“स्वर्गीय पिता आपसे बात करना चाहता है,” लियाहोना, मार्च 2025.
मासिक लियाहोना संदेश, मार्च 2025
स्वर्गीय पिता आपसे बात करना चाहता है।
स्वर्गीय पिता और उसके प्रिय पुत्र में अपने विश्वास को परदे को अलग करने और पिता की आवाज को सुनने में आपकी मदद करने दें।
हम परमेश्वर के बेटे और बेटियां हैं, अपने स्वर्गीय घर से दूर पृथ्वी पर मिलकर रहते हैं। यह हमारी नश्वरता है, हमारे शरीर को प्राप्त करने का समय है, बुराई के स्थान पर अच्छाई को चुनने का समय है, “कड़वे अनुभव हों, ताकि [हम] भलाई के प्रतिफल को जान सकें” (मूसा 6:55), हमारे उद्धारकर्ता यीशु मसीह और उसके पवित्र प्रायश्चित में अपना विश्वास बढ़ाएं, और अपने पिता की प्रसन्नता की योजना को अपनाएं। यहां हम स्वर्गीय पिता के समान बनने का प्रयास करते हैं।
अपने पृथ्वी-पूर्व जीवन की स्मृति के बिना, हम, कभी-कभी, उस संसार के बिना स्वयं को अकेला महसूस करते हैं जिसे हमने पीछे छोड़ कर आए हैं। हमारे पिता ने हमें उससे जुड़े रहने और उससे मार्गदर्शन, दिशा और दिलासा प्राप्त करने के लिए आत्मिक उपहार दिया है। हम इस उपहार को अच्छी तरह से जानते हैं; इसे प्रार्थना कहते हैं।
अपने स्वर्गीय पिता से प्रार्थना करें
आदम और हव्वा और उन सभी को जो उनका अनुसरण करेंगे, स्वर्गदूत ने निर्देश दिया है, “तुम पश्चाताप करोगे और हमेशा परमेश्वर से पुत्र के नाम में प्रार्थना करोगे” (मूसा 5:8)।
यीशु ने सिखाया था, “मांगो और वह तुम्हें दिया जाएगा; ढूंढो और तुम पाओगे; खटखटाओ और तुम्हारे लिए खोला जाएगा” (मत्ती 7:7)। “जब तू प्रार्थना करे, तो अपनी कोठरी में जा; और द्वार बन्द कर के अपने पिता से जो गुप्त में है प्रार्थना कर” (मत्ती 6:6)। “तुम इस रीति से प्रार्थना करो: हे हमारे पिता, तू जो स्वर्ग में है, तेरा नाम पवित्र हो” (मत्ती 6:9)।
यीशु अपने पिता से निरंतर प्रार्थना करता था। “वह पहाड़ पर प्रार्थना करने को निकला, और परमेश्वर से प्रार्थना करने में सारी रात बिताई” (लूका 6:12)। “और उन्हें विदा करके पहाड़ पर प्रार्थना करने को गया” (मरकुस 6:46)। “फिर वे गतसमने नाम एक जगह में आए, और उस ने अपने चेलों से कहा, यहां बैठे रहो, जब तक मैं प्रार्थना करूं” (मरकुस 14:32)। क्रूस पर लटके हुए, यीशु ने उन सैनिकों के लिए प्रार्थना की जिन्होंने उसे क्रूस पर चढ़ाया था:, “हे पिता, इन्हें क्षमा कर, क्योंकि ये नहीं जानते कि क्या कर रहें हैं” (लूका 23:34)।
पवित्र शास्त्र हमें “सदा प्रार्थना करते रहने” की सलाह देते हैं (लूका 21:36; 2 नफी 32:9; 3 नफी 18:15; सिद्धांत और अनुबंध 10:5; 19:38; 20:33; 31:12)। “अपने सारे कार्यों में प्रभु से सलाह लो, और अच्छा करने के लिए वह तुम्हें निर्देश देगा” (अलमा 37:37)। इसके अतिरिक्त, हम “अपनी आत्मा की पूरी शक्ति से उसका धन्यवाद और प्रशंसा करते हैं” (मुसायाह 2:20), उन सभी कार्यों के लिए जो हमारा पिता हमारे लिए करता है।
अध्यक्ष रसल एम. नेल्सन ने समझाया: “आत्मिक आत्म-सम्मान इस एहसास से आरंभ होता है कि प्रत्येक नई सुबह परमेश्वर की ओर से मिला उपहार है। … वह दिन-प्रतिदिन हमारी रक्षा करता है और एक क्षण से दूसरे क्षण तक हमारा साथ देता है (देखें मुसायाह 2:21)।”
