोसी कौन है? सब लोग! पवित्रशास्त्रों और भविष्यवक्ताओं द्वारा सिखाई गई बाकी सभी बातें इन दो आज्ञाओं से जुड़ी हुई हैं।

सभी लोग आपके भाई-बहन हैं—इसमें वे लोग भी शामिल हैं जो आपसे भिन्न हैं या आपसे असहमत हैं। स्वर्गीय पिता चाहता है कि उसके बच्चे एक दूसरे से प्रेम करें। जब आप उसके बच्चों की सेवा करते हैं, तो आप उसकी सेवा कर रहे होते हैं।

आमंत्रण

परमेश्वर की आज्ञाओं का पालन कर उसके प्रति प्रेम दिखाएं। उदाहरण के लिए, सब्त के दिन को पवित्र रखने के द्वारा, जिसमें प्रभु-भोज के लिए ईमानदारी से तैयारी करना और उसमें भाग लेना भी शामिल है, आप परमेश्वर को दिखाते हैं कि आप सप्ताह में एक दिन उसे समर्पित करने के लिए तैयार हैं। जब आप उपवास रखते और दसमांश तथा भेंट देते हैं, तो आप परमेश्वर को दिखाते हैं कि उसका कार्य आपके लिए संसार की वस्तुओं से अधिक महत्वपूर्ण है। जब आप परमेश्वर और मसीह के नामों का उपयोग श्रद्धा के साथ करते हैं, कभी भी व्यर्थ या लापरवाही से नहीं, तो आप दिखाते हैं कि आप उन सब के प्रति आभारी हैं जो उन्होंने आपके लिए किया है।

हर किसी को परमेश्वर की संतान समझो। यीशु मसीह के शिष्य के रूप में, आप सभी जातियों और धर्मों तथा अन्य समूहों के लोगों के साथ प्रेम, सम्मान और समावेशिता का व्यवहार करने का उदाहरण बन सकते हैं—विशेष रूप से उनके साथ जो अक्सर पर ठेस पहुंचाने वाले शब्दों और कार्यों के पीड़ित होते हैं। उन लोगों तक पहुंचें जो अकेला, अलग-थलग या असहाय महसूस करते हैं। उन्हें आपके द्वारा स्वर्गीय पिता का प्रेम महसूस करने में मदद करें।

दो युवक शर्ट और टाई पहने हुए।

सुनिश्चित करें कि आपकी भाषा परमेश्वर और दूसरों के प्रति प्रेम को प्रदर्शित करती हो—चाहे आप व्यक्तिगत रूप से या आभासी रूप से बात कर रहे हों। ऐसी बातें कहें जो उत्साहित करती हैं—ऐसी कोई बात न कहें जो विभाजनकारी, चोट पहुंचाने वाली या आपत्तिजनक हो, चाहे मजाक में ही क्यों न कही गई हों। आपके शब्द शक्तिशाली हो सकते हैं। उन्हें भलाई के लिए शक्तिशाली बनने दो।

परमेश्वर के सभी बच्चों से प्रेम करना घर से आरंभ होता है। अपने घर को ऐसा स्थान बनाने में अपना योगदान दें जहां हर कोई उद्धारकर्ता के प्रेम को महसूस कर सके।

प्रतिज्ञा की गई आशीषें

परमेश्वर के साथ आपका रिश्ता गहरा होगा जब आप उसकी आज्ञाओं का पालन करके और उसके साथ अपनी अनुबंधों को पालन कर अपना प्रेम व्यक्त करेंगे।

परमेश्वर के साथ आपका संबंध गहरा होगा जब आप मसीह-समान सेवा के द्वारा अपना प्रेम व्यक्त करते हैं। आपको संसार को और अधिक प्रेमपूर्ण स्थान बनाने में आनंद मिलेगा।

प्रश्न और उत्तर आइकन

प्रश्न और उत्तर

मैं परमेश्वर के प्रेम को कैसे महसूस कर सकता हूं? स्वर्गीय पिता का प्रेम सदैव उपलब्ध है। प्रार्थना के द्वारा उससे अक्सर बात करें। अपनी भावनाएं उसके साथ बांटें, और उसके विचार सुनें। पवित्रशास्त्रों में उसके वचन पढ़ें। विचार करें उसने आपके लिए क्या-क्या किया है। उन स्थानों और गतिविधियों में समय बिताएं जहां उसकी आत्मा उपस्थित है।

