लियाहोना
मेरे अनुबंध कठिन समय में मुझे सहारा देते हैं
2026 लियाहोना फरवरी


एशिया क्षेत्र नेतृत्व संदेश

मेरे अनुबंध कठिन समय में मुझे सहारा देते हैं

बपतिस्मा के बाद, हमें पुष्टिकरण और पवित्र आत्मा का उपहार प्राप्त होता है। पवित्र आत्मा हमें सांत्वना प्रदान करती है तथा जीवन की चुनौतियों में हमारा मार्गदर्शन करती है। पवित्र आत्मा के साथ संवाद करने के लिए, हमें परमेश्वर की आज्ञाओं का पालन करके, पवित्र शास्त्रों का अध्ययन और विचार करने के लिए शांत समय निकालकर, तथा शांत, छोटी आवाज को सुनकर स्वयं को शुद्ध रखना चाहिए।

मेरे पहले बच्चे के जन्म के बाद के कुछ महीनों के दौरान, मैं रात में अपनी पत्नी को हमारे बच्चे की देखभाल करने में मदद करते-करते थक जाता था। कुछ दिनों तक मैं पवित्रशास्त्र का अध्ययन करने से कतराने लगा। मुझे लगा कि मेरा जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और मुझे बदलाव लाने की जरूरत है। मैंने हर सुबह एक घंटा पहले उठने का निर्णय लिया ताकि मैं इंस्टिट्यूट मेनुअल के साथ-साथ मॉर्मन की पुस्तक का अध्ययन कर सकूं। मुझे अपना बोझ उठाने के लिए अधिक आत्मिक शक्ति मिली। पवित्र आत्मा की संगति से मुझे अधिक आनन्द और शांति का अनुभव हुआ।

पिछले साल मेरी पत्नी को एक बहुत बुरा समाचार मिला। उसके माता और पिता दोनों को कैंसर होने का पता चला। कुछ महीने बाद, मेरे पिता की सर्जरी हुई और मेरी पत्नी को दो स्तन सिस्ट होने का पता चला जो कैंसरयुक्त हो सकते थे। शुक्र है कि सर्जरी के बाद के परिणामों में कैंसर नहीं पाया गया। फिर, हमारी बेटी को अपेंडिसाइटिस हो गया। यह सब छह महीने के भीतर हुआ, और उनमें से किसी ने भी पहले कभी सर्जरी नहीं करवाई थी। लगभग उसी समय, मुझे गिरजे में काम करने का नया अवसर मिला, जिसके लिए मुझे काफी यात्रा और समय की आवश्यकता थी, और मेरी नई नौकरी के कारण मुझे अधिकतर रात को देर तक काम करना पड़ता था।

इन चुनौतियों से निपटने के लिए, मैं जानता था कि केवल उद्धारकर्ता ही मेरी मदद कर सकता है। मैंने पवित्रशास्त्रों का अध्ययन करके, यात्रा के दौरान महासम्मेलन के वक्ताओं को सुनने और मंदिर में आराधना करने में अधिक समय व्यतीत करके उसके करीब आने का प्रयास किया। मैंने चिंता में न पड़ने का निर्णय लिया, बल्कि सिलिस्टियल बातों के बारे में सोचने और मंदिर में किए गए अनुबंधों की शक्ति पर भरोसा करने का निर्णय लिया। इससे मुझे शांति मिली। उद्धारकर्ता ने वादा किया है, “मैं तुम्हें शान्ति दिए जाता हूं, अपनी शान्ति तुम्हें देता हूं; जैसे संसार देता है, मैं तुम्हें नहीं देता। तुम्हारा मन व्याकुल न हो, और न भयभीत हो [यूहन्ना 14:27]।

इन अनुभवों ने मुझे उद्धारकर्ता के करीब ला दिया है। पवित्र विधियों के माध्यम से मैंने जो अनुबंध बनाए हैं, उन्होंने स्वर्गीय पिता और यीशु मसीह के साथ मेरे बंधन को मजबूत किया है। मैं सचमुच विश्वास करता हूं कि “...इसलिए, इसकी विधियों में, परमेश्वरत्व की शक्ति प्रकट होती है (सिद्धांत और अनुबंध 84:20)। जब हम मंदिर में अनुबंध बनाते हैं, तब हम अपने और अपने परिवारों के लिए स्वर्ग से शक्ति प्राप्त कर सकते हैं। हम हिलामन की शिक्षा पर भरोसा कर सकते हैं: “… यह मुक्तिदाता की चट्टान पर है, जो कि परमेश्वर का पुत्र मसीह है, जिस पर तुम अपनी नींव रख सको; ताकि जब शैतान अपनी प्रबल हवाओं को फेंकेगा, हां, बवंडर मे अपनी बिजली चमकाएगा, हां, जब उसके सारे ओले बरसेंगे और उसके प्रबल तूफान तुम्हें थपेड़े मारेंगे, तुम्हें दुखों की घाटी और अंतहीन श्राप में खींचने के लिए उसके पास बल नहीं होगा, क्योंकि जिस चट्टान पर तुम्हारा निर्माण हुआ है वह मजबूत आधार है, एक ऐसा आधार जिस पर यदि मनुष्यों का निर्माण हो तो वे गिर नहीं सकते” (हिलामन 5:12)।

जब हम अनुबंध बनाकर और उनका पालन करके उद्धारकर्ता पर मजबूत आधार बनाते हैं, तो परीक्षण आने पर हम मन की शांति पा सकते हैं और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रह सकते हैं। जब हम बपतिस्मा के बाद अतिरिक्त अनुबंध बनाते हैं —जिसमें पौरोहित्य विधियां, इंडोवमेंट और मुहरबंदी शामिल है —तो हमें परमेश्वर के साथ मजबूत संबंध की आशीष मिलती है। हम प्रत्येक विधियों से प्राप्त होने वाली आशीषों के हकदार हैं। हमारा विश्वास तब तक और अधिक दृढ़ होता जाएगा जब तक हमें परमेश्वर की उपस्थिति पर पूर्ण विश्वास न हो जाए। जब हम हर विचार में उसकी ओर देखते हैं, तो हम “संदेह नहीं करेंगे, डरेंगे नहीं” (सिद्धांत और अनुबंध 6:36)।

मैं गवाही देता हूं कि यीशु मसीह हमारा उद्धारकर्ता है और वह जीवित है। वह हमारी जरूरतों को जानता है और उसने वादा किया है कि जो लोग अनुबंध बनाते और निभाते हैं, उन्हें सांसारिक अनिश्चितता और भय से बचाया जाएगा। हमें हमेशा के लिए उसकी शांति प्राप्त हो सकती हैं और हम जीवन की सभी चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास के साथ कर सकते हैं। ■