नफी ने कहा था, “यदि तुम आत्मा पर ध्यान दो जो मनुष्य को प्रार्थना करना सीखाती है, तब तुम जानोगे कि तुम्हें प्रार्थना करनी चाहिए; क्योंकि बुरी आत्मा मनुष्य को प्रार्थना करना नहीं सीखाती, लेकिन सीखती है कि उसे प्रार्थना नहीं करनी चाहिए” (2 नफी 32:8)।
मसीह का याईर की बेटी को जीवित करते हुए चित्र, ग्रेग ऑलसेन द्वारा
सदियों से हमारे उद्धारकर्ता के उदाहरण और स्वर्गदूतों और भविष्यवक्ताओं की सलाह के साथ, हम स्पष्ट रूप से जानते हैं कि हमें प्रतिदिन प्रार्थना करते हुए, अपनी आशीषों का आभार व्यक्त करना, और अपने हृदय में निरंतर प्रार्थना करनी है। हमारे पास अपने पिता के साथ बात-चीत करने की जिम्मेदारी है।
लेकिन इससे भी अधिक खुशी की बात है कि स्वर्ग में हमारा पिता हमारी प्रार्थनाओं का उत्तर देता है। इस नश्वर संसार में विचार करने योग्य प्रश्न यह है कि हम अपने पिता से आने वाले उत्तरों, दिशा और दिलासा को बेहतर तरीके से कैसे प्राप्त और समझ सकते हैं?
अपने सात दशकों से अधिक के जीवन से, मैं जानता हूं कि हमारा पिता हमसे बात करता है। हम अकेले नही हैं। स्वर्गदूत हमारा ख्याल रखते और हमारी मदद करते हैं जब हम उद्धारकर्ता का अनुसरण करना चाहते हैं।
हमारी प्रार्थनाओं के उत्तर प्राप्त करना हमारे स्वर्गीय पिता और उसके पुत्र, यीशु मसीह में हमारे विश्वास से आरंभ होता है। यीशु कहता है, “मत डर; केवल विश्वास रख” (मरकुस 5:36)। हम उस पर भरोसा करते हैं, आज्ञाओं का पालन करने के लिए अपना सर्वोत्तम प्रयास करते हैं, और सभी बातों में उसके हाथ की खोज करते हैं। “मनुष्य किसी भी कार्य से परमेश्वर का अपमान नहीं करता … सिवाय उनके जो सभी कार्यों में उसके हाथ को स्वीकार नहीं करते, और उसकी आज्ञाओं का पालन नहीं करते” (सिद्धांत और अनुबंध 59:21)।
हमारे जीवन में परमेश्वर के हाथ का अर्थ यह नहीं है कि उसके कारण ही हमारे संसार में बुरी या भयानक विपत्तियां आती हैं। हालांकि, इसका अर्थ यह है कि आपकी कठिनाई और विपत्ति के समय में, वह आपके साथ खड़ा रहेगा, आपकी क्षमताओं को मजबूत करेगा, आपको दिलासा देगा, और “आपके कष्टों को आपके लाभ के लिए पवित्र करेगा” (2 नफी 2:2)
उसकी आवाज सुनें
जब हम उस पर विश्वास करते और उसकी आज्ञाओं का पालन करते हैं, तो हम स्वाभाविक रूप से उसकी आवाज को बेहतर ढंग से सुनना सीखते हैं।
सितंबर 1993 में, जनरल अधिकारी के रूप में मेरे प्रथम वर्ष में, अध्यक्ष जेम्स ई. फॉस्ट (1920-2007), जो उस समय बारह प्रेरितों की परिषद के सदस्य थे, ने मेरी पत्नी, कैथी और मुझे उनके साथ ब्रिघम यंग विश्वविद्यालय भक्ति में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। याद रखें, 1993 का समय स्मार्टफोन, सोशल मीडिया और इंटरनेट की व्यापक उपलब्धता से पहले का समय था।
“The Voice of the Spirit,” शीर्षक से अपनी वार्ता में, अध्यक्ष फॉस्ट ने चेतावनी दी: “आपकी पीढ़ी में आपको उन आवाजों को सुनने से रोका जाएगा जो आपको बताती हैं कि कैसे जीना है, कैसे अपनी अभिलाषाओं को पूरा करना है। आपकी उंगलियों पर पांच सौ टेलीविजन चैनल होंगे। सभी प्रकार के सॉफ्टवेयर, इंटरैक्टिव कंप्यूटर मोडेम, डेटाबेस और विज्ञापन बोर्ड होंगे; डेस्कटॉप प्रकाशन, उपग्रह प्रसारण और संचार नेटवर्क होंगे जो आपको इतनी अधिक जानकारी से भर देंगे कि मानो आपका दम घुटने लगेगा। … जिस आवाज पर आपको ध्यान देना सीखना चाहिए वह आत्मा की आवाज है।”
