"अनुबंध, शक्ति और प्रतिज्ञाएं," लियाहोना, अक्टूबर 2025।
मासिक लियाहोना संदेश, अक्टूबर 2025
अनुबंध, शक्ति और प्रतिज्ञाएं
मंदिर उस शक्ति और सुरक्षा के लिए आवश्यक है जिसकी प्रतिज्ञा प्रभु यीशु मसीह के द्वितीय आगमन से पहले विश्वासियों से की गई थी।
जोसफ स्मिथ का चित्र डैन बर्र द्वारा
मई 1833 में, मेरे चौथे परनाना असाहेल पेरी और कुछ मित्र उत्तरी न्यूयार्क से कर्टलैंड, ओहायो गए थे। वे नए पुनःस्थापित गिरजे के सदस्य नहीं थे, लेकिन वे भविष्यवक्ता जोसफ स्मिथ से मुलाकात करना चाहते थे। वे कर्टलैंड मंदिर के निर्माण पर चर्चा के लिए आयोजित पहली परिषद में भाग लेने के लिए बमुश्किल समय पर पहुंच पाए थे।
परिषद आरंभ करने के बाद, भविष्यवक्ता ने मंदिर निर्माण के कार्य के बारे में बात की थी। फिर उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि वे इतने बड़े कार्य के सबंध में अपनी भावनाओं को व्यक्त करें। अधिकांश लोगों ने जवाब दिया कि इस तरह का कार्य करने के लिए गिरजे के पास धन नहीं था। उन्होंने किसी छोटे, कम लागत वाले भवन का निर्माण करने का प्रस्ताव दिया था।
इसके बाद की चर्चा के दौरान, नानाजी पेरी और उनके मित्र इक्टठा हुए, अपने पैसे निकाले और उन्हें जोड़ा। वे देखना चाहते थे कि क्या उनके पास अपनी वापसी यात्रा का भुगतान करने और मंदिर निर्माण में योगदान करने के लिए पर्याप्त पैसे थे? थोड़ी देर के बाद, मेरे नाना जोसफ स्मिथ के पास गए, पांच डॉलर का सोने का सिक्का निकाला, और उसे भविष्यवक्ता को दे दिया। (ऐसे सिक्के का मूल्य आज सैकड़ों डॉलर के बराबर होगा!)
जोसफ परिषद के सामने खड़े हुए और उस सिक्के को उठाया। फिर, उत्साह से बोलते हुए, उन्होंने कहा कि “यह कार्य आरंभ हो चुका है और [प्रभु के] घर का निर्माण प्रभु यीशु मसीह द्वारा बताए गए नमूने के अनुसार किया जाएगा” ।
पेरी परिवार जल्द ही कर्टलैंड के गिरजे में शामिल हो गया, कुछ साल बाद नावू मंदिर में अपनी मंदिर आशीषें प्राप्त की, और बाद में मैदानों को पार करता हुए यूटाह चला गया।
1836 में जब कर्टलैंड मंदिर समर्पित किया गया था, तो उस समय यह इतना छोटा था कि समपर्ण सभा में भाग लेने वाले सभी अंतिम-दिनों के संत इसके अंदर नहीं आ पाए थे। जैसे-जैसे गिरजे का विस्तार होता गया, वैसे-वैसे ऐसे संतों की संख्या भी बढ़ती गई जिन्हें बाहर खुले में सभाओं में भाग लेना पड़ता था। अध्यक्ष जेम्स ई. फॉस्ट (1920–2007), जिन्होंने मेरे स्टेक अध्यक्ष के रूप में सेवा की थी जब मैं युवा था और जब मुझे 2007 में जनरल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया था, तब वे मेरे मार्गदर्शक थे, उन्होंने गिरजे के दूसरे मंदिर के संबंध में यह कहा था:
“1846 में नावू मंदिर के पूरा होने से पहले, संत अक्सर मंदिर के निकट बाहर खुले में, जोसफ और गिरजे के अन्य मार्गदर्शकों को सुनने के लिए एकत्र होते थे। कभी-कभी उन सभाओं में हजारों लोग शामिल होते थे"—कभी-कभी तो खराब मौसम में भी।
“जैसा कि [अध्यक्ष] जॉर्ज ए. स्मिथ ने अपने मजाकिए स्वभाव में कहा था, ‘भविष्यवक्ता जोसफ के समय में … [गिरजे का] विकास बाहर खुले में सबसे अच्छा हुआ था।’”
हम आभारी हैं कि हमारे समय में, अंतिम-दिनों के संतों के यीशु मसीह के गिरजे का बाहर, घर के अंदर और संपूर्ण विश्व में विकास हो रहा है। इस विकास में “प्रस्तुत की गई मिसाल के अनुसार” अभूतपूर्व गति से मंदिरों का निर्माण किया जाना शामिल है—एक ऐसी मिसाल जिसमें हमेशा आशीष, अभिषेक, विश्वास और बलिदान शामिल रहा है।
एक महिमापूर्ण प्रकाश—कर्टलैंड मंदिर, ग्लेन एस हॉपकिंसन द्वारा
इतने सारे मंदिर क्यों चाहिए?
