“मंदिर में प्रवेश की तैयारी करना,” लियाहोना, दिसंबर 2023।
मासिक लियाहोना संदेश, दिसंबर 2023
मंदिर में प्रवेश की तैयारी करना
मार्क ब्रूनसन द्वारा ऑग्डन यूटाह मंदिर की तस्वीर
अंतिम-दिनों के संतों के यीशु मसीह के गिरजे में हम अपने और अपने पूर्वजों के लिए पवित्र अनुबंध और विधि प्राप्त कर सकते हैं। हम स्वर्गीय पिता और यीशु मसीह के प्रति अपना प्रेम और कृतज्ञता दिखाने के लिए मंदिर में जाते हैं। हम यीशु मसीह के सुसमाचार को सीखकर और जीकर मंदिर में जाने के लिए तैयारी कर सकते हैं। मंदिरों के बारे में अधिक जानकारी के लिए, लियाहोना के अक्टूबर 2021 के अंक में सुसमाचार की मूल बातों के लेख “मंदिर कार्य” देखें।
मैथ्यू रीयर द्वारा डरबन दक्षिण अफ्रीका मंदिर की तस्वीर
प्रभु का भवन
मंदिरों को “प्रभु का भवन” कहा जाता है। वे पवित्र स्थान हैं जहां हम परमेश्वर की आत्मा और हमारे प्रति उसके प्रेम को महसूस कर सकते हैं। वे ऐसे स्थान भी हैं जहां हम अनुबंध बना सकते हैं और विशेष विधियां प्राप्त कर सकते हैं जो हमें अनंत जीवन पाने के लिए तैयार करेंगी। (अनुबंध परमेश्वर और उसके बच्चों के बीच पवित्र प्रतिज्ञाएं हैं।) हमारे अनुबंधों के प्रति विश्वसनीय बने रहना और इन विधियों को प्राप्त करने से हमें स्वर्गीय पिता और यीशु मसीह के साथ एक विशेष संबंध बनाने में मदद मिलती है।
जने बिंघम द्वारा गुआयाकिल इक्वाडोर मंदिर की तस्वीर
मंदिर में कौन प्रवेश कर सकता है?
गिरजे के सदस्य मृतकों के लिए बपतिस्मा उस वर्ष के आरंभ से कर सकते हैं जिसमें वे 12 वर्ष के होंगे। कोइ सदस्य वृत्तिदान प्राप्त कर सकता है यदि वह कम से कम 18 वर्ष का है, कम से कम एक वर्ष के लिए गिरजे का सदस्य रहा है, और मंदिर अनुबंध बनाने और रखने की इच्छा रखता है। (देखें General Handbook: Serving in The Church of Jesus Christ of Latter-day Saints, 27.2.2, ChurchofJesusChrist.org)। एक पुरुष और एक महिला जो पहले से ही अपना मंदिर वृत्तिदान प्राप्त कर चुके हैं, उन्हें मंदिर में अनंतकाल के लिए मुहरबंद (विवाहित) किया जा सकता है।
अनुबंध और विधियां
आप मंदिर में अनुबंध बनाएंगे और विधियां प्राप्त करेंगे। “परमेश्वर के साथ अनुबंध संबंध में प्रवेश करना हमें उससे इस प्रकार से बांधता है जिससे जीवन के बारे में सब कुछ सरल हो जाता है” (रसल एम. नेल्सन, “संसार पर विजय पाना और विश्राम प्राप्त करना,” लियाहोना, नवं. 2022, 97)। विधि एक पवित्र शारीरिक कार्य है जिसे पौरोहित्य के अधिकार द्वारा किया जाता है। विधियों का गहरा आत्मिक अर्थ होता है। उदाहरण के लिए, जब आप किसी विधि में भाग लेते हैं, तो आप परमेश्वर को दिखाते हैं कि आप उसके अनुबंधों को प्राप्त करने और उनका पालन करने के इच्छुक हैं।
व्यक्तिगत तैयारी
यीशु मसीह की शिक्षाओं का पालन करके और बपतिस्मे के समय परमेश्वर के साथ किए गए अनुबंधों का पालन करते हुए आत्मिक रूप से तैयारी करें। आप गिरजे के संसाधनों, जैसे धर्मशास्त्रों और महा सम्मेलन की वार्ताओं का भी अध्ययन कर सकते हैं। Temples.ChurchofJesusChrist.org इस बारे में जानकारी प्रदान करता है कि जब आप मंदिर में जाएं तो क्या अपेक्षा करें। इसमें मंदिर अनुबंधों, विधियों और प्रतीकवाद के बारे में अधिक विवरण भी शामिल हैं।
ईव टफ़्ट द्वारा नावू एलिनोय मंदिर की तस्वीर
प्रतीकवाद
प्रभु अक्सर प्रतीकों का उपयोग करके शिक्षा देता है। उदाहरण के लिए, बपतिस्मा—पानी के नीचे जाना और फिर से ऊपर आना—आपके पुराने स्व के मरने और आपके नए स्व के पुनर्जन्म के समान है (देखें रोमियों 6:3–6)। मंदिर के नियम यीशु मसीह और उसके प्रायश्चित की ओर संकेत करते हैं। जब आप पहली बार मंदिर में जाते हैं तो सभी प्रतीकों को समझना कठिन हो सकता है, लेकिन आप जीवन भर मंदिर लौटने पर सीखना जारी रख सकते हैं।
मंदिर संस्तुति
मंदिर में प्रवेश करने के लिए आपको तैयार और योग्य होना होगा। आप अपने धर्माध्यक्ष या शाखा अध्यक्ष और स्टेक या मिशन अध्यक्ष के साथ साक्षात्कार के बाद मंदिर में प्रवेश की संस्तुति प्राप्त कर सकते हैं। ये मार्गदर्शक आपसे प्रश्नों का समूह पूछेंगे यह सुनिश्चित करने के लिए कि आप यीशु मसीह के सुसमाचार के अनुसार जी रहे हैं। आपके मार्गदर्शक समय से पहले इन प्रश्नों पर आपसे बात कर सकते हैं।
अपने पूर्वजों के लिए मंदिर में वापस लौटना
स्वर्गीय पिता चाहता है कि उसके सभी बच्चे उसके साथ अनुबंध बनाएं और पवित्र विधियां प्राप्त करें। ये विधियां, जैसे बपतिस्मा और वृत्तिदान, उन लोगों के लिए मंदिरों में किए जाने चाहिएं जो सुसमाचार प्राप्त किए बिना मर गए। आप अपने परिवार के मृत सदस्यों के लिए विधियां करने के लिए मंदिर लौट सकते हैं।
© 2023 द्वारा Intellectual Reserve, Inc. All rights reserved. यूएसए में छपी। अंग्रेज़ी अनुमति: 6/19। अनुवाद अनुमति: 6/19। Monthly Liahona Message, December 2023 Language. 19049 294