अध्यक्ष बॉयड के. पैकर (1924–2015), बारह प्रेरितों की परिषद के अध्यक्ष, ने जॉन बरोज, एक प्रकृतिवादी के अनुभव को याद करते हुए आत्मा की स्थिर, धीमी आवाज के बारे में सिखाया, जब वह एक भीड़ भरे पार्क में दोस्तों के साथ चल रहे थे। अध्यक्ष पैकर के शब्द इस प्रकार हैं:
“शहर के शोर भरे जीवन में [श्रीमान बरोज ने] चिड़िया के गीत को सुना था।
“वह रूके और सुना! जो उनके साथ थे उन्होंने इसे नहीं सुना। उन्होंने चारों ओर देखा। किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया।
“वह परेशान हो गए कि अन्य लोग इतना मधुर गीत नहीं सुन पा रहे थे।
“उन्होंने अपनी जेब से एक सिक्का निकाला और ऊपर हवा में उछाला। सिक्का गिर कर टन की आवाज के साथ पगडंडी से टक्कराया, इसकी आवाज चिड़िया के गीत से तेज नहीं थी। लेकिन सबने पीछे मुड़कर देखा; क्योंकि वे सिक्के की आवाज सुन सकते थे!
“शहर के यातायात के शोर में किसी पक्षी के गीत को सुनना कठिन है। लेकिन आप सुन सकते हैं। आप इसे स्पष्टरूप से सुन सकते हैं यदि आप इसे सुनने के लिए स्वयं को तैयार करते हैं।”
अध्यक्ष पैकर की पवित्र आत्मा के विषय में शिक्षाएं 1979 में दी गई थी, यह ऐसा समय था जब जीवन बहुत शांत था और संसार का शोर अब की तुलना में बहुत कम हुआ करता था।
अध्यक्ष नेल्सन ने सिखाया, “यदि आप आत्मा की प्रेरणाओं की तुलना में सोशल मीडिया की बातों पर अधिक ध्यान दे रहे हैं, तो आपका आत्मिक जीवन खतरे में है।
अध्यक्ष फॉस्ट ने कहा, “यदि हमें आत्मा की आवाज को सुनना है, तो हमें भी अपने कान खोलने चाहिए, विश्वास की दृष्टि को इस आवाज के स्रोत की ओर मोड़ना चाहिए, और दृढ़ता से स्वर्ग की ओर देखना चाहिए।”
आत्मा की यह आवाज हमारी समझ और हमारी भावनाओं दोनों को सुनाई देती है। “मैं तुम्हारे मन में और तुम्हारे हृदय में बोलूंगा, पवित्र आत्मा के द्वारा, जो तुम्हें प्राप्त होंगे और जो तुम्हारे हृदय में वास करेंगे” (सिद्धांत और अनुबंध 8:2)। अपने भीतर की आवाज को सुनो—प्रकटीकरण अक्सर वहीं प्राप्त होता है।
फरवरी 2024 में फिलीपींस के मार्किना सिटी में गर्ल्स होम बॉयज टाउन कॉम्प्लेक्स की यात्रा के दौरान, एल्डर एंडरसन ने युवाओं को सिखाया कि वे परमेश्वर के बच्चे हैं: “वह आपसे प्यार करता है। और आप उससे विनती कर सकते हैं। वह आपकी प्रार्थनाओं सुनेगा।”
विश्वासी हृदय से प्रार्थना करें
उत्तर और अनुभूतियों को मजबूर नहीं किया जा सकता है। हम प्रार्थना करते और हम विश्वासी हृदय से प्रतीक्षा करते हैं। कुछ उत्तर इस जीवन में प्राप्त नहीं होंगे, परन्तु धर्मियों के लिए, प्रभु सदैव अपनी शांति देता (देखें यूहन्ना 14:27)। उत्तर अक्सर तब आते हैं जब हम अपने आसपास के लोगों की मदद करने के लिए प्रार्थना करते हैं। कभी-कभी, वे “थोड़ा-थोड़ा करके, नियम पर नियम” प्राप्त होते हैं (सिद्धांत और अनुबंध 98:12)।