अध्यक्ष एजा टाफ्ट बेन्सन (1899-1994) ने कई दशक पहले कहा था, “हमारे पूर्वजों ने भविष्यवाणी की थी कि मंदिर उत्तर और दक्षिण अमेरिका, प्रशांत महासागर के द्वीपों, यूरोप और अन्य स्थानों पर नजर आएंगे।“ "यदि मुक्ति के इस कार्य को इतने विशाल पैमाने पर किया जाना है तो सैकड़ों मंदिरों की आवश्यकता होगी।
अध्यक्ष रसल एम. नेल्सन ने कहा है कि हम आज अभूतपूर्व गति से मंदिरों का निर्माण कर रहे हैं "क्योंकि प्रभु ने हमें ऐसा करने का निर्देश दिया है। मंदिर की आशीषें इस्राएल को परदे के दोनों ओर एकत्रित करने में सहायता करती हैं। ये आशीषें उन लोगों को तैयार करने में भी मदद करती हैं जो इस संसार को प्रभु के द्वितीय आगमन के लिए तैयार करने में मदद करेंगे!
कर्टलैंड मंदिर की अपनी समर्पित प्रार्थना में, जोसफ स्मिथ ने प्रार्थना की थी "कि वे सभी लोग जो प्रभु के घर के द्वार से प्रवेश करेंगे आपकी शक्ति को महसूस करें। …
"और पवित्र पिता, हम आप से विनती करते हैं, कि आपके सेवक इस घर से आपकी शक्ति से लैस होकरजाएंगे, और कि आपका नाम उन पर रहेगा, और आपकी महिमा उनके चारों ओर होगी, और आपके स्वर्गदूत उनकी रक्षा करेंगे" (सिद्धांत और अनुबंध 109:13, 22; महत्व जोड़ा गया; पद 23 भी देखें)।
जब मैं उन पदों को पढ़ता हूं, तो मैं अंतिम दिनों के नफी के दिव्यदर्शन के बारे में सोचता हूं। इसी तरह के शब्दों पर ध्यान दें: "और ऐसा हुआ कि मैं, नफी ने, परमेश्वर के मेमने की शक्ति देखी, कि वह मेमने के गिरजे के संतों पर, और प्रभु के अनुबंधित लोगों पर आई, जो संपूर्ण पृथ्वी पर बिखरे हुए थे; और वे धार्मिकता और परमेश्वर की शक्ति से लैस" थे (1 नफी 14:14; महत्व जोड़ा गया)।
मेरा विश्वास है कि अंतिम-दिनों के मंदिर नफी की भविष्यवाणी को पूरा करने में एक आवश्यक भूमिका निभाते हैं और द्वितीय आगमन से पहले विश्वासियों से प्रतिज्ञा की गई सुरक्षा और शक्ति के लिए महत्वपूर्ण हैं।
बहुत साल पहले, जब मैंने एक विश्वविद्यालय वार्ड के धर्माध्यक्ष के रूप में सेवा की थी, तो मैं विशेष रूप से अपने वार्ड की एक युवती से प्रभावित हुआ था। वह अभी भी मुझे प्रभावित करती हैं। आप उन्हें अध्यक्षा एमिली बेली फ्रीमन, युवतियों की जनरल अध्यक्षा के रूप में जानते हैं। हाल ही के एक महा सम्मेलन संबोधन में, उन्होंने सिखाया था कि मंदिर के द्वारा, यीशु मसीह हमें एक उच्च आत्मिक स्तर पर उठाता है।
“हर बार जब मैं उसके घर का द्वार पार करती हूं, तो मैं उसके साथ गहरे अनुबंध के संबंध का अनुभव करती हूं,“ अध्यक्षा फ्रीमैन ने कहा था। “मैं उसकी आत्मा से पवित्र हुई हूं, उसकी शक्ति से वृत्तिदान प्राप्त किया है , और उसके राज्य का निर्माण करने के लिए अर्पित की गई हूं।”
प्रतिज्ञा की गई शक्ति
अध्यक्ष नेल्सन ने मंदिर अनुबंधों के द्वारा उपलब्ध यीशु मसीह की शक्ति के बारे में अक्सर बोला है। उन्होंने कहा था, "उद्धारकर्ता के साथ जुड़ने का अर्थ है कि आपके पास उसकेबल और मुक्ति देने वाली शक्ति तक पहुंच है।"6 अध्यक्ष नेल्सन ने यह भी सिखाया है:
“जब हम अपने मंदिर अनुबंधों का पालन करते हैं, तो हम प्रभु की बल प्रदान करने वाली शक्ति तक अधिक पहुंच प्राप्त करते हैं। मंदिर में, हमें संसार के हमलों से सुरक्षा मिलती है।”
