2025
अनंत जीवन के दर्शन को थामे रखना
दिसंबर 2025 लियाहोना


एशिया क्षेत्र नेतृत्व संदेश

अनंत जीवन के दर्शन को थामे रखना

“विश्वास में एकजुट परिवारो को संघर्ष करना पड़ सकता है, लेकिन प्रभु हमेशा उन्हें आगे बढ़ाता है।”

कंबोडिया कई दुखद गृहयुद्धों से गुजरा है। मेरा जन्म इन संघर्षों के समाप्त होने के ठीक बाद हुआ था। जीवन कठिन था और भोजन की कमी थी क्योंकि मेरे माता-पिता आठ बच्चों का पालन-पोषण करने के लिए संघर्ष कर रहे थे। कभी-कभी, मैं सोचता था कि ऐसी परिस्थितियों में मेरा भविष्य क्या होगा।

1998 में, जब मैं अंतिम दिनों के संतो के यीशु मसीह के गिरजा में शामिल हुआ, तो मेरा जीवन बदल गया। हाई स्कूल खत्म करने से एक साल पहले ही मेरा बपतिस्मा हो गया था। कॉलेज जाने के लिए आर्थिक साधन न होने के कारण, मैंने पूर्णकालिक प्रचारक सेवा करने का फैसला किया। सेवा करते हुए, मेरी आत्मिक आखें खुल गईं। मुझे अपने बच्चों के लिए परमेश्वर की अनंत योजना समझ में आई और यह भी कि मैं अपना एक अनंत परिवार कैसे स्थापित कर सकता हूं।

पुनर्स्थापित सुसमाचार की आत्मिक सच्चाइयों ने मुझे यह जानने में मदद की कि एक दिन मैं मंदिर में विवाह करूंगा और अपनी पत्नी और बच्चों के साथ हमेशा के लिए मुहरबंद हो जाऊंगा। मैंने कल्पना की कि हम साथ-साथ गिरजाघर जाएंगे, साथ-साथ भजन गाएंगे, साथ-साथ सुसमाचार का अध्ययन करेंगे, और एक दिन अपने बच्चों को मिशन पर भेजेंगे और फिर उन्हें पवित्र मंदिरों में मुहरबंद होते हुए अपना परिवार शुरू करते देखेंगे। हमारे परिवार के लिए मेरा यह कितना सुंदर स्वप्न था। मुझे आशा है कि सभी के पास ऐसा ही स्वप्न होगा।

मेरा सपना 2005 में पूरा होने लगा, जब हांगकांग चाइना टेम्पल में एक प्यारी महिला के साथ मेरा विवाह हुआ। तब से, अनंत मार्ग और भी स्पष्ट हो गया। प्रभु ने हमें पांच ऊर्जावान पुत्रों से आशीषित किया है।

हालांकि अनंत जीवन का स्वप्न सुंदर है, लेकिन यह सफ़र आसान नहीं रहा। एक स्टेक अध्यक्ष, फ़ैक्ट्री मैनेजर और पांच सक्रिय बच्चों के पिता के रूप में जिम्मेदारियों को संतुलित करना बहुत ही कठिन है। हमारे बेटे ऊर्जा से भरपूर हैं—हमेशा दौड़ते, चढ़ते और कुश्ती लड़ते रहते हैं। वे अक्सर चीज़ें तोड़ देते हैं, खाना गिरा देते हैं, और घर को अस्त-व्यस्त कर देते हैं। एक दिन, जब मैं और मेरी पत्नी व्यस्त थे, उन्होंने रसोई के सिंक को बंद कर दिया, पानी को टाइल वाले फर्श पर बहने दिया, आगे-पीछे फिसलने के लिए साबुन डाला, और गर्व से कहा, "हम एक स्विमिंग पूल बना रहे हैं!"

पारिवारिक पवित्रशास्त्र अध्ययन चुनौतीपूर्ण हो सकता है क्योंकि लड़के एक-दूसरे को चिढ़ाते हैं और हमारे धैर्य की परीक्षा लेते हैं। रविवार को, जब मैं मंच पर बैठा होता हूं, मेरी पत्नी दर्शकों में बच्चों को संभालती है। वे बेंचों के नीचे रेंगते हैं, लोगों की टांगें खींचते हैं, और कभी-कभी जोर - जोर से चिल्लाते या रोते हैं। मेरी पत्नी अक्सर शर्मिंदा और थका हुआ महसूस करती है। एक दिन उसने मुझसे कहा, "मैं आत्मा को महसूस करना चाहती हूं और कुछ सीखना चाहती हूं। लेकिन ज्यादातर जब मैं गिरजाघर जाती हूं, तो कुछ नहीं सीख पाती और अपने बच्चों से निराश हो जाती हूं। कभी-कभी मुझे आश्चर्य होता है कि हम क्यों जाते हैं।"”