क्या प्रभु मुझसे यह अपेक्षा रखता है कि मैं सभी से प्रेम करूं, उनसे भी जो मेरे साथ बुरा व्यवहार करते हैं? प्रभु आपसे अपेक्षा करता है कि आप अपने शत्रुओं से प्रेम करो और जो आपके साथ बुरा व्यवहार करते हैं उनके लिए प्रार्थना करो। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि आपको ऐसी स्थिति में रहना चाहिए जो आपको भावनात्मक, शारीरिक या आत्मिक नुकसान पहुंचाती हो। अपने आप को सुरक्षित रखने के लिए स्वस्थ सीमाएं निर्धारित करें। यदि आपके साथ दुर्व्यवहार या धमकी दी जा रही है—या यदि आप जानते हैं कि ऐसा किसी के साथ हो रहा है—तो किसी भरोसेमंद वयस्क से बात करें।

मुझे विपरीत लिंग के सदस्यों से कब और कैसे परिचित होना चाहिए? दूसरों को जानने का सबसे अच्छा तरीका सच्ची मित्रता है। जब आप युवा हों, तो कई लोगों के साथ अच्छी मित्रता बनाओ। कुछ संस्कृतियों में, युवा लोग स्वस्थ समूह गतिविधियों के माध्यम से विपरीत लिंग के सदस्यों से परिचित होते हैं। आपके भावनात्मक और आत्मिक विकास और सुरक्षा के लिए, आमने-सामने की गतिविधियों को तब तक स्थगित कर देना चाहिए जब तक आप परिपक्व न हो जाएं—16 वर्ष की आयु का होना एक अच्छी दिशानिर्देश है। अपने माता-पिता और मार्गदर्शकों से सलाह करें। विशेष संबंधों को उस समय के लिए बचाकर रखें जब आप वस्यक हो जाएं। उन लोगों के साथ समय बिताएं जो यीशु मसीह के प्रति आपकी प्रतिबद्धता बनाए रखने में आपकी मदद करते हैं।

यदि मेरा घर प्रेम का स्थान नहीं है तो मैं क्या कर सकता हूं? आपका उद्धारकर्ता आपकी परिस्थिति को जानता है, और वह आपसे प्रेम करता है। धैर्य रखो, परमेश्वर की आज्ञाओं का पालन करते रहो और अपने परिवार के लिए एक अच्छे उदाहरण बनो। अपने वार्ड परिवार के भीतर संबंध बनाएं। यीशु मसीह की शिक्षाओं पर आधारित अपना परिवार बनाने के लिए अभी से तैयारी करें।

देखें यशायाह 58:3–11 (उपवास के उद्देश्य); 58:13–14 (सब्त का पालन करने सम्मान की आशीष); मलाकी 3:8–10 (दसमांश देने की आशीष); लूका 6:27–28 (अपने शत्रुओं से प्रेम करो); 10:25–37 (मेरा पड़ोसी कौन है?); यूहन्ना 3:16–17 (परमेश्वर ने हमसे प्रेम किया, इसलिए उसने अपने पुत्र को भेजा); 14:15 (हम आज्ञाओं का पालन करते हैं क्योंकि हम परमेश्वर से प्रेम करते हैं); 1 यूहन्ना 4:19 (हम परमेश्वर से प्रेम करते हैं क्योंकि वह हमसे प्रेम करता है); मुसायाह 2:17 (जब हम दूसरों की सेवा करते हैं, तो हम परमेश्वर की सेवा कर रहे होते हैं)।

मंदिर आइकन

मंदिर संस्तुति प्रश्न

क्या आप अपने परिवार के सदस्यों और दूसरों के साथ अपने निजी और सार्वजनिक व्यवहार में यीशु मसीह के गिरजे की शिक्षाओं का पालन करते हैं ?

क्या आप घर और गिरजे दोनों स्थानों में सब्त दिन को पवित्र रखने का प्रयास करते हैं; अपनी सभाओं में जाते हैं; प्रभु-भोज की तैयारी करते और योग्यता से भाग लेते हैं; और सुसमाचार की व्यवस्था और आज्ञाओं के अनुसार अपना जीवन जीते हैं?

क्या आप पूरा दसमांश देते हैं ?