“[उद्धारकर्ता की] आवश्यक विधियां पवित्र पौरोहित्य अनुबंधों के द्वारा हमें उससे बांधती हैं। फिर, जब हम अपने अनुबंधों का पालन करते हैं, तो वह हमें उसकी चंगाई, सामर्थ्य की शक्ति प्रदान करता है। और हमें आने वाले समय में उसकी शक्ति की बहुत आवश्यकता होगी।"
"हमारे लोगों को अभी और आने वाले समय के लिए जिस नैतिक और आत्मिक शक्ति की आवश्यकता है, वह पिता परमेश्वर और उसके पुत्र, यीशु मसीह की शक्ति है। हम उनके साथ अनुबंध बनाकर और उनका पालन करके उनकी शक्ति तक पहुंच प्राप्त करते हैं।
भाइयों और बहनों, स्वर्गीय शक्ति महत्वपूर्ण है, क्योंकि हम एक बहुत ही दुष्ट संसार में रहते हैं। उस शक्ति के बिना, हम "उसके आने के दिन को नहीं सह पाएंगे" या "खड़े रह पाएंगे जब वह दिखाई देगा" (मलाकी 3:2)। हम नहीं जानते कि वह दिन कब होगा, लेकिन उसके दूत को उसके आने के लिए "मार्ग सुधारने" के लिए पहले ही भेजा जा चुका है (मलाकी 3:1)। इस बीच, संसार उस दिन की ओर शांति से आगे नहीं बढ़ रहा है।
हमारी सहायता करने के लिए हमें विश्वासियों से प्रतिज्ञा की गई शक्ति की आवश्यकता है:
-
परमेश्वर को हमारे जीवनों में प्रबल होने दो।
-
पश्चाताप करो और प्रभु के निकट आओ।
-
आशीष दें, दिलासा दें, मार्गदर्शन करें, और सेवकाई करें।
-
"हमारी परिक्षाओं, प्रलोभनों, और हृदय की पीड़ाओं का बेहतर ढंग से सामना करें" (देखें मुसायाह 3:19)।
-
मसीह में शांति और आनंद प्राप्त करें जब हम अनुबंध मार्ग पर चलते हैं।
-
"जलने के दिन" और "दुष्ट की विपत्ति" के विरूद्ध तैयारी करें (सिद्धांत और अनुबंध 109:46)।
-
प्रभु के कार्य को पूरा करें उसके द्वितीय आगमन से पहले।
जेम्स व्हिटनी यंग द्वारा टक्सन एरिजोना मंदिर के गुंबद की तस्वीर
उद्धार के पहरेदार
स्वर्गीय पिता का कार्य और महिमा “मनुष्य के अमरत्व और अनंत जीवन को कार्यान्वित करना है” (मूसा 1:39)। प्रत्येक मंदिर परमेश्वर की उद्धार की योजना के सांसारिक पहरेदार के रूप में खड़ा है, जो उस कार्य और महिमा में उद्धारकर्ता की प्रमुख भूमिका को दर्शाता है।
उसकी शक्ति से लैस, प्रत्येक अनुबंध-पालन-करने-वाला पुरुष और महिला—विवाहित या नहीं—जो विश्वासपूर्वक मंदिर अनुबंधों का पालन करता है—इस जीवन में और आने वाले जीवन में आशीषित होगा।
अध्यक्ष नेल्सन ने प्रतिज्ञा की है: "जिस परिणाम के लिए हममें से प्रत्येक प्रयास करता है वाे प्रभु के घर में शक्ति प्राप्त करना, परिवारों के रूप में महुरबदं हाेना, मंदिर में बनाए गए अनुबंधाे के प्रति विश्वासी हाेना है जो हमें परमेश्वर के सबसे बड़े उपहार—अनन्त जीवन के योग्य बनाते हैं। जाे विधियां और अनुबंध आप मंदिर में बनाते हैं, वे आपके विवाह और परिवार को मजबूत बनाने और शैतान के हमलों का प्रतिरोध करने की आपकी क्षमता के लिए महत्वपूर्ण हैं। मंदिर में आपकी आराधना और आपके पूर्वजों के लिए आपकी सेवा आपको व्यक्तिगत प्रकटीकरण और शांति में वृद्धि और अनुबंध मार्ग पर बने रहने की आपकी दृढ़ता को मजबूत करेगी।”
प्रभु यीशु मसीह के प्रेरित के रूप में, मैं अपनी गवाही देता हूं कि ये बातें सच्ची हैं।
© 2025 Intellectual Reserve, Inc. द्वारा सर्वाधिकार सुरक्षित। अमरीका में छापा गया। अंग्रेजी अनुमति: 6/19। अनुवाद अनुमति: 6/19। मासिक लियाहोना संदेश का अनुवाद, अक्टूबर 2025 । Hindi। 19611 294