ऐसे क्षणों में, मैं लेही की जंगल की यात्रा के बारे में सोचता हूं। उनके सामने कई समस्याएं थीं, लेकिन प्रभु ने वादा किया था, "निर्जन प्रदेश में मैं तुम्हारी ज्योति बनूंगा... यदि तुम मेरी आज्ञाओं का पालन करते हो। इसलिए तुम प्रतिज्ञा के प्रदेश की ओर ले जाए जाओगे।" विश्वास में एकजुट परिवारों को संघर्ष करना पड़ सकता है, लेकिन प्रभु हमेशा उन्हें आगे बढ़ाते हैं।

राजा बेंजामिन ने माता-पिता को सलाह दी कि “अपने बच्चों को सत्य और संयम के मार्ग पर चलना सिखाओ... एक दूसरे से प्रेम करना और एक दूसरे की सेवा करना।” प्रभु ने हमें यह भी आज्ञा दी है कि “अपने बच्चों का पालन-पोषण ज्योति और सत्य में करो।” ये शिक्षाएं हमें तब सहारा देती हैं जब पारिवारिक जीवन बोझिल लगता है।

एक दिन जब मेरे सबसे बड़े बेटे ने स्टेक सम्मेलन में बोला, तो दृढ़ता की आशीष स्पष्ट हो गई। उसने कहा, "एक पौरोहित्य धारक के रूप में, मैं अपने पौरोहित्य का उपयोग दूसरों को आशीष देने के लिए करूंगा, ठीक वैसे ही जैसे मेरे पिताजी करते हैं।" मेरी आंखें खुशी के आंसुओं से भर आईं। मुझे समझ आया कि हम क्यों आगे बढ़ते रहते हैं, चाहे यह कितना भी कठिन क्यों न हो। आज वह मैड्रिड साउथ स्पेन मिशन में निष्ठापूर्वक सेवा कर रहा है। उसके छोटे भाई हर हफ्ते प्रभु भोज तैयार करते हैं और उसे आगे बढ़ाते हैं। हमारा दूसरा बेटा जल्द ही मिशन में सेवा करने की तैयारी कर रहा है।

अध्यक्ष रसल एम. नेल्सन ने कहा है, “हमारा परिवार इस जीवन में हमारे महानतम कार्य और आनंद का केंद्र है; ऐसा ही अनंत जीवन तक रहेगा, जब हम ‘सिंहासन, राज्य, प्रधानता, . . . शक्तियां, प्रभुत्व . . . उत्कर्ष और महिमा प्राप्त कर सकेंगे।” यह वादा मुझे अपने परिवार को गिरजा और मंदिर में शिक्षा देने और उनका मार्गदर्शन करने की शक्ति देता है।

मेरी पत्नी और मैं हर हफ्ते गिरजा जाते रहे हैं, यहां तक कि शोरगुल और बेचैन बच्चों के साथ भी। क्योंकि हम अपने घर में सुसमाचार को केंद्र में रखने का प्रयास करते हैं, इसलिए अब मैं उन प्रयासों के फल देख सकता हूं। मैं उन्हें अपने बेटों में देखता हूं जो योग्य रूप से प्रभु-भोज ग्रहण करते हैं, अपने प्रचारक बेटे में जो खुशी-खुशी सेवा करता है, और हमारे छोटे बच्चों की बढ़ती गवाही में। प्रभु ने मुझे दिखाया है कि हर त्याग, हर थका देने वाला रविवार, और हर पारिवारिक पवित्रशास्त्र अध्ययन सार्थक है, क्योंकि उनका सुसमाचार सचमुच परिवारों को आशीष देता है।

मैं जानता हूं कि जब परिवार गिरजा में एक साथ आराधना करते हैं, तो वे पवित्र आत्मा को अपने घर में आमंत्रित करते हैं, अपनी एकता को मजबूत करते हैं, और मसीह के और करीब आते हैं। प्रभु प्रेम, शांति और सुरक्षा में वृद्धि का वादा करते हैं। उनके अनुबंध नवीनीकृत होते हैं, और बच्चों का पालन-पोषण विश्वास में होता है, जिससे उन्हें अभी और अनंत जीवन तक आशीषें मिलती हैं। अगर हम अपने परिवार में सुसमाचार को अपनाते रहें, तो प्रभु हमारे प्रयासों को और बढ़ाएंगे। जैसे "दाख की बारी के स्वामी" ने अपने सेवकों के साथ परिश्रम किया, वैसे ही उद्धारकर्ता आशा और आनंद के साथ अनंत जीवन की ओर हमारे संघर्षों में हमारी मदद करेंगे। ■

संदर्भ

  1. नफी 17:13

  2. मुसायाह 4:15

  3. सिद्धांत और अनुबंध 93:40

  4. अध्यक्ष रसेल एम. नेल्सन, "घर को व्यवस्थित करें," सम्मेलन रिपोर्ट, अक्टूबर 2001

  5. याकूब 5:72