स्वर्ग की आवाज अप्रत्याशित समय और अप्रत्याशित स्थानों पर हमें प्राप्त हो सकती है, लेकिन हम शांत स्थानों और पवित्र स्थानों में अपने सबसे महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त करते हैं। मेरी सुबह की प्रार्थना और विचारों की शांति में, मुझे असामान्य आशीषें प्राप्त होती हैं। पवित्र शास्त्रों का दैनिक, व्यक्तिगत, बाधा-रहित अध्ययन, जोकि अक्सर नियमित होता है, आत्मा की आवाज को हमारे हृदयों में आग के समान लाता है।
कभी-कभी, अनुभूतियां विशेष रूप से हम जो पढ़ते हैं उससे उत्पन्न होती हैं, और अन्य समय में, हम जो विचार करते हैं वह एक बहुत ही अलग चिंता का उत्तर लाता है। एल्डर रॉबर्ट डी. हेल्स के शब्दों को याद करें: “जब हम परमेश्वर से बात करना चाहते हैं, तो हम प्रार्थना करते हैं। और जब हम चाहते हैं कि वह हमसे बात करे, तो हम पविज्ञ शास्त्रों का अध्ययन करते हैं।”
जब संसार का शोर और आकर्षण हमारे चारों ओर फैल रहा है, तो प्रभु ने अपने भविष्यवक्ता को अधिक से अधिक मंदिरों का निर्माण करने का निर्देश दिया है। प्रभु के इन पवित्र घरों के भीतर, जब हम अपनी चुनौतियों को बाहर छोड़कर अपनी प्रार्थनाओं और चिंताओं के साथ प्रवेश करते हैं, तो हमें अनंत काल की सच्चाइयां सिखाई जाती हैं।
एक साल पहले, अध्यक्ष नेल्सन ने हम से यह महत्वपूर्ण प्रतिज्ञा की थी: “मेरे प्यारे भाइयों और बहनों, यह मेरी प्रतिज्ञा है। लोहे की छड़ को थामे रहने से अधिक अन्य कोई बात आपकी मदद नहीं करेगी सिवाए मंदिर में यथासंभव नियमित रूप से आराधना करने के। अन्य कोई भी बात आपकी अधिक रक्षा नहीं करेगी जब आप संसार के अंधेरे की धुंध का सामना करते हैं। अन्य कोई भी बात प्रभु यीशु मसीह और उसके प्रायश्चित की आपकी गवाही को मजबूत करने या परमेश्वर की शानदार योजना को अधिक समझने में आपकी मदद नहीं करेगी। अन्य कोई भी बात कष्ट के समय आपकी आत्मा को अधिक शांत नहीं करेगी। अन्य कोई भी बात स्वर्ग को और अधिक नहीं खोलेगा। कुछ नहीं!”
प्रत्येक महा सम्मेलन से अतिरिक्त प्रचुर मात्रा में आशीष मिलती है। अप्रैल के आने वाले महीने में, एक बार फिर, हम प्रभु की वाणी सुनने के लिए महा सम्मेलन में मिलेंगे। हम प्रार्थना और तैयारी करके महा सम्मेलन में आते हैं। हम में से प्रत्येक के जीवन में अपनी चिंताएं और गंभीर प्रश्न हैं। हम अपने उद्धारकर्ता, यीशु मसीह में अपने विश्वास को नवीन और प्रलोभन का विरोध करने की अपनी क्षमता को मजबूत करने के लिए आते हैं। हम स्वर्ग से सिखाए जाने के लिए आते हैं। मैं आपसे प्रतिज्ञा करता हूं कि जब आप तैयारी करके महा सम्मेलन के सत्रों में प्रार्थनापूर्वक आते हैं, तो आप अपनी चिंताओं के उत्तर महसूस करेंगे, और आप जानेंगे कि “स्वर्ग का हाथ” आप पर है।
विश्वास रखें कि आपका स्वर्गीय पिता आपसे बात करता है। वह अवश्य बात करता है! मेरी प्रार्थना है कि उस पर और उसके प्रिय पुत्र में आपका विश्वास आपको परदे को हटाने और अपने पिता की वाणी प्राप्त करने में मदद करे। मैं गवाही देता हूं कि वह आपके आस-पास रहता है और शब्दों से अधिक आपसे प्रेम करता है।
© 2025 Intellectual Reserve, Inc. द्वारा सर्वाधिकार सुरक्षित। संयुक्त राज्य अमरीका में छपी। अंग्रेजी अनुमति: 6/19 अनुवाद अनुमति: 6/19 मासिक लियाहोना संदेश, मार्च 2025 का अनुवाद। Hindi. 19605 294